February 16, 2025

The cycle of 144 years.

महाकुंभ 2025

--

चाहे जनसामान्य मनुष्य हो या कोई बहुत विद्वान हो, वह कर्म करने के लिए किसी न किसी रूप में बाध्य होता ही है। केवल कोई असाधारण प्रेरणा ही उसके मन में यह प्रश्न या जिज्ञासा जागृत कर सकती है कि वस्तुतः कर्म करने के लिए वह बाध्य है या स्वतंत्र है? बिरले ही किसी मनुष्य के मन में शायद ही कभी यह असाधारण प्रेरणा  होती होगी। अपने बारे में तो मैं अवश्य ही कह सकता हूँ कि मेरी अपनी स्मृति में, मेरे मन में इस प्रश्न ने प्रथम बार तब सिर उठाया, जब 1982-83 में मैं श्री रमण महर्षि और श्री जे. कृष्णमूर्ति की पुस्तकों का अध्ययन कर रहा था और,

"मुझे क्या करना चाहिए?"

इस प्रश्न से बहुत ही व्याकुल और त्रस्त भी था। 

शायद ही संसार में कोई भी ऐसा होता हो जिसे जीवन में ऐसी ही स्थिति का सामना कभी न कभी न करना पड़ता हो और वह अपनी इच्छा पूर्ण करने के लिए बाध्य न होता हो, हाँ इच्छा के साथ साथ उसकी बुद्धि भी कर्म करने के लिए उसे प्रेरित कर रही होती है, यह भी सत्य ही है। यह तो कर्म के हो जाने के बाद या न हो पाने पर, और कर्म का परिणाम प्राप्त होने पर ही पता चल पाता है कि कर्म के परिणाम से उसने कैसा अनुभव किया। संभवतः वह प्रसन्न या दुःखी, निराश या उत्साहित, क्षुब्ध उद्विग्न या उल्लसित हुआ हो या शायद उसमें पश्चात्ताप की भावना पैदा हुई हो। और यह भी हो सकता है कि उस कर्म के पूर्ण होते होते वह किसी बहुत बड़ी मुश्किल में फँस गया हो। कर्म प्रारंभ करने के समय उस कर्म के संभावित परिणाम को जान पाना भी यद्यपि उसके लिए कठिन ही रहा हो, फिर भी उन परिस्थितियों में उसने जो कुछ भी किया होता है वह अनेक कारणों या कारणों का कुल और समेकित परिणाम ही तो होता है।

गीता अध्याय १८ के श्लोक  के अनुसार :

अधिष्ठानं तथा कर्ता करणं च पृथग्विधम्।

विविधाश्च पृथक्चेष्टा दैवं चैवात्र पञ्चमम्।।१४।।

शरीरवाङ्मनोभिर्यत्कर्म प्रारभते नरः।

न्याय्यं वा विपरीतं वा पञ्चैते तस्य हेतवः।।१५।।

इस प्रकार से, मनुष्य इन पाँच हेतुओं से प्रेरित या बाध्य होकर कर्म में प्रवृत्त और संलग्न होता है और उसके द्वारा घटित होनेवाला कर्म स्वयं के द्वारा किया जा रहा है इस कल्पना से अभिभूत होकर यह भी नहीं देख पाता है कि सभी और प्रत्येक ही कर्म प्रकृति की प्रेरणा के अनुसार अनायास अकल्पित रूप से घटित होते हैं और किसी भी कर्म को करनेवाला कोई "कर्ता" वस्तुतः कहीं नहीं होता। गीता के ही अध्याय ३ के अनुसार :

प्रकृतेः क्रियमाणानि गुणैः कर्माणि सर्वशः।।

अहंकारविमूढात्मा कर्ताहमिति मन्यते।।२७।।

और अध्याय ४ के अनुसार :

चातुर्वर्ण्यं मया सृष्टं गुणकर्मविभागशः। 

तस्य कर्तारमपि मां विद्ध्यकर्तारमव्ययम्।।१३।।

तात्पर्य यह हुआ कि यद्यपि प्रकृति, ईश्वर या स्वयं अपने आपको ही कर्म का "कर्ता" मान लिया जाता है, इनमें से कोई भी वस्तुतः "कर्ता" है, यह कहना एक भूल है।

प्रकृतेः - प्रकृति - पञ्चमी और षष्ठी विभक्ति, एकवचन,

गुणैः - तृतीया बहुवचन

से स्पष्ट है कि उनमें से किसी को कितना - एकवचन की तरह ग्रहण नहीं किया जा सकता है।

अकर्तारमव्ययम् - द्वितीया एकवचन में भी ईश्वर या अव्यय अविनाशी के अकर्ता होने की ही पुष्टि की गई है  और

अहंकारविमूढात्मा - में जिस आत्मा का निरूपण किया गया है उसे अहंकार बुद्धि से विमूढ / विमोहित / भ्रमित कहा गया है अर्थात् वह भी "कर्ता" नहीं है। वास्तव में "कर्म" अनित्य होने से अवधारणा मात्र हैं न कि सत्य। इसे ही महर्षि पतञ्जलि ने योगसूत्र / समाधिपाद में   -

विपर्ययो मिथ्याज्ञानमतद्रूपप्रतिष्ठम्।।

और,

शब्दज्ञानानुपाती वस्तुशून्यो विकल्पः।।

से इंगित किया है।

पुनः "महाकुंभ" पर लौटें।

यदि मनुष्य, ईश्वर या प्रकृति "कर्ता" नहीं हो सकते और "कर्म" स्वयं ही एक अवधारणा भर है तो "महाकुंभ" में जाना, न जाना, जा पाना या न जा पाना इसे कौन तय कर सकता है? फिर यह इच्छा या जिद होना कि "मुझे" महाकुंभ जाना या नहीं जाना है क्या अपने आप में एक कल्पनात्मक भावना,  विचार या संकल्प ही नहीं है?

यह तो इस इच्छा या जिद के पूर्ण होने या न होने पर ही पता चलेगा कि क्या हुआ!

इसलिए, क्या मनुष्य इसका निर्णय करने तक के लिए भी स्वतंत्र हो सकता है?

उपसंहार :

गीता के ही अध्याय ५ के अनुसार :

न कर्तृत्वं न कर्माणि लोकस्य सृजति प्रभुः। 

न च कर्मफलसंयोगं स्वभावस्तु प्रवर्तते।।१४।।

नादत्ते कस्यचित्पापं सुकृतं चैव न विभुः।

अज्ञानेनावृतं ज्ञानं तेन मुह्यन्ति जन्तवः।।१५।।

ज्ञानेन तु तदज्ञानं येषां नाशितं आत्मनः। 

तेषां आदित्यवज्ज्ञानं प्रकाशयति तत् परम्।।१६।।

***









February 15, 2025

God, Guru and self / Self.

एक आध्यात्मिक प्रश्न

--

आध्यात्मिक खोज में

"ईश्वर, गुरु और स्वयं की भूमिका क्या है?"

प्रायः हर मनुष्य ही इस प्रश्न से अनभिज्ञ होता है और इस प्रश्न से अनभिज्ञता के कारण ही इसका उत्तर खोजने की अपरिहार्य आवश्यकता तक के प्रति पूर्णतः उदासीन भी होता है। इनमें से किसी एक से भी अनभिज्ञ होने का कारण और परिणाम होता है कल्पित असुरक्षा का भय, अनिश्चित और अज्ञात भविष्य की चिन्ता और संभव हो तो उसे जान पाने की भी छटपटाहट, जिसमें वह निरन्तर आशाओं और आशंकाओं के बीच डोलता रहता है। यदि अपने अतीत पर कोई दृष्टि डाले तो उसे स्पष्ट हो सकता है कि जिसे वह "अतीत" या "भूतकाल" का रूप देकर मान्य करता है, ऐसा समय समय पर घटित होनेवाली असंख्य घटनाओं के रूप में वर्गीकृत करने और उसके केन्द्र में स्वयं अपने आपको रखकर ही कर सकता है।

ये सभी घटनाएँ कभी संभवतः घटित हुई भी हों तो भी उसकी स्मृति में वे जिस रूप में होती हैं उनका उस रूप में न तो कोई निश्चित आकार प्रकार या अस्तित्व और न ही उस समय विशेष का ही अस्तित्व हो सकता है। वह समय विशेष भी उसकी स्मृति का ही एक अंशमात्र होता है, और वही समय असंख्य लोगों के लिए उनकी अपनी अपनी स्मृति पर आश्रित पूर्णतः काल्पनिक किसी एक स्थिति का चित्र भर होता है। किन्तु स्मृतियों को सातत्य देकर उनमें एक कल्पित क्रम की रचना भी स्मृति की ही सहायता से कर ली जाती है और अनेक बार मनुष्य को यह सन्देह भी हो जाता है कि कौन सी घटना पहले और कौन सी घटना बाद में घटित हुई थी। हाँ, कुछ बड़ी और महत्वपूर्ण घटनाओं के बारे में उसे ऐसा सन्देह कभी नहीं उठता, यह भी सच है। बड़ी हों या छोटी, सभी घटनाएँ उनके घट जाने के बाद तुरन्त नहीं तो कुछ समय के बाद तो अवश्य ही अर्थहीन हो जाती हैं, यहाँ तक कि वे पूरी तरह से विस्मृत भी हो सकती हैं। यह सब समझ सकना उतना कठिन नहीं है, जितना कि कल्पित भविष्य की अनन्त संभावनाओं में से किसी एक या अनेक के घटित होने की कल्पना से मुग्ध हो जाना और उसे पूर्ण करने के लिए यथासंभव प्रयास करते रहने में जुट जाना। अतीत कितना भी सुखद या दुःखद कैसा भी हो, बीत ही चुका होता है, जबकि भविष्य, चाहे वह कितना ही काल्पनिक प्रिय और संभव भी क्यों न हो, अवश्य ही अनिश्चितप्राय होता है, इससे कोई भी इनकार भी नहीं कर सकता।

अतीत में ईश्वर, गुरु और / या स्वयं की ही क्या भूमिका थी, इसे भी न तो तय किया जा सकता है, और न जाना जा सकता है, ठीक इसी प्रकार वर्तमान का भी अपनी ही दृष्टि में कोई तय रंग रूप, नहीं हो सकता है क्योंकि यह इस पर निर्भर होता है कि वर्तमान को कोई किस सन्दर्भ विशेष में देखता है।

और सबसे मजेदार किन्तु उतना ही यह रोचक तथ्य भी अकाट्य सत्य है कि जिसे 'स्वयं' कहा जाता है वह किस चिड़िया का नाम हो सकता है? क्या यह कोई समय या घटना, परिस्थिति या मनुष्य-विशेष होता है? अपने एक व्यक्ति-विशेष होने का विचार मन पर इस बुरी तरह से हावी हो जाता है, मन' को इस बुरी तरह जकड़ लेता है कि उस विचार से निर्दिष्ट वस्तु पर कोई सन्देह तक मन में उठ पाना असंभव सा हो जाता है। किन्तु फिर भी इस बारे में मनुष्य इतना आश्वस्त होता है कि इस प्रकार का प्रश्न उठाना ही उसे नितान्त ही निरर्थक, हास्यास्पद और मूर्खतापूर्ण लग सकता है।

इस प्रकार, ईश्वर, गुरु और एक मनुष्य विशेष के रूप में स्वयं के अस्तित्व को सिद्ध कर पाना शायद अत्यन्त ही दुष्कर एक कार्य है। यद्यपि अपने अस्तित्व की सत्यता पर कोई प्रश्न ही नहीं उठाया जा सकता क्योंकि यह एक स्वतःस्फूर्त और स्वप्रमाणित वास्तविकता है, किन्तु स्वयं के एक मनुष्य-विशेष होने (के निश्चय) की सत्यता पर तो अवश्य ही सन्देह किया ही जा सकता है।

न तो कोई ईश्वर, न कोई तथाकथित या वास्तविक गुरु, न तो कोई सिद्धान्त या तत्वदर्शन आपमें उत्पन्न हुए और आपके द्वारा स्वयं के एक व्यक्ति-विशेष होने की आपमें विद्यमान धारणा को दूर कर सकता है, न इसे दूर करने में आपकी कोई सहायता ही कर सकता है। यह सरल  या कठिन, रोचक या नीरस किन्तु शायद सबसे अधिक आश्चर्यजनक  कार्य अपने लिए आपको स्वयं ही करना होगा क्योंकि यह तो अत्यन्त ही सुनिश्चित और अकाट्य सत्य ही है कि आपको अपने आपसे निःसन्देह सर्वाधिक प्रेम है। शेष सब कुछ सदैव संदिग्ध है।

***

Voice and Sound.

वेद, निर्वेद और निर्वाण

(निब्बाणसुत्त) 

उन्हें एक दूसरे से मिलने के बाद इसका आभास हुआ कि शायद जो भी "है" वह तो यद्यपि अचल अटल और अविकारी है, किन्तु जो "होता हुआ" प्रतीत होता है और जिसे भी यह स्वयं से अन्य की तरह प्रतीत होता है, दोनों ही सतत परिवर्तित होती रहनेवाली प्रतीतियाँ मात्र होती हैं और उस अद्भुत् रूप में अनिर्वचनीय ही होती हैं।

दोनों साथ रहते थे और वह अपने इकतारे को बजाने में मग्न रहता था और वह अपनी अनुकृतियों के चित्रण के कार्य में इसी तरह डूबी रहती।

अभी तक उनके बीच बौद्धिक तो दूर, किसी भी तरह की शाब्दिक बातचीत भी यद्यपि नहीं होती थी, किन्तु वर्णों और स्वरों के आविष्कार और उनके वर्गीकरण कर देने के बाद कुछ सार्थक शब्दों का प्रयोग वे अनायास और सहज रूप से करने लगे थे। उन्हें उस भेद-रेखा का भान था जो इन्द्रियानुभूति पर आधारित ज्ञान को उस भान से पृथक् किसी ज्ञान में रूपांतरित नहीं करती थी। संक्षेप में, अभी उनमें उस तर्कक्षमता का उद्भव नहीं हो पाया था जिससे कि भौतिक वस्तुओं के परोक्ष ज्ञान को वे भावनात्मक वस्तुओं के परोक्ष ज्ञान से पृथक् कर पाते।

और इसकी तो उन्हें कोई कल्पना तक कदापि नहीं थी, कि जो "चेतन" इन्द्रिय-ज्ञान से इन्द्रियगम्य जगत् को अपने आपसे पृथक् और भिन्न अन्य की तरह "जानता" है, वह उन ज्ञेय वस्तुओं से किस प्रकार समान या भिन्न हो सकता है। संक्षेप में, इस भेद-रेखा से भी वे अनभिज्ञ थे। यद्यपि इन्द्रियानुभूति में जानी जानेवाली वस्तुओं को और इसी प्रकार से अपने आप और दूसरों के लिए "मैं", "तुम" और "वह" शब्दों का प्रयोग करना वे सीख चुके थे, किन्तु ज्ञाता और ज्ञेय के स्वरूप के बारे में उनके मन' में अभी तक कोई शंका या जिज्ञासा उत्पन्न नहीं हो पाई थी। ऐसी अद्भुत् मनोदशा उन दोनों की ही थी जिसमें वे दोनों परस्पर प्रेम में निमग्न और प्रसन्न थे। उनके बीच यह प्रेम एक विस्मयकारी, प्रगाढ़, घनिष्ठ और अंतरंग, मौन और मुखर रूप में अभिव्यक्त और अनभिव्यक्त भी होता रहा। अभी न तो उसके चित्रण में और न ही उसके संगीत में भाषा या या अर्थ का प्रवेश हुआ था। उसकी चित्रात्मक स्मृति और उसका रागात्मक संगीत सरिता के प्रवाह की तरह शुद्ध और पावन थे, जिनमें प्रवाह और सौन्दर्य तो थे किन्तु कोई प्रयोजन या भविष्य वहाँ नहीं थे। धर्म से परिचालित उनका जीवन एक स्वर्ग ही था। अर्थ के प्रवेश के साथ काम का आगमन हुआ। काम की पूर्णता हो जाने पर मोक्ष की आकांक्षा उठी और इसके बाद तत्काल ही फिर मोक्ष को आना ही था।  

तब शाब्दिक और बौद्धिक स्मृति ने उस पावन सरिता में प्रवेश किया जिससे उसका वह पावन जल यत्किञ्चित मलिन सा प्रतीत होने लगा।

यह पौराणिक सरस्वती, गंगा और यमुना की त्रिवेणी का  एक प्रकार था जहाँ सरस्वती वेदवाणी और वैदिक ज्ञान की तरह नेपथ्य में अदृश्य थी, यमुना भौतिक जगत् की नियामक होकर समस्त जड-चेतन के सारे घटनाक्रम को नियंत्रित और नियत करती थी जबकि गंगा समस्त पाप और पुण्य को धोकर निर्मल कर देती थी।

और एक और अद्भुत् यह भी था कि दोनों ही फिर भी अपना अपना जीवन व्यक्ति की तरह भी जी रहे थे।

तब किसी अप्रत्याशित क्षण में एक दुर्घटना तब घटित हुई जब कविता का जन्म हुआ। कविता में शब्द थे तो राग भी था, जिससे रस की उत्पत्ति हुई और विराग की भी। यह भाव था जिससे ३३ कोटियों के देवता अव्यक्त से व्यक्त होकर प्रकट हुए। यह वेद था।

वेद की पराकाष्ठा 'निर्वेद' में और 'निर्वेद' की पराकाष्ठा 'निर्वाण' में हुई।

इस नियति नटी के नाटक और नृत्य का न आदि है, और न ही अन्त है।

इस कथा के बहुत से सूत्र अभी खोले जाने हैं, आशा है कि उन्हें आगामी पोस्ट्स में खोल सकूँगा।

यदा ते मोहकलिलं

बुद्धिं व्यतितरिष्यति। 

तदा गन्तासि निर्वेदं

श्रोतव्यस्य श्रुतस्य च।।५२।।

एषा ब्राह्मी स्थितिः पार्थ

नैनां प्राप्य विमुह्यति।।

स्थित्वाऽस्यामन्तकालेऽपि

ब्रह्मनिर्वाणमृच्छति।।७२।।

(गीता, अध्याय २)

***

February 14, 2025

Natural and Artificial

प्रागाकृतिक और प्राकृतिक और कृत्रिम ज्ञान

--

जिस इन्द्रिय ज्ञान को वे जानते थे वहाँ अभी अर्थ नामक 'प्रत्यय' प्रकट नहीं हुआ था। तात्पर्य यह कि उनका यह ज्ञान विशुद्ध प्रागाकृतिक (प्राक् +आकृतिक) बोध का ही संवेदन था और यद्यपि उनके इस ज्ञान और संप्रेषण के इसके तरीके में वस्तु के लिए प्रयुक्त किसी ध्वन्यात्मक बोले जानेवाले शब्द का वस्तु से साहचर्य तो होता था किन्तु स्मृति में उस साहचर्य को चित्र या आकृति से संबद्ध नहीं किया जाता था और इसलिए तब चित्रलिपि का प्रारंभ ही हुआ था। बस वस्तु, जीव, स्थान, घटना का वर्णन इंगितमात्र से ही किया जाता था, न कि भिन्न भिन्न शब्दों के एक साथ प्रयोग में। तब शब्द तो थे किन्तु अभी भी वाक्य का जन्म नहीं हुआ था और न ही इसकी उन्हें कोई जरूरत ही महसूस होती थी। वे अतीत और भविष्य की पकड़ से परे बस वर्तमान को ही सत्य की तरह ग्रहण कर उसके अनुरूप ही कोई तात्कालिक प्रतिक्रिया किया करते थे।

जब चित्रों के माध्यम से जड और चेतन वस्तुओं, अतीत की घटनाओं का चित्रण करना उसने शुरू किया था, तब स्मृति का न तो कोई प्रयोजन ही था और न ही संभावना थी। वह रेत और चट्टानों के अलावा गुफा की दीवारों पर भी चित्र बनाया करते थी जिन्हें पुरातत्वविद म्यूराल्स या फ्रेस्को या भित्तिचित्र भी कहते हैं। और फिर उसने हर एक वस्तु की आकृति के लिए कोई छोटा सा सांकेतिक चिह्न तय कर लिया।  जैसे चिड़िया के लिए < या > का संकेत जो शायद चिड़िया की चोंच का द्योतक रहा होगा। वह' विभिन्न वनस्पतियों, मिट्टी आदि से रंग बनाया करते थी जो जल्दी ही धुँधले होकर मिट जाया करते थे।

जब उसका मित्र वहाँ आया तो उसे पता चला कि जिन मूल ध्वनियों को वह बोल सकती थी, उनके लिए उसने पहले से ही कुछ संकेत तय कर रखे थे। ये बहुत आसान थे।  जैसे अ संकेत दो होंठों का और उनसे निकलनेवाली ध्वनि का प्रतीक था। आ, इ, उ, ए और ओ इत्यादि का भी संकेत इसी प्रकार उसने तय किया। और बहुत बाद में उसे दीर्घ स्वरों को व्यक्त करने की आवश्यकता हुई तो वे भी इसी प्रकार तय हुए। फिर उसे स्वरों और व्यञ्जनों को व्यक्त करने के लिए संकेत तय करने थे तो पहले तो उसने क ख ग तथा घ के द्योतक के लिए एक ही चिह्न का प्रयोग किया जैसा कि  தமிழ்  भाषा में होता है। इससे यही समझा जा सकता है कि  தமிழ்  भाषा को  क्यों आदिम या प्राचीनतम भी कहा जा सकता है।

बहुत बाद उन संकेतों को अपर्याप्त अनुभव करने पर उसने उनका रूपान्तरण कर विस्तार किया। अब उसके पास एक विकसित आदिम लिपि तो थी और फिर उस पर पुनः पुनः ध्यान देकर उसके द्वारा इंगित ध्वनियों के क्रम को और भी व्यवस्थित करते हुए आद्य संस्कृत मूल वर्णों का स्वरूप तय किया।  தமிழ்  से इस प्रकार से परिष्कृत वर्णों को देवनागरी और संस्कृत कहा गया। 

किन्तु चूँकि संस्कृत भाषा अधिक वैज्ञानिक है इसलिए  தமிழ்  से ही उसकी ग्रन्थलिपि अस्तित्व में आई।  यह भी कह सकते हैं कि चूँकि संस्कृत के मंत्रात्मक होने से ही  తెలుగు,  ಕನ್ನಡ, മലയാളം  और यहाँ तक कि  ඬංභඉ जैसी लिपियाँ भी अस्तित्व में आईं। किन्तु अब यदि इसे पूरे पृथ्वी की सभी भाषाओं के सन्दर्भ में देखें तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि तिब्बती, थाई, बर्मीज़ और लाओ आदि भाषाओं की लिपि का उद्गम जिस लिपि से हुआ वह तो ब्राह्मी, शारदा, श्री / ऋषि ही थी, और इसी श्रीलिपि से ऋषि / Русский  का उद्गम हुआ जिसका सज्ञात / सजात / cognate  है  Cyril. 

प्रत्यक्षं तु किं प्रमाणमितरम्!

और Cyril से ही दूसरी तमाम यूरोपीय लिपियों का उद्गम हुआ। इसे और भी विस्तार दिया जा सकता है, तब यह स्पष्ट हो जाएगा कि संस्कृत भाषा न तो प्राचीनतम है और न ही  தமிழ்  की तुलना में नवीन है। यह प्रश्न ही असंगत है,  क्योंकि संस्कृत सनातन है और इसलिए इसे अमर भी कहा जाता है। यहाँ से हम हिब्रू / अरबी और फारसी आदि भाषाओं की ओर भी जा सकते हैं और केवल उन भाषाओं की संरचना से ही ऐतिहासिक रूप से वे जिन परिवर्तनों से गुजरीं उनका अनुमान लगाकर इसकी पुष्टि भी कर सकते हैं। اردو / उर्दू  भाषा की संरचना पर ध्यान देना इसका सबसे सुन्दर तरीका हो सकता है। 

यहाँ से हम अक्षरसमाम्नाय को समझ सकते हैं कि किस प्रकार अ ई उ ण् ऋ लृ क् इसका प्रथम सूत्र हुआ।  कैसे  ये सभी स्वर परस्पर रूपान्तरित हो जाते हैं।  अरबी या उर्दू का अ कैसे अमर से उमर / उम्र हो जाता है। 

यहाँ यह भी उल्लेखनीय है कि पाणिनीकृत अष्टाध्यायी में उणादि प्रत्ययों के लिए भी प्रावधान है

इति अलम्। 

इस अल् प्रत्यय से ही इल्  all, Alles,  el आदि का जन्म हुआ।

रही बात ग्रीक की तो इसे भी संस्कृत भाषा की "ग्रृ" गीर्यते से व्युत्पन्न किया जा सकता है। वैसे ग्रीक को तो बहुत अच्छी तरह से संस्कृत का ही एक प्रकार विशेष कह सकते हैं। 

उन दोनों को तो अभी ध्वनि और अर्थ के साहचर्य का पता तक कहाँ था। वे तो बस प्रकृति से प्राप्त इन्द्रिय ज्ञान में ही तृप्त थे। किन्तु जैसे ही उन्होंने भावनाओं को शब्द प्रदान करना शुरू किया संज्ञा और सर्वनाम, करण और संप्रदान, अपादान और संबंध तथा अधिकरण और संबोधन  (nominative, accusative, instrumental, dative, ablative, conjunctive, locative  और  interjective) स्वयं ही उनके सम्मुख अनायास ही अनावरित हो उठे।

*** 






February 13, 2025

Renunciation.

पारंपरिक संन्यास

--

वर्ष 1991 के फरवरी माह में मैं ओंकारेश्वर में नर्मदा के तट पर एक आश्रम में रहने लगा था। उस आश्रम के स्वामी और संचालक यद्यपि गेरुएवस्त्रधारी महात्मा थे किन्तु उनसे भी अधिक वयोवृद्ध एक अन्य महात्मा भी वहाँ रहते थे जो कि वैसे ही सफेद वस्त्र पहना करते थे,  जैसा कि प्रायः कुछ साधु पहना करते हैं।

जब मैं वहाँ पहुँचा तो देखा कि सफेद वस्त्रधारी महात्मा तो ऊपर ऊँचाई पर स्थित तखत पर और गेरूएवस्त्रधारी उनसे कुछ नीचे फर्श पर दूसरे लोगों के साथ बैठा करते थे। शाम को प्रायः 5 से 6 तक सत्संग हुआ करता था।

हम लोग तो बस सुनते थे और वे दोनों गुरुजन ही प्रायः एक दूसरे से बातें करते थे। 

एक दिन सफेदवस्त्रधारी महात्मा ने मेरी ओर देखते हुए कुछ व्यंग्यात्मक लहजे में बोले -

"विनय सोच रहा है कि किस तरह से उसे भी जल्दी से जल्दी गेरुए वस्त्र पहनने को मिल जाएँ!"

मैंने या उन गेरुएवस्त्रधारी महात्मा ने उनके वक्तव्य पर कोई प्रतिक्रिया नहीं की। मैं तो सपने में भी गेरुआ वस्त्र धारण करने के पक्ष में नहीं था।

कुछ दिनों बाद वहाँ आए एक और स्वामीजी ने भी इसी विचार को व्यक्त किया -

"तुम संन्यास दीक्षा क्यों नहीं ले लेते?"

उन्होंने मुझसे पूछा। 

"मैं सोचता हूँ कि अभी मुझे इसकी पात्रता प्राप्त नहीं हुई है।"

"क्यों?"

"मुझे लगता है कि अध्यात्म के मार्ग पर चलने से पहले मनुष्य को विवेक, वैराग्य, जिज्ञासा तथा फिर मुमुक्षा की प्राप्ति कर लेना उचित है, और अभी मुझे अपने आपमें इस सबका पर्याप्त विकास हुआ प्रतीत नहीं होता है।"

"अगर तुम किसी महापुरुष से दीक्षा ले लोगे तो यह भी हो जाएगा।"

वे स्वामीजी जिन्होंने स्वयं भी किसी महात्मा से संन्यास दीक्षा ली थी, गेरुए वस्त्र धारण करते थे और दूसरों को  आध्यात्मिक प्रवचन आदि देते थे।

बहुत दिनों बाद पता चला कि उन्होंने गेरुए वस्त्र त्याग दिए हैं और अब वे भी मेरी तरह ही सामान्य सफेद कुर्ता धोती आदि पहनने लगे थे। यहाँ तक कि उन्होंने विवाह भी कर लिया था और इस तरह गृहस्थ आश्रम में लौट आए थे।

यद्यपि उनसे मेरी मुलाकात फिर कभी नहीं हुई किन्तु दूसरों से मुझे यह पता चला कि वे अब तो किसी भी आध्यात्मिक या धार्मिक संस्था से दूर ही रहते हैं। पूरे 34 वर्ष बाद पुनः किसी ने अधिकारपूर्वक मुझसे गेरुए वस्त्र धारण करने का आग्रह किया तो मुझे यह घटना स्मरण हो आई।

अब भी मुझे यही लगता है कि जब तक मनुष्य के मन में विवेक, वैराग्य, जिज्ञासा और मुमुक्षा इत्यादि जागृत नहीं हो जाते तब तक गेरुए वस्त्र धारण करने या न करने का कोई विशेष महत्व नहीं है।

और यदि मनुष्य को यह सब प्राप्त हो जाएँ तो भी उसने कौन से वस्त्र पहने हैं इसका भी कोई विशेष महत्व नहीं है। विडम्बना तो यह है कि प्रायः अपात्र व्यक्ति जब गेरुए वस्त्र पहनने लगता है तो न सिर्फ अपना बल्कि समाज के दूसरे लोगों का भी जाने अनजाने ही अहित ही करने लगता है।

अधिकार प्राप्त न होने पर भी वह दूसरों को उपदेश देने लगता है और सीधे सादे मनुष्य स्वयं भी उससे प्रभावित होकर किन्हीं दबावों के चलते अध्यात्म को तो भूल ही जाते हैं।

***

 







Truth Is Pathless Land.

प्रयागराज 

--

कठिन कुमारग पथ कुरंग को,

संग कुसंग विसंग असंग को, 

नहि पदचिह्न नभ विहंग को,

चिह्नविहीन तरंग उमंग को!

चित्रविचित्र रूपरंग को,

निराकार साकार अनंग को, 

अखंड अनंत कवि अभंग को, 

पावन सरल पवित्र गंग को! 

***





 

February 09, 2025

The Unichord

इकतारा

--

यहाँ आते ही उन्होंने काम शुरू कर दिया था। वे आदिम तो थे लेकिन अंतिम नहीं सनातन थे। जब वह आया था तो उसके हाथों में एक इकतारा था जिसमें बकरी या भेड़ की त्वचा से बने ताँत की एक डोरी थी, जो दो सिरों पर दो खूँटियों पर कुछ कस कर बँधी हुई थी। बस वैसा ही एक वाद्ययंत्र था वह जिसे बहुत बदलने के बाद तानपूरा या सितार के रूप में प्रतिष्ठा प्राप्त हुई। सुघड़ लौकी या ऐसे ही दूसरे किसी फल जैसी वनस्पति की बेल पर लगे फल के पककर सूख जाने पर उसे साफकर उस पर यह ताँत की डोर बाँकी जाती थी। इसी फल को दूसरे तरीके से काटकर कमंडल भी बनाया जाता था जिसमें पीने का जल भी संचित कर लिया जाता था।

जब वह यहाँ आया था तो उसके कंधे पर यही वाद्ययंत्र टँगा हुआ था। और भी बहुत सारा सामान बाद में यहाँ वे लोग धीरे धीरे ले आए थे। तब उन दोनों के बीच परिचय और प्रेम हुआ था जो फिर अंतरंग और घनिष्ठ होता चला गया था।

कभी कभी जब वह बहुत प्रसन्न होता तो उस वाद्ययंत्र को हाथों में लेकर ताँत की उस डोरी को उंगली से कंपित कर उससे ध्वनि उत्पन्न करता। धीरे धीरे सतत अभ्यास और अन्वेषण, प्रयोग और अनुसंधान से उसने ध्वनि को इस प्रकार सिद्ध और शुद्ध कर लिया कि उस पर संगीत की कोई धुन अर्थात् सात सुरों के विशेष और व्यवस्थित  क्रम में बजाता रहता था। इस क्रम का आविष्कार उसने ही किया था। वह बस मंत्रमुग्ध होकर उसे सुनी रहती थी और उसे याद आता रहता था कि कैसे यद्यपि वह स्वयं अपने अकेलेपन में उन स्वरों को गुनगुनाती भी रहती थी, किन्तु उनके क्रम से बनी धुन उसे विस्मृत भी हो जाया करती रहती थी। जब वह एक दिन उसे बतलाए बिना ही अचानक ही कहीं चला गया था तो वह उस वाद्ययंत्र को लेकर उसे बजाने का प्रयास करने लगी थी, किन्तु उससे अभी कोई ऐसे सुर नहीं निकाल पाती थी जैसा कि वह निकाला करता था।

यह विशुद्ध स्वर थे। नाद जहाँ केवल प्रयोजन था, कोई  शाब्दिक अर्थ नहीं हुआ करता था। शब्दों का वस्तुओं से साहचर्य होने पर ही अर्थ का अविष्कार हुआ था और वे दोनों ही इस तथ्य के साक्षी थे। जब सर्वप्रथम उसने स्वयं ही 'अहं' पद का प्रयोग करते हुए स्वयं को इंगित कर उसे इस अर्थ से परिचित कराया था। इस प्रकार 'अहं' पद का अर्थ और प्रयोजन मूलतः एक होते हुए भी एक दूसरे से भिन्न और पृथक् हो गए। यह संयोगवश हुई एक दुर्घटना ही थी, क्योंकि जब तक उन्हें इस दुर्घटना का पता चलता तब तक तक बहुत देर हो चुकी थी। और आज भी उनके वंशजों का न केवल इस पर कभी ध्यान जा सका और न वे इसके दुष्परिणामों को जान सके।















इसे पेठा कहते हैं "पेठा" वैसे तो आगरा का प्रसिद्ध है, किन्तु आगरा और पेठा की व्युत्पत्ति कैसे हुई यह जानना रोचक है। आगरा तो संस्कृत भाषा के "अग्र" से व्युत्पन्न हुआ और क्रमशः "अगर" तथा  augur  में परिणत हो गया। उपनिषद् का एक वचन / सूत्र है :

सदेव सोम्येदमग्रमासीत्।।

या, 

सत् एव सोम्य / सौम्य इदं अग्रं आसीत्।।

वही अद्वैत श्रेष्ठ सद्वस्तु जब जगत् के रूप में अभिव्यक्त होती है और अपने आपको पुनः आभासी और दृग्दृश्य के रूप में द्वैत रूप में स्वयं ही जानती है तो जिस प्रकार से यह "जानना" होता और संप्रेषित किया जाता है, उसे ही "प्रेष्ठ" कहा जाता है। और इसी "प्रेष्ठ" का तद्भव रूप है "पेठा"। जिसे पुनः और भी परिष्कृत कर जिस मिठाई का रूप प्रदान किया जाता है उसे भी पर्याय से "पेठा" कहा जाने लगता है।

यह हुआ भाषा का इतिहास और इतिहास की भाषा।

आगे और पढ़ते रहिए!

***



February 02, 2025

AmnAya.

आम्नाय (मार्ग)

उसने प्रायः पशु पक्षियों की ध्वनियों को ध्यान से सुना था और फिर अपने दोनों नेत्रों और दोनों कानों को बन्द कर वह मुख से उनके उच्चारण का प्रयास किया करती थी। फिर उसे यह सूझा कि मुख से उनका उच्चारण करने से कहीं अधिक अच्छा यह होगा कि मुख को बन्द रखकर, उनकी स्मृति से अपने भीतर ही उन ध्वनियों को सुनने का प्रयास किया जाए। तब उनमें एक ऐसे ध्वनि-क्रम का उसे पता चला जिसे आज के पाश्चात्य संगीत शास्त्र में 

c d e f g h a b  से,

तथा वैदिक रीति से क्रमशः

सारंग, ऋषभ, गांधार, मध्यम्, पञ्चम्, धैवत् और निषाद से व्यक्त किया जाता है। 

स्पष्ट है कि उसे यह ज्ञान तब अनायास ही अपने भीतर ही प्राप्त हुआ था और तब वह उसे उन स्वरों को दोहराने का मन होने लगा। और तब उसने उस प्रथम वाद्य यंत्र की रचना की जिसमें बाँस की एक पोली नली पर भिन्न भिन्न दूरियों पर छिद्र किए और एक सिरा पूरी तरह खुला रखते हुए दूसरे पर कोई अवरोध जैसे कोई पत्ता आदि फँसाया। यह कल्पना उसे उन्हीं पशु पक्षियों की ध्वनियों पर ध्यान देने से आई क्योंकि तब उसे लगा कि उनकी कंठनली में भी ऐसा ही कुछ पर्दा (diaphragm) होने के कारण उन ध्वनियों के कम्पन भिन्न भिन्न होते होंगे। हम जैसे तथाकथित रूप से उन्नत मनुष्यों के लिए इसका अनुमान और आकलन कर पाना कठिन ही होगा कि यह सब उसने कैसे किया होगा, और यह समझ पाना भी कि बुद्धि अर्थात् किसी शाब्दिक विचार प्रणाली के द्वारा भी ऐसा कर पाना संभव नहीं है। क्योंकि विचार या 'बुद्धि' मानसिक चित्तवृत्ति का एक रूप अर्थात् 'प्रत्यय' होता है जिसका संवेदन मुख्यतः और केवल प्रमाण, विपर्यय, विकल्प, निद्रा तथा स्मृति इन्हीं पाँचों प्रकारों में हुआ करता और जाना जाता है। उसके पास भी यद्यपि अन्य सभी प्राणियों की ही तरह वह आधारभूत चेतना   Interface तो था, जिसे चेतना या भान अथवा बोध शुद्ध संवेदन के रूप में हर कोई जानता ही है किन्तु वस्तुओं (objects) और विषयी (subject)  के लिए प्रयुक्त किए वे ध्वन्यात्मक पद (words) नहीं थे जिनके माध्यम से हम मनुष्यों में 'जानकारी' रूपी कृत्रिम ज्ञान की एक प्रणाली बनती और सक्रिय हो जाया करती है। यह कृत्रिम ज्ञान उस स्वाभाविक 

चेतना, भान, अथवा अथवा बोध 

पर आवरित होकर अपना स्वयं का एक स्वतंत्र अस्तित्व होने का भ्रम Artificial intelligence  निर्मित कर लेता है।

उसमें इस प्रकार के किसी भ्रम ने अभी अपना सिर तक नहीं उठाया था। इसलिए वह ऐसे यांत्रिक और कृत्रिम ज्ञान से नितान्त अनभिज्ञ और अपरिचित थी।

और तब एक दिन वह अचानक एक अद्भुत् प्रतीति पर मुग्ध हो उठी जब उसने दो स्वरों के बीच के उस शून्य को पहचान लिया जो सब स्वरों में उनके आधार की तरह से विद्यमान तो होता है, फिर भी वह कोई ध्वनि-विशेष नहीं होता। उसे जान पड़ा कि वह शून्य जो सबमें अन्तर्निहित और सबसे अप्रभावित रहता है, सबमें ओतप्रोत है, और फिर भी सब से विलक्षण है और उसका उच्चारण करने का प्रश्न ही नहीं उठता।

तब तक वह चित्र-लिपि में उन वस्तुओं और घटनाओं रूपी अपने अतीत को चट्टानों और रेत पर उकेरा करती थी, जो समय के साथ धीरे धीरे धुँधले होकर या वैसे ही विलुप्त हो जाया करते थे और उस पर इन सबका कोई प्रभाव नहीं पड़ता था।  हर दिन,  हर पल वह वैसी ही तरोताजा और निर्मल, निर्दोष और उत्फुल्ल रहती थी जैसे कोई सद्योजात शिशु हुआ करता है।

यह समाम्नाय था !

उस अतिथि मित्र के आगमन के बाद ही उसे यह पता चल कि ध्वनियों को चित्रों के माध्यम से भी व्यक्त किया जा सकता है और वह यह जानकर रोमांचित हो उठी कि

अक्षरसमाम्नाय

भी कुछ होता है! 

***

January 28, 2025

Discoveries

आविष्कार

उसके आगमन से पहले अपने एकाकी जीवन के पन्द्रह वर्षों में उसने बहुत समय प्रकृति के निरीक्षण में बिताया था और इन सबको रेत और पत्थरों पर चित्रों के माध्यम से अंकित भी किया था। कहना न होगा कि उसकी छवि भाषा में सुरक्षित स्मृतियों का अव्यवस्थित क्रम समय का ऐसा सर्वाधिक सदुपयोग सिद्ध हुआ, जिसकी थोड़ा भी कल्पना या अनुमान उस समय उसे कदापि नहीं था। वर्षों तक वह दिन में सुबह सूर्य के उगने से शाम को सूर्य के डूब जाने तक उसके आकाशीय पथ का आकलन करने की चेष्टा करती रहती थी। सुबह सूर्योदय से पहले और शाम को सूर्यास्त के बाद का आकाश तो उसे मुग्ध करता था। और एक दिन अकस्मात् उसे इस तथ्य का आभास हुआ कि वह जिस भूमि पर रहती है वह भूमि या धरती किसी फल की तरह किन्तु एक बहुत ही बड़ी गोलाकार वस्तु है जो कि सूर्य के चारों ओर घूमती है। उसे यह भी समझ में आया कि यह गोलाकार वस्तु जो कि सूर्य के चारों ओर परिभ्रमण करती है, यद्यपि सूर्य से बहुत दूर है और सूर्य से उसकी दूरी भी बहुत अधिक होगी, ग्रीष्म और शीत ऋतु में यह दूरी क्रमशः कुछ कम और कुछ अधिक हो जाया करती होगी। इसे ही उसने रेखांकन (pictorial diagram) से पहाड़ी की खड़ी चट्टानों पर क्रम से अंकित किया था। कभी किसी पत्थर के नुकीले सिरे से और कभी किसी रंग से लकीरें खींच कर। और उसने धीरे धीरे सरल और वक्र, गोलाकार और अंडाकार लकीरें खींचते खींचते, उल्काओं का पथ भी रेखांकित करते हुए उस ऋजु या वक्र पथ के परवलीय (parabolic) अतिपरवलीय (hyperbolic) मार्गों पर गतिशील होने का अनुमान किया। उसने कुछ ऐसे उल्कापिण्ड भी देखे जो हर एक या दो वर्षों के बाद पुनः आकाश में दिखलाई पड़ते थे। कुछ ऐसे चमकदार तारे देखे जो रात्रि में जिस तारामंडल में दिखाई देते थे उसमें ही धीरे धीरे प्रति रात्रि कुछ आगे बढ़ जाते थे। चंद्रमा की गति को उसने पहले समझा और उसे पता चला कि यह कितने समय में एक तारामंडल को पार कर लेता है और फिर दूसरे किसी तारामंडल (राशि) में चला जाता है। उन तारामंडलों पर उसने ध्यान दिया तो पाया कि उनमें कुछ तारे अधिक चमकते हैं तो कुछ दूसरे तारे मंद दिखाई देते हैं। फिर भी वे सब अपने समूह में ऐसे स्थिर होते हैं मानों वहाँ मोतियों जैसे जड़े हुए हों। अपने इन आविष्कारों को अब तक वह स्वयं ही स्मरण रखा करती थी, और कोई था भी कहाँ जिससे वह कहती! और वह भी चित्रस्मृति (photographic memory) में ही। किन्तु उसके उस अतिथि मित्र के आगमन के बाद से उसने कितनी ही रात्रियों में इंगित से उसे दिखाया और उसके द्वारा चट्टानों पर अंकित रेखांकन भी जब उसे दिखाए तो वह चकित रह गया। उनके पास भाषा और शब्द तो नहीं थे, किन्तु भावों और अर्थ की अभिव्यक्ति बहुत सशक्त ढंग से कर सकते थे। अनायास ही वह चित्र पर उंगली रख कर 'इदं' 'इदं' कहने लगती। और अपने लिए 'अहं' का प्रयोग भी इसी तरह करने लगी थी। और उसने भी 'अहं' पद का प्रयोग स्वयं को इंगित करने के लिए करना सीख लिया था। और वैसे ही उन्होंने 'तत्' पद का आविष्कार भी कर लिया था। और फिर 'अहं' तथा 'तत्' को मिला कर 'तुम' जो कि बाद में कब 'त्वम्' बना उन्हें पता ही नहीं चला!

दोनों एक दूसरे से इतने घनिष्ठ और अन्तरंग हो चुके, तो एक दिन उसने उसे वर्णलिपि सिखाना प्रारंभ किया। उसे इसका प्रयोजन तो समझ में नहीं आया किन्तु जब वह प्रत्येक वर्ण को रेत पर अंकित करते हुए उस विशिष्ट वर्ण का उच्चारण भी करता तो उसे समझ में आने लगा कि यह चित्र-संकेत और यह उच्चारित ध्वनि एक दूसरे को व्यक्त करते हैं। इनका कोई अर्थविशेष नहीं है। ये किसी वस्तु का चित्र या नाम भी नहीं हैं। जैसे कि  🌙  चाँद का चित्र है और ☀  सूर्य का, वैसे ही 'अ' की तरह से चित्रित वर्ण, 'अ' ध्वनि का सूचक है। अत्यन्त रोमांचित हो उठी थी वह, यह समझकर कि ध्वनियों को भी चित्र से व्यक्त किया जा सकता है और चित्रित वर्णों को ध्वनि से!

यहाँ से उनका  "वेदाभ्यास" प्रारंभ हुआ था।

***




 


January 27, 2025

The Saga and The Sage.

प्रागृषि

आदि, आदिम और सनातन

उस नितान्त एकाकी जीवन में, जब ये लोग यहाँ नहीं आए थे, वह सुखी या दुखी नहीं थी, वह सुरक्षित और असुरक्षित भी नहीं थी, क्योंकि सब कुछ अनिश्चित और अप्रत्याशित और अज्ञात था।

उसने पत्थर और रेत पर चित्र उकेरे और पक्षियों तथा चिड़ियों की ध्वनियों में स्वर संधान किया। यह सब बाद में उसके आने के बाद एकाएक और भी विकसित और समृद्ध, सार्थक और सुखद हो गया।

उसके एकाकी जीवन में पहले कला का प्रस्फुटन हुआ, और वह बस प्रकृति की ही एक अभिव्यक्ति थी। हाँ, वह मनुष्य की आकृति में एक स्त्री भी अवश्य थी। और जब उसके जीवन में एक पुरुष का आगमन हुआ तो उसे पता चला कि पुरुष के पास जो बुद्धि होती है उसका आयाम, सीमा और प्रकृति उससे बहुत भिन्न है जैसी कि उसकी अपनी प्रकृति थी।

पुरुष की बुद्धि खंडित होती है जबकि स्त्री या नारी की बुद्धि नहीं, प्रकृति / स्वभाव, एक अखंड प्रवाह होता है। क्योंकि स्त्री नित्यतृप्ता होती है, विस्तीर्ण और प्रवाहमय होना ही उसका जीवन होता है जबकि पुरुष की बुद्धि संकुचित और सीमित, क्षण क्षण और इसलिए असंतुष्ट, अतृप्त और अपूर्ण होती है। फिर भी दोनों ही दूसरे के अभाव में अपूर्ण ही होते हैं - स्त्री भी और पुरुष भी। और अन्त तक, जीवन के विलीन हो जाने तक ऐसे ही अपूर्ण रह जाते हैं। जीवन की वह निजता और पूर्णता, जो कि एक पहचान की तरह चेतना में कभी चेतनता की तरह उभरती है उसे जन्म कहा और माना जाता है और वही पहचान एक दिन जब विलीन हो जाती है, उसे मृत्यु कहा और माना जाता है। जन्म सदा अपना और अपनी किसी पहचान का ही होता है जबकि मृत्यु सदैव किसी दूसरे की ही होती है। निजता और जीवन इस तरह और इसीलिए एक दूसरे के पर्याय हैं।

तो उन दोनों के बीच संपर्क ही संवाद था जीवनरूपी एक ही नदी के दो तट थे वे दोनों।

जब उनमें परिचय प्रगाढ हो चुका था तो वे चित्रों और मुखमुद्रा के इंगितों से परस्पर संवाद करते थे। तब समय नहीं होता था। तब समय नहीं था। तब न तो अतीत और न ही भविष्य नामक किसी वस्तु का अस्तित्व था। संभव भी नहीं था, क्योंकि वे निपट, नितान्त वर्तमान में ही जी रहे थे। और तब उसका परिचय भाषा से हुआ। परिचय प्रवाह था, और भाषा बुद्धि थी। और तब इसके बाद ही समय की अवधारणा का जन्म हुआ। कल एकाएक ही असंख्य कल बन गए। अतीत के, और भविष्य के। तब लिपि का उद्भव और उद्गम हुआ। वाणी तो पहले भी थी। वाणी के साहचर्य से ध्वनियाँ सार्थक हुई। और लिपि के साहचर्य से विचार - जो पुरुष था / है, वाणी जो स्त्री थी / है। तब वस्तुओं का नामकरण हुआ। और फिर बाद में ही भावनाओं का भी। वस्तुएँ मूर्त / साकार थीं / हैं / होती हैं,  भावनाएँ जो अमूर्त / निराकार प्रवाह मात्र होती हैं। जैसे ही भावनाओं को वाणी मिली संगीत और संघर्ष का आरंभ हुआ। पता नहीं कि क्या यह मनुष्य का सौभाग्य था, दुर्भाग्य या एक दुर्घटना!

***