Showing posts with label कर्ता. Show all posts
Showing posts with label कर्ता. Show all posts

June 02, 2024

वह कौन?

Question / प्रश्न 76.

वह कौन?

--

वैसे तो वह कोई सजीव सत्ता है जैसे कोई वृक्ष, जैसे कोई पशु, जैसे कोई पक्षी, जैसे कोई मनुष्य - बच्चा, कोई युवा, वृद्ध, जैसे कोई पुरुष या स्त्री, या जैसा कोई आदि-मानव। 

जब उसे भूख लगती है तो वह खाने के लिए भोजन की तलाश करता है, जब भोजन मिल जाता है तो जब तक भूख मिट नहीं जाती तब तक भोजन करता रहता है, या कहें तो खाने का कार्य करता है। फिर वह निरर्थक, यूँ ही यहाँ वहाँ घूमता भटकता रहता है।

प्यास लगने पर पानी पीता है। वह समाज या परिवार में रहता हुआ समय समय पर पैदा होनेवाली अपनी विभिन्न आवश्यकताओं को पूर्ण करने की स्थायी व्यवस्था करना सीख जाता है ताकि बार बार उसे भोजन और पानी की तलाश में यहाँ वहाँ भटकते न रहना पड़े। क्रमशः अपनी और अपने परिवार की, "समाज" की, "सभ्यता" की एक विशिष्ट एक शैली वह विकसित कर लेता है। जैसे पशु / पक्षी आदि अपना समाज निर्मित कर लेते हैं, उस तरह से वह भी अपना समाज निर्मित कर लेता है। अभी तक तो उसने "भाषा" का आविष्कार भी नहीं किया है, और वह भी दूसरे प्राणियों की ही तरह चित्त में समय समय पर और क्षण क्षण पर प्रकट और विलीन होती रहनेवाली विभिन्न भावनाओं के साथ साथ बहता हुआ, उनके अनुभवों को अपनी स्मृति में संजोता है। यह सारा  कार्य उसके किसी भी सचेतन, और स्वैच्छिक निश्चय से नहीं होता, बल्कि अनायास और अपने आप होनेवाला प्राकृतिक कार्य हुआ करता है। और यद्यपि अभी तक उसमें विभिन्न घटनाओं को समझने की बुद्धि उत्पन्न हो चुकी होती है और वह उनके स्वाभाविक पूर्व-पश्चात के क्रम में आधारभूत तथ्य के रूप में "समय" की पहचान भी कर चुका होता है, और उस पहचान से "समय" के विस्तार के छोटे और बड़े होने की तुलना भी कर सकता है, फिर भी अभी वह भाषा और शब्दों से अनभिज्ञ होता है। फिर किसी समय वह विभिन्न वस्तुओं, घटनाओं और ध्वनियों के बीच तारतम्य स्थापित करना भी सीख लेता है जो पुनः स्मृति में किसी प्रारूप में संजो ली जाती हैं।

और फिर किसी समय इसी प्रकार से चित्त में अनायास क्षण क्षण उठती और विलीन होती हुई भावनाओं और उनकी प्रतिक्रियाओं की एक विशिष्ट पहचान बना लेता है। इच्छा, भय, ईर्ष्या, द्वेष, क्रोध, रोष, आकर्षण और विकर्षण, शत्रु, मित्र, सापेक्ष और निरपेक्ष वस्तुओं और  आवश्यकताओं आदि की भी पहचान इस तरह उसे हो जाती है।

जीवन जीने के लिए इतना ही पर्याप्त होता है।

किन्तु वस्तुओं, घटनाओं, भावनाओं और अनुभवों आदि से ध्वनियों को संबंधित करने के क्रम में अनैच्छिक रूप से ही सही, "भाषा" का निर्माण वह कर लिया करता है। परिवार, समाज आदि में भी उन ध्वनियों को शाब्दिक रूप में सीख और स्वीकार कर लिया जाता है।

और तब उसके पास वैचारिक मन नामक एक यंत्र आ जाता है जिसकी सहायता, प्रभाव और परिणाम से जब वह अकेला भी होता है तब भी कल्पना के अन्तर्गत वह स्मृति को पुनर्जीवित करने लगता है। तब वह "स्वयं" से "उस भाषा" में स्वप्न जैसी अवस्था में जागते हुए या सोते हुए बातें करने लगता है।

वह कौन?

वही, जो कि अभी तक शाब्दिक भाषा से अनभिज्ञ था।

अब से पहले भी उसका जीवन दो अवस्थाओं में बीतता रहता था - जब वह संसार में जागृत हुआ भूख प्यास को अनुभव करता हुआ उन्हें मिटाने की चेष्टा में संलग्न रहा करता था, और (शरीर के) थक जाने पर विश्राम करता या सो जाता था ।

जागने और सोने की इन दोनों गतिविधियों में शरीर तो यंत्रचालित ढंग से सतत ही अपना कार्य करता रहता था और सोने की स्थिति में 'मन' संभवतः स्वप्न जैसी किसी अवस्था में, -जागने के समय के अनुभवों का स्मरण या विस्मरण किया करता होगा।

इन विभिन्न अनुभवों में "स्वयं" की पहचान तो बहुत बाद में बनती होगी, जिसे और भी बाद में अपनी एक अमूर्त (abstract) पहचान बनाकर स्मृति में केन्द्रीय मौलिक  की तरह अंकित और टंकित कर लिया जाता होगा।

शरीर के सोने या जागने का तो कोई प्रश्न ही नहीं उठता क्योंकि उसकी गतिविधियाँ दोनों ही समय स्वाभाविक रूप से कम या अधिक तीव्रता के साथ चलती रहती हैं।  यह तो "मन" ही होता है जिसमें "स्वयं" की वह अमूर्त कल्पना "मैं" की स्मृति बनकर अपना कृत्रिम अस्तित्व निर्मित कर लेती है।

जब "मैं" जागता हूँ उस समय तो किसी न किसी कार्य में व्यस्त होकर अपने आप को उसका "कर्ता" होने की धारणा से बद्ध कर लिया करता हूँ, किन्तु जब करने के लिए इस "मैं" के पास कोई कार्य नहीं होता, तो "वह"  व्याकुल हो उठता है, या तो वह निद्रा की शरण लेता है, या किसी काल्पनिक व्यस्ततता की । अपने लिए "वह" स्वयं ही असंख्य ध्येय कल्पित और  सृजित कर लेता है, उन्हें प्राप्त करने के यत्न में जी-जान से जुट जाता है।

"वह" अपने आपको समस्त सुख-दुःख का, चिन्ताओं, आशाओं, आशंकाओं, महत्वाकांक्षाओं के "भोक्ता" के रूप में भी कल्पित कर लेता है, उपलब्धियों का स्वामी और इस समस्त ज्ञान के संग्रह के "ज्ञाता" की तरह भी।

"वह" यह कभी नहीं देख पाता कि सो जाने पर इन सब असंख्य ध्येयों आदि का क्या होता है! वह अपने आपको सुधारना, निरन्तर और से और भी अधिक परिष्कृत और समृद्ध करते रहने की चेष्टा करता रहता है।

***



May 30, 2023

प्रश्न Question 21.

इच्छा और संकल्प  : 

Desire And Will :

प्रश्न  : इच्छा, संकल्प और कर्म में क्या संबंध है?

Question : What is the relation between the Desire, the Will, and the Action?

Answer / उत्तर :

संकल्पप्रभवान्कामान्स्त्यक्त्वा सर्वानशेषतः।।

श्रीमद्भगवद्गीता के उपरोक्त श्लोक से ज्ञात होता है कि कामना की उत्पत्ति दो रीतियों से होती है।

सः अकामयत सः अतप्यत।।

उपनिषद् के इस मंत्र से ज्ञात होता है कि उस सृष्टिकर्ता  परमात्मा के हृदय में कामना की सृष्टि हुई। उत्पत्ति नहीं, सृष्टि। अर्थात् कामना की अभिव्यक्ति हुई जो परमात्मा के असीम और अनंत सामर्थ्य का एक अत्यन्त सूक्ष्म अंशमात्र है। सृष्टि √सृज् धातु से व्युत्पन्न संज्ञा है ।

किन्तु मनुष्य और इतर सभी प्राणियों में कामना / इच्छा उत्पन्न होती है जो स्मृति का ही परिणाम है। स्मृति, वृत्ति है, जो समय समय पर अव्यक्त और व्यक्त इन दोनों रूपों में पुनः पुनः प्रकट और विलुप्त होती रहती है। स्मृति में असंख्य अनुभव संचित होते हैं और बाह्य परिस्थितियों के प्रत्युत्तर के रूप में इच्छा / कामना जागृत हो जाती है। इच्छा या कामना किसी अपूर्णता की द्योतक है, जो पुनः आवश्यकता या कल्पना की तरह ग्रहण कर लिया जाता है। आवश्यकता के उदाहरण हैं भूख, प्यास, निद्रा और जागृति या स्फूर्ति, जो कि प्रकृति की सहज स्वाभाविक गतिविधि होती है, जबकि इच्छा या कामना किसी सुख और उस सुख के भोग की भावना का ही एक प्रकार है।  इस प्रकार इच्छा या कामना यथार्थपरक या पूर्ण रूप से काल्पनिक भी हो सकती है, या केवल किसी वास्तविक या कल्पना दुःख से पलायन का एक प्रकार मात्र भी। इसका उदाहरण है किसी व्यसन से प्राप्त हो रहे सुख की कल्पना या उसके माध्यम से किसी यथार्थ या काल्पनिक दुःख का विस्मरण, जिससे वह दुःख समाप्त तो नहीं हो जाता किन्तु तात्कालिक रूप से उसका दृष्टि से ओझल हो जाता है। 

इह प्रकार, उस स्थिति की प्राप्ति के लिए की जानेवाली चेष्टा ही कर्म है।

इसलिए कर्म का प्रारंभ किसी आवश्यकता की अथवा किसी इच्छा या कामना की पूर्ति के लिए की जानेवाली चेष्टा से होता है।

यह गतिविधि जिसे कर्म कहा जाता है वस्तुतः विकल्प का ही एक उदाहरण है जिसका उल्लेख पातञ्जल योग सूत्र समाधिपाद के निम्नलिखित रूप में प्राप्त होता है :

शब्दज्ञानानुपाती वस्तुशून्यो विकल्पः।।९।।

कल्पना एक विधेयात्मक प्रत्यय है, जबकि विकल्पना या विकल्प कल्पना के अभाव का द्योतक होने से किसी वास्तविकता की विद्यमानता को इंगित नहीं करता।

संक्षेप में कर्म शब्द केवल एक वैचारिक और शाब्दिक अवस्थिति है जिसका कोई आधार नहीं होता। प्रकाश और अंधकार के उदाहरण से भी इसे अच्छी तरह समझा जा सकता है। प्रकाश एक वास्तविक इन्द्रियग्राह्य यथार्थ है, जबकि अंधकार प्रकाश के अभाव की स्थिति का एक नाम है। जैसे अंधकार का अस्तित्व ही संभव नहीं, वैसे ही, जिसे कर्म कहा जाता है, वह केवल एक कल्पना है।

इसी का एक उदाहरण है : "कर्ता" की अवधारणा।

महर्षि पाणिनी के एक सूत्र के अनुसार  :

स्वतन्त्रः कर्ता।।

उपरोक्त सूत्र महर्षि को जहाँ से प्राप्त हुआ वह स्वतन्त्र है, क्योंकि वह कर्म से स्वतन्त्र है :

न मां कर्माणि लिम्पन्ति न मे कर्मफले स्पृहा।।

(श्रीमद्भगवद्गीता)

इस प्रकार अहं / अहम् / 'मैं' को दो अर्थों / रूपों में ग्रहण किया जा सकता है :

एक वह जो कर्ता है और कर्म से स्वतन्त्र है,

दूसरा वह जो स्वयं को स्वतन्त्र कर्ता मानता है। 

मन्यते इति मनः।।

मन वृत्ति है और समस्त वृत्तियों की उत्पत्ति का एकमात्र कारण भी। विशिष्ट वृत्ति के रूप में यही "अहं-वृत्ति" है। इसी अहं-वृत्ति में स्वयं के स्वतन्त्र कर्ता होने की कल्पना पुनः पुनः उठती और विलीन होती है। अंधकार की तरह से अभावात्मक होने से यह किन्हीं दो क्रमिक वृत्तियों के क्रम में अपनी आभासी निरन्तरता को ही अपने स्वतन्त्र अस्तित्व की तरह स्वीकार कर लेता है। यही अज्ञान है। इच्छा और संकल्प के रूप में यही अपने आपको बद्ध अनुभव करता है और वृत्ति के रूप में "अनुभवकर्ता"।

संकल्पप्रभवान् कामान्स्त्यक्त्वा सर्वानशेषतः।।

के अनुसार :

संकल्प से उत्पन्न होनेवाली समस्त कामनाओं को पूर्णतः त्याग दिए जाने पर (न कि त्याग कर दिए जाने पर) जिस कर्ता का साक्षात्कार होता है, वह स्वतन्त्र है।

***