Showing posts with label अनिश्चित और अप्रत्याशित. Show all posts
Showing posts with label अनिश्चित और अप्रत्याशित. Show all posts

January 05, 2022

लेकिन पहले

कविता / 05-01-2021

---------------©--------------

मेरी आँखों से दुनिया देखो, 

लेकिन पहले मुझको देखो!

अपनी आँखों से दुनिया देखो, 

लेकन पहले खुद को देखो!

वह, जो यह दुनिया दिखती है,

जिसको यह दुनिया दिखती है,

दोनों हैं एक या अलग अलग, 

जो देखे, जिसको दिखती है?!

यह प्रश्न है बड़ा ही पेंचीदा,

लेकिन पहले इसको समझो,

फिर बोलो, है क्या यह दुनिया,

फिर बोलो, किसको दिखती है!

यह मन जो कहता है, दुनिया,

यह दुनिया जो मन कहती है, 

क्या यह है कुछ, अलग तुमसे,

जो दुनिया, मन को दिखती है!

मन दुनिया है, या दुनिया मन, 

तुम दुनिया हो, या तुम हो मन,

यह प्रश्न बड़ा ही उलझा है,

पहले सुलझाओ, यह उलझन!

जब यह मन नहीं होता है, 

क्या दुनिया तब होती है!

क्या तब यह मन भी होता है, 

दुनिया जब कहीं नहीं होती है!

तो क्या मन ही दुनिया है,

तो क्या दुनिया ही मन है,

फिर से देखो, तुम खुद को, 

दुनिया है, या कि मन है! 

***




 





November 12, 2021

The Penultimate.

अनन्तिम / कविता 12-11-2021

---------©--------

हर बार यही लगता है अन्त,

फिर, वह भी तो है बीत जाता,

यदि वह अन्त ही होता तो,

बना रहता ही! न बीतता!

समय का ही यदि अन्त न हो,

तो सब कुछ ही तो बीतता है,

लेकिन यह बीतना भी क्या,  

सचमुच ही कभी बीतता है! 

क्या वह स्वयं समय है, या,

समय है स्वयं, बीतना ही,

फिर कैसे अन्त होगा उसका,

जो न कभी भी रीतता है! 

क्या प्रारंभ भी है उसका, 

यदि है तो, किसने देखा?

जिसने भी वह देखा होगा,

क्या उसने खुद को देखा?

देखा होगा तो जाना होगा, 

ऐसा कोई भी समय नहीं,

जो होता हो प्रारंभ कभी, 

होता हो जिसका अन्त कभी! 

इसका कोई नहीं जवाब,

यह सवाल ही है बेहूदा, 

इसका जवाब ढूँढना भी,

है काम उतना ही, बेहूदा!

फिर क्या करे, कोई इसका, 

समय, जो आता जाता है,

जो चलता ही रहता है,

कभी कहाँ वह रुकता है!

समय का यह ख़याल भी क्या, 

स्वयं समय की उपज नहीं!

क्या ख़याल ही नहीं, समय,

स्वयं समय की उपज नहीं!

फिर क्या कोई और भी है, 

जो बँधा हुआ समय से है,

जिससे समय बँधा नहीं,

जो फँसा हुआ समय में है!

क्या वह सचमुच है कोई, 

या वह भी है सिर्फ ख़याल, 

तो फिर वह क्या है जिसमें, 

उठते हैं सारे सवाल! 

***

संदर्भ :

--

अक्षरात्संजायते कालो कालाद् व्यापकः उच्यते। 

व्यापको हि भगवान् रुद्रो भोगायमानो।

यदा शेते रुद्रो संहरति प्रजाः।।

यो वै रुद्रः स भगवान् ।

यश्च कालः तस्मै रुद्राय वै नमः।। 

(शिव-अथर्वशीर्ष)







April 14, 2019

देर आयद दुरुस्त आयद

हफ़्ते भर से गर्मी अचानक परवान चढने लगी है। 
"दिन तो गुज़र जायेगा,
क्या होगा जब रात हुई !!"
ये हालत है।
नावघाट-खेड़ी में रहते हुए सोचा था कि खिड़कियों पर वैसी ही प्लास्टिक-जाली लगा दूँगा जैसे उज्जैन के मकान में लगा दी थी। कमाल है जो एक भी मच्छर तशरीफ़ ला सकता हो! बहरहाल कुछ तो मेरी इस बदतमीज़ी को धता बता कर शान से तब चले आते थे जब किसी वजह से कभी-कभी लापरवाही से दरवाज़ा खुला रह जाता था।  पर इससे ख़ास परेशानी नहीं थी।  उन दिनों इतनी गर्मी भी कभी कभी ही पड़ती थी।
नावघाट-खेड़ी किन्हीं दूसरे कारणों से छोड़ना पड़ा और प्लास्टिक की वो जालियाँ कभी नहीं लग पाईं वहाँ से आते समय यहाँ ले आया ।
इससे यही साबित होता है कि हालाँकि हम अकसर किसी भी बात के बहुत से संभावित कारण तय करते रहते हैं लेकिन जो होता है वह क्यों हुआ इसके कुछ ही कारण उनमें से सत्य सिद्ध होते हैं। और जो होता है वह प्रायः बहुत अनिश्चित और अप्रत्याशित ही होता है फिर वह अच्छा होता  या बुरा, सही हो या गलत।
इस शहर में आने के बाद उन जालियों को खिड़कियों पर उसी तरह फिट कर दिया गया जैसा कि उज्जैन के मकान में किया था।  लेकिन खिड़कियों के खुलने से क्या होता है? पिछली गर्मियों में देखा कि या तो इस शहर में हवा इतनी ठिठकी ठिठकी सी शरमाई सी रहती है कि मच्छर तो क्या, हवा का कोई झोंका तक भूल कर भी भीतर नहीं झाँकता।
"इस शहर में वो कोई बारात हो या वारदात,
अब किसी भी बात पर खुलती नहीं हैं खिड़कियाँ!"
जब बरसों पहले (अगर मेरी याददाश्त सही है तो), स्व. दुष्यंत कुमार जी के लिखे इस शेर को पढ़ते ही मैं झूम उठा था।  मेरी उम्र तब 23-24 साल थी। जब हम हर किसी झोंके के साथ दिशा बदलते रहते हैं और बहुत जोश में लेकिन थोड़े या बहुत कम ही होश में होते हैं। तब मैंने इस शेर को सामाजिक असंवेदनशीलता की ओर किए गए संकेत की तरह साहित्यिक अर्थ में ग्रहण किया था। उस अर्थ में ग्रहण करने के 40 साल बाद आज सुबह सुबह ब्रह्म-मुहूर्त में छत से घर में और घर से छत पर पेंडुलम की तरह फेरे लगाते-लगाते 'खिड़कियों' का एक दूसरा अर्थ मुझ पर प्रकट हुआ।  ऐसा कहना गलत न होगा कि शायर का संकेत साहित्यिक अर्थ में प्रकटतः भले ही सामाजिक असंवेदनशीलता की ओर रहा होगा, लेकिन वास्तविक इशारा उन खिड़कियों की ओर रहा होगा जो हमारे बंद दिमाग़ में रोशनी के आने का रास्ता हो सकती हैं। जिनके खुलने से उन रूढ़ियों और मान्यताओं पर रौशनी और हमारी नज़र एक साथ पड़ती है, जिनमें हमारा दिमाग इस क़दर जकड़ा हुआ है कि हम बरात के निकलने या वारदात के होने या होने से टालने के लिए क्या किया जाना ज़रूरी है इसके प्रति लापरवाह होते हैं।
--