Showing posts with label जीवन. Show all posts
Showing posts with label जीवन. Show all posts

September 11, 2022

क्या जीवन एक संघर्ष है!?

क्या जीवन एक तपस्या है!

--------------©-------------

यह इस पर निर्भर करता है, कि जीवन के प्रति हमारी क्या दृष्टि है। 'जीवन' शब्द को अनेक सन्दर्भों में, अनेक और भिन्न भिन्न  अर्थों में ग्रहण किया जा सकता है, और न तो यह संभव है, न जरूरी है, कि सभी की इस बारे में एक जैसी दृष्टि हो। 'जीवन' शब्द के साथ मेरा, हमारा, तुम्हारा, सबका, आदि विशेषणों के सन्दर्भ में देखते ही इसे अनेक और अत्यन्त भिन्न और विचित्र रूपों में समझ लिया जाता है। तब हम सोचने लगते हैं कि क्या पेड़-पौधों, घास में जीवन होता है या नहीं! और, क्या पशुओं में भी जीवन होता होगा? 'जीवन' का समानार्थी शब्द 'आत्मा' भी हो सकता है। तब यह समझ लिया जाता है, कि जिसमें 'आत्मा' है, उसमें ही जीवन है, और जिसमें आत्मा नहीं है, उसमें जीवन नहीं होता। इसलिए पशु-पक्षियों, वनस्पति, वृक्ष आदि में जीवन या 'आत्मा' नहीं होती। इतना ही नहीं, यहाँ तक कि तब कभी कभी स्त्री को भी ऐसी ही वस्तु मान लिया जाता है, जो पुरुष के लिए उपभोग और संतान उत्पन्न करने का एक साधन भर होती है। इस प्रकार से 'जीवन' को परिभाषित कर लेने के बाद, बस अपने आपको ही, अपने शरीर को ही 'जीवन' मान लिया जाता है, और इसे बनाए रखना ही एकमात्र आवश्यक कर्तव्य होता है, जिससे अनंत काल तक हमेशा और निरंतर ही संसार के सुखों को प्राप्त करते रहा जा सके। किन्तु मूढ से मूढ भी यह समझ सकता है, और यदि न भी समझना चाहे तो 'जीवन' उसे समझा ही देता है, कि किसी न किसी दिन इस शरीर का नष्ट हो जाना ऐसा एक सत्य है, जिसका सामना, एक न एक दिन हर किसी को करना ही होता है। यह भी देखा जाता है कि शरीर का अन्त निकट होने पर भी, अन्त हो जाने की संभावना प्रत्यक्षतः स्पष्ट हो जाने पर भी, कोई उम्मीद, यह आशा तो बनी ही रहती है कि 'जीवन' अर्थात् यह शरीर जीवित ही  रहे। जो मर जाता है, उसे क्या अनुभव होता होगा, यह तो उसे ही पता होता होगा, लेकिन उसे मरता हुआ देखनेवाले, -इस बारे में अपने अपने अनुमानों, कल्पनाओं, धारणाओं के अनुसार ही उसके बारे में सोचने लगते हैं। कभी किसी का ध्यान इस सच्चाई पर नहीं जा पाता है, कि मरनेवाला, और उसके बारे में हमारी यह धारणा कि वह कोई जीवित है, केवल हमारी स्मृति के होने से और स्मृति होने तक ही सत्य प्रतीत होते हैं। और यह स्मृति भी कितनी भंगुर, आधी अधूरी, सतत बनती, टूटती और बदलती रहनेवाली वस्तु होती है! उसके बारे में सोचते हुए हम कभी यह नहीं देखते हैं कि यह 'सोचना' क्या है? क्या किसी भाषा के न होने पर जिसे 'सोचना' कहते हैं, क्या वह "सोचा जाना" संभव है भी? भाषा क्या है? क्या यह किसी वस्तु के लिए प्रयुक्त किया जानेवाला कोई शब्द और ऐसे अनेक शब्दों का एक समूह ही नहीं होता है, जिससे विशिष्ट भावना या भाव जाग्रत होता है और जो किसी समूह में सर्वमान्य होता है? भावना या भाव भी क्या हर क्षण ही आते और जाते ही नहीं रहते? फिर "मैं", -जो मेरा "जीवन" है, यह क्या है? क्योंकि "मैं" और "मेरा" के बिना कहीं कोई 'जीवन' नहीं हो सकता, और न ही 'जीवन' की अनुपस्थिति या अभाव में कोई "मैं" या "मेरा" कहीं हो सकता है! किन्तु क्या कभी न कभी हर किसी को ऐसा भी नहीं लगता, कि 'जीवन' में ऐसे भी  पल आते हैं, जब "मैं" और / या "मेरा" तो नहीं होता है, लेकिन  'जीवन' अवश्य ही होता है! जब हम आश्चर्य-चकित होते हैं, जब मन मौन हो जाता है, किसी सुखद, दुःखद या शोक या हर्ष की स्थिति में, अचानक ही 'जीवन' तो होता है, लेकिन उसे "मैं" या "मेरा" कहना संभव ही नहीं होता, जब आप बस मुग्ध या मंत्र-मुग्ध होते हैं, जब आप अचानक किसी अप्रत्याशित संकट में होते हैं, या ख़तरे से घिर जाते हैं! उस पल के बीत जाने के बाद ही "मैं" और "मेरा" भी पलक झपकते लौट आते हैं, और उस पल की स्मृति को सहेज लिया जाता है। उसी स्मृति के सहारे से "मैं" और "मेरा" जीवित हो उठते हैं, और "मैं" और "मेरा" से जुड़ी वह स्मृति भी लौट आती है। फिर "मैं" और "मेरा" ऐसी ही असंख्य स्मृतियों की श्रंखलाओं में अपने आपको जकड़ लेते हैं। क्या यही 'जीवन' है?

***



March 31, 2022

तब समय नहीं था,

जब समय अस्तित्व में आया। 

----------------©----------------

तब परमात्मा ही था। अब भी वही है।

तब समय नहीं था। अब समय प्रतीत होता है।

वैसे, समय प्रतीत भी कहाँ होता है? 

समय नहीं, समय का विचार ही आता है, न कि समय नामक कोई ऐसी भौतिक वस्तु जो इन्द्रिय, बुद्धि या मनोग्राह्य होती हो। अर्थात्, समय जो नित्य है, जो आता-जाता नहीं। हाँ, समय का विचार ही तो आता-जाता है। शायद, क्या उसके आने-जाने से ही समय का अनुमान नहीं होता! फिर भी भौतिक जगत् / विश्व की प्रतीति तो अकाट्य सत्य है ही न!  इस भौतिक जगत् का आधार सूर्य ही तो है। 

सूर्य के होने की प्रतीति का आधार जीवन ही तो है।

सवाल यह है कि क्या सूर्य के होने से ही जीवन है, और इसके बाद जीवन के होने से सूर्य के होने की प्रतीति? या, इस प्रतीति के बाद ही सूर्य का अस्तित्व प्रतीत होता है? 

तात्पर्य यह कि जीवन, प्रतीति और सूर्य, एक ही युगपत् घटना है, जिसे परोक्षतः 'समय' कहा जाता है। 'समय' न तो बीतता है, न स्थिर है, क्योंकि समय मूलतः एक अवधारणा है न कि कोई भौतिक इन्द्रिय-मन-बुद्धि-ग्राह्य वस्तु। क्वांटम / इलेक्ट्रॉनिक ढंग से कहें तो समय की मात्रा (mass), आवेश (charge) तथा विमाएँ (length, breadth, height, / dimensions) शून्य होते हैं । शून्य का दूसरा अर्थ है - अभाव होना। 

जैसे शून्य का मान न तो धनात्मक होता है, और न ऋणात्मक,  उसी प्रकार से समय का न तो अतीत में, और न ही भविष्य में कोई मान होता है। वर्तमान में भी इसे, क्षण के लगभग शून्य के निकटतम मानकर ही (as small as we please)  अल्प-तम मान दिया जाता है। निपट इस क्षण में समय का कोई मान तय ही नहीं किया जा सकता।

सूर्य, जीवन और प्रतीति (चेतना / consciousness) एक ही वस्तु के भिन्न भिन्न नाम हैं। सूर्य की प्रतीति का आधार जीवन ही तो है, - जीवन है तो प्रतीति है और प्रतीति है तो सूर्य की भी प्रतीति है। किन्तु लगता यह है कि पहले सूर्य अस्तित्व में आया और बाद में जीवन। अत्यन्त मेधावी के लिए भी यह समझना कठिन होता है कि प्रतीति के अभाव में सूर्य का क्या प्रमाण हो सकता है? 

और यह एकमात्र जीवन अविभाज्य अखंड सत्य है। विचार ही समय को अस्तित्व / जन्म प्रदान करता है, और समय, -स्मृति को। ये तीनों भी एकमेव वस्तु की तीन प्रतीतियाँ हैं। 

सूर्य की तीन संतानें हैं - यह एक समय-निरपेक्ष तथ्य है।

यम -अर्थात् समय, यमुना अर्थात् स्मृति, व लोक अर्थात् पृथ्वी के द्वारा सूर्य की कक्षा में परिभ्रमण करने से उत्पन्न होनेवाले दो अश्विनीकुमार । इसे ही अश्विनौ (द्विवचन) भी कहा जाता है। यह संयोग या आश्चर्य नहीं है, कि ग्रीक भाषा के इक्विनॉक्स / equinox  शब्द को दो प्रकार से अश्विनौ से संबद्ध किया जा सकता है। एक है दो अश्वों का युगल, दूसरा है अश्विन्-ऊक्षिन्। ऊक्षिन् अर्थात् अश्व या बैल (ox), पुनः, अश्व से 'horse' की समानता भी दृष्टव्य है।

यह स्थूल इन्द्रिय-मन-बुद्धि-ग्राह्य लोक / जगत् है।

जीवन और प्रतीति, -सूक्ष्म, अर्थात् मनो-जगत है।

विचार से निश्चय अर्थात् बुद्धि का उद्भव हुआ।

बुद्धि का संस्कारित होकर उसके शुद्ध हो जाने पर ज्ञान का।

ज्ञान का अधिष्ठान चेतना / जीवन है।

ज्ञान जब तक निज (स्व) और पर (दूसरा) के सन्दर्भ में होता है, तब तक व्यक्तित्व और व्यक्ति तथा ऐसे असंख्य व्यक्तित्व और व्यक्ति भी सामूहिक और वैयक्तिक रूप से प्रकट और अप्रकट होते रहते हैं। तब स्व / निज और पर का भेद मिट जाता है तो भी 'निजता' अक्षुण्ण रहती है। यह निजता ही परमात्मा है।

यही एकमात्र शाश्वत, सनातन और नित्य वास्तविकता है।

***



March 22, 2022

किसके पास!

कविता / 22-03-2022

-------------©--------------

मुझे यही तो भय है,

किसके पास समय है!

कुछ आँखों में सपने हैं,

कुछ आँखों में संशय है!

इनके होठों पर मुस्कान,

लगती मुझको अभिनय है!

अँधेरा बाहर-भीतर है,

हर आशंकित हृदय है!

जीवन में हाँ, है रोमांच,

चलो कुछ तो विस्मय है!

***




March 08, 2022

देह इंजन

कविता / 08-03-2022

--------------©------------

देह से बाहर जाने के लिए, 

प्राणों को राह नहीं मिलती,

श्वास-प्रश्वास पुनः पुनः फिर, 

भरती है वायु, -फुफ्फुस में,

करती है प्रज्वलित अग्नि को,

अग्नि जो प्राणाग्नि है, -प्राण,

चक्र चलता है देह में सतत, 

प्राण से चेतना, चेतना से प्राण,

प्राण से मैं, मैं से प्राण पुनः,

चक्र चलता है देह में सतत, 

एक संसार, -वहाँ देह में,

एक देह, यहाँ संसार में, 

होते हैं बिम्बित-प्रतिबिम्बित,

परस्पर एक-दूसरे में!

जीवन-चुम्बित प्राण, 

प्राण-चुम्बित जीवन,

जीवन-चुम्बित चेतना, 

चेतना-चुम्बित जीवन, 

खेलते रहते हैं सभी, 

परस्पर एक-दूसरे से,

परस्पर एक-दूसरे में!

चढ़ते-उतरते रहते हैं,

मन-यात्री असंख्य अनगिनत,

कोई नहीं जानता किसी को! 

***

 



June 06, 2021

... चिन्ता (निरंतर...)

चिन्ताक्रम 

-------------------------

चिन्ता को मारो गोली, 

या फिर करो ठिठोली, 

या कर लो अनबोली,

पर चिन्ता है अलबेली!

---------------------------

चल दोस्त दारू पीते हैं! 

--

एक तरीका है :

स्वेट मार्डन की किताब :

"चिन्ता छोड़ो,  सुख से जियो!"

पढ़ो! 

नॉर्मन विन्सेन्ट पील की किताब भी सहायक हो सकती है! 

मोटीवेशनल स्पीकर्स की मोटी मोटी किताबें पढ़ने का धैर्य न हो, तो वीडियो ही वॉच कर लें!

--

चिन्ता "क्या" है, इस पर अनेक चिन्तकों ने विस्तार से विचार किया है। 

--

हम चिन्ता "क्यों" करते हैं, इस पर भी बहुत से मनोवैज्ञानिकों ने अनुसंधान किया है! 

--

हम "किसकी", अर्थात् किस विषय में चिन्ता करते हैं, इस ओर ध्यान देना भी उपयोगी हो सकता है।

प्रश्न यह भी है, कि क्या वाकई हम चिन्ता करते हैं, या चिन्ता हमें अचानक, अनपेक्षित रूप से वैसे ही होने लगती है, जैसे ज़ुकाम या फ्लू हो जाता है!

दूसरी महत्वपूर्ण बात यह भी है, कि चिन्ता क्या एक स्वैच्छिक गतिविधि होती है, या अनैच्छिक गतिविधि होती है?

क्या हमें एक ही चिन्ता होती है? 

मतलब यह, कि क्या किसी एक ही सुनिश्चित क्षण में हमें एक से अधिक चिन्ताएँ हो सकती हैं?

स्पष्ट है कि किसी भी समय पर एक से अधिक चिन्ताएँ हम पर हावी नहीं हो सकती, क्योंकि ऐसी स्थिति में स्वाभाविक रूप से  हमारा मन ठिठक जाता है, और तब उन दोनों में से जो चिन्ता अधिक महत्वपूर्ण या शक्तिशाली होती है, वही हमें वश में कर लेती है! 

उदाहरण के लिए, जब हमें भूख भी लगी हो, और नींद भी आ रही हो, लेकिन हम बस या ट्रेन में बैठे हुए न तो सो पा रहे हों, न खाने के लिए ही कुछ पास हो, तो यह चिन्ता हमारे लिए अधिक आवश्यक होती है कि पहले सावधानी से यात्रा पूरी हो जाए।

इसलिए चिन्ता दूर तो हो सकती है, लेकिन चिन्ता को किसी प्रयास से ही दूर किया जा सकता है। इसलिए यदि हो सके तो ऐसा कोई प्रयास किया जाना चाहिए न कि चिन्ता! 

यह तो हुआ चिन्ता का व्यावहारिक पक्ष। 

किन्तु चिन्ता का एक मनोवैज्ञानिक पक्ष भी है, क्योंकि चिन्ता मन से जुड़ा तत्व है।

जब जीवन हमारे सामने ऐसी कोई नई चुनौती प्रस्तुत करता है, जिसे न तो हम अपने ज्ञात / ज्ञान के, और न ही अपने पहले के किसी और अनुभव के आधार से समझ पाते हैं, तो हम उस चुनौती का सामना करने के लिए या तो किसी से सहायता लेते हैं, या उसके स्वरूप का आकलन करने के लिए पहले उस चुनौती पर अपना ध्यान एकाग्र करते हैं। हम पूरी स्थिति को ठीक ठीक समझने के लिए अपने इंद्रिय-ज्ञान का सहारा लेते हैं, और इसके बाद बुद्धि और फिर स्मृति का सहारा लेते हैं। 

किन्तु जैसा कि अंतिम पैराग्राफ़ में कहा गया है। जब जीवन हमारे सामने ऐसी कोई सर्वथा नई चुनौती प्रस्तुत करता है, तब आवश्यक नहीं, कि इनमें से किसी भी उपाय से उस चुनौती का समुचित प्रत्युत्तर दिया ही जा सके। 

चिन्ता करने से ही यदि हम किसी चुनौती का सामना सफलता-पूर्वक कर सकते हैं तो चिन्ता की अवश्य ही अपनी उपयोगिता है । किन्तु जब मन (जीवन के संबंध में) सीखने के लिए उत्सुक और उत्कंठित होता है तो चिन्ता की भूमिका उतनी महत्वपूर्ण नहीं होती। उस समय मन अतीत-रूपी किसी ज्ञात, अथवा ज्ञान रूपी आशा या भय से मुक्त होता है, और तब हम आश्चर्यजनक रूप से अकस्मात् ही जीवन की किसी भी चुनौती का सामना तत्क्षण और उत्साह पूर्वक करते हैं। तब हमें सफल होने या न होने की चिन्ता भी नहीं रहती, और चिन्ता अनायास, अप्रासंगिक और अनावश्यक भी हो जाती है। 

***


 






May 08, 2021

जीवन एक रहस्य

कविता 08-05-2021

--------------©-----------

वे पूछते हैं,

जीवन कहाँ से आया? 

इस धरती पर जीवन का उद्भव, 

कैसे हुआ? 

क्या किसी सुदूर की मंदाकिनी से, 

किसी नीहारिका में स्थित,

किसी पिण्ड से? 

वे यह नहीं पूछते कि, 

उस सुदूर नक्षत्र या ग्रह पर,

जीवन कहाँ से आया?

कैसे उद्भव हुआ होगा, 

वहाँ पर जीवन का? 

वे यह भी नहीं पूछते कि,

क्या उद्भव से पहले, 

जीवन नहीं था?

क्या जीवन का उद्भव हुआ, 

या जीवन की अभिव्यक्ति हुई! 

जो जीवन बीज था, 

वही अंकुरित हुआ, 

जो अंकुरित हुआ, 

वही पल्लवित पुष्पित हुआ, 

जो पल्लवित पुष्पित हुआ, 

वही फलित हुआ, 

जो फलित हुआ, 

वही बीज का अधिष्ठान था! 

जो अधिष्ठान था, 

वही बीज में सुषुप्त हुआ, 

जो सुषुप्त हुआ, 

वही पुनः जागृत हुआ। 

वही पुनः अंकुरित हुआ! 

और वही पुनः, 

अभिव्यक्त हुआ! 

क्या उसकी ही क्रीडा,

काल और स्थान, 

दिक्काल नहीं है? 

क्या कोई ऐसा समय था, 

जब काल नहीं था? 

नहीं है और नहीं होगा? 

क्या कोई ऐसा स्थान है, 

जहाँ काल नहीं है! 

क्या कोई ऐसा काल है, 

जहाँ स्थान नहीं है! 

फिर जीवन क्या है? 

क्या वह सर्वत्र और सदैव नहीं है!

जो काल और स्थान से स्वतंत्र है!

क्या फिर उसका आगमन,

कहीं और से हुआ होगा!

क्या फिर उसका उद्भव, 

किसी स्थान पर हुआ होगा! 

क्या फिर उसका अस्तित्व, 

किसी काल से पहले नहीं था! 

तब जो नहीं था,

क्या वह काल और स्थान की,

परस्पर प्रतिक्रिया से उत्पन्न हुआ! 

क्या काल और स्थान,

जो नहीं है, 

उसे अस्तित्व में ला सकते हैं! 

या, इसके विपरीत क्रम में,

वही, जो सदा और सर्वत्र और,

सचेतन और प्राणमय है,

काल और स्थान, 

द्रव्य और ऊर्जा का, 

एकमात्र कारण और जनक नहीं है! 

फिर जीवन का उद्भव, 

किसी कल और स्थान पर हुआ, 

ऐसा कहना ही, 

मूलतः त्रुटिपूर्ण नहीं है! 

फिर,  क्या कोई जब पिण्ड,

मशीन, रोबोट या कंप्यूटर,

ऐसा कहता या पूछता है! 

कैसे जानोगे या पता लगाओगे उसका! 

क्या जाननेवाला, या पता लगानेवाला,

स्वयं ही जीवन नहीं है! 

***

इसलिए जीवन एक रहस्य है!

जो सदा रहस्य ही रहता है!

एक रहस्य अद्भुत्, अवर्णनीय, अनिर्वचनीय!

ज्ञात-अज्ञात से अछूता और परे,

बोध-मात्र! 

मधुर, मदिर, चिरन्तन, नित-नूतन, सद्यसनातन!

***






April 03, 2021

जीवन को जानो!

कौतूहल क्यों उत्सुकता क्यों, 

क्या मिल जाएगा तुमको? 

जिसकी इच्छा मन में है, 

तुम उस पर ध्यान लगाओ, 

जो ध्यान तुम्हारा खींचे,

उससे ना तुम भरमाओ ।

फिर यह भी तुम जानो, 

यह इच्छा किसे हुई है,

क्या इच्छा भी मोह नहीं है? 

पहले यह पता लगाओ!

इच्छाएँ मन में उठती रहती, 

क्षण क्षण विपरीत अनेक, 

जिसमें उठतीं क्या मन हो?

फिर मन क्या है, यह जानो। 

यदि तुम मन हो, तो यह जानो,

क्या यह मन है नित्य?

या जिसमें यह उठता-खोता,

क्या हो तुम वह नित्य? 

हाँ मुश्किल है, इसे समझना, 

लेकिन राह यही है,  

पा ही लोगे उसको आख़िर,

जिसकी चाह रही है! 

वह उठती-गिरती वस्तु नहीं,

वह तो है नित्य विवेक,

जिससे भ्रम सब मिट जाएँगे,

जो आत्मा,  ईश्वर एक। 

--




 


October 01, 2019

सोच बदलिए,

....
और,
जीवन में आगे बढ़िए !
हिरण्मयेन पात्रेण सत्यस्यापिहितं मुखम्।
तत्ते पूषन्नपावृणु सत्यधर्माय दृष्टये।।
(ईशावास्य-उपनिषद्)
--
हिरण्यकशिपु और हिरण्याक्ष दैत्य-भाई थे।
हिरण्यकशिपु का अर्थ होता है स्वर्ण का तकिया।
कश अर्थात् निकष -- कसौटी, कोष, तिजोरी, संग्रह।
कशि-पु का अर्थ हुआ स्वर्ण की लालसा।
हिरण्य का अर्थ है स्वर्ण।
हि रणं यत् हिरण्यं तत् ..
के अनुसार जिसके कारण रण (युद्ध) होता है, वह (स्वर्ण) अवश्य ही रण है। 
हिरण्याक्ष का अर्थ हुआ जिसकी आँख स्वर्ण पर है।
पूषन् सूर्य का वह रूप है जिसमें पौष मास (दिसंबर तथा जनवरी माह) के आदित्य (सूर्य), पृथ्वी को अपनी रश्मियों से पोषित करते हैं। यही सूर्य स्वरूपतः अग्नि तथा यम हैं जो क्रमशः जीवन के लिए सहायक और जीवन तथा मृत्यु के नियंता के रूप में मृत्यु भी हैं। किन्तु वे इन तीनों रूपों में प्राणिमात्र के लिए कल्याण के लिए ही कार्य करते हैं।
पूषन् के आशीर्वाद से जीवन में मनुष्य को समृद्ध तथा ऐश्वर्य (संपत्ति तथा धन का स्वामित्व) प्राप्त होता है,
तो दूसरी ओर इसी स्वामित्व के साथ मनुष्य में गर्व तथा सुख की लालसा प्रबल होने लगते हैं ।
इस प्रकार सत्य का मुख एक आवरण से ढँका होता है, जिसे सामान्य मनुष्य नहीं देख पाता, -उसे इसकी कल्पना भी नहीं उठती। केवल अपनी या किसी दूसरे की मृत्यु आने पर ही कभी-कभी मनुष्य के सोच में बदलाव आता है, और जीवन में क्या पाया-खोया या क्या पाया-खोया जा सकता है, इस ओर उसका ध्यान जाता है।
हिरण्यकशिपु स्वर्ण  के तकिए पर सर रखकर सोता या उसे मसनद की तरह सहारा बनाकर बैठता था, ताकि कोई उसे चुरा न सके।
हिरण्याक्ष संसार में यत्र-तत्र स्थित स्वर्ण की खोज में लगा रहता था।
दोनों प्रायः अपने-अपने कर्तव्य की क्रमशः अदला-बदली करते थे।
इस प्रकार वे अपनी सोच तो निरंतर बदलते रहते थे और निरंतर आगे बढ़ते जा रहे थे।
इस बीच हिरण्यकशिपु को पुत्र-प्राप्ति हुई, तो उसने उसका नाम प्रह्लाद रखा।
आह्लाद तात्कालिक होता है,
प्रह्लाद अपेक्षाकृत स्थायी होता है।
जब हिरण्यकशिपु को पुत्र प्राप्त हुआ, तो उसे आह्लाद भी हुआ।
किन्तु यह सोचकर उसे भय हुआ कि मृत्यु अंततः उससे उसकी धन-संपत्ति और ऐश्वर्य (संपत्ति तथा धन का स्वामित्व) छीन लेगी।
इसलिए उसने तपस्या कर ब्रह्माजी को प्रसन्न किया और उनसे अपने लिए अमर होने का वरदान माँगा।
तब ब्रह्माजी ने कहा :
"मैं स्वयं भी इस दृष्टि से अमर नहीं हूँ कि अनंत काल तक बना रहूँ।
मैं स्वयं भी उपाधि-मात्र हूँ और वस्तुतः अमर तो श्री नारायण हरि हैं और तुम उनसे प्रार्थना कर यदि उन्हें प्रसन्न कर सको तो अमर होने का वरदान प्राप्त कर सकते हो।"
तब हिरण्यकशिपु के मन में श्री नारायण हरि से वैरभाव उत्पन्न हुआ।
फिर हिरण्यकशिपु ने ब्रह्माजी से वरदान माँगा कि कोई मनुष्य अथवा पशु उसे न मार सके,
उसकी मृत्यु न तो दिन के समय हो और न रात्रि के समय हो।
ब्रह्माजी ने हँसकर तथास्तु कहा और अंतर्धान हो गए।
उधर हिरण्यकशिपु के पुत्र प्रह्लाद के मन में भगवान् श्री नारायण हरि की अहैतुक कृपा होने से उनके प्रति अगाध भक्ति का उदय हुआ और हिरण्यकशिपु के मन में अपने पुत्र के प्रति इसीलिए वैरभाव बढ़ने लगा।
तब हिरण्याक्ष तो हिरण्यकशिपु की सारी धन-संपत्ति (स्वर्ण) छीनकर समुद्र में जाकर पाताल चला गया, 
किन्तु हिरण्यकशिपु प्रह्लाद को मार डालने के यत्न में जुट गया।
एक दिन इसी प्रकार उसने क्रोध के आवेश में प्रह्लाद से कहा :
"आज मैं इस तलवार से तुम्हारा वध कर दूँगा, कहाँ हैं तुम्हारे भगवान् श्री नारायण हरि जो तुम्हारी रक्षा करेंगे?"
तब प्रह्लाद ने हँसकर उत्तर दिया :
"पिताजी आप मेरा वध करना चाहें तो मेरा शीश सहर्ष आपके सामने झुका हुआ है क्योंकि मेरे और त्रैलोक्य के एकमात्र परमेश्वर और स्वामी भगवान् श्री नारायण हरि सर्वत्र हैं, और आपमें तथा आपकी आज्ञा में, आपकी तलवार में भी हैं।"
तब हिरण्यकशिपु क्रोध से अंधा हो गया और महल के एक खम्भे की ओर संकेत कर प्रह्लाद से पूछा :
"क्या वे इस स्तम्भ में भी हैं ?"
तब प्रह्लाद ने सहजता से उत्तर दिया
- "अवश्य !"
तब हिरण्यकशिपु बोला :
"ठीक है, मैं इसका ही वध कर देता हूँ। "
जैसे ही उसने अपनी तलवार का एक आघात खम्भे पर किया, वैसे ही वह खम्भा बीच से टूट गया, और उसके मध्य से भगवान् श्री नारायण हरि  मनुष्य के धड़ पर सिंह के मुख और हाथ-पैरों को लेकर प्रकट हुए।
उस समय सूर्य अस्ताञ्चल को जा रहे थे। तब न दिन का समय था न रात्रि का समय था।
सिंह के मुख और हाथ-पैरों, तथा मनुष्य के धड़ के रूप में प्रकट भगवान् श्री नारायण हरि की नृसिंह आकृति न तो किसी पशु की थी, न किसी मनुष्य की।
प्रह्लाद ने देखा कि उसके पिता को उस नृसिंह-आकृति भगवान् श्री नारायण हरि ने अपनी गोद पर रखकर अपने तीक्ष्ण नखों से उसके पेट को विदीर्ण किया और उसकी आँतें बाहर निकालकर उन्हें चीर दिया।
तब प्रह्लाद ने भगवान् श्री नारायण हरि के रूप में आए यमराज की वन्दना कर अपने पिता की मृत्यु के अनन्तर उनकी आत्मा की सद्गति के लिए इस प्रकार से प्रार्थना की :
पूषन्नेकर्षे यम सूर्य प्राजापत्य व्यूह रश्मीन् समूह।
तेजो यत्ते रूपं कल्याणतमं तत्ते पश्यामि योऽसावसौ पुरुषः सोऽहमस्मि।।      
(ईशावास्य-उपनिषद्)
--
इसे मैं अपने स्वाध्याय ब्लॉग में लिखना चाहता था, फिर सोच बदला और यहाँ प्रस्तुत कर रहा हूँ। जीवन तो स्वयं ही आगे ही आगे बढ़ता है इसलिए समय के साथ सोच बदलना तो स्वाभाविक ही है, लेकिन हमारा सोच किस प्रयोजन से प्रेरित है इस बारे में ध्यान देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। यदि वह लोभ, भय या निरंतर सुख की कामना और किसी विशिष्ट क्षेत्र में सफलता के आकर्षण से प्रेरित है तो उससे आगे बढ़ने के लिए ज़रूरी है कि हम उन तमाम तथाकथित महान लोगों के जीवन पर गौर करें और देखेँ कि क्या केवल अत्यंत अधिक सुख, सफलता, समृद्धि आदि पा लेना ही जीवन का अंतिम और पर्याप्त एकमात्र ध्येय हो सकता है?
या हमें जीवन में कुछ और चाहिए, और वह कैसे और कहाँ से मिलेगा?  
--
(कल्पित)