Showing posts with label देवनागरी लिपि. Show all posts
Showing posts with label देवनागरी लिपि. Show all posts

July 11, 2025

THE BETA VERSION

बेटा! 

अहो बत महत्पापं कर्तुं व्यवसिता वयम्। 

यद्राज्यसुखलोभेन हन्तुं स्वजनमुद्यताः।।४५।।

(गीता अध्याय १)

"बत" - संस्कृत भाषा के व्याकरण के अनुसार अव्यय पद है, जिसके रूप सदा अविकारी रहते हैं। 

उपरोक्त श्लोक में "बत" पद का प्रयोग खेद प्रकट करने के अर्थ में किया गया है। यह "बत" पुनः "वत्" पद का समानार्थी है। "वत्" शतृ शानच् प्रत्यय है जिसका प्रयोग "वान्" के अर्थ में किया जाता है। इससे व्युत्पन्न "वत् स" / "वत् स" / "वत्स" पद का प्रयोग संतान या पुत्र के अर्थ में किया जाता है। इससे ही "वात्सल्य" शब्द प्राप्त होता है जो संतान के प्रति स्नेह का द्योतक है।

भाव ही भाषा का जनक और भावना ही भाषा की माता है। और इसलिए तमाम भाषाओं में मूलतः समानता पाई जाती है। भाषा के प्रयोजन के अनुसार यह संस्कृत या प्राकृत हो जाती है और भाव तथा भावना ही भाषा के पिता और माता हैं। इसलिए यह धारणा कि किस भाषा की उत्पत्ति किस दूसरी भाषा से हुई है, मूलतः भ्रामक है। अक्षरसमाम्नाय संस्कृत-व्याकरण का आधार है, और पालि तथा प्राकृत व्याकरण अन्य सभी भाषाओं का।

अभी हम "बत" पद पर विचार करें -

यह संयोगमात्र नहीं है कि अंग्रेजी भाषा के But और What शब्द जो क्रमशः समुच्चयबोधक और सर्वनाम पद हैं इसी "बत" के

अपभ्रंश /सजात / सज्ञात /  cognate हैं -

समुच्चयबोधक अर्थात् - conjunction,

सर्वनाम अर्थात्  pronoun.

इसी वत् से व्युत्पन्न वत्स का रूपान्तरण हिन्दी में बच्चा 

तथा वत्स से व्युत्पन्न "वत्सल" का लैटिन भाषा में -

Bachelor  में हुआ।

gradus baccalaurei 

(Bachelor degree) 

तात्पर्य यह नहीं कि सभी भाषाओं का उद्गम संस्कृत से हुआ और संस्कृत ही सब भाषाओं की जननी है। जिन्हें अधिक जिज्ञासा है वे देवी अथर्वशीर्ष का अध्ययन कर सकते हैं।

चूँकि वेद श्रुतिपरक हैं अर्थात् ध्वनि का तत्व ही उनका मर्म और आधार है इसलिए वेदमंत्र विशिष्ट ध्वनियों के विशिष्ट संयोजन हैं जिनके उच्चारण की शुद्धता उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी कि किसी कंप्यूटर के किसी प्रोग्राम के लिए किसी कंप्यूटर भाषा का कोडिंग और डिकोडिंग होता है। एक भी संकेत / कोड की त्रुटि पूरे प्रोग्राम को नष्ट कर देती है। इसलिए वेदमंत्रों के शुद्ध उच्चारण पर ध्यान देना सर्वाधिक आवश्यक और महत्वपूर्ण है। 

परंपरा के अनुसार वेदमंत्रों की शिक्षा आचार्य के द्वारा छात्र को वाणी के माध्यम से दी जाती है जिसे अपनी सुविधा के लिए लिपिबद्ध कर सकता है। इस रीति से लिपि का प्रयोग भाषा को स्मृतिबद्ध करने के लिए किया गया। लिपियों का विकास ब्राह्मी, देवनागरी और द्राविड इन तीन प्रकारों में हुआ । ब्राह्मी जो ब्रह्मा और ब्रह्माणी शारदा / सरस्वती है, श्रीलिपि जो लक्ष्मी है और नागरी या देवनागरी जो नागवदन गणपति है। श्रीलिपि से ही ऋषि भाषा का उद्भव हुआ जिसका अपभ्रंश रूसी की सिरिल / Cyril  लिपि में हुआ जिससे पुनः ग्रीक और फिर हिब्रू भाषाएँ क्रमशः अस्तित्व में आईं। अरबी भाषा मूलतः पर्शियन / पहलवी के ही प्रयोग का विस्तार है, जबकि भ्रान्तिवश समझा यह जाता है कि पर्शियन / पहलवी का उद्गम अरबी से हुआ।

जहाँ तक द्राविड भाषा और लिपि का प्रश्न है, उसके भी दो प्रकार हैं जिनमें प्रथम है प्रचलित लोकभाषा के रूप में  தமிழ்,  తెలుగు, ಕನ್ನಡ  और  മലയാളം - अर्थात् तमिष़, तेलुगू, कन्नड और मलयालम, जो सभी द्राविड ही हैं। इसमें एक विशेष और महत्वपूर्ण बात यह है कि यद्यपि वेदमंत्रों को  தமிழ்  के अलावा इन सभी भाषाओं की लिपियों में यथासंभव शुद्धतापूर्वक लिखा जा सकता है और इसलिए द्राविड को  தமிழ்  लिपि में लिखे जाने के लिए ग्रन्थलिपि का अविष्कार ऋषियों ने ही किया। ग्रन्थलिपि में समस्त वेदमंत्रों को वैसा ही पढ़ा जाता है और वैसा ही उच्चारण भी किया जाता है जैसा कि उन्हें लिखा जाता है, जबकि लोकभाषा के रूप में प्रचलित  தமிழ்  द्राविड लिपि के प्रयोग में यह नहीं किया जा सकता है।

अतः निष्कर्ष के रूप में कहा जा सकता है कि हिन्दी में प्रचलित संतान / पुत्र के अर्थ में प्रयुक्त "बेटा" शब्द का उद्भव और लोकभाषा में प्रचलन इसी "बत" / "वत्" से हुआ।

***





February 04, 2023

अनुवाद और लिप्यन्तरण

एक सामयिक और ज्वलन्त प्रश्न

------------------©-----------------

पिछले 30 वर्षों से अपने अनुवाद-कार्य में मैंने अनुभव किया है कि विभिन्न भाषाएँ और उनकी लिपियाँ जिस भाषा-चेतना से प्रेरित और घनिष्ठतः संबद्ध होती हैं, उस भाषा-चेतना को हृदय से अनुभव कर लिए जाने पर भी एक भाषा से दूसरी भाषा में किया जानेवाला अनुवाद उतना सरस और स्वाभाविक नहीं हो सकता, जितना कि मूल भाषा में लिखी गई सामग्री हो सकती है। भारतीय भाषाओं की एक विशेषता यह है कि सभी भाषाएँ परस्पर अत्यन्त घनिष्ठता से जुड़ी होने से किसी भी एक भाषा से किसी भी दूसरी भाषा में किया जानेवाला अनुवाद लिपियों की भिन्नता / समानता / असमानता के बावजूद भी बहुत हद तक मूल भाषा में लिखी गई सामग्री का बहुत श्रेष्ठ भावानुवाद  भी हो सकता है। इसलिए हम देखते हैं कि गुजराती, असमिया, बांग्ला, मराठी, पंजाबी, ओड़िया और हिन्दी, सभी भाषाओं में लिखे गए साहित्य के विभिन्न अनुवाद इन सभी भाषाओं के पाठकों को समान रूप से प्रिय होते हैं और प्रभावित भी करते हैं। वे उस औसत भारतीय के जीवन को बहुत सुन्दर ढंग से प्रदर्शित करते हैं जिसकी मातृभाषा इनमें से कोई भी क्यों न हो। उत्तर भारत के संबंध में यह विशेष रूप से सत्य है। क्योंकि मूलतः सभी उस भारतीय संस्कृति के ही विभिन्न रूप हैं जो स्थान स्थान पर भिन्न भिन्न होते हुए भी एक ही दृढ अन्तर्सूत्र में पिरोई हुई मोतियों, या फूलों की माला की तरह है।

दक्षिण भारत का रुख करें तो हम देख सकते हैं कि मलयालम, तेलुगु और कन्नड भाषाएँ लिपि की दृष्टि से और रचना की दृष्टि से भी मराठी से बहुत समान हैं, जबकि तमिऴ ही एकमात्र ऐसी भाषा जान पड़ती है, जो इन सबसे हटकर कुछ अलग रंग रूप की प्रतीत होती है। मैं मानता हूँ कि अच्छी और शास्त्रीय तमिऴ सीखने के लिए वैसा ही धैर्य रखना होता है, जैसा कि शास्त्रीय संगीत या (वैदिक) संस्कृत सीखने के लिए आवश्यक हो सकता है। संगीत फिर चाहे उत्तर भारत का हो, या फिर दक्षिण भारत का हो। सांस्कृतिक और ऐतिहासिक कारणों से तमिऴ भाषा, जिसे सर्वाधिक प्राचीन भाषा माना जाता है, दक्षिण भारत की भाषाओं और उत्तर भारतीय भाषाओं के बीच सेतु की भूमिका की तरह भी कार्य कर सकती है। तमिऴ और संस्कृत भाषाओं के पारस्परिक और ऐतिहासिक संबंधों के बारे में विस्तार से मैंने अपने पुराने पोस्ट्स में लिखा है, उसकी पुनरावृत्ति करना यहाँ अनावश्यक जान पड़ता है। मंतव्य यह है कि समस्त भारतीय भाषाओं और उनकी लिपियों के बीच एक गहरा, स्वाभाविक सामन्जस्य है और वही सामञ्जस्य हिन्दी भाषा को उन विभिन्न भाषाओं से जोड़ता भी है ही। सांस्कृतिक दृष्टि से इसलिए एक भाषा से दूसरी भाषा में अनुवाद करना सरल और रोचक भी हो सकता है, चाहे लिप्यन्तरण के माध्यम से किया जाए, या बिना लिप्यन्तरण किए ही किया जाए। प्रचलित बोली और लिखी जानेवाली तमिऴ के साथ एक कठिनाई यह है कि तमिऴ लिपि में लिखे गए किसी एक ही व्यञ्जन का उच्चारण किसी दूसरे ध्वनिसाम्य वर्ण की तरह भी किया जा सकता है जैसे :

க का प्रयोग क, ख, ग और घ के लिए, 

ச का प्रयोग च, छ, ज और झ के लिए, 

த का प्रयोग त, थ, द तथा ध के लिए, और 

ப का प्रयोग प, फ, ब तथा भ के लिए किया जाता है, इसलिए इस भाषा को पढ़कर सीखना तब तक असंभव ही है जब तक कि इन ध्वनिसाम्य वर्णों का उच्चारण सुनकर नहीं सीखा जाता। यही तमिऴ भाषा की शक्ति भी है, और कठिनाई भी।

किसी हद तक यही समस्या फारसी लिपि में लिखी गई सिन्धी,  उर्दू, और कश्मीरी भाषाओं के संबंध में भी है। तमिऴ भाषा के बारे में इस पर ध्यान दिया जाना आवश्यक है कि इसकी लिपि का देवनागरी से लिपिसाम्य वैसा ही स्पष्ट है जैसा कि भारत की अन्य भाषाओं का लिपिसाम्य देवनागरी लिपि से है। दूसरी ओर, उर्दू, काश्मीरी और सिन्धी आदि भाषाओं को फ़ारसी में लिखे जाने के कारण उनकी लिपि की देवनागरी लिपि से दूर दूर तक कोई समानता नहीं है। इसलिए उर्दू, काश्मीरी, सिन्धी भाषाओं और हिन्दी को भी फ़ारसी लिपि में लिखा जाना भयंकर दुर्भाग्य ही है / था, जिसके कारण ये भाषाएँ समय के साथ इस प्रकार से बदलती चली गईं कि अब विभिन्न भारतीय भाषाओं के बीच बहुत दूरी पैदा हो गई है।

जब मैंने इस बारे में पढ़ा कि किसी के द्वारा रामचरितमानस का  उर्दू में अनुवाद किया जा रहा है, तो मुझे इस पोस्ट को लिखने की जरूरत महसूस हुई। इस प्रकार का अनुवाद करने के पीछे कोई प्रबल प्रेरणा भी अवश्य ही होगी यह भी सच हो सकता है, किन्तु यह कार्य कितना कठिन और कितना श्रमसाध्य है इसे तो इस कार्य को करनेवाला ही अधिक अच्छी तरह जान सकता है। दूसरी ओर, यह भी मानना होगा कि न तो संस्कृत पर हिन्दुओं का एकाधिकार है, और न ही उर्दू, अरबी, या फ़ारसी आदि पर  मुसलमानों या इस्लाम के मतावलंबियों का ही कोई एकाधिकार हो सकता है। और यह भी गले न उतरनेवाला ही एक कटु सत्य है कि रामचरितमानस या ऐसे किसी अन्य धार्मिक ग्रन्थ का उर्दू में अनुवाद किए जाने पर समाज के एक बड़े वर्ग को आपत्ति होगी। और यह आपत्ति उठानेवालों में हिन्दुओं और मुसलमान मतावलंबियों दोनों ही वर्गों के लोग होंगे। 

संभवतः इसका एक बेहतर तरीका यह भी हो सकता है कि इस प्रकार के धर्म-विशेष के ग्रन्थों को अरबी, फ़ारसी या नस्तालीक लिपि में यथावत् लिखा जाए। हालाँकि मुझे नहीं लगता, कि यह कार्य भी सरल होगा।

विभिन्न मतावलंबियों की धार्मिक मान्यताओं के बीच पारस्परिक मतभेद भी ऐसे कार्य में एक बड़ा अवरोध हो सकता है, इससे भी इनकार नहीं किया जा सकता।

यह एक प्रासंगिक, महत्वपूर्ण प्रश्न हो सकता है, किन्तु कुछ भी कह पाने के लिए मैं स्वयं को असमर्थ अनुभव कर रहा हूँ !

***

 


October 11, 2014

भाषा का यह प्रश्न (1)

भाषा का यह प्रश्न (1)
_______________

बहुत से लोगों को यह लगना स्वाभाविक है कि संस्कृत को उसका उचित स्थान मिलना चाहिए । किन्तु इसके लिए संस्कृत का प्रचार करना और उसे प्रचलन में, व्यवहार की भाषा के रूप में लाया जाना कहाँ तक संभव और जरूरी है? और यदि वह संभव न हो तो जरूरी होने का तो प्रश्न तक नहीं पैदा होता । यदि आपको संस्कृत से प्रेम है, तो इसका यह मतलब तो नहीं कि आप अंग्रेज़ी के या उर्दू के शत्रु हैं । दुर्भाग्य से किसी भी भाषा से प्रेम रखनेवाले अपनी प्रिय भाषा के अतिरिक्त दूसरी सभी भाषाओं के साथ जाने-अनजाने शत्रुता का व्यवहार करने लगते हैं । किन्तु उनका ध्यान इस ओर बिरले ही कभी जाता है कि यह एक नकारात्मक और हानिकारक तरीका है, न सिर्फ़ अपनी भाषा के प्रचलन और उन्नति की दृष्टि से बल्कि पूरे समाज के हर वर्ग के लिए, चाहे वह किसी भी भाषा को अपनी कहता हो ।  सवाल सिर्फ़ यह नहीं है कि कौन सी भाषा सरकारी मान्यता प्राप्त ’राजभाषा’ हो, बल्कि यह भी है, कि उसे ’लादा’ न गया हो । और चूँकि भाषा काफी हद तक भावनात्मक महत्व भी रखती है, व्यावहारिक स्तर पर भी उसकी उतनी ही उपयोगिता
होने के महत्व से इन्कार नहीं किया जा सकता । भाषा शिक्षा का माध्यम होती है और अन्य अनेक विषयों की भाँति शिक्षा के एक विषय के रूप में भी उसका एक महत्वपूर्ण स्थान तो है ही । इसलिए जहाँ एक ओर भाषा की शिक्षा एक ओर उसके ’माध्यम’ होने के उद्देश्य को ध्यान में रखकर दी जानी चाहिए, वहीं दूसरी ओर इसे एक विषय के रूप में भी दिया जा सकता है । इसलिए ’भाषा’ की शिक्षा के दो भिन्न भिन्न किन्तु संयुक्त आयाम हैं ।
संस्कृत या किसी भी भाषा के ’प्रचार’ और उसे प्रचलन में लाने के लिए किए जाने वाले प्रयत्नों के साथ एक कठिनाई यह है कि जब तक लोग उसे अपने लिए जरूरी नहीं समझते तब तक या तो उसकी उपेक्षा करते हैं, या फ़िर उसका विरोध तक करने लगते हैं । और यह विरोध तब और प्रखर हो जाता है जब उस भाषा की ’अपने’ समुदाय की भाषा से किसी प्रकार से भिन्नता या विरोधी होने का भ्रम हम पर हावी हो जाए । उस ’भिन्न’ भाषा से भय  हमारी सामूहिक चेतना का हिस्सा है, और इससे दूसरे भी अनेक भय मिलकर इसे और भी जटिल बना देते हैं ।  दूसरी ओर किसी भी भाषा के उपयोग की बाध्यता या जरूरत महसूस होने पर हम उसे सीखने, प्रयोग करने के लिए खुशी-खुशी, या मन मारकर राजी हो जाते हैं । अंग्रेज़ी ऐसी ही एक भाषा है । अंग्रेज़ी का उपयोग तो सर्वविदित और सर्वस्वीकृत है ही । तब, जो किन्हीं कारणों से अंग्रेज़ी नहीं सीख पाए, उन्हें अफ़सोस होता है, उनमें हीनता की भावना जन्म लेती है, और वे अंग्रेज़ी को कोसने लगते हैं । और अगर उनके बच्चे फ़र्राटे से (सही या गलत भी) अंग्रेज़ी बोल-लिख सकते हैं, तो वे ही लोग, अपने आपको धन्य समझते हैं, गर्व करते हैं । फिर बहुत संभव है कि बच्चे भी अपनी उपलब्धि पर गर्व करने लगें और माता-पिता को हेय दृष्टि से देखने लगें, उन्हें अनपढ़ या गँवार समझने लगें । भले ही मुँह से न कहें, किन्तु उन्हें लोगों से अपने माता-पिता का परिचय कराने में शर्म और झिझक महसूस होने लगे । माता-पिता और बच्चों में दूरियाँ बढ़ने का यह भी एक बड़ा कारण है ।
फिर कोई भाषा क्यों सीखता है? स्पष्ट है कि इसमें बाध्यता, उपयोगिता, भावनात्मक लगाव ये सभी बातें जुड़ी होती हैं । किन्तु सर्वाधिक महत्वपूर्ण तत्व यह है कि ’मातृभाषा’ ही सीखने के लिए सभी के लिए स्वाभाविक रूप से सबसे अधिक अनुकूल हो सकती है । और मातृभाषा के बाद हम अपनी जरूरत और रुचि के अनुसार दूसरी भाषाओं में से चुनाव कर सकते हैं ।
___________________
एक उदाहरण :
हिन्दी से मिलती-जुलती किसी बोली में बहुत प्रसिद्ध कहावत है,
’निज-भाषा उन्नति अहै सब उन्नति को मूल, ...’
मैंने इसका संस्कृत अनुवाद कुछ यूँ किया :
’निजभाषोन्नत्यर्हति, सर्वोन्नतिमूलम्’
(निज-भाषा-उन्नति-अर्हति सर्व-उन्नति-मूलम्)
__________________
यद्यपि मैं मानता हूँ कि उपरोक्त अनुवाद में संस्कृत व्याकरण की कोई त्रुटि हो सकती है, जिसे संस्कृत के विद्वान ही इंगित और परिमार्जित कर सकते हैं , किन्तु यहाँ इसे प्रस्तुत करने का एकमात्र ध्येय यह है कि यदि किसी भाषा में आपकी स्वाभाविक रुचि है तो उसे सीखना मजबूरी या उपयोगिता के दबाव में उसे सीखने से अधिक आसान है । अपने इसी भाषा-प्रेम के चलते मैं किसी भी भाषा को समझने का यत्न करता हूँ तो अक़सर अनुभव करता हूँ कि यदि आपने पाणिनी की अष्टाध्यायी का अध्ययन किया है, तो आपको प्रायः हर भाषा में ऐसे संकेत सूत्र दिखलाई दे जाएँगे जहाँ पाणिनी आपको बरबस याद आएँगे । और वह न सिर्फ़ भाषा की बनावट और उसके व्याकरण के कारण, बल्कि उसके शब्दों के स्वनिम (phonetic form) और रूपिम (figurative form) के भी कारण । और तब आपको अनायास स्पष्ट होगा कि भाषा भाषा की शत्रु नहीं बल्कि सखी या भगिनी होती है । यह ठीक है कि हम अपनी भाषा को महत्व दें और उसके विकास के लिए प्रयत्न करें, लेकिन उसे समाज के किसी छोटे या बड़े वर्ग पर लादा जाना न तो समाज के लिए और न अपनी भाषा के लिए ही उचित है । आप चाहें या न चाहें, भाषाएँ सरिताओं की तरह होती हैं, अपने रास्ते बदलती रहती हैं, कई बार तो अपने रास्ते से पूरी तरह दूर होकर दिशा तक बदल लेती है । नदियों की भाँति वे विलुप्त भी हो जाती हैं, और अगर हम आग्रह न करें तो उनका नाम तक बदलता रहता है ।
मैंने सिंहल से लेकर बाँग्ला तक और गुजराती से लेकर उर्दू तक भारत की अधिकाँश भाषाओं को सीखने-समझने का प्रयास किया, और भारतीय के अतिरिक्त तिब्बती, नेपाली, बर्मी तथा अंग्रेज़ी, रूसी, जर्मन आदि विदेशी भाषाओं में भी मेरी अत्यन्त रुचि है । स्पष्ट है कि तमिल, तेलुगु तथा मलयालम, मराठी, आदि में भी मेरी दिलचस्पी है । इन सब भाषाओं के मेरे सतही या गंभीर अध्ययन के बाद मैं जिन निष्कर्षों पर पहुँचा वह यह कि ये सभी संस्कृत से घनिष्ठतः जुड़ी हैं । भाषाशास्त्रियों के लिए यह कोई नई बात न होगी । किन्तु यहाँ इसे लिखने का मेरा उद्देश्य इस ओर संकेत करना है कि तमाम भाषाई झगड़े केवल हमारी नासमझी, आधी-अधूरी जानकारी और काल्पनिक भयों के ही कारण हैं । यदि आप भारत की एक से अधिक भाषाएँ सीखते हैं, खासकर एक दक्षिण भारतीय और एक उत्तर भारतीय भाषा तो आपको स्वयं ही महसूस होगा कि भाषाएँ जल में जल की तरह मिल जाती हैं । किन्तु यदि हमारे मन में पहले से ही दूसरी भाषा के प्रति अरुचि या शत्रुता का, भय या हीन होने की भावना भर दी गई हो, तो हम इस सच्छाई से अपरिचित ही रह जाते हैं । यदि आप भाषा के दो रूपों बोली जानेवाली भाषा तथा लिखी जानेवाली भाषा, की बनावट पर ध्यान दें तो आपको स्पष्ट हो जायेगा कि भाशाओं की विविधता हमारी विरासत और समृद्धि ही है और किसी भी भाषा में सृजन दूसरी सभी भाषाओं को भी समृद्ध ही करता है । यह केवल कोरा बौद्धिक व्यायाम न होकर, उपयोगिता की दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण सिद्ध होता है । जैसे दो चित्रकार दुनिया के किसी भी कोने में रहते हों, चित्रों की भाषा समझते हैं, और दो संगीतज्ञ भी इसी प्रकार एक दूसरे की रचनाओं को समझ पाते हैं, वैसे ही विभिन्न भाषाओं में जिनकी दिलचस्पी है, वे कभी न कभी सभी भाषाओं के मूल उत्स को पहचान ही लेते हैं, और उनके लिए भाषाएँ परस्पर शत्रु नहीं रह जातीं ।
--
इंडोनेशिया के बारे में बहुत नहीं जनता, किन्तु आज (01 नवम्बर 2014) को प्रकाशित 'नईदुनिया - इंदौर' / 'ग्लैमर और कैरियर' में पढ़ा कि इंडोनेशिया की भाषा सीखने की दृष्टि से बहुत सरल है।  इससे मेरी अपनी इस समझ की पुष्टि ही हुई की संपूर्ण भारतीय महाद्वीप और सुदूर ऑस्ट्रेलिया तक की भाषाएँ संस्कृत से व्युत्पन्न हैं भाषा (बहासा) के ध्वन्यात्मक तथा रूपात्मक / लिप्यातक दोनों रूपों में।
कुछ माह पूर्व मेरा एच. पी।  का कार्ट्रिज ख़त्म हो गया था।  जब नया ख़रीदा तो उस पर लिखा देखा :
triga verna + * / tri-color + black . (triga = त्रिक, verna = वर्ण तो दृष्टव्य ही हैं , * 'काले के लिए ब्लैक का समानार्थी याद नहीं किन्तु वह संस्कृत से निकला है, इसमें संदेह के लिए कोई स्थान नहीं।
--
इसलिए भाषा के बारे में मेरा सोचना यह है कि बच्चों को शुरू में मातृभाषा के ही माध्यम से पढ़ाया जाना चाहिए, और शासकीय कार्य के लिए बहुत धीरे-धीरे समय आने पर स्थानीय भाषा को प्राथमिकता देते हुए, उसके बाद ही राष्ट्रभाषा को स्वीकार्य बनाने के बारे में सोचा जाना चाहिए।  वास्तव में व्यक्तिगत रूप से तो मेरा अनुमान है कि अंग्रेज़ी को राष्ट्रभाषा के स्थान से बेदखल नहीं किया जा सकता और न उससे किसी का कोई भला होना है।  मेरा शायद अतिरंजित ख्याल यह भी है, की आज नहीं तो कल अंग्रेजी की पगडंडियाँ ही संस्कृत के आगमन के लिए मार्ग प्रशस्त करेंगी।
--
(निरन्तर - भाषा का यह प्रश्न -2 )
--         
         

March 22, 2010

देवनागरी लिपि

~~~~~~~~ताकि सनद रहे ~~~~~~~~
_________________________
********************************
अंग्रेज़ी भाषा और रोमन लिपि के बढ़ते प्रभुत्त्व से जहाँ एक ओर न केवल भारतीय भाषाओं के अस्तित्त्व पर ही संकट के बादल मंडरा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हिन्दी सहित उन सभी भाषाओं के वर्त्तमान स्वरूप में उत्पन्न हो रहे विकार भी चिंता या चिंतन का विषय हैं ।
इस संबंध में मेरे मित्र श्री सुयश सुप्रभ के प्रश्न के उत्तर में मैंने कुछ इस प्रकार से लिखा था । रिकॉर्ड के लिए,
'
ताकि सनद रहे ।'
उसे पुन:श्च इस ब्लॉग में प्रस्तुत कर रहा हूँ ।
_____________________________
पहले हमें यह सोचना होगा कि अंग्रेज़ी का प्रभुत्त्व क्यों है !
अपने भारत में, अगर हम भिन्न-भिन्न भाषाओं की लिपि देखें, तो नेपाली, और मराठी भाषाओं का उदाहरण काफी प्रेरक होगा ।
लेकिन इसके भी पहले हमें चाहिए कि यदि एक 'भारतीय'-भाषालिपि-आन्दोलन', जिसके अंतर्गत दूसरी सारी भारतीय भाषाओं के लोकप्रिय साहित्य को देवनागरी लिपि में प्रकाशित कर जन-सामान्य को तुलनात्मक रूप से कम मूल्य पर उपलब्ध कराया जा सके, तो सभी भारतीय भाषाओं का व्यवहार करनेवाले, भारतीय-भाषा-भाषी, धीरे-धीरे हिन्दी से जुड़ जायेंगे ।
उर्दू का उदाहरण हमारे सामने है । सिंधी का भी, और शायद पंजाबी का भी । उर्दू के सिवा शेष सभी भाषाओं तथा उनकी लिपि के स्वाभाविक उद्गम को संस्कृत में देखा जा सकता है । इन सभी भारतीय भाषाओं में जहाँ एक ओर बोली के तौर पर संस्कृत भाषा के शब्दों और समासों को, प्रत्ययों और उपसर्गों को, अपभ्रंश-स्वरूप प्राप्त हुआ, वहीं लिपि में भी, देवनागरी के वर्ण-विन्यास में विरूपण (परिवर्त्तन, बदलाव) आया ।
अब यदि पालि भाषा के बारे में देखें, तो देखना आसान है कि जिसे संस्कृत अच्छी तरह से आती है, वह पालि के संस्कृत उद्गम को अनायास पहचान लेगा । मैंने विधिवत पालि नहीं सीखी, लेकिन पालि के एक-दो प्रसिद्ध ग्रंथों के यत्किंचित अध्ययन से लगता है कि पालि भाषा, खासकर बौद्ध और जैन दर्शन के ग्रंथों में प्रयोग की जानेवाली भाषा संस्कृत के इतने निकट है जितनी कि हिन्दी या दूसरी कोई भी भारतीय भाषा शायद ही हो ।
तात्पर्य यह कि हिन्दी के लिए अनायास प्राप्त इस अमूल्य विरासत को कचरे में फेंककर, देवनागरी जैसी वैज्ञानिक लिपि को छोड़कर, रोमन जैसी अपेक्षाकृत अवैज्ञानिक एवं अनाम माता-पिता से उत्पन्न संतान को हिन्दी या किसी भी दूसरी भारतीय मूल की भाषा के लिए अपनाना, माता को नौकरानी का, तथा नौकरानी को माता का स्थान प्रदान कर देने जैसा होगा ।
शुरुआत दक्षिण भारतीय भाषाओं से की जानी चाहिए क्योंकि, दक्षिण भारतीय भाषाएँ, जैसे कि मलयालम, कन्नड़ तथा तेलुगु के शब्दों के उच्चारण जहाँ हिन्दी की ही भाँति, वर्ण-विन्यास के अनुरूप, अर्थात् यथालिखित-तथापठित होते हैं, वहीं तमिळ इस दृष्टि से कुछ भिन्न है ।
अब यदि तमिळ की संरचना को देखें तो उसके ऐसा होने के मूल में अपना ऐतिहासिक और वैज्ञानिक आधार है, जो स्वरोच्चार (फोनेटिक्स) के कुछ ऐसे नियमों का पालन करता है, जो संस्कृत में अपवादस्वरूप मान्य हैं । यहाँसिर्फ संकेत दिया जा सकता है कि जैसे संस्कृत के वैदिक स्वरूप में कुछ ऐसे नियम व्याकरण के प्रयुक्त होते हैं, जो संस्कृत के पौराणिक और साहित्यिक, वेदेतर प्रयोग में नहीं पाए जाते, उसी प्रकार से तमिळ व्याकरण औरभाषा-संरचना में भी ऐसे कुछ नियम हैं, और वे पूर्णत: वैज्ञानिक भी हैं । उस सबका अपना महत्त्व है, और वह तमिळ के आध्यात्मिक पक्ष का हिस्सा भी है । तमिळ का अपना समृद्ध इतिहास रहा है, किन्तु वह संस्कृत की सहवर्ती-भाषा के रूप में और उसकी सहायता से ही हुआ है, न कि उसके विरोध में । 'द्रविड़' यह शब्द भी शुद्धत: एक संस्कृत शब्द है । 'आर्य' की ही तरह, किन्तु आर्य-द्रविड़ की भिन्नता को जिस प्रकार हम पर आरोपित कर हमें विभाजित किया गया है, उसके मूल में दुष्ट शक्तियों के अपने निहित स्वार्थ हैं इस संबंध में जागरूकता बहुत ज़रूरी है ।
तात्पर्य यह कि अंग्रेज़ी का प्रभुत्व जिस प्रकार स्थापित हुआ, हिन्दी तथा देवनागरी का वर्चस्व भी उसी रीति से, और उससे अधिक अच्छी तरह से करने के अवसर हमारे पास हैं । 'सर्वाइवल ऑफ़ द फिटेस्ट' के सन्दर्भ में देखें, तो वह आवश्यक भी है ।
जब हम वृक्ष की दूर-दूर तक फ़ैली हुई अनेक जड़ों में से किसी एक ही जड़ को सींचते हैं, तो बाकी जड़ें और पूरा वृक्ष ही अंतत: सूख जाता है । किन्तु यदि सभी जड़ों को सींचते हैं तो पूरा वृक्ष विकसित होता है । इससे हिन्दी सहित सभी भारतीय भाषाओं का भला होगा ।
संस्कृत को अन्य भाषाओं के विरोध में खड़ाकर विलायती आज भी भारतीय भाषाओं में वैमनस्य पैदा करने में संलग्न हैं । किन्तु सारी भारतीय भाषाओं के प्राण संस्कृत में ही हैं, इसे यदि हम न भूलें, तो उनके षड्यंत्र के शिकारहोने से बच सकेंगे ।
जैसा कि पहले हमने देखा, इस बारे में एक दूसरा और उतना ही महत्त्वपूर्ण कदम यह होगा कि हम हिन्दी के श्रेष्ठ और लोकोपयोगी, लोकप्रिय साहित्य को हिन्दी में ही, लेकिन देवनागरी की बजाय दूसरी सभी भारतीय भाषाओं में -उनकी अपनी उन ख़ास लिपियों में भी प्रकाशित करें ।
इस बारे में एक महत्त्वपूर्ण तथ्य हमारे सामने है -
'क्या देवनागरी में लिखे जाने से मराठी भाषा के विकास और उसकी समृद्धि में कोई अवरोध आया ?'
इस प्रश्न के उत्तर में हमें इस सवाल का जवाब मिल जाता है कि क्या अन्य भारतीय भाषाओं के श्रेष्ठ और लोकप्रिय ,लोकोपयोगी साहित्य को देवनागरी लिपि में प्रकाशित कर सुलभ मूल्य पर उपलब्ध कराने से उन भाषाओं के विकास और समृद्धि में कोई अवरोध आयेगा ?
इसके अतिरिक्त इस प्रकार के प्रयास जहाँ एक ओर अपनी गतिविधि में अनायास राष्ट्रीय मेल-मिलाप, राष्ट्रीयता की भावना बढ़ाने में उत्प्रेरक होगा, वहीं दूसरी ओर इससे रोज़गार के बहुत से अवसर भी अनायास पैदा होंगे ।
मैं मानता हूँ कि यह अभियान देवनागरी के लिए ही नहीं, बल्कि हम सबके लिए और भावी पीढ़ियों के लिए भी, संपूर्ण विश्व के लिए ही सर्वथा कल्याणकारी होगा ।

_________________________
**********************************