Showing posts with label ’धर्म’/'अधर्म'. Show all posts
Showing posts with label ’धर्म’/'अधर्म'. Show all posts

November 17, 2023

।।यतो धर्मस्ततो जयः।।

Question / प्रश्न  48

----------------------------

What Is Dharma?

धर्म क्या है?

--

"उसके नोट्स" से --

"धर्म" नामक शक्ति जिससे संपूर्ण जगत् संचालित होता है, उस वस्तु के कार्य को प्रत्यक्ष और परोक्ष, दो विधियों से जाना जा सकता है। प्रत्यक्षतः तो धर्म आचरण और कार्य अर्थात् "चरित्र" है जिसे कर्म के रूप में प्रत्यक्ष ही देखा जा सकता है, जबकि परोक्षतः या अप्रत्यक्षतः धर्म प्रेरणा के  रूप में कार्यशील वह शक्ति है जिससे प्रत्येक जड चेतन वस्तु किसी कार्य का माध्यम बनकर उसे पूर्ण करती है। 

इस "प्रेरणा" की अभिव्यक्ति पुनः विवेक, न्याय और प्राप्त परंपरा के अनुसरण के रूप में प्रत्येक के चरित्र, आचरण और बुद्धि में फलित होती है। नित्य-अनित्य विवेक ही धर्म की मूल प्रेरणा शक्ति है। इस प्रकार से धर्म से प्रेरित मनुष्य को अनायास ही धर्म के वास्तविक स्वरूप / तत्व का साक्षात्कार और प्रज्ञारूपी ज्ञान होता है, जो केवल स्मृति का विषय न होकर साक्षात् धर्म ही होता है। सबसे बड़ा सत्य यह है कि मृत्युलोक में उत्पन्न प्रत्येक प्राणी ही इसी धर्म से शासित हुआ अपना जीवन व्यतीत किया करता है, और मृत्युलोक अर्थात् यमलोक के शासनकर्ता मृत्यु अर्थात् यम स्वयं भी इसी से शासित हैं। यही वह धर्म है, जिसे सनातन धर्म भी कहा जाता है जो कि विभिन्न परंपराओं के भेद के कारण वैदिक और अवैदिक इन दो ही प्रकारों में पूरे संसार में प्रचलित है।

इसलिए धर्म ही एकमात्र प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष परमेश्वर है जिसकी उपासना करने का अधिकारी प्राणिमात्र ही है। जैसा पहले कहा है इसी धर्म का अनुष्ठान हर मनुष्य विवेक, न्याय और बुद्धि (तर्क) और परंपरा से प्राप्त विधि के अनुसार करता है और उसे जीवन में तदनुसार सुख और दुःख प्राप्त होते हैं। जो विवेक से परिचालित होता है, उसे यह स्पष्ट होता है कि सभी सुख और दुःख अनित्य हैं, अतीत स्मृति से, जबकि भविष्य कल्पना से भिन्न कुछ नहीं होता। तब उसमें धैर्य उत्पन्न होता है और वह निर्भय और प्रसन्न होता है। जीवन के शारीरिक और मानसिक कष्टों और पीड़ाओं को वह तपस्या की दृष्टि से स्वीकार कर लेता है, न तो उनसे पलायन करता है, न ही उनसे भयभीत होता है। अपने विवेक के अनुसार वह न तो उन्हें निमंत्रित करता हैकर न ही नियंत्रित करता है।

धर्म को ही एकमात्र परमेश्वर जानकर वह उसकी सेवा, विवेकपूर्वक उसकी ही उपासना किया करता है। धर्म ही आत्मा है जिसे परमात्मा या परमेश्वर भी कहते हैं।

धर्म ही एकमात्र सत्य है।

***



 

February 17, 2015

आज की संस्कृत रचना

आज की संस्कृत रचना
__________________
गौमेधम् यज्ञम् मुनयः
राजर्षयः अश्वमेधम् |
मेधितया मेधितव्यान्
यज्ञान् ब्राह्मणैः सर्वैः ||
--
अर्थ :
कुछ मननशील मनुष्य  गौ के यथार्थ तत्व / स्वरूप पर अर्थात् 'ब्राह्मणे गवि हस्तिनी' (भगवद्गीता अध्याय 5, shloka 18 के अनुसार) ब्रह्मभावना से ब्रह्म-चिंतन और मनन करते हैं जो गौमेध-यज्ञ के समान है, कुछ राजर्षि अश्व के यथार्थ तत्व / स्वरूप पर (ऐतरेय-उपनिषद् / अध्याय 1, खण्ड 2, मंत्र 2 के अनुसार)
(ताभ्यो गामानयत्ता अब्रुवन्न वै नोऽयमलमिति ताभ्योऽश्वमानयत्ता अब्रुवन्न वै नोऽयमलमिति)
इस प्रकार से सभी ब्रह्मजिज्ञासु तथा ब्रह्मवेत्ता निरंतर यज्ञ में संलग्न रहते हैं .
--
अन्याः मिश्रितकर्मिणः
अशुचयः मलिनमतयः |
नरमेध मनु युञ्ज्यन्ते
नरकाय वै ते नराः ||
--
अर्थ :
(वहीँ दूसरी ओर) अन्य कुछ मलिन और अशुद्ध्बुद्धि वाले मनुष्य मनुष्यों की ह्त्या (को धर्म समझकर) मनुष्यों पर हिंसा में संलग्न रहते हुए नरकों के भागी होते हैं .
--

September 17, 2014

आज की कविता / 17/09/2014.

आज की कविता / 17/09/2014.
_________________________
*************************

© विनय वैद्य, उज्जैन,
___________________________

मन्दिर नहीं जानते 
--
मन्दिर नहीं जानते,
प्रशंसा,
वे सिर्फ़ खड़े रहते हैं,
आशीर्वाद देने को,
चाहें आप उनमें विराजित प्रतिमा की पूजा करें,
या उसे तोड़ दें,
चाहे आप उसे किसी दर्शन, धर्म या सिद्धान्त का नाम देकर,
तलवार बना लें,
काट दें उन सब को,
जिनके हाथों में हैं,
ऐसी ही दूसरी तलवारें,
चाहें आप उस मन्दिर को ही तोड़कर,
नाम दे दें अपने धर्मस्थल का, 
और घोषित कर दें,
कि आपका धर्म ही एकमात्र ईश्वरीय धर्म है,
बाँट दें पूरे विश्व को,
सिर्फ़ दो मज़हबों में,
और जो आपके मज़हब को नहीं मानता,
उसे मिटा देना आपका परम धार्मिक कर्तव्य है,
हाँ एक तीसरा मज़हब भी इसमें आपका मददग़ार होता है,
जो या तो बुद्धिजीवी होता है,
प्रतिष्ठित,
या बस अवसरवादी,
जिसके कोई सिद्धान्त नहीं होते,
वह मन्दिर की सत्ता का भी मज़ाक उड़ाता है,
किन्तु आपके धर्म, और आपके ईश्वर पर उँगली नहीं उठाता,
क्योंकि उसे मन्दिर के होने न होने से कोई मतलब नहीं,
वह मन्दिर से तो नहीं, लेकिन आपकी तलवार से जरूर डरता है,
और वक़्त आने पर खुद ही रख देता है शीश,
आपके चरणों में, 
और जिसे मतलब है,
वह किसी मज़हब तक बँधा नहीं होता,
वह सिर्फ़ अपने मज़हब का पाबन्द होता है,
कि मज़हब मुक्ति है,
मज़हब स्वतन्त्रता है,
और यह तभी होती है,
जब आप दूसरों की मुक्ति का सम्मान करते हैं,
और इसे न तो आप किसी को दे सकते हैं,
न कोई और आपको दे सकता है,
लेकिन कोई इसे आपसे छीन भी नहीं सकता,
मुक्ति,
जो वह आपके आदर्शों और विश्वासों से विपरीत ही क्यों न हो ।
और तब आप निर्भय होते हैं,
आप मिटने से नहीं डरते,
क्योंकि मिटना तो जीवन की रीत है,
पर फ़िर भी, तब आप मिटाने से ज़रूर डरते हैं,
क्योंकि आप अस्तित्व का सम्मान करते हैं,
अपने, और सम्पूर्ण, -अथाह जीवन का,
जिसमें आपके होने-न होने से कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता,
क्योंकि आप उससे पृथक् नहीं हैं, 
क्योंकि यह अपने आपको ही मिटाने का सर्वाधिक मूर्खतापूर्ण तरीका है,
और तब आप समझ पाते हैं,
कि मन्दिर मिट क्यों जाते हैं, मिटाते क्यों नहीं?
मन्दिर जानते हैं अमर होना,
और देते हैं यही आशीर्वाद,
बिना कहे ।
--   


July 23, 2014

कल का सपना : ध्वंस का उल्लास - 12.

कल का सपना : ध्वंस का उल्लास - 12.
_____________________________

 सुबह ’गीता-सन्दर्भ’ के लिए लिखे कुछ ब्लॉग्स् पोस्ट किए ।
दोपहर में एक बजे से साढ़े तीन बजे तक सोया । कल रात भर खूब वर्षा हुई । आज सुबह वॉक पर गया तो मानों उस आधे घंटे के लिए वर्षा ने ब्रेक ले लिया था ।
शाम पाँच से छः बजे तक भी मेघों ने खुला आसमान देखने दिया।
घर लौटते-लौटते वे घिर आए हैं  । दोपहर तीन बजे सोकर उठा तो दस मिनट तक ’ब्रह्म-संहिता’ पढता रहा । कुल 62 अध्याय हैं । सुबह जब पढ़ रहा था, तो सोचा इसे ब्लॉग पर प्रस्तुत किया जा सकता है ।
अभी तीन बजे के बाद पढ़ा तो अन्तिम अध्याय के भाष्य (कमेंट्री) पर मेरी घड़ी बन्द मिली । अन्त में जो निष्कर्ष दिया गया उसमें वेद और वेदेतर साङ्ख्य, न्याय, योग आदि को भी त्रुटिपूर्ण आकलन बतलाया गया । किन्तु भाष्यकार स्वयं जिस धोखे का शिकार हो गए, उसकी उन्हें कल्पना भी नहीं हो सकती थी । उन्होंने ’काल’ को एक स्वतन्त्र तत्त्व की तरह स्वसिद्ध सत्ता के रूप में सत्यता दे दी थी । और इससे मुझे  आश्चर्य कदापि नहीं हुआ । जब आज का उन्नत तथाकथित विज्ञान तक ’काल’ के अस्तित्व और प्रकृति के संबंध में भ्रम से नहीं उबर पाया है, तो किसी भाष्यकार का, जो अपने मत को आग्रहपूर्वक प्रतिपादित करना चाहता है इससे उबर पाना कैसे संभव हो सकता है? deceptive logic / logical-deception पर क्या सिर्फ़ वैज्ञानिकों का ही एकाधिकार है?
वैसे मूल ’ब्रह्म-संहिता’ अवश्य ही अनुपम, अद्वितीय है इसमें कोई सन्देह कम से कम मुझे तो नहीं है ।
--
कल रात्रि वह पूछ रही थी,
’प्रभु! क्या मैं बादलों से कम्युनिकेशन कर सकती हूँ ?’
’कैसे?’
’अगर मैं उन पर टॉर्च से रौशनी फेंकूँ तो क्या वे रिस्पॉन्ड करेंगे?’
स्पष्ट है कि वह मेरा ब्लॉग 'Love, The Clouds' देखती रहती है । उसे यह भी पता है कि मैंने ’अश्वत्थ’ और ’साइलेन्ट-डॉयलॉग्स’ में मेघों और प्रकृति से, खासकर वट और पीपल से हुए अपने संवादों को विस्तार से लिखा है । वह मुझे ’प्रभु’ या ’भगवान्’ या कभी-कभी ’रुद्र’ का संबोधन भी देती है, लेकिन मुझे इस बारे में कोई वहम नहीं कि यह सब महज़ औपचारिकता का हिस्सा है । और मैं उससे या किसी से ऐसी अपेक्षा भी नहीं कर सकता कि मुझे इस प्रकार से एक विशिष्ट व्यक्ति कहा / माना जाए । ’फ़ेसबुक’ पर उसने मुझसे ’दोस्ती’ की थी । बहरहाल उसे जल्दी ही समझ में आ गया कि उससे मेरी कितनी भी अच्छी ट्य़ूनिंग हो, मेरे और उसकी जीवन-शैली के बीच कोई तालमेल नहीं हो सकता । और न इसकी कोई जरूरत मैंने और शायद उसने भी कभी महसूस की होगी । शुरु में वह उन लड़कों के बारे में मुझसे विचार-विमर्श किया करती थी, जो उसे पसंद करते हैं और उनमें से कुछ उससे शादी करने के इच्छुक भी हैं । दूसरी ओर वह उन लड़कों के बारे में भी बतलाया करती थी जिनसे ’रिश्ते’ के लिए उसके समाज में उसके माता-पिता प्रयासरत हैं । उसके लिए जन्म-पत्रिकाएँ मिलाना मेरा ही दायित्व था । और मेरे ज्योतिष ज्ञान के आधार पर मैं उससे / उनसे स्पष्ट कर चुका हूँ कि उसकी पत्रिका में सुखद वैवाहिक जीवन के योग बहुत प्रबल हैं भी नहीं । उसकी बड़ी बहन के डॉयवर्स हो जाने के बाद से वे शायद इस बारे में ज्यादा परेशान हैं ।
’अगर वे करेंगे भी तो तुम्हें कैसे पता चलेगा कि वे कर रहे हैं?’
’मैं एक्सपेरिमेन्ट तो कर सकती हूँ?’
’जरूर!’
’ओ.के. लेट मी ट्रॉय!’
’वैसे मैं चाहूँगा कि पहले तुम्हें उन्हें एक ’आईडेन्टिटी’ देनी चाहिए ।
’वो क्यों?’
’नहीं तो तुम यह कैसे तय करोगी कि जिस बादल से तुम डॉयलॉग करना चाहती हो वह कौन है? क्या उसके बदलते रंग-रूप से तुम्हें उसे पहचान पाना मुश्किल नहीं होगा?’
’सो हॉऊ कैन डू दैट?’
वह निराश हो गई ।
’यू मस्ट सी दे हैव ऍ कलेक्टिव-आईडेन्टिटी ... .  ’
’...’
’आई मीन, दे हैव ऍ कलेक्टिव-कॉन्शसनेस, ...’
’ओ.के. गॉट इट!’
’कैसे?’
’दे हैव द कलेक्टिव नेम ’इन्द्र’ एन्ड आई कैन एड्रेस द ’देवता’ इन्द्र ’डॉयरेक्टली!’
वह उत्साहित हो उठी ।
’लेकिन यह सब तुम्हारा विशफ़ुल-थिन्किंग भी तो हो सकता है?’
’नोऽऽऽऽ ! हॉऊ डेयर यू से दैट?’
वह थोड़ा निराशा और शिकायत के स्वरों में बोली ।
’ओ.के. लेट मी टेल यू द सिक्रेट’
मैं उसे अपनी तत्काल रची कविता सुनाता हूँ "
जैसे वह मुझे ’सर’, ’प्रभु’ कभी-कभी ’डैड’ या ’अंकल’ कह देती है, वैसे ही मैं उसे ’भवानी’, ’दुर्गा’, ’काली’ या ’देवी’ कह देता हूँ , लेकिन अक्सर मैं उसे उसके नाम से ही एड्रेस करता हूँ और प्रायः वह भी नहीं ।
’सुनो :
क्लॉउड्स आर बट क्लॉद्ज़ ऑफ़ देवी,
...
द क्लॉउड्स विल श्योर रिस्पॉन्ड !’
--
’वॉन्डरफुल!’
वह मेरे कॉम्पोज़िशन की तारीफ़ करती है ।
’थैंक्स! बट ईवन इफ़ यू कुड कम्यूनिकेट विद देम / हिम ऐज़ इन्द्र ,यू कॉन्ट गिव ए प्रूफ़ ऑफ़ द सेम, ऑर कन्विन्स पीपुल ! एन्ड, इफ़ यू कुड कन्विन्स, दे विल स्टार्ट वरशिपिंग यू!’
’यस प्रभु, आई अन्डरस्टैण्ड द इन्द्र नॉऊ, एन्ड आई डोन्ट वॉन्ट टु कन्विन्स पीपुल, ...बट डू फील, आई कुड कन्वर्स वेल विद द क्लॉउड्ज़् रुद्र!’
--
यह सब बातें कल हुईं थीं । मोबाइल से,एस-एम-एस से ।
--
आज शाम के वॉक पर निकला तो सोचा कि उसे सरप्राइज़ दूँ । उसका घर यूँ तो मेरे रोज के वॉक से बहुत दूर विपरीत दिशा में है, लेकिन सड़कों की हालत देखते हुए आज मैंने अपना रूट बदल दिया । और जैसा कि तय किया था, मैंने उसके घर के बन्द दरवाज़े पर केवल एक बार नॉक किया । अन्दर टीवी चल रहा था, दो मिनट बाहर खड़ा रहा, फिर नॉक नहीं किया और लौट आया ।
रास्ते में सब्ज़ी खरीदी, एक ’बेक-समोसा’ और चार पेन्सिल-सेल लिए ट्रांज़िस्टर के लिए, और घर आकर समोसा खाया, चाय बनाकर पी ।
समोसा जिस क़ागज में लिपटा था, उसमें किन्हीं राममूरत राही का लिखा ’पत्र’ छपा था-
’शंकराचार्य ने साँई-भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुँचाई है, उन्हें साँई-भक्तों से माफ़ी मांगनी चाहिए ।’
--
बस इतना लिखा ही है कि मेरे उन दूसरे मित्र का एस-एम-एस आता है कि उन्होंने अपनी छुट्टी 30 तक एक्स्टेन्ड कर ली है, मतलब वे अब अगस्त में ही आएँगे मेरे यहाँ !
--

September 20, 2013

धर्म की प्रासंगिकता

धर्म की प्रासंगिकता
______________________________


इतिहास साक्षी है कि जिसे संस्कृत में 'धर्म' कहा गया है, उसका अनुवाद विदेशियों ने 'रिलीजन' religion किया । फिर सभी 'रिलीजन्स' की परस्पर तुलना करते हुए अपनी अपनी बुद्धि के अनुसार बुद्धिजीवियों और परंपराओं के पक्षधरों ने उनके समान और असमान तत्वों  की विवेचना करते हुए अपने अपने 'मत' और 'विचार' व्यक्त किए । जबकि सच्चाई यह है कि 'धर्म' शब्द का अनुवाद करना ही उस शब्द के उस अर्थ के प्रति अन्याय है, जिसे ध्यान में रखते हुए जिसके लिए उक्त शब्द का आविष्कार discovery  वैदिक ऋषियों ने किया था । वैदिक ऋषियों ने जिस प्रकार संस्कृत भाषा का 'आविष्कार' किया, वह बिल्कुल वैज्ञानिक आधार से और युक्तिसंगत रीति से किया था । और 'वाणी' का उद्गम कैसे होता है, 'अर्थ' या तात्पर्य' से वह किस तरह घनिष्ठतः संबद्ध है, इसे उन्होंने खोजा, न कि नियोजित किया, जैसा कि अन्य सभी भाषाओं के बारे में होता है । अन्य सभी भाषाएं, वाणी के प्रचलन से जन्मीं और क्रमशः विकसित और परिवर्तित हुईं, और फिर प्रचलन के आधार पर (convention / कन्वेंशन) के आधार पर उनका व्याकरण बना । जबकि संस्कृत भाषा में ठीक इसके विपरीत हुआ । इस विषय में मैंने अपने blogs में काफ़ी लिखा है । बहरहाल, यहां सिर्फ़ यह कहना चाहता हूं कि आज 'धर्म' शब्द का प्रचलित अर्थ 'मत-विशेष' हो गया है, जो संप्रदाय और परंपरा के अनुसार बदलता रहता है । और चूंकि संप्रदाय और परंपराएं स्थान और समय तथा भौतिक परिस्थितियों के अनुसार परिवर्तित होती रहती हैं इसलिए ऐसा कोई 'धर्म' नहीं हो सकता जिसका पालन सर्वत्र और सबके द्वारा किया जा सके ।  इसलिए वस्तुतः कोई धर्मभीरु भी नहीं हो सकता । फिर मनुष्य के लिए अपने आचरण के युक्त-अयुक्त होने का आधार क्या हो? इस बारे में हर मनुष्य सामान्यतः अपने विवेक से अनायास ही जानता है कि 'अधर्म' क्या है ! जैसे मनुष्य अपने को दुःखी नहीं करना चाहता, वैसे ही जिस कर्म या आचरण से दूसरों को दुःख / पीडा हो वह अधर्म है । और मैं सोचता हुं कि 'अधर्म' की इस परिभाषा से शायद ही कोई असहमत हो । लेकिन जब मनुष्य अपने या अपने विशिष्ट समुदाय के लिए सुख या लोभ, भय या ईर्ष्या से प्रेरित होकर दूसरों को दुःखी करने लगता है वहां से 'अधर्म' शुरु हो जाता है । और अगर कोई 'अधर्मभीरु' हो अर्थात अधर्म के आचरण से उसे डर लगता हो, तो वह सहज ही ऐसे ही कर्म और आचरण करेगा जो सामाजिक नैतिकता और शिष्टाचार से सुसंगत ही होंगे । इस प्रकार हम 'धर्म' शब्द के विभिन्न अर्थों से उत्पन्न विवाद से छूट जाएंगे । लेकिन जब तक हम 'धर्म-प्रदत्त' 'ईश्वर', 'आत्मा', 'परमात्मा', 'पाप-पुण्य', जन्म-पुनर्जन्म, और स्वर्ग-नरक, 'मुक्ति' आदि की धारणाओं में भटकते हैं, तब तक 'धर्मों' के बीच मतभेद रहेंगे ही । इस प्रकार के 'धर्म' सदा ही अप्रासंगिक रहे हैं, और शायद समस्त अनिष्ट का मूल हैं ।
--

August 02, 2013

’धर्म’/'अधर्म'

’धर्म’/'अधर्म'
___________________________
***************************

   हमने परंपराओं  को ’धर्म’ का नाम दे रखा है । और इस प्रकार ’धर्म’ का जो अभिप्राय  इस शब्द का प्रथमतः आविष्कार और प्रयोग करनेवाले ऋषियों का था उससे बिल्कुल भिन्न अर्थ प्रचलित हो गया है । मनुष्य के साथ जो भयंकर दुर्घटनाएँ हुई हैं, उनमें  से संस्कृत ग्रन्थों  का  त्रुटिपूर्ण अनुवाद सबसे बड़ी ऐतिहासिक घटना है । ’धर्मों’  के  जिस अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन  में शिकागो में स्वामी विवेकानन्द गए थे, वहीं से इसकी शुरुआत हुई । क्योंकि इस प्रकार से पाश्चात्य राजनीति से प्रेरित परंपराओं पर ’धर्म’ की मुहर लग गई । मेरा मानना है कि वेदों और वेदान्त का किसी अन्य भाषा में अनुवाद संभव ही नहीं है । वेदों और सनातन धर्म की यह दृष्टि है कि ’धर्म’ का प्रचार, या रक्षा नहीं की जा सकती । हाँ अपने धर्म का पालन और पात्र मनुष्यों को ही उसकी शिक्षा अवश्य ही दी जा सकती है । ’धर्म’ सनातन है, और मनुष्य मात्र को आश्रम  और वर्ण तथा (अनाश्रमी और अवर्ण को भी) अनायास प्राप्त होता है । इसलिए स्वामीजी की शिकागो वक्तृता इस दृष्टि से भूल न भी हो तो अवाँछित अवश्य थी । इसके बाद अनेक स्वामी, और ’आध्यात्मिक’ व्यक्ति विदेशों में ’धर्म’ और ’अध्यात्म’ का प्रचार करने गए । किन्तु इस देश में हमने अपने को हिन्दू या अहिन्दू इन दो धर्मों में बँट लिया । मेरी दृष्टि से इनमें से ’धर्म’ कोई भी नहीं है । क्या हमारे बुद्धिजीवी  ’धर्म’ क्या है इस बारे में एकमत हैं । यदि उसी पर मत-वैभिन्य हो तो फ़िर ’हिन्दू’ या अहिन्दू (ग़ैर-हिन्दू) पर किस आधार पर चर्चा की जा सकती है ?
   संक्षेपतः, जो परंपरा ’राजनीति’ से प्रेरित होती है वह अधर्म है, क्योंकि ’धर्म’ को बलपूर्वक लादना सबसे बड़ा अधर्म है । इसलिए यदि हम तथाकथित ’धर्मों’ के इतिहास को जानें-समझें तो हमें स्पष्ट हो जाएगा कि ’धर्म-निरपेक्षता’ और ’सर्व-धर्म-समभाव’ कितने खोखले और कोरे राजनीतिक हेतु के साधक शब्द हैं ।
   सनातन धर्म से ही उद्भूत बौद्ध और जैन धर्म भी हैं, जो अहिंसा को ही धर्म मानते हैं, और वे अनाश्रमी और अवर्ण मनुष्यों के लिए हैं । इस प्रकार वास्तविक धर्म मनुष्यमात्र की निजी स्वतन्त्रता का सम्मान करता है, और उसके ’असहिष्णु या कट्टर होने का तो प्रश्न ही नहीं उठता । स्पष्ट है की 'अनाश्रमी' या 'अवर्ण' शब्द निन्दात्मक नहीं है, क्योंकि शैव दर्शन पर आधारित कुछ परंपराएँ वैदिक न होते हुए भी सनातन धर्म में स्वीकार्य हैं ।  
--
_____________________________
*****************************