Showing posts with label उन दिनों. Show all posts
Showing posts with label उन दिनों. Show all posts

August 26, 2025

THE SCHOLAR

अध्येता

--

1970 के दौर में वह अध्येता था। अपनी इच्छा से नहीं, जीवन की वास्तविकता ने जिसे शायद विडम्बना भी कह सकते हैं, उसे अध्येता बना दिया था। उसने कभी शायद ही इस तरह से सोचा होगा।

वैसे वह उस समय 17 वर्ष की आयु का एक व्यक्ति था जिसके जीवन में कोई तय या ऐसा सुनिश्चित लक्ष्य नहीं था जिसके लिए वह दिल लगाकर कार्य करता। जीवन की आकस्मिक और तात्कालिक आवश्यकताएँ ही उसे किसी समय पर किसी दिशा की ओर खींचती रहती थीं और ऐसी एक दो या नहीं कुछ और भी दिशाएँ थीं, जो उसे लगातार कहीं जाने या पहुँचने के लिए शक्ति लगाती रहती थीं। कॉलेज नया था, शहर नया था, एक ओर कुछ सुविधाएँ तो दूसरी ओर कुछ सुविधाएँ, बाध्यताएँ आदि भी थीं। उनमें से ही उसे चुनना होता था कि क्या करना है और क्या किया जा सकता है। जैसे उसके पास एक अच्छी साइकिल थी, जिससे वह कॉलेज जाया करता था। आज 72 वर्ष की आयु हो जाने पर उसे लगता है कि वह न तो साइकिल चला सकता है, न उसे लेकर चल ही सकता है। आज जब 17 वर्ष की आयु के किसी ऐसे लड़के को देखता है जिसके पास मोबाइल और बाइक होती है तो उसे अपना वह बचपन याद आ जाता है जब उसके पास साइकिल होती थी और वह पूरे शहर में बस सार्वजनिक वाचनालय खोजता रहता था। समय बिताने और मनोरंजन करने का उसके पास कोई दूसरा साधन नहीं था।

उस शहर में तीन वाचनालय थे।  एक था ए बी रोड पर स्थित लक्ष्मी नारायण भुवन जो दोमंजिला था। नीचे के तल पर टेबल टेनिस खेला जाता था और ऊपरी मंजिल पर वाचनालय था। गरीब और मध्यमवर्गीय व्यक्ति होने के कारण और अपनी इस स्थिति के कारण हीन भावना का शिकार भी था, जबकि बचपन से ही लिखने-पढ़ने के वातावरण में ही पला बढ़ा होने से अखबार और किताबें आदि पढ़ने में उसे बहुत रुचि थी।

दूसरा वाचनालय शुक्रवार को लगनेवाले हाट में, चौराहे के बीचों-बीच एक गोलाकार भवन में हुआ करता था। तीसरा भोपाल रोड पर था, जहाँ रोजगार दफ्तर भी था।  तीनों ही वाचनालय शाम पाँच से आठ बजे के बीच ही खुला करते थे और वह इसी बीच उनमें से किसी एक पर जा पहुँचता था।

लक्ष्मी नारायण भुवन के वाचनालय में एक पुस्तकालय भी था, जबकि बाकी दोनों बस सिर्फ वाचनालय भर थे।

उन्हीं दिनों उसने उस वाचनालय से आचार्य रजनीश की पुस्तकें पढ़ना शुरू किया था। उस समय तक उनकी वह पुस्तक प्रकाशित नहीं हुई थी जिसने कि बाद में रातोंरात ही उन्हें चर्चित किन्तु विवादास्पद भी बना दिया था। जैसे उस दौर में फिल्में बनती थीं जो चर्चित, साथ ही कम या अधिक कुछ विवादास्पद भी हुआ करती थीं, उसी तरह आचार्य रजनीश भी एकाएक ही विवादास्पद और चर्चित भी होने जा रहे थे।

उन्हीं दिनों धर्मवीर भारती की एक पुस्तक "चाँद और टूटे हुए लोग" उसके हाथ लगी जिसे वह साहित्यिक समझ रहा था। वह थी भी अभिजात्य और उच्च और संभ्रात वर्ग के लोगों की पसंद जिसे अंग्रेजी में एलीट कहा जाता है। उस वाचनालय में उससे भी बड़े एक और व्यक्ति से उसका परिचय हुआ जो एलीट तो नहीं थे, साहित्य से जुड़े अवश्य थे। बहुत बाद में उसे समझ में आया कि वे वामपंथी, सेकुलर (so cooler) और पत्रकार किस्म के एक बुद्धिजीवी थे जो किसी छोटे अखबार में काम करते थे। सरिता, मुक्ता और चंपक जैसी पत्रिकाओं में लिखा करते थे, जिससे उन्हें साहित्यकार भी समझा जाता था।  उनसे परिचय होने के बाद गजानन माधव मुक्तिबोध के साहित्य से उसका परिचय हुआ। उनकी रचना -

"चाँद का मुँह टेढ़ा है।"

पढ़ते ही उसे यह समझ में आ गया था कि "चाँद" शब्द से  मुक्तिबोध का आशय क्या हो सकता था / है।

बंबइया फिल्मों में ऊलजलूल कहानी, रहस्य, रोमांच, संगीत और उत्तेजनापूर्ण हिन्दी और उर्दू सामग्री को मिलाकर जैसे मसालेदार चटपटा और अटपटा सा कुछ परोसा जाता था, आचार्य रजनीश और इनके जैसे कुछ वामपंथी तथाकथित प्रगतिशील सेकुलर पत्रकार किस्म के लोग कभी धर्म, कभी गाँधी-नेहरू, तो कभी मार्क्स-लेनिन आदि के बहाने विविध चित्र विचित्र व्यंजन लोगों को परोसते रहते थे। इनमें सभी तरह के लोग थे - संभ्रात / एलीट से लेकर मिली जुली गंगा-जमुनी तहज़ीब तक के पैरोकार और विशुद्ध हिन्दुत्व, आर्यसमाज से लेकर कट्टर मतावलंबी तक भी।

इस पूरे मिक्स्ड वेज नॉन वेज सूप में वह कभी इधर, तो कभी उधर खिंचता हुआ, कॉलेज की पढ़ाई करता हुआ, नौकरी की संभावनाएँ टटोलता हुआ बेरोजगारी के दिन गिन रहा था।

कॉलेज में ही उसके बहुत से सहपाठी थे जिनमें से कुछ ठेठ ग्रामीण परिवेश से तो अन्य किसी दूसरी पृष्ठभूमि से आते थे। इतने अलग अलग किस्म के लोग उसके संपर्क में आए कि यह सोचकर अब उसे आश्चर्य होता है कि वह उनमें से किसी के भी रंग में रंगने से कैसे बच सका।

एक ओर जहाँ सिविल लाइंस में रहनेवाला ईसाई ज्वेल था, वहीं दूसरी ओर किला मैदान में रहनेवाला मजीद, तो उसका एक नास्तिक दोस्त भी उसे प्रभावित करने की कोशिश करते रहते थे। आर्य समाज और आर एस एस से जुड़े लोगों का अपना ही एक अलग वर्ग था।

ज्वेल कहा करता था कि भारत में अंग्रेजों ने इतना काम किया है लेकिन अब भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। गाँधी नेहरू की विरासत को हमें न सिर्फ सहेजना ही है, बल्कि उसे उसकी अंतिम परिणति तक भी पहुँचाना है। अंगरेजों ने बहुत से ऐसे काम किए। पहला यह कि पूरे भारत में हर स्थान पर सिविल लाइंस बनाई जिसमें सभी सिविलाइज्ड लोग रहते थे जो हर सन्डे को वहाँ बने चर्च में जाते थे। बाकी सभी अनसिविलाइज्ड थे, जो हिन्दू या मुसलमान, जैन, सिख, बौद्ध आदि अलग अलग तबकों में बँटे हुए थे, और आपस में लड़ते झगड़ते रहते थे। एक मजहब की किताब के अनुसार गॉड ने एक बार चाँद के दो टुकड़े कर दिए थे। और इसके बाद ही इंसानियत और इंसान भी दो में बँट गया। 

मजीद कट्टर इसलाम को मानता था और कहता था कि क़यामत के दिन तक धरती पर युद्ध तो चलते ही रहेंगे, कभी खत्म नहीं हो सकते हैं।

कुलदीप के दादा पाकिस्तान से भागकर आए हुए सिन्धी थे, जिसे जैसे तैसे अपना व्यापार व्यवसाय खड़ा करना था और उसे लगता था कि ये मजहब और धर्म फालतू लोगों की खुराफात के अलावा कुछ नहीं है। धरम और मजहब के नाम पर झगड़ा करना नासमझी है। वैसे वह अपने आपको सिख भी कहता था और हिन्दू भी। वहीं कॉन्वेन्ट में पढ़े सिविल लाइंस में रहनेवाले सिविलाइज्ड या अनसिविलाइज्ड कुछ और दोस्त थे जिन्हें कि आई ए एस या आई पी एस अफसर बनना था। और न हो सके तो डॉक्टर या इंजीनियर बनना था, मौका मिलते ही इस गँवार अनसिविलाइज्ड देश को छोड़कर यू के, यू एस ए या आस्ट्रेलिया में जाकर बसना है। वहीं की लड़की या लड़के से शादी करना है।

हर कोई बँटा हुआ था। बहुत से कट्टर राष्ट्रवादी ऐसे भी थे जिनका राष्ट्रवाद राजनीति से प्रेरित था तो दूसरे ऐसे भी कुछ थे जिनकी राजनीति राष्ट्रवाद से प्रेरित थी। यह राष्ट्रवाद फिर "क़ौम" के बहाने मजहबपरस्त रंग ले लेता था।

अब 72 वर्ष की उम्र में उसे समझ में आने लगा है कि क़ौम, कम्यून और कम्यूनिस्ट सभी शब्दों का संबंध मूल संस्कृत 'सं' उपसर्ग है जो अरबी में जामा और अंग्रेजी में  sum, con का रूप लेता है।

वह इस बारे में किसी से बहस करना तो दूर, बातचीत तक करने से बचता है, क्योंकि अपनी बाकी बची उम्र के कुछ इने गिने दिन शान्ति से जीना चाहता है। राजनीति की बिसात का मोहरा वह नहीं बनना चाहता।

***

 

July 13, 2025

Vimal Mitra

বিমল মিত্র

जब मैं कॉलेज में पढ़ता था तो विक्रम विश्वविद्यालय के जीवाजीराव पुस्तकालय से पढ़ने के लिए किताबें लाया करता था। यहाँ तक कि मेरे पिताजी भी शौक से उन्हें पढ़ा करते थे। ऐसी ही एक किताब थी विमल मित्र की पुस्तक "मन क्यों उदास है?"

आज अचानक मन व्याकुल हुआ तो मन में प्रश्न उठा :

मन क्यों व्याकुल है?

कुछ देर तक मोबाइल पर यूँ ही समय बिताता रहा। फिर अचानक याद आया कि आज सुबह से कुछ ऐसा होता रहा कि मन व्याकुल हो उठा। मेरे साथ तो नहीं, किन्तु कुछ दूसरों, अपरिचित लोगों के साथ, जिनकी खबरें मोबाइल पर देख और पढ़ रहा था। बाढ़, भूकम्प, हत्या, हिंसा की खबरें। धीरे धीरे मन बोझिल हो उठा। जब मन व्याकुल हो उठता है तो हम शायद ही कभी इस बात पर ध्यान देते हैं कि मन व्याकुल कब और क्यों हुआ! कभी कभी अवश्य ही कुछ कारण होते हैं और मन उदास हो जाता है, कभी तो क्षुब्ध, क्रुद्ध, उद्विग्न और कभी कभी तो बहुत विचलित भी। दफ्तर जाने की हड़बड़ी, समय पर दफ्तर न पहुँच पाने का डर, किसी का जरूरी फोन कॉल आ जाना और ऐसी ही अनेक स्थितियों का सामना करते हुए लगातार तनाव में होने पर क्या मन शान्त रह सकता है! फिर जब थोड़ा सा वक़्त मिलता है तब भी उन सब बातों की चिन्ता तो रह ही जाती है। मेरी स्थिति अवश्य ही बाकी लोगों से बहुत अलग है। जंगल हाउस में रहते हुए न तो किसी काम के जल्दी होने या करने का दबाव, न  प्रतीक्षा,  न दफ्तर जाने की चिंता, न किसी के आने जाने का सवाल। कभी कभी तो महीनों तक किसी के दर्शन नहीं होते। न कोई दोस्त न परिचित, बस अपने स्थान से पाँच मिनट की दूरी पर स्थित नर्मदा के पुराने पुल तक जाना और लौट आना। इस पुल पर ट्रैफिक भी कम रहता है, या कहें कि होता ही नहीं है। कभी कभी पुल पर दर्जन भर गाय बैल जरूर बैठे रहते हैं, जिनके बीच से रास्ता निकालना मुश्किल नहीं होता। 

आज जब उस पुल पर पहुँचा तो देखा कि नर्मदा बाढ़ पर आई हुई है। किनारे पर चार दिन पहले जहाँ शंकरजी पत्थर के जिस चबूतरे पर विराजित थे, वह चबूतरा और शंकर जी भी नर्मदा नदी के जल में डूब चुके थे। पानी उनके सिर से एक फुट ऊपर चला गया था। वहीं दूसरे किनारे पर ऊँचाई पर विराजमान दूसरे शंकर जी आँखें बंद किए ध्यानमग्न थे। दूसरी तरफ नए पुल पर वाहन आ जा रहे थे।

रविवार के दिन यहाँ अकसर कुछ अतिरिक्त दुकानें खुल जाती हैं जो शाम होते होते बंद हो जाया करती हैं। कुछ चाय नाश्ता की दुकानें एक दो सब्जी और फल आदि की और बाकी नारियल, चने चिरौंजी, कुंकुम और नर्मदा जी के फोटो की। फल की दुकान से केले लिए, सब्जी कोई नहीं मिली और वापस आ गया। बाहर निर्माण कार्य चल रहा है। अब जब यह लिख रहा हूँ तो धूप खुलकर चमक रही है।

सुबह चार केले और दो लड्डू खाए थे। घंटे भर बाद चाय पी थी और फिर बाहर घूमता रहा।

लेकिन मन अब भी व्याकुल है।

अब याद आया, एक मित्र से फोन पर बात हो रही थी। दो दिन पहले ही वह मिलने आया था। उससे बातें करते हुए ही मन उचट गया था। फिर भी करीब 40 मिनट तक हम बातें करते रहे। एक बुद्धिजीवी मित्र। कुछ किताबें वे लिख रहे हैं। अध्यात्म में भी दखल है। बातचीत तो होती रही पर बात नहीं हुई।

सब कुछ भूलकर, यू-ट्यूब देखकर मन लगाने का प्रयास किया और उसमें भी कुछ ऐसा नहीं मिला जिसका कोई मतलब रहा है। फिर उसे बंद कर दिया। भोजन बनाना था, नहाना तो बारिश में हो चुका था। बस यूँ ही कट रही है आजकल जिन्दगी।

उदासी और व्याकुलता के बीच कभी कभी नींद तो कभी नर्मदा के दर्शन करते हुए मन एकाएक अत्यन्त शान्त तो कभी बहुत प्रसन्न, स्तब्ध हो जाता है। पल भर में सारी व्याकुलता हवा हो जाती है।

और यह प्रश्न भी!

***

March 12, 2023

स्मृतियाँ

आवश्यक सूचना --

"उपन्यास उन दिनों" और "उन दिनों" के सभी पात्र काल्पनिक हैं, और यदि किसी पात्र से किसी का नाम मिलता जुलता प्रतीत हो, तो इसे केवल संयोग ही माना जाए।

***

यात्रा और पदयात्रा

फुटपाथ और पुल पर, 

----------©-----------

गुजरात का एक शहर है सूरत। नौ वर्षों तक क्लर्की करते रहने के बाद जब मेरा प्रमोशन / प्रमोचन हुआ और मैं "अधिकारी" बन गया, उस समय मेरे पास 'एटलस' की एक हल्की-फुल्की बाइसिकल थी, जिसे मैंने उज्जैन में एटलस-चौराहे पर स्थित 'एटलस' की रहीम-भाई भूरा-भाई की दुकान से वर्ष 1985 में खरीदा था। "उन दिनों" मेरी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी इसलिए अपनी मोपेड को भी बेच दिया था। इसी समय में मैंने उज्जैन छोड़ने का निर्णय किया और उज्जैन से स्थानान्तरण के लिए अपने दफ्तर में अर्जी दे दी। मुझसे पूछा गया कि राजकोट या थाँदला (म. प्र. में स्थित आदिवासी-बहुल अविकसित क्षेत्र) इनमें से किस जगह जाना चाहूँगा। तो तुरन्त ही मैंने राजकोट को चुन लिया। स्थानान्तरण मैंने स्वेच्छा से चाहा था, इसलिए न तो जॉइनिंग-पीरियड और न यात्रा भत्ता आदि की पात्रता मुझे थी। मेरी आकस्मिक छुट्टियों (casual leave) का बैलेंस भी शून्य था, इसलिए मुझे उसी दिन 14 दिसंबर को शाम के समय राजकोट के लिए रवाना होना पड़ा। उज्जैन से इन्दौर, और वहाँ से विजयन्त ट्रैवल्स की बस से राजकोट दूसरे दिन रात के समय पहुँचा। स्टेशन पर जे. के. गेस्ट हाउस में रात बिताई और दूसरे दिन जॉइन किया। फिर किसी समय 1986 में उज्जैन में रखी उस साइकल को राजकोट ले आया। 1986 में ही संभवतः 19 फरवरी 1986 के दिन सुबह जब चाय पीने के लिए पास में ही स्थित 'रेकड़ी' पर पहुँचा और जब स्थानीय दैनिक "ફૂલછાબ" में : "જે. કૃષ્ણમૂર્તિ નો બુઝાયેલો જીવનદીપ" पढ़ा, तो स्तब्ध रह गया। यह भी एक संयोग ही था कि जब सुबह सुबह 7 बजे घर से निकल रहा था, मेरे हाथ से रिस्टवॉच जमीन पर गिर गई थी, और बंद हो गई थी। थोड़ा सा हिला-डुला कर देखा भी, फिर भी चालू नहीं हुई। इससे भी मन खिन्न था। दो - तीन दिनों तक मन की स्थिति बहुत विचित्र थी। दफ्तर में बॉस ने भी जब अनुभव किया, मुझसे पूछा कि क्या बात है? मैंने कहा - हाँ सर! कुछ गड़बड़ है। बात वहीं खत्म हो गई। राजकोट में बड़ी मुश्किल से कालावड-रोड पर "ए जी सोसाइटी नी पाछळ" में रहने के लिए अच्छा सा एक मकान किराए पर मिला। दो साल वहाँ अत्यन्त सुख से बीते। उसी साइकल पर दफ्तर आता - जाता, छुट्टी के दिन या वैसे भी प्रायः रोज ही रामकृष्ण आश्रम में "ध्यान" करने के लिए भी जाता रहता था।

सूरत में मेरा घर तापी नदी के पार राँदेर रोड पर  स्थित "शिल्पी सोसाइटी" में था, मैं अकसर उसी साइकिल पर चौक बाज़ार के अपने दफ्तर जाया करता था। पुल पर जब छोटे-बड़े वाहनों की भीड़ होती, तो मैं अपनी साइकल फुटपाथ पर चढ़ाकर आराम से सबको टेक-ओव्हर कर आगे निकल जाता था।

***

October 28, 2021

पूर्णमिदम्

रिश्ते ही रिश्ते

----------©---------

अभी दस मिनट पहले सोकर उठा, तो मुझे याद आया कि इस ब्लॉग की शुरुआत 'उन दिनों' शीर्षक से लिखी पोस्ट्स से हुई थी। बहुत दिनों तक यह पता नहीं चल रहा था, कि इसका अंत कैसे होगा। 

कल किसी से बातें करते हुए बॉलीवुड के रिश्तों पर बातें होने लगी। याद आया बॉलीवुड से अपरिचित उस व्यक्ति का कथन :

"Conflict in any relationship degenerates, deteriorates and destroyes the relation."

क्या सचमुच किसी से किसी का कोई रिश्ता होता भी है? 

या, हर किसी का, किसी समय पर किसी जरूरत, भावना, भय, लोभ, आकर्षण या विकर्षण, उत्सुकता, विचार या परिस्थिति से ही कोई तात्कालिक रिश्ता होता और हो सकता है।

इस भावना को किसी आदर्श, सिद्धान्त, महान ध्येय, कर्तव्य, नैतिकता, पाप या पुण्य, यहाँ तक कि धर्म या अधर्म आदि के नाम से जोड़कर कोई काल्पनिक स्थायित्व भी दिया जा सकता है और उसे किसी ऐसे ही महान ईश्वर आदि से भी प्रायः जोड़ा जाता है। क्या किसी रिश्ते का अपना स्वतंत्र अस्तित्व होता भी है? क्या किसी रिश्ते की कोई स्वतंत्र सत्ता होती है? 

किन्तु इस या किसी भी रिश्ते की डोर का एक सिरा तो 'मैं' और दूसरा कोई या कुछ और होता है। 

यद्यपि दोनों ही सिरे और यह डोर भी क्षणिक ही होती है, स्मृति का सातत्य उसे किसी हमेशा (!) या कुछ समय तक के लिए रहने वाली वस्तु मान लेता है। 

इस प्रकार जीवन में सभी की और हर किसी की कोई न कोई भूमिका तो होती है किन्तु किसी का किसी से सचमुच क्या कोई संबंध या रिश्ता होता या हो भी सकता है?

पिछले पोस्ट्स स्क्रोल करते हुए 'उन दिनों' को जब टटोल रहा था, तो एक कविता पर नजर पड़ी।  शीर्षक है :

हिरण्यगर्भ / cosmic mind. 

और अचानक महसूस हुआ कि 'उन दिनों' के क्रम पर अब पूर्ण विराम लगाया जा सकता है।

***


October 26, 2019

आहटें

चाहतें और राहतें 
--
जैसा कि पहले लिख चुका हूँ मेरा प्रायः पूरा ब्लॉग-लेखन केवल एक स्थान पर संजो रखने record के लिए सुविधा की दृष्टि से होता है। जब लगता है कि लिखने लायक कुछ नया है, तो ही लिखने का मन होता है। इसलिए लिखना एक चाहत (इच्छा) होती है, और वह चाहत कभी जितनी तेज होती है उससे कहीं अधिक तेजी से मन / ख़याल दौड़ता है, यहाँ तक कि मन में आई कोई बहुत महत्वपूर्ण बात लिखने से पहले ही खो जाती है।
और चूँकि लिखने की पहली वजह यही होता है इसलिए इस लिखे को कौन पढ़ता है, कोई पढ़ता भी है या नहीं, यह सवाल तो मन में कभी आता ही नहीं। दस साल पहले जब 'उन दिनों' लिखना शुरू किया था तब भी यही मानसिकता थी और आज भी यही है।
अख़बार या किसी पत्रिका में प्रकाशित होने के बारे में तो सोचता तक नहीं था क्योंकि हमेशा ऐसा लगता रहा कि जिन बातों को और जिन विषयों पर, मैं लिख रहा हूँ उनमें शायद ही किसी की कोई रुचि हो सकती है। हाँ, कभी-कभी जब लगता था कि ऐसा कुछ अनायास लिख सका हूँ, तो ज़रूर लगता था कि शायद कोई इसे पढ़ना पसंद कर सकेगा।
इस तरह लिखना चाहत से अधिक एक राहत भर रहा।
लिखने का सुख बस एक राहत भर रहा, जिसे हम मज़बूरी में स्वीकार कर लेते हैं।
किसी से 'जुड़ना' तो कभी सोचा ही नहीं था।
जुड़ना क्या सचमुच होता है?
हम या तो किसी ज़रूरत के लिए किसी से जुड़ते हैं या किसी माध्यम से जुड़े होने से उस माध्यम के बहाने किसी से जुड़ते हैं।  या तो हमें जो मिला होता है उसमें जो हमें सर्वाधिक आकर्षित करता है उससे जुड़ने लगते हैं, या जिसकी हमें ज़रूरत महसूस होती है उससे। 
लेखक और पाठक का संबंध कुछ ऐसा होता है जहाँ ऐसी कोई शर्तें शायद नहीं होतीं।  और जैसे और जहाँ भी इस तरह की शर्तें होती हैं वहाँ केवल तात्कालिक जुड़ाव होता है। हमारे तमाम सामाजिक, यहाँ तक कि पारिवारिक जुड़ाव भी इसी आधार से तय होते हैं। यह दोतरफा होता है।
यह जुड़ाव न सिर्फ व्यावहारिक बल्कि अपेक्षाकृत अधिक गहरे और मानसिक धरातल तक भी होने लगता है, क्योंकि इससे हमें सुरक्षा अनुभव होने लगती है। जैसे अपने पालतू कुत्ते या बिल्ली से हमारा जुड़ाव हो जाता है। परिवार और समाज भी ऐसा ही एक तरीका है जिसमें हमें न सिर्फ वर्तमान की, बल्कि काल्पनिक भविष्य की भी सुरक्षा महसूस होने लगती है। यहाँ तक कि हम भविष्य के इतने अधिक और परस्पर असामंजस्यपूर्ण  मानसिक चित्रों का कोलॉज बना लेते हैं कि उनकी विसंगतियों पर हमारा ध्यान तक नहीं जा पाता ।
किसी व्यक्ति, समूह, समुदाय, वर्ग, जाति, राष्ट्र, भाषा, आदर्श, राजनीति, साहित्य, संगीत, मज़हब, किताब, धर्म, विचार, सिद्धांत, शौक या रुचि से जुड़ाव में सुरक्षा मिलती हो या न मिलती हो, मिलती हुई दिखाई देने पर हम उन तमाम खतरों को नज़र-अंदाज़ कर देते हैं, जो उस प्रतीत होनेवाली तथाकथित सुरक्षा में हमारी आँखों से छिपे होते हैं।
सुरक्षा और सुरक्षा की चाह जीवन की बुनियादी ज़रूरतें हैं लेकिन चाह और चाहतें हमें सच्चाई को देख पाने में बाधक होती हैं। और तात्कालिक राहतें भी अक्सर एक छल हो सकती हैं, जिनसे हम अपने आपको धोखा देते रहते हैं।  जो वास्तव में ज़रूरी और किया जाना चाहिए उससे भागने के लिए हम इन चाह, चाहतों और राहतों का सहारा लेने लगते हैं।
--