Showing posts with label 04-03-2021. Show all posts
Showing posts with label 04-03-2021. Show all posts

April 04, 2021

एक कविता यह भी!

Dedicated to myself! 

"सेल्फी"

------------------©--------------

कितना लिखते हो तुम हर दिन, 

इतना क्यों लिखते हो! 

कितना पढ़ते हो तुम हर दिन, 

इतना क्यों पढ़ते हो! 

देखो दुनिया है कितनी सुन्दर, 

कितनी अद्भुत् है दुनिया!

अपनी आँखें कर लो ताजा,

एक नजर तो देखो दुनिया! 

पढ़ना-लिखना छोड़ो भी तुम, 

इतना क्यों पढ़ते-लिखते हो! 

क्या तुमको आराम नहीं है, 

या फिर कोई काम नहीं है, 

लिखने पढ़ने से क्या होगा, 

क्यों फुरसत का नाम नहीं है? 

यह दुनिया है रंगबिरंगी इतनी, 

थोड़ा तो आँख उठाकर देखो, 

या लिखते-पढ़ते, मर-खप कर, 

दुनिया से रुख़सत हो जाओ!

अपना आज भी खुद ही लिख लो,

अपना कल भी खुद ही पढ़ लो,

तो लिखना पढ़ना काम आ जाए! 

कितना लिखते हो तुम हर दिन, 

कितना पढ़ते हो तुम हर दिन! 

क्या उम्मीद है पुरस्कार की, 

या उम्मीद है नोबेल की,

दुनिया के तौर तरीके देखो,

क्यों है उम्मीद तुम्हें कल की! 

क्यों तुम इतनी मेहनत करते हो,

फिर भी क्यों गफ़लत करते हो, 

कितना लिखते हो तुम हर दिन, 

इतना क्यों लिखते हो, 

कितना पढ़ते हो तुम हर दिन, 

इतना क्यों पढ़ते हो!! 

--


 



एक दिन वीरान

कविता / 04-03-2021

-------------©--------------

एक सूना आसमान है जो हर तरफ़ फैला हुआ, 

एक निर्जन भूमि, जो क्षितिज तक है अन्तहीन,

और मैं चलता रहा बिलकुल अकेला आज तक,

हाँ, अकेला ही तो आया था, यहाँ सब की तरह,

सब की तरह ही अजनबी तो रहा मैं आज तक, 

पर हुआ था, मैं भी उसी, गलतफहमी का शिकार,

जिसका होता है यहाँ हर शख्स ही तो बार बार, 

और लगता है उसे यह जगह है कितनी गुलजार,

कितने सारे रिश्ते-नाते, कितने सारे इश्क़ प्यार!

एक दिन लेकिन अचानक होता है जाहिर ये राज,

यह जहाँ इक ख्वाब है, परछाइयों का जैसे सैलाब, 

जिसको छू दोगे, यहाँ वह, शख्स खो जाता है यूँ,

चाँद तारे हुआ करते हैं सुबह होते ही ज्यूँ,

और फिर होता है अपने पास, सूना आसमान,

और पैरों के तले भूमि निर्जन क्षितिज तक! 

--