Showing posts with label वहम और यक़ीन. Show all posts
Showing posts with label वहम और यक़ीन. Show all posts

October 18, 2021

तीसरा और चौथा वहम

(पिछले पोस्ट से आगे) 

--

आत्म-सम्मोहन 

उसे प्रत्यक्ष ही पता था कि वह है ।

फिर उसे यह वहम हुआ कि वह 'कोई' है और अपने इस 'कोई' होने की मान्यता उसमें गहरे पैठ गई। अपने आपके, फिर औरों की तरह, फिर भी उनसे कुछ अलग भी होने की दोहरी मान्यता ने उसे ग्रस लिया । उसे पता ही नहीं चला कि इस मान्यता ने उसे किन क्षणों में मोहित कर लिया। 

इसी तरह उसे यह वहम हुआ कि वह अपने आपको जानता भी है। फिर उसे यह भरोसा हुआ कि वह सुखी-दुःखी, चिन्तित होता है। उसे नींद आती है, या नहीं आती, या कि बहुत नींद आती है, या कि ठीक से सो भी नहीं पाता। उसे यह या वह कार्य करना है, या नहीं करना है, वह करना चाहता है, या नहीं करना चाहता, या कि करने के लिए बाध्य, सक्षम या अक्षम है। 

इस प्रकार से उसमें ज्ञान का भ्रम पैदा हुआ, और बहुत सी बातें  जानने का भ्रम भी। इस प्रकार, जानने का यह क्रमशः भ्रम दृढ होता चला गया, लेकिन इस तथ्य पर उसका ध्यान नहीं जा पाया कि मूलतः उसे ज्ञान नहीं, ज्ञान का भ्रम है। पर फिर जब उसका ध्यान इस पर गया तो उसे लगा कि दूसरों की ही तरह वह स्वयं भी तो अज्ञानी ही है! तब फिर ज्ञान अर्जित करने के लिए वह जी-जान से प्रयास करना प्रारम्भ हुआ। किन्तु जब उसे लगा कि ज्ञान तो अनन्त है, और इसे प्राप्त करने के लिए उसे पता नहीं कितना समय लगेगा, और कितने जन्म लेने पडे़ंगे, तो हताशा ने उसे जकड़ लिया। 

किन्तु जैसा कि कहते हैं :

"Every dark cloud had a silver ring around it... "

उसे यह भी समझ में आया और इस भ्रम पर उसका ध्यान गया कि ज्ञान, और ज्ञान का भ्रम दोनों ही अज्ञान के ही दो प्रकार हैं, तो उसमें ऐसा उल्लास उठा, जिसने इस तथाकथित ज्ञान और अज्ञान का, तथा उस भ्रम का भी ध्वंस कर दिया। यह ध्वंस का उल्लास था।

तब उस ध्यान में उसे अनायास ही यह भी स्पष्ट हुआ कि उसकी तमाम परिचय, मान्यताएँ, विश्वास और सन्देह, जन्म और मृत्यु, ईश्वर, मोक्ष, आयु, संबंध भी केवल कोरी कल्पनाएँ ही हैं, और यह कल्पनाएँ भी जिसमें उठती और मिटती रहती हैं, वैसा कुछ, या वह, 'कोई' नहीं है।

अर्थात् उसका ऐसा कोई और कुछ, कहीं नहीं है, जिससे उसका कोई संबंध हो, या हो सकता है। हाँ, पर अनेक वस्तुओं, चीजो़ं, लोगों और घटनाओं से उसका सामना अवश्य, और सतत होता रहता है, किन्तु वह स्मृति जिसमें उनका बनना-मिटना होता है, वह स्मृति तक भी, उसकी अपनी कहाँ है?

तब उसने अपनी उस आत्मा को पुनः एक बार जान लिया, जो  कि इस आत्म-सम्मोहन से मोहित और दुविधाग्रस्त हुई थी।

***

December 23, 2018

वहम और यक़ीन

धरती गोल है चपटी ?
--
उसे भरोसा नहीं था कि मैं उसे सही साबित कर सकूँगा ।
फिर भी वह अपने इस आग्रह पर डटा था कि विज्ञान या N.A.S.A. भले ही लाख सिद्ध करें, धरती / दुनिया चपटी है न कि गोल (क्योंकि उसका धर्मग्रंथ गलत नहीं हो सकता था)!
पहले तो मैंने उसे भारतीय ज्योतिष-विज्ञानी (Astronomer) भास्कराचार्य का लिखा एक श्लोक प्रमाणस्वरूप दिखलाया जिसका भावार्थ था :
"जैसे किसी बहुत बड़े गोले (वृत्त) की परिधि का सौंवां हिस्सा सीधा जान पड़ता है, उसी तरह धरती भी क्षितिज तक सीधी दिखलाई पड़ती है किंतु दूर क्षितिज पर दिखलाई पड़नेवाला पेड़ पास जाने पर अधिक ऊँचा जान पड़ता है क्योंकि उसके पास जाने पर वहाँ धरती की ऊँचाई कुछ कम हो जाती है, मतलब धरती सीधी न रहकर कुछ झुक जाती है।  इसी तरह समुद्र पर दूर दिखलाई पड़ता जहाज शुरू में काम ऊँचाई का दिखाई देता है लेकिन पास आते-आते अधिक ऊँचा दिखने लगता है क्योंकि समुद्र की सतह भले ही समतल दिखाई देती हो, धरती की सतह के साथ साथ बड़े वृत्त के हिस्से की तरह वक्र होती है।"
"मैं नहीं मान सकता।"
"अच्छा, अगर मैं मेरी किताब से यह साबित करूँ कि धरती चपटी भी है और गोल भी तो?"
वह हैरत से मुझे देखने लगा।
"देखो, वाल्मीकि रामायण में 'विवस्वान्-पथ' का वर्णन है।  जिसके अनुसार ऋषि विश्वामित्र त्रिशंकु को सदेह (बिना मृत्यु हुए) स्वर्ग भेजने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन देवता उसे स्वर्ग में सदेह आने देना नहीं चाहते थे।  तब देवताओं और ऋषि विश्वामित्र के बीच यह समझौता हुआ कि त्रिशंकु को 'विवस्वान्-पथ' से बाहर अंतरिक्ष में स्थायी जगह दिला दी जाए जिससे वह आकाश के किसी तारे की तरह अपने इर्द-गिर्द के बहुत से तारों के बीच तय स्थान पर दिखाई देता रहे, न कि चन्द्रमा, सूर्य या मंगल, बुध, गुरु, शुक्र और शनि जैसा भिन्न भिन्न राशियों में घूमते रहनेवाला।"
मेरी बात उसे समझ में तो नहीं आई और वह और भी ज़्यादा हैरत से मुझे देखने लगा।
अपने swaadhyaaya blog ... में लिखी पोस्ट्स में मैंने 'विवस्वान्-पथ' नामक पोस्ट में लिखा था कि वाल्मीकि-रामायण में किए गए उल्लेख सत्य के तीन तलों (dimensions) को एक साथ सन्दर्भ देकर लिखे गए हैं।  यदि सत्य का वर्णन केवल आध्यात्मिक या केवल आधिदैविक या केवल आधिभौतिक सन्दर्भ में, या इनमें से किन्हीं दो ही तलों को ध्यान में रखकर किंतु तीसरे की अवहेलना करते हुए किया जाए तो वह भ्रमकारक होता है। इसी ब्लॉग में मैंने यह उल्लेख भी किया है कि सूर्य और सौरमंडल के सभी ग्रह जो सूर्य के इर्द-गिर्द परिभ्रमण करते हैं एक ही तल में भिन्न-भिन्न समानांतर वृत्ताकार / अंडाकार कक्षाओं में निरंतर गतिशील हैं।  यह वैसा ही है जैसे एक ही डोरी में भिन्न-भिन्न दूरियों में कुछ पत्थर बाँध कर डोरी को तेजी से गोल घुमाया जाए।  तब परस्पर बंधे होने से सभी पत्थर एक ही तल (plane) में स्थित होकर भिन्न-भिन्न वृत्तों में घूमेंगे।
ठीक इसी भाँति सौरमंडल के ग्रह भी  गुरुत्वाकर्षण-बल की डोरी में बँधे सूर्य के चारों ओर चक्कर लगाकर एक ही तल (plane) में स्थित रहते हैं। इसी तल को विवस्वान्-पथ कहा गया है और ऋषि विश्वामित्र ने त्रिशंकु को इसी तल (plane) पर स्थापित करने का प्रयास किया था जो देवताओं (सूर्य आदित्य होने से उस आधिदैविक देवलोक का अधिष्ठाता है जिसमें सभी ग्रह जो सूर्य की परिक्रमा करते हैं, आधिदैविक देवता हैं और यद्यपि पृथ्वी स्वयं भी इसी तल से साढ़े 23 अंश पर झुकी सूर्य की परिक्रमा करती है, अन्य ग्रह इस तल से कितने अंश झुके हैं या नहीं यह हमें नहीं पता)।
त्रिशंकु निश्चित ही कृत्रिम उपग्रह (satellite) रहा होगा जिसके तीन शंकु (cones) रहे होंगे जैसा कि इस युग के बहुत से मनुष्य-निर्मित कृत्रिम उपग्रह (satellite) हुआ करते हैं। किंतु देवताओं और इंद्र तथा विश्वामित्र के मध्य अंततः यह स्वीकार किया गया कि उस त्रिशंकु नामक कृत्रिम उपग्रह (satellite) को इस 'विवस्वान्-पथ'से बाहर अंतरिक्ष में स्थान दिया जाए।  तब से खगोलविदों (astronomers) को वह 'तारा' आकाश में स्थिर तारे की तरह किसी राशि-विशेष के तारे जैसा दिखाई देता है। 
इस  यदि दुनिया / सौरमंडल को इस 'विवस्वान्-पथ' के रूप में देखें तो दुनिया अवश्य ही चपटी है।
इस प्रकार दुनिया एक दृष्टि से यद्यपि समतल अर्थात् चपटी कही जा सकती है, वहीँ जब इसे पृथ्वी तक सीमित समझा जा सकता है तो वह एक गोल पिंड है जो अन्य ग्रहों की तरह ही सूर्य का एक उपग्रह है।
ज्योतिष-शास्त्र (Astrology) की दृष्टि से देखें तो ये सभी ग्रह 'देवता' अर्थात् आधिदैविक / अधिमानसिक (supra-mental) अस्तित्व रखते हैं किंतु खगोल-शास्त्र की दृष्टि से इनका अस्तित्व आधिभौतिक अर्थात स्थूल इन्द्रिय-बुद्धिगम्य तथाकथित 'वैज्ञानिक' आधार पर भी है।
यदि वाल्मीकि-रामायण का अध्ययन इस दृष्टिकोण से करें तो यह समझा जा सकता है कि :
दुनिया 'गोल' है या चपटी !
--