Showing posts with label निजता. Show all posts
Showing posts with label निजता. Show all posts

May 31, 2023

प्रश्न Question 22

C A T C H - 22

P O E T R Y 

प्रश्न : 

पाप-पंक में धँसे हुए हम,

कैसे हम छोड़ें पाप-कर्म,

कैसे क्यों कब हम पतित हुए, 

कोई तो बतलाए मर्म! 

कोई तो बतलाए हमको, 

कौन हमारा तारणहार,

हो हम पर किसकी दयादृष्टि,

हो जिससे अपना उद्धार?

उत्तर :

तुम ही तो हो प्रथम सत्य,

और कहाँ है कोई अन्य,

जो तुम पर यह कृपा करे,

कृपा स्वयं पर तुम्हीं करो, 

और तुम्हीं हो जाओ धन्य! 

निजता ही है, नित्य सत्य

निजता से होकर अनन्य! 

तुम्हीं स्वयं से हो अनन्य,

स्वयं तुम्हीं हो जाओ धन्य!

पराधीन सपनेहुँ सुख नाहीं,

पर उपदेश कुशल बहुतेरे,

कैसे जानोगे कौन भला है,

कौन भ्रमित है तुमसे अन्य!

यह तो तुम्हें पता ही है ना, 

तुम ही तो हो जग में सत्य,

जग सारा है कितना अस्थिर,

कितना मिथ्या कितना असत्य!

तुम ही तो हो जग का केन्द्र,

परिक्रमा जिसकी जग करता, 

जग तुममें, तुमसे ही तो है,

अन्य कहाँ है कोई कर्ता!!

आत्मयोग के तीन चरण हैं, 

धारणा, ध्यान, और, समाधि,

संयम के भी यही तीन हैं,

निरोध एकाग्रता और समाधि, 

त्रयमेकत्रं संयमः, परिभाषा,

कहते हैं पतञ्जलि ऋषि, 

यही तीन आधारस्तम्भ,

कहते हैं, पतञ्जलि महर्षि।

निज आत्मानुसंधान यही जो है 

वैसे तो है यही प्रत्यक्ष उपाय, 

विवेक वैराग्य हो जाने पर,

नहीं चाहिए अन्य उपाय!

किन्तु विवेक वैराग्य भी कहाँ,

इतना सरल, इतना सुलभ,

जब तक है, चित्त मलिन अशुद्ध,

तब तक अत्यन्त ही है दुर्लभ। 

चित्तस्य शुद्धये कर्म, न तु वस्तूपलब्धये, 

कर्मण्येवाधिकारस्ते, मा फलेषु कदाचन।।

तपःस्वाध्यायेश्वर-प्रणिधानानि क्रियायोगः,

पतञ्जलि ऋषि, गीतानिर्दिष्ट कर्म-योग।

निष्काम कर्म ही है पराकाष्ठा,

निजता का है यही अधिष्ठान,

जिसे प्राप्त करने का यह क्रम

कहलाता है आत्म-अनुसंधान।

यही परम ज्ञान-निष्ठा है सांख्य, 

यही परम योग है कर्म-योग,

दोनों का फल यद्यपि एक,

जैसी निष्ठा वैसा संयोग।

यह निष्ठा ही है भावना,

जिसकी भी हो जैसी भी,

यादृशी भावना यस्य

सिद्धिर्भवति तादृशी।।

***











January 13, 2023

धर्म का ज्ञान

... और ज्ञान का धर्म ! मार्ग नहीं, -उपाय!
-----------------------©----------------------
धर्म क्या है? इस प्रश्न का सरल उत्तर यह हो सकता है कि जिस किसी भी स्वाभाविक प्रवृत्ति से प्रेरित होकर कोई भी कर्म किया जाता है वह स्वाभाविक प्रवृत्ति ही मूलतः हर किसी का धर्म है।
परिस्थितियों के बदलने से वह प्रवृत्ति नहीं बदलती यद्यपि समय समय पर परिस्थितियों के अनुसार किया जानेवाला कोई कर्म या कार्य अवश्य ही बदलते रहते हैं।
इसलिए शरीर का, इन्द्रियों का, प्राणों का, भावनाओं का, एवं स्मृति तथा बुद्धि का कार्य यद्यपि सतत बदलता रहता है, किन्तु उनका धर्म या स्वाभाविक प्रवृत्ति नहीं बदलती और न बदल ही सकती है। इसी प्रकार से विचार अर्थात् मन के द्वारा होनेवाला चिन्तन जो शब्दों और शब्द-समूह का कोई विशिष्ट क्रम होता है, जिस विशिष्ट प्रवृत्ति से प्रेरित होता है, उसे धर्म कहा जा सकता है। यह विशेष प्रवृत्ति लोभ, भय, शोक, हर्ष के रूप में मानसिक स्तर पर मन में सदैव अप्रकट रूप में रहती है और समय समय पर भिन्न भिन्न रूपों में व्यक्त होती रहती है। विचार जिन शब्दों का समूह होता है, वे सभी शब्द किसी न किसी भाषा में प्रयुक्त किए जाते हैं जिसे किसी समूह या समुदाय द्वारा मान्यता दी गई होती है। सभी भाषाओं का विकास भिन्न भिन्न समुदायों में भिन्न भिन्न प्रकार से हुआ और लोभ, भय, शोक और हर्ष आदि जिन विशेष प्रवृत्तियों का उल्लेख ऊपर किया गया उन प्रवृत्तियों ने भाषा को और भाषा ने उन प्रवृत्तियों को प्रभावित किया। सभी समुदायों में अधिक शक्तिशाली और कम शक्तिशाली इस प्रकार के दो वर्ग बन गए। समूह के अस्तित्व को बनाए रखने के लिए उनके बीच व्यवस्था स्थापित हुई। इस प्रकार अनेक और भिन्न भिन्न समुदायों में भिन्न भिन्न सामाजिक व्यवस्थाएँ अपनाई गईं। किन्तु सभी समुदायों में व्यक्तिगत और सामूहिक लोभ, भय, हर्ष और शोक की प्रवृत्तियों ने ही समूह के व्यवहार को प्रेरित किया। भाषा और परंपरा ने ज्ञान का रूप लिया जो कि सूचना (information) का ही एक प्रकार था। मूलतः लोभ, भय, हर्ष और शोक ही वे प्रेरणाएँ थीं जिसे कि शायद धर्म भी कहा जा सकता है। सामाजिक नैतिकता (social ethics) और आचरण (morality) आदि परंपरा से ही तय किए गए। धर्म ने एक रूप वह लिया जिसमें लोभ या भय से प्रेरित होकर एक या अनेक देवताओं की कल्पना की गई और विचार के माध्यम से भिन्न भिन्न संप्रदायों (cults) की स्थापना की गई। इन भिन्न भिन्न संप्रदायों में वर्चस्व स्थापित करने के लिए युद्ध होने लगे। इस प्रकार धर्म ने सामूहिक राजनीतिक शक्ति का रूप ले लिया। यह धर्म सूचना-आधारित (information-based) व्यवस्था (system) था। कर्म ही इन समस्त धर्मों का आधार-बिन्दु था। 
कर्म के माध्यम से इस प्रत्यक्ष लोक में, और जिसका अनुमान किया गया, उस स्वर्ग या मृत्यु के बाद के लोक में कुछ पाया जा सकता है जो अनंत काल तक बना रहेगा, सभी धर्म इसी विचार पर आश्रित थे / हैं। किन्तु कुछ इस विचार से असहमत थे। ऐसे ही कुछ लोगों (ऋषियों) का ध्यान इस प्रश्न पर केन्द्रित हुआ कि अस्तित्व में "वह क्या है जो नित्य है?" वे इस निष्कर्ष पर पहुँचे कि ऐसी एकमात्र वस्तु जो असंदिग्ध और अकाट्य रूप से नित्य है, वह है निजता (individuality) / consciousness / चेतना ।
इन्हीं दो परंपराओं को क्रमशः कर्म-निष्ठा और ज्ञान-निष्ठा कहा गया। निजता का अर्थ हुआ अपना आध्यात्मिक अस्तित्व और निजता के रूप में उसकी पहचान। 
दूसरे शब्दों में : जिसकी आस्था / विश्वास कर्म या कर्म-निष्ठा में है वह "मैं क्या करूँ?" के सन्दर्भ से जीवन को देखना-समझना चाहेगा, और जिसकी उत्कंठा "नित्यता और निजता स्वरूपतः क्या है?" वह इस प्रश्न का समाधान कर इस सत्य को जानने का यत्न करेगा।
चूँकि निरपेक्ष सत्य को जानने का कोई मार्ग है ही नहीं, इसलिए निष्काम कर्म-योग (जिसमें किसी ईश्वर को माना या न भी माना जाता हो), भी उस सत्य तक पहुँचने का संभवतः एक उपाय हो सकता है। 

***



September 14, 2022

परिवर्तन और स्थायित्व

सापेक्ष और निरपेक्ष 

-----------©------------

परिवर्तन और स्थायित्व की पृष्ठभूमि में किसी ऐसे आधार को मानना ही होता है जो अपरिवर्तनशील है। यह पृष्ठभूमि अवश्य ही अप्रकट और अव्यक्त होते हुए भी प्रकट और व्यक्त रूप में सतत परिवर्तनशील आभास की तरह भी विद्यमान है, इस बारे में कोई प्रश्न ही नहीं उठाया जा सकता है। यद्यपि चेतना और संसार सतत ही परिवर्तित हो रहे हैं, और इसीलिए संसार को अनित्य सत्य, तथा संसार की तुलना में चेतना को नित्य सत्य कहना त्रुटिपूर्ण नहीं होगा। संसार (जिसमें एक व्यक्ति विशेष की तरह हमारा शरीर, मन, बुद्धि, इच्छाएँ, भावनाएँ इत्यादि भी हैं) सतत परिवर्तित हो रहा है और उस परिवर्तन का अनुमान समय की मान्यता से किया जाता है। प्रश्न उठता है कि क्या समय की यह मान्यता भी अनुमान मात्र नहीं है? परिवर्तन समय पर निर्भर होता है, या समय परिवर्तन पर? फिर ऐसा भी कहा जाता है कि समय परिवर्तित हो रहा है, या हो गया है! परिवर्तन और समय दोनों ही क्या परस्पर आश्रित कल्पनाएँ ही नहीं हैं? क्या बुद्धि के सक्रिय होने के बाद ही विचार सक्रिय नहीं होता? इस प्रकार से समय और परिवर्तन दोनों को एक ही साथ एक दूसरे से भिन्न और एक दूसरे पर आश्रित भी मान लिया जाना क्या तर्कसम्मत है? किन्तु इस मौलिक प्रश्न पर शायद ही किसी का ध्यान कभी जा पाता है। फिर स्थायित्व और नित्यता क्या है? क्या समय और परिवर्तन, जो कि एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, की पृष्ठभूमि में विद्यमान उनका संवेदन जिसे होता है, वह चेतना उनकी तुलना में स्थायी सत्य नहीं है? क्या यह चेतना ही नित्यता और निजता भी नहीं है? क्या इस चेतना को जाननेवाला दूसरा, इससे कोई अन्य है? क्या यह चेतना स्वयं ही संसार का और अपनी निजता का प्रमाण नहीं है? चेतना और निजता, चेतना और नित्यता एवं निजता और नित्यता स्वरूपतः एकमेव यथार्थ वास्तविकता नहीं हैं? क्या इस सत्यता को 'मैं', 'तुम', 'यह', 'वह', 'हम', 'आप' 'ये' या 'वे' की तरह से इंगित किया जाना संभव है?

क्या इसके अस्तित्व को अस्वीकार किया जाना संभव है? 

न तो किसी तर्क, न अनुभव से, और न किसी उदाहरण से ऐसा किया जा सकता है। इसे कोई नाम दिया जाना भी इसी तरह से व्यर्थ ही है, क्योंकि इससे उसकी कोई पहचान नहीं बनती और न उसे पहचाना ही जा सकता है। आश्चर्य की बात यह भी है कि यह यद्यपि सभी की और हर किसी की अत्यन्त घनिष्ठ, अन्तरंग और अन्तर्यामी वास्तविकता भी है, फिर भी इसकी ओर कभी किसी का ध्यान भी नहीं जाता। और यह इसलिए भी असंभव है, क्योंकि यह किसी से भिन्न भी नहीं है, सभी में समान रूप से अवस्थित आत्मा ही है! कोई अपने आपको अपने से भिन्न की तरह से जाने, यह कैसे हो सकता है! किन्तु जैसे ही संसार को या संसार की कल्पना को सत्यता प्रदान कर दी जाती है, और उस संसार के अपने आपसे भिन्न होने की तथा अपने आपके उससे भिन्न और पृथक होने कल्पना उठती है, वैसे ही, तत्काल ही सारा प्रपञ्च ठोस सत्य और वास्तविक प्रतीत होने लगता है। तब नित्यता, निजता और चेतना पृष्ठभूमि में विलुप्त हो जाती है और जीवन एक अंतहीन, दुरूह और दुर्गम अरण्य जैसा जान पड़ता है।

***

April 22, 2022

स्मृति, पहचान, समय...!

कविता / 22-04-2022.

---------------©--------------

एक समय पहचान बनी, 

एक समय पहचान मिटी, 

किन्तु समय की क्या पहचान?

एक समय पर स्मृति बनी,

एक समय पर स्मृति मिटी,

किन्तु समय की क्या पहचान?

पहचान हुई तो स्मृति हुई, 

स्मृति हुई तो हुई पहचान, 

किन्तु समय की स्मृति कहाँ, 

स्मृति नहीं तो क्या पहचान? 

अगर नहीं है स्मृति कोई, 

और नहीं पहचान कोई, 

तो समय का क्या अस्तित्व,

अस्तित्व नहीं, तो क्यों है नाम?

यह जो है समय की स्मृति,

यह जो स्मृति की है पहचान, 

यह पहचान किसे हो याद,

क्या उसकी है कोई पहचान?

फिर भी कुछ है स्मृति से परे,

फिर भी कुछ पहचान से परे,

फिर भी कुछ है समय से परे,

निजता की है वही पहचान। 

***




November 20, 2021

यह सब क्या है?

पुनश्च 

--

कविता / 20-11-2021

य एषः सुप्तेषु जागर्ति 

------------©------------

यह सब क्या है, 

जो मन में उमड़ता-घुमड़ता है! 

यह मन क्या है,

जो चेतना में उमड़ता-घुमड़ता है! 

यह चेतना क्या है, 

जो मुझमें उमड़ती-घुमड़ती है! 

यह मैं क्या है,

जो चेतना में उमड़ता-घुमड़ता है! 

यह सब क्या है!

जो जागृति में उमड़ता-घुमड़ता है, 

यह जागृति क्या है, 

जो स्वप्न में उमड़ती-घुमड़ती है! 

यह स्वप्न क्या है, 

जो सुषुप्ति में उमड़ता-घुमड़ता है!

यह सुषुप्ति क्या है,

जो प्रमाद में उमड़ती-घुमड़ती है!

यह प्रमाद क्या है,

जो काल में उमड़ता-घुमड़ता है!

यह काल क्या है,

जो अज्ञान में उमड़ता-घुमड़ता है!

यह अज्ञान क्या है, 

जो निजता में उमड़ता-घुमड़ता है!

यह निजता क्या है!

यह सब क्या है!

***

सुबह जब मैंने पोस्ट लिखा था, भूल से, 'निजता' के स्थान पर 'नियति' शब्द छप गया था। यह कविता किसी को सुनाई, तो इस भूल पर ध्यान गया। और, अर्थ का अनर्थ हो गया! प्रमाद मृत्यु ही तो है!

***

June 30, 2021

अस्तित्व और भान

----------------------------

भान, प्रेम और ज्ञान

-------------©-------------

अस्तित्व का भान अस्तित्व से अभिन्न है। 

अस्तित्व है तो उसका भान है, और निःसन्देह भान का अस्तित्व ही भान है। इस प्रकार भान और अस्तित्व एक ही वस्तु को दिए गए दो अलग अलग शब्द मात्र हैं।

किन्तु यह सत्य भी इतना ही रोचक तथ्य है कि अस्तित्व और उसके भान में जिसका अस्तित्व है, वह उससे अभिन्न है जिसे कि अस्तित्व का भान है।

इसलिए ऐसे अस्तित्व और इस भान में अपने-पराये अर्थात् 'मैं' तथा 'मुझसे भिन्न' जैसा कोई विभाजन होता ही नहीं ।

किन्तु जब इसी अस्तित्व अर्थात् भान में बुद्धि के सक्रिय होने पर 'मैं' नामक विचार उठता है तो जो ज्ञानरूपी आभास पैदा होता है उस ज्ञानरूपी आभास में ही पुनः 'मैं' नामक विचार का रूपान्तरण 'मैं' के कर्ता, विचारकर्ता, अनुभवकर्ता, तथा स्वामी होने के रूप में प्रतीत होने लगता है।

स्पष्ट है कि अस्तित्व तथा भान किसी 'चेतना' के अन्तर्गत संभव होते हैं। यह चेतना मूलतः तो यद्यपि ज्ञान-अज्ञान-निरपेक्ष, नित्य, शाश्वत, चिरन्तन, काल-स्थान-निरपेक्ष अधिष्ठान-मात्र ही होती है, किन्तु किसी शरीर-विशेष से इसका संबंध होने पर इसे इसके निर्वैयक्तिक स्वरूप से भिन्न वैयक्तिक प्रकार की तरह बुद्धि के अन्तर्गत स्वीकार कर लिया जाता है।

इस प्रकार से 'मैं' के अस्तित्व को ज्ञान के माध्यम से एक स्वतंत्र सत्ता की तरह अपने-आपका अस्तित्व समझ लिया जाता है। 

यह 'मैं' अर्थात् आभासी सतत विकारशील स्वतंत्र सत्ता जब अपने स्रोत को खोजने में प्रवृत्त हो उठती है, तो इसका ध्यान ज्ञान-अज्ञान-निरपेक्ष उस भान की ओर जाता है जो कि इसका अविकारी अस्तित्व और इसकी वास्तविक निजता है।

अपनी यह निजता ही अस्तित्व, अस्तित्व का भान, तथा वह प्रेम है जो अविकारी, परस्पर अविभाज्य तथा अनिर्वचनीय है।

***