Showing posts with label ऋणं कृत्वा घृतं पिबेत्. Show all posts
Showing posts with label ऋणं कृत्वा घृतं पिबेत्. Show all posts

April 05, 2022

The Loan Culture.

ऋण या धन?

--------©---------

फ़ाकामस्ती! 

अर्थशास्त्र के विद्यार्थियों ने पढ़ा ही होगा कि भारत का किसान ऋणी के रूप में जन्म लेता है, अपना पूरा जीवन भर ऋण के ही बोझ तले दबा रहकर जीता है और अन्ततः मृत्यु हो जाने पर विरासत में ऋण ही छोड़ जाता है। 

मुंशी प्रेमचन्द की रचना (गोदान या रंगभूमि?) में होरी, धनिया और गोबर के जीवन के बारे में भी आपने शायद पढ़ा होगा।

होरी, धनिया और गोबर के जीवन को जिस (अर्थ)व्यवस्था के अजगर ने ऋण की गुँजलक में जकड़ रखा था, उसकी धुरी वैसे तो विदेशी शासन ही था, किन्तु केवल अंग्रेजी ही नहीं, अंग्रेजों ने तो इससे भी पहले से जिस जमींदारी प्रथा का प्रारंभ मुग़लों द्वारा किया गया था, उसी बुनियाद को बस और अधिक मज़बूत बनाते हुए पूरी चतुराई से उस हुक्का-हुक्काम-हाक़िम-तहजीब का भरपूर इस्तेमाल, इस शोषण तंत्र को शक्तिशाली बनाने के लिए किया था। 

अंग्रेजी पुलिस, जमींदार और राय-बहादुर जैसे चाटुकारों के ही जरिए से शोषण की यह व्यवस्था फली और फूली। स्वतन्त्रता की प्राप्ति हो जाने के बाद भी उस व्यवस्था ने देश की राजनीति को भी अपना शिकार बना लिया। 

"ऋणं कृत्वा घृतं पिबेत्" पोस्ट लिखते समय मैं यद्यपि श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश और पाकिस्तान जैसे राष्ट्रों की स्थिति के बारे पढ़कर उनके बारे में सोच रहा था। एक एक कर कैसे सब चीन के डेट्-ट्रेप में फँसे चले जा रहे हैं, किन्तु फिर मुझे याद आया, कि शास्त्रों में ऋण को पाप (क्यों) कहा गया है!

सामाजिक, राष्ट्रीय संदर्भ में या पूरी मनुष्यता की दृष्टि से यद्यपि यह आर्थिक उन्नति का साधन अवश्य हो सकता है, किन्तु जब गरीब को ऋण देने की बात आती है, तो वहाँ पर भी बिचौलिए अपना हिस्सा बाज़ की तरह झपटने से बाज़ नहीं आते। 

होरी की, या गोबर की कहानी में आपने पढा़ होगा कि साहूकार कैसे उसे एक रुपये का कर्ज़ देकर उसमें से बारह आने पेशगी वसूल कर लेता है।

दूसरी तरफ, मुग़लों, अंग्रेजों के ही समय में भारत में तम्बाकू का आगमन हुआ और इसी तरह शराब का भी । अंग्रेजों ने अफ़ीम, भांग आदि को मादक द्रव्यों की श्रेणी में रखकर देशी-विलायती शराब पीने के चलन को प्रोत्साहित किया । वही गरीब मज़दूर या किसान अब 'देसी' का आदी हो गया और यदि उसे जैसे-तैसे बैंक या सरकार से कर्ज़ मिल भी जाता है तो शराब पीने के लिए खर्च कर देता है।

खेती के लिए कर्ज़ लेकर ट्यूबवैल खोदे जाते हैं, और ट्रैक्टर की सहायता से घंटों का काम मिनटों में निपटाया जाता है। खेती के जिस काम से बीस हाथों को रोज़गार मिला करता था, वे बेकार और बेरोजगार होकर बीड़ी पीते हुए टैम पास करते हैं। बैल भी बेचारे बेकार होकर कसाई के पास पहुँच जाते हैं। 

जमीन के सीने को गहरे से गहरा खोदकर भूजल से सिंचाई कर खेतों की प्यास बुझाई जाती है और बारिश का जल नदियों में न जाकर सीधे बाढ़ का कारण बन जाता है, या समुद्र में बह जाता है। भूजल का स्तर लगातार गिरता जाता है, और मिनरल वाटर तथा आर. ओ. का धंधा उसी तेजी से बढ़ता जाता है। दूषित जल से और गंदगी से होनेवाली बीमारियांँ फैलती चली जाती हैं और पैक्ड फूड खरीदकर बच्चे खुश होते रहते हैं। पॉमोलीन से उनका स्वास्थ्य बरबाद होता रहता है और आँगनबाड़ी में तथा स्कूलों में दोपहर का भोजन उन्हें दिए जाने की व्यवस्था की जाती है। माता-पिता के और भाई बहनों के संबंध से अनजान यह बच्चा और उसका परिवार अपने / सिर्फ अपने ही बारे में सोचना सीख लेता है। 

मशीनों और कल-कारखानों के शोर में घरेलू आटा-चक्की की आवाज़ भी खो गई। जिन स्त्रियों को आटा-चक्की चलाना और अनाज पीसना पिछड़ापन लगता था, अब फर्राटे से कार, स्कूटी और मोबाइल चलाती हैं। फ़िक्र न करें, पेट्रोल-डीजल की चिन्ता भी छोड़ें, अब तो ईवी का जमाना है!

यह सब ऋण का कमाल ही है न!

पैसे और ख्याति की चकाचौंध और क्या होती है?

तो बेहिचक ऋण लें, घी पीना या खाना पुराने पिछड़े जमाने का रिवाज़ लगता हो तो इंग्लिश वाइन का मजा लीजिए!

कर्ज़ की पीते थे मय, और कहते थे, हाँ!

रंग लाएगी, -हमारी फ़ाकामस्ती एक दिन!

***


April 03, 2022

ऋणं कृत्वा घृतं पिबेत्।।

यावज्जीवेत् सुखं जीवेत् ।।

-----------------------------

किसी भी प्रकार का ऋण पाप होता है। ऋण लेना और देना भी दोनों ही पापबुद्धि से प्रेरित होता है, फिर भी ऋण से मुक्त होकर मनुष्य पाप से मुक्त हो सकता है।

ऋण पाँच प्रकार के कहे जाते हैं : मातृ-पितृ ऋण, जिसे लेकर मनुष्य जन्म लेता है। देव-ऋण, जिसे पञ्च महाभूतों से लेकर यह शरीर, मन, बुद्धि आदि पाए जाते हैं ।

ऋषि-ऋण / गुरु-ऋण, जिससे हम अज्ञान-रूपी क्लेशों आदि से मुक्त होते हैं, लोक-ऋण, अर्थात् स्थूल पञ्च-तत्वों, समाज एवं पर्यावरण से प्राप्त वे साधन जिनसे हम स्वस्थ रहकर प्रसन्नता के साथ जीवन व्यतीत करते हैं। और अंतिम ऋण है - अपने आप के, ईश्वर से भिन्न स्वतंत्र, पृथक् कर्ता, भोक्ता, ज्ञाता और स्वामी होने का गर्व या अभिमान, अर्थात् अहंकार। 

ऋण इसलिए पाप है क्योंकि इसके द्वारा हम मूल्य चुकाए बिना ही विविध प्रकार के उपभोगों का भोग कर सुख अनुभव करते हैं। 

गीता अध्याय 3 में वर्णित निम्न श्लोकों से भी इसकी पुष्टि होती है :

नियतं कुरु कर्म त्वं कर्म ज्यायो ह्यकर्मणः।। 

शरीरयात्रापि च ते न प्रसिद्ध्येदकर्मणः।।८।।

यज्ञार्थात्कर्मणोऽन्यत्र लोकोऽयं कर्मबन्धनः।।

तदर्थं कर्म कौन्तेय मुक्तसङ्गः समाचार।।९।।

सहयज्ञाः प्रजाः सृष्ट्वा पुरोवाच प्रजापतिः।। 

अनेन प्रसविष्यध्वमेष वोऽस्त्विष्टकामधुक्।।१०।।

देवान्भावयतानेन ते देवा भावयन्तु वः।।

परस्परं भावयन्तः श्रेयः परमवाप्स्यथ।।११।।

इष्टान्भोगान्हि वो देवा दास्यन्ते यज्ञभाविताः।।

तैर्दत्तानप्रदायैभ्यो यो भुङ्क्ते स्तेन एव सः।।१२।।

उपरोक्त अंतिम श्लोक में "स्तेन" शब्द तस्कर का पर्याय है। तस्कर का अर्थ है जिसका हमें अधिकार न हो, और किसी ऐसी वस्तु का उपभोग करना, जिसका मूल्य हमने न चुकाया हो। 

पाँच सार्वभौम महाव्रतों :

अहिंसा-सत्य-अस्तेय-ब्रह्मचर्य-अपरिग्रह में से 'अस्तेय' यही है।

ये पाँच महाव्रत ही पातञ्जल योग में सम्मिलित रूप से "यम" कहे गए हैं। इनका पालन करना धर्म और कर्तव्य, तथा इनका उल्लंघन करना ही अधर्म है।

भौतिक सुखों का उपभोग तब अवश्य ही उचित है जब उनका मूल्य देकर उन्हें प्राप्त किया जाता है। यज्ञ के अर्थात् वेदविहित कर्म के अनुष्ठान (के माध्यम) से भी इन सुखों को अर्जित किया जा सकता है, और बलपूर्वक अनधिकृत रीति से, बिना उनका मूल्य चुकाए भी। इसी आधार पर वे पुण्य अथवा पाप होते हैं।

अल्पबुद्धि, आसुरी बुद्धि से युक्त मनुष्य, तत्काल प्राप्त होनेवाले भौतिक सुखों की प्राप्ति की आशा से मोहित हो जाता है, और उनके विनाशकारी दुष्परिणामों को नहीं देख पाता है।

भौतिक प्रगति की ऐसी ही अन्धी दौड़-धूप में हम सभी, केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरा समाज और मानव-समुदाय इसे ही श्रेय मानकर अपनी सफलता से फूला नहीं समाता है।

किन्तु इसके साथ ही, इस सब उपक्रम से जो तनाव, चिन्ताएँ, आशंकाएँ पैदा होती हैं उनकी उसे कल्पना भी नहीं होती, और जब वे प्रत्यक्षतः सामने आ खड़ी होती हैं तब तक बहुत देर हो चुकी होती है।

***