Showing posts with label नया कुछ. Show all posts
Showing posts with label नया कुछ. Show all posts

January 03, 2023

और यह लो आ गया!

कविता / 03-01-2023

अन्धं तमः प्रविशन्ति येऽविद्यामुपासते।

ततो भूय इव ते तमो य उ विद्यायाम् रताः।।

-------------------©-------------------------

फिर से, यह नया एक और साल!

हर साल की तरह, इस बार भी!

यूँ तो लगता है कि क्या नया हुआ,

बीते हुए उस साल में, जो बीत गया, 

हाँ, बीत गया, यह भी क्या कम है!

फिर भी यह जरूर लगता है कि,

बदल रहा है सब कुछ धीरे धीरे!

आदर्श, मूल्य, आचार विचार, संस्कृति,

इतिहास-बोध और इतिहास-दृष्टि भी, 

पर नहीं बदला है अगर कुछ तो,  

मनुष्य के पाखंड का इतिहास! 

लोभ, लालच, कपट, छल, दंभ!

बदला है कुछ अगर, तो वह है,

मुखौटा राजनीति, दुराग्रह, हठ का,

जिसके नीचे छुपा है वही चेहरा, 

जो कि सदियों से असलियत है!

पर हाँ, सब धीरे धीरे बदल रहा है,

बहुत धीरे धीरे, इतना धीरे धीरे, 

कि उस पर ध्यान ही नहीं जाता!

कुछ अविद्या की उपासना में रत हैं, 

तो बाकी सभी विद्या की उपासना में!

कुछ असम्भूति की उपासना में रत हैं,

बाकी सभी सम्भूति की उपासना में!

तो एक प्रश्न यह भी उठ सकता है -

"कस्मै देवाय हविषा विधेम!?"

इसलिए सब कुछ निरंतर बदल रहा है, 

और फिर भी कहीं कुछ नहीं बदलता! 

हर कोई सब कुछ बदलना चाहता है, 

लेकिन कहीं कुछ भी बदलता नहीं!

वह देवता भी नहीं बदलता है! 

और यह लो, आ गया !

फिर से नया एक और साल!

दीजिए शुभकामनाएँ एक दूसरे को! 

कीजिए मुँह मीठा एक दूसरे का,

मनाइये उत्साह, उल्लास से नया वर्ष!

कीजिए बातें शान्ति और सौहार्द की, 

बनाए रखिए परंपरा युद्ध, और घृणा की! 

विषाद, उत्तेजना, अवसाद, और दंभ की!

स्वागत! नववर्ष!! 

***









May 10, 2022

रोज नया कुछ होता है!

कविता / 10-05-2022

--------------©--------------

यह अच्छा ही है कि, हर रोज, नया कुछ होता है, 

पल भर पहले तक, जिसका पता नहीं होता है!

सुख हो या हो दुःख, ग़म या कि फिर हो खुशी,

एकाएक, अकस्मात् जो होता है, बस होता है!

चिन्ता, फिक्र, उदासी सारी ही मिट जाती है,

जीवन में कौतूहल, रोमाञ्च, यही तो होता है,

हाँ यह ज़रूर है, कुछ चीज़ें अपनी खो जाती हैं,

लेकिन और नयी भी तो कुछ मिल ही जाती हैं,

जिसका नहीं ख़याल था कभी, वह हो जाता है,

नहीं ख्वाब में भी देखा जो, वह भी हो जाता है!

लोग नये आते हैं कुछ, और चले भी जाते हैं,

दुश्मन दोस्त हो जाते हैं, और कुछ खो जाते हैं!

इस सबमें वह है कौन, कि जो अपना होता है!

यह सब होना, क्या बस कोरा सपना होता है?

फिर क्यों तलाश होती है, सबको अपनों की,

फिर क्या सचमुच, है जरूरत भी, इन सपनों की?

सिलसिला कहाँ से शुरू हुआ, पता नहीं होता है, 

यह अच्छा ही है कि हर रोज, नया कुछ होता है!

***