Showing posts with label संकल्प. Show all posts
Showing posts with label संकल्प. Show all posts

July 16, 2023

आशीर्वाद

सफलता का मद

--------©---------

'नोट्स' -- 2

अपनी बुद्धि और "सफलता" के मद में डूबा हुआ मैं यह नहीं देख पाया कि सफलता भी सामर्थ्य, साधनों, समय और श्रम का परिणाम होती है। इच्छा तो बस एक प्रेरक तत्व है। और इन सबका सम्मिलित रूप है अनुशासन :

यो शास्त्रविधिमुत्सृज्य वर्तते कामकारतः।।

याद आया। 

मैं कुछ इसी तरह इच्छा और संकल्प के बीच झूल रहा था। तब जीवन में पहली बार अपनी क्षमता, सामर्थ्य, साधनों की अपर्याप्तता और समय की सुनिश्चितता पर  संशय उठा। ईश्वर के बारे में तो मुझे यही लगता था कि वह अपनी सुविधा के लिए तय की गई एक मान्यता भर है, जो उसके अस्तित्व को मानते हैं उनके लिए भी, और जो उसके अस्तित्व को नहीं मानते, उनके लिए भी, और मजे की बात है कि जिन्हें इस बारे में दुविधा है, और तय नहीं कर पाते कि ईश्वर के अस्तित्व को स्वीकार करें या नहीं, उनके लिए भी। 

मैं अपने आपको इसी तीसरी कोटि में रखता था। फिर किसी दिन मन में यह प्रश्न कौंधा कि ईश्वर है या नहीं, या मैं इस बारे में संशयग्रस्त हूँ, ऐसे विचारों में उलझे रहने से क्या मैं किसी ठोस नतीजे पर पहुँच सकूँगा! तात्पर्य यह, कि ये तीनों ही विकल्प मूलतः इस प्रश्न से मेरे ध्यान को पूरी तरह से हटा देते हैं कि "ईश्वर" शब्द किस वस्तु का या उसके अर्थ का द्योतक है? ईश्वर शब्द "समय" जैसा ही एक शब्द है और जैसे हम "समय" शब्द का अर्थ या तात्पर्य न जानते हुए भी इस शब्द का बेहिचक प्रयोग करते हैं, क्या उसी तरह से हम "ईश्वर" का अर्थ, तात्पर्य और यह शब्द किस वस्तु का सूचक है, इसे भी न जानते हुए ही प्रयोग नहीं किया करते हैं! शायद मैं अज्ञेयवाद की दिशा में आगे बढ़ रहा था। फिर मुझे लगा, क्या "मैं नहीं जानता" यह कल्पना भी एक विचार या अवधारणा / मान्यता ही नहीं है! एक नया शब्द सीख लेने से मैं मान लेता हूँ कि ईश्वर "अज्ञेय" है और मैं "अज्ञेयवादी" हो जाता हूँ!

इसलिए पहले यह तय करना होगा कि "ईश्वर" शब्द का मेरे लिए क्या अभिप्राय हो सकता है?

जैसा मैंने पहले कहा, "समय" भी तो ऐसा ही एक शब्द है! क्या कभी कोई, समय का अस्तित्व है या नहीं है, इसे जानता या इस बारे में प्रश्न उठाता है?

श्रीमद्भगवद्गीता खोलता हूँ तो एक संकेत मिलता है :

कालो कलयतामहम्।।

तात्पर्य यह कि काल का अस्तित्व आकलन करनेवालों के लिए है। या काल अनुमानजनित एक निष्कर्ष भर है।

फिर लौट कर :

प्रत्यक्षानुमानागमाः प्रमाणानि।।

और, 

प्रमाणविपर्ययविकल्पनिद्रास्मृतयः।।

पर आ जाता हूँ।

इसलिए काल "विकल्प" नामक वृत्ति हुआ।

काल के स्वरूप / चरित्र को दर्शानेवाला एक अन्य सूत्र :

वर्तते इति वर्तमानम्।।

भी है। 

अंततः यही लगता है कि ईश्वर भी काल की ही तरह से अव्याख्येय, अनिर्वचनीय वास्तविकता है। और इस पर एक या अनेक का विशेषण लागू नहीं हो सकता। जैसे कोई भाववाचक संज्ञा होती है, ईश्वर, काल और "मैं" भी abstract noun  ह8ं।

यह सब तो ठीक, किन्तु प्रश्न उठता है कि काल, ईश्वर और "मैं" क्या तीन पृथक् पृथक् वास्तविकताएँ हैं? यदि ऐसा है तो इन तीनों के बीच क्या संबंध है, या हो सकता है?

यहाँ मेरी बुद्धि स्तब्ध हो जाती है और शायद उस दशा का भागी हो जाता हूँ और जिसका श्रीमद्भगवद्गीता में : 

यदा ते मोहकलिलं बुद्धिर्व्यतितरिष्यति।।

तदा गन्तासि निर्वेदं श्रोतव्यस्य श्रुतस्य च।।

इस प्रकार से वर्णन किया गया है, ऐसा मुझे लगता है।

जैसे ही मुझे इस सत्य / स्थिति का साक्षात्कार होता है, यह भी स्पष्ट हो जाता है कि "काल", "मैं" या "ईश्वर" यद्यपि उसी दशा के पर्यायवाची हैं, फिर भी उन्हें मैं स्व या पर में विभाजित नहीं कर सकता। स्व / पर अर्थात् subjective or objective.

मेरे द्वारा दिए गए जानेवाले ऐसे ही वक्तव्यों के आधार पर लोग मुझे संत, ज्ञानी, महात्मा या गुरूजी आदि जैसे शब्दों से संबोधित करने लगते हैं। किन्तु जब इन विषयों पर बातचीत होती है कि किसी "निष्कर्ष" पर पहुँचने की उम्मीद करते हैं। क्या यह मुमकिन है? 

इस पर भी ऐतराज नहीं है, लेकिन जब लोग इस बहाने से मुझसे "आशीर्वाद" माँगने लगते हैं तो मैं समझ नहीं पाता कि "आशीर्वाद" का क्या मतलब है! जिन्हें यह सब अच्छा लगता है, वे आशीर्वाद का आदान करने के लिए स्वतंत्र हैं और उनसे मेरा कोई विरोध भी नहीं है, किन्तु मेरे लिए यह संभव ही नहीं कि मैं किसी को "आशीर्वाद" कह भी सकूँ! देना तो बहुत दूर है! औपचारिकतावश भी ऐसा करना मुझे अच्छा नहीं लगता। क्योंकि तब यह भी भावनात्मक शोषण का ही रूप हुआ। और अधिकांश लोग मुझसे सहमत नहीं हो पाते। क्योंकि वे "सफलता" के अभिलाषी होते हैं। पर पता नहीं कि क्या "सफलता" का "आशीर्वाद" से कोई संबंध है भी या नहीं! और फिर इस सिलसिले का अंत कहाँ है! 

इस पोस्ट में तो यहीं तक! 

***

 








February 10, 2023

बीते दिन

संकल्प, निश्चय और संशय
--
मार्च 17, 2016 को एकाएक ही यह स्पष्ट हो गया था, कि वह स्थान छोड़ना है ।
दूसरे दिन जब नल में पानी नहीं आया, तो मैं घबरा गया । किन्तु कहाँ शिफ्ट होना है यह समझ में नहीं रहा था । दूसरे दिन फोन आया - मेरे लिए नर्मदा किनारे एक एकॉमोडेशन  उपलब्ध है ।
"कब चलेंगे?"
मुझसे पूछा गया ।
"अभी तो शाम है, कल चल सकूँगा ।"
मार्च 19, 2016 को आयशर ट्रक ठीक 4 :00 बजे अपराह्न में मेरे घर पर आकर खड़ा था । घंटे भर में ख़ास सामान उस पर लादकर हम चल पड़े । रात्रि साढ़े आठ बजे नए एकॉमोडेशन  पर था। 
नर्मदा तट पर केवटग्राम में जिसका नाम वैसे तो नावघाट खेड़ी है, लेकिन मैंने उसे केवटग्राम नाम दिया है, नर्मदा नदी के दोनों किनारों पर बने दो गाँव हैं, --जिनमें से एक को खेड़ीघाट तथा दूसरे को नावघाट खेड़ी कहा जाता है।
नर्मदा तट पर ही 11 फ़रवरी वर्ष 1991 को कुछ समय करीब 6-7 माह के लिए जाना हुआ था। उस समय गर्मी अपने चरम पर थी। यहाँ भी यही स्थिति थी। जैसे 17 मार्च 2016 के दिन अचानक तय हुआ था कि यह स्थान छोड़ना है, उसी तरह 05 अगस्त 2016 तक केवटग्राम में रहते हुए तय हो गया था, यह स्थान छोड़ना है। 31 जुलाई 2016 के दिन बहुत से ऐसे कारण एकत्रित हो गए थे इसलिए मन बहुत उद्विग्न था। उन मित्र को फ़ोन कर बताया तो उन्होंने तुरन्त ही पास के एक हॉस्पीटल को फ़ोन कर एम्बुलेंस भिजवा दी। 05 अगस्त 2016 तक मुझे उस हॉस्पीटल में रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
05 अगस्त 2016 से नवंबर 2019 तक उस स्थान पर मेरे रहने की व्यवस्था हो गई जहाँ मेरे वे मित्र रहते थे। नवंबर 2019 की किसी तारीख को यहाँ रहने आया। इस बीच अब तक कोरोना-काल के दौरान यहाँ रहा, और उसके बाद भी यहीं हूँ।
इस सब के बाद जो महत्वपूर्ण बात स्पष्ट हुई वह यह कि जीवन स्वयं ही हर किसी का भाग्य-विधाता होता है। जीवन का लक्ष्य क्या हो / है, इसे तय करना मनुष्य के वश में नहीं है, संकल्प का अर्थ है जीवन से युद्ध करना। सत्य की खोज, ईश्वर की प्राप्ति या आत्म-ज्ञान के लिए होनेवाली उत्कंठा को भी शायद संकल्प कहा जा सकता है, किन्तु यह प्रश्न तब भी अनुत्तरित रह जाता है कि क्या सत्य, आत्म-ज्ञान या ईश्वर हमसे बाहर की कोई ऐसी वस्तु है जो कहीं दूर, भविष्य में और अन्यत्र होती हो! संकल्प का सीधा अर्थ है : कोई लक्ष्य, आकांक्षा, जिसकी प्राप्ति के लिए किसी के द्वारा कोई प्रयत्न किया जाना आवश्यक होता है। किसी लक्ष्य का चुनाव जिसके द्वारा किया जाता है वह है बुद्धि या मन, जो सदैव ज्ञात की ही सीमा में किसी लक्ष्य की कल्पना कर सकता है। कल्पना, निश्चय, मन की गतिविधि है जो सत्य, आत्म-ज्ञान या ईश्वर के किसी रूप की कितनी भी परिपूर्ण कोई आदर्श प्रतिकृति रच भी ले, तो भी उसका साक्षात्कार हो सकने में बाधक ही होती है।
इसलिए जीवन जैसा भी है अद्भुत् है और उसका कोई लक्ष्य या उद्देश्य तय करना अपरिपक्वता का ही लक्षण है। सवाल केवल यही है कि क्या मन / बुद्धि इतने शान्त और सजग हो सकते हैं कि विचार की तरंग ही न उठे जिसे कि नियंत्रित किया जाए या 
जिसके उठने या न उठने से चित्त प्रभावित हो।
***

January 11, 2023

... युद्धाय कृतनिश्चयः।।

संन्यास, संकल्प और निश्चय
--------------©----------------
संशय और संकल्प दोनों ही अज्ञान के दो भिन्न प्रतीत होनेवाले प्रकार हैं। निश्चय, अज्ञान और ज्ञान के बीच की वह एक स्थिति है, जब अज्ञान का अंधकार अभी दूर नहीं हुआ होता और ज्ञान का आभास भी दूर दूर तक कहीं नहीं होता।
श्रीमद्भगवद्गीता का अर्जुन विषाद योग नामक प्रथम अध्याय ही अर्जुन की विषादपूर्ण मनःस्थिति के उल्लेख के माध्यम से योग की भूमिका प्रस्तुत करता है।
दूसरे अध्याय में साङ्ख्ययोग अर्थात् ज्ञानयोग के वर्णन से ग्रन्थ का अभीष्ट स्पष्ट हो जाता है जहाँ यह कहा गया है कि कर्म और ज्ञान के बीच कारण-कार्य जैसा कोई संबंध है ही नहीं :
दूरेण ह्यवरं कर्म बुद्धियोगाद्धनञ्जय।।
बुद्धौ शरणमन्विच्छ कृपणाः फलहेतवः।।४९।।
जिसे मैंने :
"कुरुक्षेत्र उद्घोषणा" Kurukshetra Declaration"
कहा है।
चूँकि दूसरे अध्याय के अन्त तक भी अर्जुन के द्वन्द्व का निवारण नहीं हो पाता है, और वे ज्ञान की तुलना में कर्म को त्याज्य मान बैठते हैं, इसलिए कर्म-योग नामक तीसरा अध्याय प्रारंभ होता है जहाँ दो प्रकार की निष्ठाओं का भेद स्पष्ट करते हुए कहा गया है कि संसार में दो भिन्न प्रकार की निष्ठाएँ मनुष्य में पाई जाती हैं। एक है ज्ञाननिष्ठा और दूसरी है कर्मनिष्ठा। इन्हीं दोनों के बारे में ईशावास्योपनिषद् के प्रथम और द्वितीय मंत्रों में इस प्रकार से कहा गया है :
ईशावास्यमिदं सर्वं यत्किञ्च जगत्यां जगत्।।
तेन त्यक्तेन भुञ्जीथा मा गृधः कस्य स्विद्धनम्।।१।।
कुर्वन्नेवेह कर्माणि जिजीविषेच्छत्ँसमाः।।
एवं त्वयि नान्यथेतोस्ति न कर्म लिप्यते नरे।।२।।
इस प्रकार कर्म और ज्ञान दोनों की भूमिका एक दूसरे से भिन्न भिन्न है। कर्म की अपरिहार्यता इसी अध्याय ३ में इस प्रकार से कही गई है :
न हि कश्चित्क्षणमपि जातु तिष्ठत्यकर्मकृत्।।
कार्यते ह्यवशः कर्म सर्वः प्रकृतिजैर्गुणैः।।५।।
पुनः चूँकि कर्म और कर्मफल का निरर्थक दुष्चक्र अर्थहीन ही नहीं है, बल्कि मुक्ति की प्राप्ति में बाधा भी है, अतएव अध्याय ४ "ज्ञान-कर्म-संन्यास-योग" में यह स्पष्ट किया गया है कि किस प्रकार ज्ञान-रूपी अग्नि में समस्त कर्म (और कर्मफल भी) दग्ध हो जाते हैं :
यथैधांसि समिद्धोऽग्निर्भस्मसात्कुरुतेऽर्जुन।।
ज्ञानाग्निः सर्वकर्माणि भस्मसात्कुरुते तथा।।३७।।
अध्याय ५ में पुनः कर्म-योग और कर्म-संन्यास योग की तुलना करते हुए कहा गया है :
संन्यासः कर्मयोगश्च निःश्रेयसकरावुभौ।।
तयोस्तु कर्मसंन्यासात्कर्मयोगो विशिष्यते।।२।।
यद्यपि संन्यास (साङ्ख्य-ज्ञान) और कर्म-योग दोनों ही श्रेयस् की प्राप्ति के लिए उपाय हैं, संन्यास की अपेक्षा कर्म-योग इस अर्थ में विशिष्ट है कि इस माध्यम से किया जानेवाला कर्म ज्ञान में बाधक नहीं होता। वास्तविक संन्यास तो वही है, जिसमें कर्म को नहीं, कर्तृत्व (की भावना) को ही त्याग दिया जा सके। यदि यह हो सकता है, तो फिर कर्म करने / किए जाने, या न करने / न किए जाने का प्रश्न ही नहीं उठता।
कर्तृत्व की भावना सहित किया जानेवाला कोई भी कर्म अवश्य ही संकल्प और संशय से युक्त होगा। किन्तु जब "कर्तव्य क्या है" इसका निश्चय हो जाता है, तो संकल्प और संशय शेष नहीं रहते।

***



January 07, 2023

संकल्प और संशय

चेतना, विचार और बुद्धि

--------------©--------------

चेतना (ज्ञातृत्व) की दृष्टि से प्रत्येक ही प्राणवान और चेतन वस्तु / पुरुष में अपने होने का जो भान अनायास विद्यमान होता है, उसकी सत्यता का खंडन किसी भी तर्क, अनुभव या उदाहरण से नहीं किया जा सकता। यह भान स्वयं-भू, स्व-आश्रित होता है न कि कोई वैचारिक, अनुभवपरक या बौद्धिक निष्कर्ष जो कि सदा इस आधारभूत भान पर ही अवलंबित होते हैं और उनका उद्भव इसी भान से होता है। किन्तु यह भान कर्तृत्व, भोक्तृत्व, और स्वामित्व की भावना में रूपान्तरित हो जाता है, जो पुनः अज्ञान अर्थात् संकल्प और संशय  का रूप ग्रहण कर लेते हैं। यह एक नितान्त ही स्वाभाविक क्रम है और यही व्यक्तिगत 'स्व' या अहंकार (ego or individual) है। विशुद्ध चेतना पर ही इस प्रकार से चार वर्ण आरोपित हो जाते हैं। ब्राह्मण अर्थात् वह जो - "मैं जानता हूँ" ऐसा अभिमान करता है। क्षत्रिय अर्थात् वह जो - "मैं कर्म करता हूँ" ऐसा अभिमान करता है। वैश्य अर्थात् वह जो - "मैं भोग करता हूँ" ऐसा अभिमान करता है और शूद्र अर्थात् वह जो - "मैं स्वामी हूँ" ऐसा अभिमान करता है। ये सभी वर्ण अपने अस्तित्व के विशुद्ध भान-मात्र पर आरोपित हो जाते हैं और यह कार्य प्रकृति के द्वारा होता है। इसे और अच्छी तरह समझने के लिए श्रीमद्भगवद्गीता के निम्न कुछ श्लोक सहायक हैं --

काङ्क्षन्तः कर्मणां सिद्धिं यजन्त इह देवता।।

क्षिप्रं हि मानषे लोक सिद्धिर्भवति कर्मज।।१२।।

चतुर्वर्ण्यं मया सृष्टं गुणकर्मविभागशः।।

तस्य कर्तारमपि मां विद्ध्यकर्तारमव्ययम्।।१३।।

न मां कर्माणि लिम्पन्ति न मे कर्मफले स्पृहा।।

इति मां योऽभिजानाति कर्मभिर्न स बध्यते।।१४।।

एवं ज्ञात्वा कृतं कर्म पूर्वैरपि मुमुक्षुभिः।।

कुरु कर्मैव तस्मात्त्वं पूर्वतः पूर्वतरं कृतम्।।१५।।

(अध्याय ४)

सहजं कर्म कौन्तेय सदोषमपि न त्यजेत्।।

सर्वारम्भा हि दोषेण धूमेनाग्निरिवावृताः।।४८।।

(अध्याय १८)

किन्तु कर्म मोक्ष का गौण उपाय / साधन है, जबकि बुद्धि-योग मोक्ष का प्रधान उपाय / साधन है। 

इसे ही इस प्रकार से स्पष्ट किया जाता है --

दूरेण ह्यवरं कर्म बुद्धियोगाद्धनञ्जय।।

बुद्धौ शरणमन्विच्छ कृपणाः फलहेतवः।।४९।।

(अध्याय२)

क्योंकि,

न कश्चित्क्षणमपि जातु तिष्ठत्यकर्मकृत्।।

कार्यते ह्यवशः कर्म सर्वः प्रकृतिजैर्गुणैः।।५।।

(अध्याय ३)

ईशावास्योपनिषद् के प्रथम दोनों मंत्र भी क्रमशः बुद्धियोग और कर्म-योग के महत्व के सूचक हैं --

ईशावास्यमिदं सर्वं यत्किञ्च जगत्यां जगत्।।

तेन त्यक्तेन भुञ्जीथा मा गृधः कस्य स्विद्धनम्।।१।।

कुर्वन्नेवेह कर्माणि जिजीविषेच्छत्ँसमाः।।

एवं त्वयि नान्यथेतोस्ति न कर्म लिप्यते नरे।।२।।

तथा "विवेकचूडामणि" के अनुसार :

चित्तस्य शुद्धये कर्म न तु वस्तूपलब्धये।।

वस्तुसिद्धिर्विचारेण न किञ्चित्कर्मकोटिभिः।।११।।

कर्म की प्रेरणा ही संकल्प के रूप में व्यक्त होती है और उससे ही मनुष्य किसी फल-विशेष की आकाङ्क्षा करता हुआ संकल्प और संशय सहित कर्म-विशेष में संलग्न होता है। अपनी अपनी निष्ठा के अनुसार कोई भी मनुष्य बुध्दि-योग (साँख्यनिष्ठा) या / और निष्काम कर्म-योग का साधन लेते हुए श्रेयस् को प्राप्त कर लेता है।

***



 


January 05, 2023

A Voyage Into The Unknown.

विचार-प्रक्रिया जड या चेतन? 

---------------©------------------

इससे पहले के पोस्ट में यह समझने का प्रयास किया गया था कि विचार तथा विचार-प्रक्रिया घटना है न कि ऐसा कोई कृत्य, कर्म, या कार्य, जिसके संपन्न हो सकने के लिए किसी साधन की सहायता लेना आवश्यक होता हो, और इस प्रक्रिया में इस साधन का प्रयोग करनेवाला उस साधन से भिन्न कोई और हो। 

किसी यंत्र कंप्यूटर आदि में भी अपनी पहले से सुनिश्चित कोई विचार-प्रक्रिया होती है जिसके अनुसार ही वह सभी कार्यों को सुचारु रीति से कर पाता है। हमारा मस्तिष्क भी एक अत्यन्त सूक्ष्म संगणक है जो उससे भी अधिक सूक्ष्म-चेतना और प्राणों के माध्यम से सैकड़ों जटिल आपरेशन पलक झपकते कर लेता है। प्रश्न यह है कि जैसे किसी कम्प्यूटर में सी. पी. यू. यह सभी कार्य निष्पन्न करता है क्या हमारा मस्तिष्क भी उसी प्रकार कार्य करता है? किन्तु यह तो स्पष्ट ही है कि जैसे हममें अपने चेतन होने की भावना स्वाभाविक रूप से विद्यमान होती है, कंप्यूटर में क्या ऐसी किसी भावना को प्रोग्रामिंग के जरिए फीड किया जा सकता है? हममें अपने चेतन होने की जो भावना अनायास ही होती है, क्या वह किसी प्रक्रिया का परिणाम है, या मूलतः केवल अस्तित्व का वह भान होती है जो कि बाद में अनुभवों की स्मृतियों को मस्तिष्क द्वारा क्रम (पैटर्न) दिए जाने से हमारी वैयक्तिक पहचान बन जाता है? इस प्रकार "मैं" की यह भावना वस्तुतः कृत्रिम ज्ञान है जिसका निर्माण मस्तिष्क द्वारा इसलिए किया जाता है कि आभासी संसार में अपने को यथासंभव ठीक तरह से समायोजित किया जा सके। यह रोचक है कि मस्तिष्क की यह व्यवस्था हमारे जाग्रत होने पर ही सुसंगत रीति से कार्य करती है, जबकि हमारे अचेत (बेहोश, unconscious) होने या स्वप्न तथा सुषुप्ति आदि की स्थितियों में इसकी कोई भूमिका नहीं होती। उस समय मस्तिष्क अपनी सहज यान्त्रिक प्रक्रिया से परिचालित होता है। केवल जागने पर ही अपने आपको इस शरीर और इससे संबद्ध इसके विभिन्न कार्यों और घटनाओं का नियामक मान लिया जाता है, जो कि वैसे तो एक मान्यता होती है, किन्तु समय के साथ दृढ आग्रह बन जाती है। इस प्रकार से यह मान्यता विचार-प्रक्रिया की ही उत्पत्ति है, न कि कोई स्वतंत्र वस्तु। किन्तु मस्तिष्क को प्राप्त होनेवाली सभी जानकारियों को परस्पर संबद्ध कर एक सूत्र में बाँधती तो है ही। और फिर इससे ही मनुष्य में अनेक और विभिन्न प्रकार के विरोधाभासी विश्वास पैदा होते हैं, जो अपने आपके एक व्यक्ति-विशेष होने के आग्रह को बनाए रखते हैं। तब मनुष्य अपने  पृथक्, स्तंवत्र अस्तित्व को आधारभूत रूप से सत्य मानकर "मैं करूँगा / करता हूँ / मैं नहीं करूँगा", आदि संकल्पों से प्रेरित होता है। "मैं सोचता हूँ, विचार करता हूँ, नहीं सोचता, विचार नहीं करता, मैं चाहता हूँ, मैं नहीं चाहता ..." जैसे अनेक संकल्प इस प्रकार से चेतना पर आधिपत्य कर लेते हैं और चेतना उस सीमित दायरे में उस तक सीमित प्रतीत होती है। जबकि न तो संकल्प करनेवाला ही कहीं कोई स्वतंत्र कर्ता है, न ही यह प्रक्रिया स्वयं कोई संकल्प करती या कर सकती है, क्योंकि यह चेतन नहीं है, जबकि इस प्रक्रिया को जाननेवाला न तो प्रक्रिया होता है, न ही प्रक्रिया को किसी भी प्रकार से प्रभावित कर सकता है। वह चेतन, जो कि न तो प्रक्रिया को प्रभावित करता है, और जिसे कि प्रक्रिया भी नहीं प्रभावित करती या नहीं कर सकती, वह भी "मैं" नहीं !

इस प्रकार "मैं" एक अस्थायी आभास / विचार है, और दूसरे सभी विचारों की अपेक्षा स्थिर होने से स्वयं ही अपने आपको उनके केन्द्र में स्थापित कर लेता है। चेतना स्वयं भी इस "मैं" का आधारभूत सत्य होने से वस्तुतः नित्य स्थिर अधिष्ठान है। 

"मैं", विचार या विचार-प्रक्रिया कभी स्वयं का अतिक्रमण नहीं कर सकते इसलिए "मैं" सतत, अनवरत पुनः पुनः बनता मिटता रहता है और चेतना की नित्यता से अपनी एक आभासी नित्यता स्थापित कर लेता है।

इस पूरी गतिविधि को देख लिए जाने पर यह गतिविधि विलीन हो जाती है, जबकि जीवन निरंतर नये से और भी नये तलों नये आयामों पर आगे बढ़ता रहता है। "मैं" और मैं-भावना से रहित यह जीवन अज्ञात से अज्ञात में एक चिरंतन यात्रा :

An Eternal Voyage Into The Unknown होता है।

***

February 19, 2022

संकल्प, निश्चय, और द्वंद्व

अनिश्चय और अन्तर्द्वन्द्व

-----------©------------

संकल्प किया जाता है, जिसे करनेवाला संकल्पों से भिन्न और स्वतंत्र, संकल्प का स्वामी, कोई संकल्पकर्ता भी अवश्य होता है, या ऐसा मान लिया जाता है।

निश्चय किया नहीं जाता, बस होता भर है। वह, जिसे निश्चय का स्वामी या निश्चय करनेवाला कहा जा सके ऐसा कोई निश्चयकर्ता न तो कल्पना में और न ही वस्तुतः भी कहीं होता है। 

संकल्प करनेवाले जिस तथाकथित संकल्प-कर्ता की स्वीकृति, संकल्प से भिन्न और स्वतंत्र एक अस्तित्वमान सत्ता और समस्त संकल्पों के स्वामी की तरह से होती है, और प्रमादवश ही जिसे तत्क्षण ही अपने-आपकी तरह स्वीकार कर लिया जाता है, वह भी वस्तुतः और यद्यपि अनुमान से ही उत्पन्न हुआ, वैसा ही एक विचार होता है, जैसा कि संकल्प भी एक विचार ही होता है।

इस प्रकार संकल्प से भिन्न और स्वतंत्र प्रतीत होनेवाला कोई आभासी संकल्पकर्ता अस्तित्व में आता है, जिसका अस्तित्व एक तात्कालिक और क्षणिक घटना होता है ।

तात्पर्य यह, कि संकल्प और संकल्पकर्ता दोनों, विचार की ही गतिविधि होते हैं, किन्तु संकल्पकर्ता को अपने होने के विचार के रूप में सातत्य प्राप्त हो जाता है, जबकि संकल्प को सतत बदलते रहनेवाली वस्तु मानकर अस्थायी और तात्कालिक वस्तु समझ लिया जाता है। 

इस प्रकार से उत्पन्न मान्यताएँ विचार-मात्र हैं।

निश्चय स्वयं विचार न होकर, दृष्टि या दृष्टिकोण ही होता है, जो पुनः त्रुटिहीन या त्रुटियुक्त भी हो सकता है। 

फिर भी संकल्प करनेवाला कोई संकल्पकर्ता भी केवल विचार और उस विचार से सीमित होता है, और स्मृति तथा विस्मृति के सहारे कार्य करता है, निश्चय का कार्य उससे नितान्त भिन्न रीति से होता है। 

इसलिए संकल्प और संकल्पकर्ता, -- द्वन्द्व तथा संशय, आशा और निराशा, अतीत की स्मृति और भविष्य की कल्पना को जन्म देते हैं, जबकि निश्चय से सदैव एक नई दृष्टि प्राप्त की जा सकती है ।

संकल्प सदैव द्वन्द्व और संशय, अनिश्चय और दुविधा, आशा एवं निराशा को जन्म देता है । संकल्प सदा ही लोभ और भय का कारण होता है, जबकि निश्चय उचित कर्तव्य क्या है इस बारे में दृष्टि देता है। 

संकल्प करनेवाला कल्पित संकल्पकर्ता अपने आपको सदैव ही कर्ता, भोक्ता, स्वामी, ज्ञाता इन चार रूपों में सीमित कर लेता है, जबकि निश्चय केवल दृष्टि मात्र होने से त्रुटिपूर्ण या त्रुटिरहित भर होता है और इसलिए चिन्ता, लोभ, भय, द्वन्द्व, संशय, दुविधा और अन्तर्द्वन्द्व से मुक्त होता है।

***

Terminology :

संकल्प - choice, 

निश्चय - vision, 

संकल्पकर्ता - the assumption : 'I'm the authority,

कर्ता - the assumption / thought : 'I do',

भोक्ता - the thought / assumption :

'I experience, enjoy, suffer',

स्वामी - the thought / assumption :

'I' possess, I have control over things. 

ज्ञाता - the idea :

I have the knowledge, information, or the memory.

ज्ञान - knowledge, information, memory,

दुविधा - conflict,

संशय - suspicion / doubt, 

द्वन्द्व - confusion, अन्तर्द्वन्द्व - indecision.

***


October 07, 2021

एक बंजर गर्म रेगिस्तान में

कविता : 07-10-2021

---------------©-------------

हाँ इस एक बंजर गर्म रेगिस्तान में, 

मैं तो उगाने जा रहा हूँ कमल! 

हाँ ये सच है, वक्त लगना है ज़रूर,

फिर भी करने जा रहा हूँ मैं अमल! 

पहले बदलूँगा मैं मौसम यहाँ का, 

एक टुकड़े पर उगाऊँगा मैं घास, 

और वह टुकडा़ बडा़ करते हुए,

एक जंगल बनाने का है प्रयास!

और उस जंगल को भी बड़ा करके,

बंजर जमीन यह उपजाऊ बनाऊँगा,

इस भूमि की मिट्टी को भी दूँगा बदल! 

जब ये जंगल फैल जाएगा क्षितिज तक,

मौसम, हवा भी बदल जाएँगे, दूर तक! 

आने लगेंगे जब यहाँ पंछी भी हर ओर से,

उड़कर के चहचहा के, कलरव करेंगे जोर से, 

गूँजने लगेंगे यह धरती, गगन उस शोर से

देख लूँगा धरती अपने सजल नेत्र-छोर से!

वही नेत्र जो आज तक थे तप्त रेगिस्तान में,

शुष्कप्राय, अश्रुसिक्त, हो उठेंगे फिर सजल!

और फिर है क्या अचंभा, सरोवर भी यहाँ होगा,

और उस पर पल्लवित पुष्पित भी होंगे कमल! 


***  





July 13, 2021

चलो, यही कर देखो!

कविता : 13-07-2021

संकल्प-विकल्प! 

-----------------©-------------

तुम जो चाहो, वह शायद, तुम कर सकते हो, 

लेकिन क्या चाहोगे, कैसे तय कर सकते हो! 

तुम जो सोचो, वह शायद, तुम कह सकते हो, 

लेकिन क्या सोचोगे, कैसे तुम, कह सकते हो!

कोई भी सोच तुम्हारी चाह बदल सकती है,

कोई भी चाह तुम्हारी सोच बदल सकती है!

हालात, वक्त, जरूरत, वगैरह बदल सकते हैं,

उनके ही जरिए, हालत भी, बदल सकती है!

तुम बोलोगे, मान लिया है, हमने, पहले से ही, 

करना क्या है, ठान लिया है, हमने, पहले से ही!

कोई नहीं रोक सकता है, हमको वह करने से,

कोई नहीं डिगा सकता है, हमको अब करने से!

चलो, यही कर देखो, शायद ऐसा ही होना होगा,

फिर आखिर में तुमको ही, हँसना या रोना होगा!

***