Showing posts with label पिछले दिनों. Show all posts
Showing posts with label पिछले दिनों. Show all posts

July 17, 2022

बिन ताले की चाबी

पिछले दिनों - अब और आज,

----------------©--------------

दो बेचारे, बिना सहारे, देखो पूछ पूछ कर हारे! 

यू-ट्यूब पर एक राजनीतिक समीक्षक हैं : भाऊ तोरसेकर

(नाम लिखने में कोई त्रुटि हुई हो तो क्षमा चाहूँगा।)

महाराष्ट्र की राजनीति में कुछ दिनों पहले जो भूचाल आया था, उस प्रसंग उसके बारे में उन्होंने विक्टोरिया नं. 203 फ़िल्म के इस गीत का उल्लेख किया था।

लेकिन मुझे लगता है, यह समस्या उस फ़िल्म के दो पात्रों, राजा और राणा के ही साथ नहीं है, हम सभी के साथ अकसर होती है। सौभाग्य या दुर्भाग्य से हमारे पास चाबी ही नहीं, चाबियों का पूरा एक गुच्छा ही होता है और कौन सी चाबी किस ताले की है, इसका भी हमें पता होता है, किन्तु उम्र और समय के बीतने के साथ साथ चाबियों के बारे में हम भूलते चले जाते हैं।

हर मनुष्य, और हर स्थिति और हमारे सामने उपस्थित हर प्रश्न ही एक ताला बनकर रह जाता है और वह कौन सा ताला है, जिसकी चाबी हमारे पास होगी, इसका पता न तो उसे होता है और न ही हमें।

सिर्फ़ हमारे आपसी संबंधों में ही नहीं, राष्ट्र, जाति, धर्म, भाषा, संस्कृति, समाज, परंपरा, ऐसे अनेक क्षेत्रों में यही होता है। और व्यक्ति के पास चाबियों के एक नहीं, अनेक गुच्छे होते हैं लेकिन समय पर कोई काम में नहीं लाया जा सकता, और समय बीत जाने पर सब कुछ नए सिरे से शुरू करना होता है! 

अन्त तक हम चाबियाँ टटोलते और जानने की कोशिश करते रहते हैं कि कौन सी चाबी किस ताले की है!

***


October 02, 2014

कल का सपना : ध्वंस का उल्लास / 29.

कल का सपना : ध्वंस का उल्लास / 29.
____________________________

पिछले साल अक्तूबर के पहले हफ़्ते में एक स्वप्न देखा था ।
उस मैदान पर जहाँ सुबह-सुबह गाँधी-जयन्ती के कार्यक्रम चल रहे थे, दोपहर तक सन्नाटा फ़ैल चुका था । हाँ उस दोपहर में भी वहाँ अन्धेरा था । मुझे कुछ अजीब लगा कि आसमान में सूरज चमक रहा था, लेकिन जमीन पर नीम-अन्धेरा था । पर मुझे अचरज नहीं हुआ, क्योंकि मैं अपने शहर में दिन में कभी-कभी ऐसा महसूस करता हूँ जब अचानक बिजली चली जाती है । लेकिन मुझे तब जरूर अचरज हुआ जब कौओं को यह कहते सुना कि गाँधी बाबा की प्रतिमाएँ जगह जगह लगी होने से उन्हें अपनी चोंच को धारदार बनाए रखने में आसानी हो गई है । वहाँ स्थित गाँधीजी की प्रतिमा के चेहरे पर स्थित स्थायी मुस्कान कौओं की बातें सुनकर तब और अधिक खिल उठी । मुझे तुरंत स्पष्ट हो गया कि मैं यह सब किसी स्वप्न में ही देख रहा हूँ । और तभी मैंने बाबा को बोलते देखा ।
’हर साल का तमाशा है यह!’
वे सारे कौए बाबा को ध्यान से देख रहे थे ।
’बाबा हैप्पी बड्डे !’
 वे कोरस में बोले !
’उसे बीते हुए सवा सौ से भी ज्यादा साल बीत चुके,  मैं तो  सवा सौ साल तक ही जीने की उम्मीद करता था ।’
’लेकिन बाबा, सारी दुनिया आपको मानती है ।’
’ऐ तुम ! इधर आओ !’ वे इशारे से मुझे बुलाते हैं ।
मैं जो उनसे सौ फ़ीट दूर था, उनके नज़दीक पहुँच जाता हूँ । उनके चरणों और मेरे सिर के बीच कोई दस फ़ीट का फ़ासला है, क्योंकि उनकी प्रतिमा ही धरती से पन्द्रह बीस फ़ीट की ऊँचाई पर स्थापित है ।
वे पूछते हैं, :
’आज का अख़बार लाए ?’
 मैं अपनी गाँधी-थैली (शोल्डर-बैग) टटोलता हूँ, उसमें से एक अख़बार निकलता है, वैसा ही जैसा मेरी एम.एस-सी की डिग्री का कवर था । मैं सोचता हूँ यह तो डिग्री है । बाहर निकालता हूँ तो देखता हूँ वह डिग्री नहीं अख़बार है । सोचता हूँ, उसे उछालकर वैसे ही बाबा के पास पहुँचा दूँ, जैसे सुबह अख़बारवाला मेरे घर की दूसरी मंजिल की बालकनी में फ़ेंक जाता है ।
’नहीं नहीं, बस तुम जरा ऊँची आवाज में सुना दो कि इसमें क्या छपा है!’
’बाबा, इसमें पहले पूरे पृष्ठ पर एक बाइक का ऐड है, वैसे ऊपर दाहिने कोने में आपका फोटो भी पास-पोर्ट साइज़ का दिख रहा है । बीच में अख़बार का नाम है, बाँयी तरफ़ किसी सौन्दर्य-प्रसाधन का विज्ञापन है ।’
बाबा शान्तभाव से मुस्कुराते रहते हैं ।
जैसी की मेरी आदत है, मैं अन्तिम दो और प्रथम दो ’पृष्टों’ पर सरसरी निगाह डालकर उन्हें एक ओर फेंक देता हूँ, वैसे ही मैं यहाँ भी किया । फिर देखता हूँ, और उन्हें तमाम हालात बयान करता हूँ, जैसा कि अख़बार में छपा है । बाबा के चेहरे से मुस्कान ग़ायब हो जाती है । जब मैं उन्हें बतलाता हूँ कि आपके बारे में भी बहुत समाचार-विचार हैं और एक न्यूज़ यह है कि गुजरात के मुख्यमन्त्री ने आपके द्वारा लिखी गई भग्वद्गीता बराक़ ओबामा को गिफ़्ट की, तो उनके चेहरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं प्रकट होती ।
’बाबा क्या आपकी शिक्षाएँ समझने में हमसे कोई भूल हुई?’
वे अपनी धोती में कमर पर खोंसकर रखी एक पुड़िया निकलते हैं और उसे खोलकर पढ़ते हुए से कहते हैं,
’मैंने कभी सपने नहीं देखे, जब तुम सपने देखते हो तब या तो सोए हुए होते हो या बस भ्रमित ।’
वे पुड़िया मेरी तरफ़ उछाल देते हैं, जिसमें बस दो तीन शब्द लिखे होते हैं,
सादगी, सरलता, निश्छलता, संवेदनशीलता , ....
मैं उनसे पूछता हूँ,
’क्या विकास, सबके लिए सुख, शान्ति, वैज्ञानिक और भौतिक उन्नति भी उतने ही महत्वपूर्ण नहीं हैं ?’
’हैं, लेकिन इनकी क़ीमत पर नहीं !’
मैं आगे कुछ सोचूँ इससे पहले ही मेरा स्वप्न भंग हो जाता है ।
--
मुझे कोई आश्चर्य नहीं होता जब ऐसे विचित्र स्वप्न दिखलाई दे जाते हैं । गुजरात के तत्कालीन मुख्यमन्त्री (और आज के भारत के प्रधानमन्त्री) को अमेरिका के द्वारा वीसा दिए / न दिए जाने पर उन दिनों अख़बार में और ’मीडिया’ में भी काफी कुछ चल रहा था । और इसलिए सपने में यह देख लेना कि वे अमेरिका जाकर व्हाइट-हाउस में अमेरिका के राष्ट्रपति को महात्मा गाँधी की गीता भेंट कर रहे हैं शुद्ध कल्पना-विलास नहीं तो और क्या हो सकता था, जो मेरे स्वप्न में मुझे उस रूप में दिखाई दिया । किन्तु जब वास्तव में अभी दो दिन पहले समाचारों में यह पढ़ा कि सचमुच श्री मोदी ने श्री ओबामा को महात्मा गाँधी द्वारा लिखी गई भग्वद्गीता उपहार के रूप में भेंट की, तो अचानक पिछले साल के सपने की याद ताज़ा हो उठी । हलाँकि मुझे अभी भी इस बात पर सन्देह हो रहा है कि क्या सचमुच ऐसा हुआ या यह समाचार मेरी कल्पना मात्र है ? जो भी हो,...
--
मुझे मेरे बचपन में पढ़ी वह अंग्रेज़ी कविता याद आई,
If the wealth is lost,
Nothing is lost,
If the health is lost,
Something is lost,
But if the character is lost,
Everything is lost,...
मैं सोचने लगा कि गाँधीजी की शिक्षा को न समझ पाना  (और समझने की इच्छा न होना) ही हमारी सबसे बड़ी भूल थी,  सचमुच हमने अपना आचरण चरित्र खो दिया है, और इसे हमने  किसी नैतिक-शिक्षा के अभाव से उतना नहीं बल्कि  सादगी, सरलता, निश्छलता, संवेदनशीलता , .... को खोने की क़ीमत पर खोया है ।
--              

              

August 25, 2014

कल का सपना : ध्वंस का उल्लास - 20

कल का सपना : ध्वंस का उल्लास - 20
_____________________________

ध्वंस का उल्लास अभी जारी है,
कल  का सपना भी अभी तारी है,
है यकीं मुझको कि मैं नीचे इसके,
दबके मर जाऊँगा, एहसास बहुत भारी है।
--
कुछ  लिखना है, और बहुत संक्षेप में, लेकिन अभी वक्त है उसके लिए ।
--
अख़बार पढ़ना मेरी मज़बूरी है।  वैसी ही जैसे कि सुबह लैट्रिन जाना। सोचता हूँ कि मज़बूरी और स्वेच्छया करने में क्या फर्क है!  चूँकि मैं भूख और प्यास से तो लड़ सकता हूँ, क्योंकि जब खाने के लिए पास कुछ नहीं होता, और पीने के लिए दूर दूर तक पानी कहीं नहीं होता, तब आप भूख और प्यास से लड़ते हुए या तो जीत जाते हैं या फिर बस हार जाते हैं। भले ही इसे आप सामाजिक  या राजनीतिक रंग दें या न भी दें, सच्चाई पर इससे कोई फर्क कहाँ पड़ता है?
और जब आप इन बुनियादी चीज़ों की फिक्र करने और इनकी मज़बूरियों से ऊपर उठ चुके होते हैं, तब आप मनोरंजन की समस्या, बोरियत की समस्या से दो-चार हो जाते हैं।  मुझे नहीं लगता कि इसके अलावा जीवन में वस्तुतः कोई समस्या है, हाँ मन के स्तर पर 'भविष्य' की कल्पना जरूर होती है, जो अनहोनी की आशंका या (यथार्थपरक या कल्पनापरक) चाह के पूरे होने संभावना की कल्पना के सिवा और क्या हो सकता है? पहली संभावना को भय कहा जा सकता है, और दूसरी को आशा।
--
फिर  राजनीति और मनोरंजन क्या है?
--
किसी भी विचारशील मनुष्य के मन में शारीरिक जरूरतें और राजनीति / मनोरंजन, इन दो सिरों के बीच एक प्रश्न जीवन की सार्थकता और प्रयोजन, अर्थात औचित्य और महत्त्व  के बारे में अवश्य ही उठता होगा। फिर यह प्रश्न भी अपने और दूसरे इन दो ध्रुवों के इर्द-गिर्द सिमट जाता होगा।
--
अपने और दूसरे, यह वर्गीकरण भी पुनः हर मनुष्य के लिए अनेक स्तरों और उसकी संवेदनशीलता के अनुसार भिन्न-भिन्न रूप ले लेता है। अक्सर हर मनुष्य अपने की परिभाषा में समय समय पर बदलाव करता रहता है, उसके भाव को संकुचित या विस्तीर्ण भी करता रहता है। और इसलिए कोई व्यक्ति, समाज, समूह, समुदाय, वस्तु, विचार, आदर्श, भाषा, भावना, दृष्टि या दृष्टिकोण, यहाँ तक कि राष्ट्र भी, जो किसी समय अपना कहा जाता है, पलक झपकते ही दूसरा या पराया हो जाता है।
यह अपने-पराये का वर्गीकरण मनुष्य के मन / चेतना में जहाँ जन्म लेता है, क्या वह स्थान हम सब में एक सा और एक ही नहीं है?
--
पिछले पैराग्राफ़ में मैंने जान-बूझकर एक शब्द छोड़ दिया था।  वह शब्द है 'धर्म' । ऐसा ही एक अन्य शब्द जो छूट गया, वह है 'जाति' । शायद परंपरा, रीति-रिवाज, भी इसी तरह के कुछ और शब्द हो सकते हैं।
--
इन सारे शब्दों के वाच्यार्थ भले ही एक प्रतीत होते हों, लक्ष्यार्थ भिन्न भिन्न व्यक्तियों के लिए भिन्न भिन्न होते हैं। 'वाच्यार्थ' से मेरा मतलब है उस शब्द का व्यवहारिक तात्पर्य। और 'लक्ष्यार्थ' का मतलब है, जिसे कहने / सुननेवाला समझता है। जैसे जब कहा जाता है, 'आटा पिसवाना है।' तो मतलब होता है 'गेहूँ पिसवाना है।' ऐसे ही जब कहा जाता है, 'नल आ गए?'  मतलब होता है 'नलों से पानी आ रहा है क्या?' 'घर आ गया।' का मतलब होता है, 'हम घर पहुँच गए।'
--
वाच्यार्थ और लक्ष्यार्थ का यह भेद / फर्क अगर हम व्यवहारिक धरातल पर समझ लें, तो भाषा के सम्प्रेषण में होनेवाली त्रुटियों से काफी हद तक बचा जा सकता है। और व्यावहारिक धरातल पर जिस तरह हम हँसकर अपनी भूलों को सुधार लेते हैं,अगर वैसे ही विचारगत होनेवाली संभावित भूलों को भी सुधार सकें तो हमारे अधिकांश मतभेद सरलता से दूर हो सकते हैं।
--
'धर्म','जाति', 'परंपरा', 'रीति-रिवाज', 'ईश्वर' ऐसे ही कुछ शब्द हैं जिनके वाच्यार्थ और लक्ष्यार्थ अलग अलग लोगों के लिए अलग अलग हुआ करते हैं। अलग अलग लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि भिन्न भिन्न समुदायों के लिए भी। और मजे की बात यह है कि कोई एक व्यक्ति भी इस बारे में स्पष्टता से, निर्विवाद रूप से सुनिश्चित होता हो, कि इनमें से किस शब्द का वह क्या वाच्यार्थ और क्या लक्ष्यार्थ ग्रहण करता है! फिर यह अपेक्षा कैसे की जा सकती है कि हम इनके प्रयोजन, सार्थकता और प्रयोग के बारे में एक दूसरे से सहमत हो सकेंगे? ऐसा होने से पहले अपने-आप को ध्वंस से गुजरना होता है। अपने-आप के ध्वंस से गुजरते हुए समुदाय और सम्पूर्ण मानव समाज का यह ध्वंस कोई नकारात्मक नहीं, बल्कि बहुत सार्थक एक प्रक्रिया हो सकती है।
--      
      
                 
   

August 21, 2014

कल का सपना : ध्वंस का उल्लास -17

कल का सपना : ध्वंस का उल्लास -17
____________________________

राम (रीतेन्द्र शर्मा) से बहुत समय बाद आज संवाद हुआ।  और फिर आज ही एक कविता लिखी,
It is all in the Stars   
उस वक़्त मैं वह मुलाक़ात याद करने की कोशिश कर रहा था जो डॉ. वेदप्रताप वैदिक तथा हाफिज सईद के बीच 2 जुलाई 2014 को हुई थी।
दरअसल मैं 15 अगस्त के लाल किले पर दिए गए प्रधानमंत्री के भाषण के उस अंश के बारे में सोच रहा था, जिसमें उन्होंने सिद्धार्थ और देवदत्त के बीच हुए संवाद का जिक्र किया था।
'मारनेवाले से बचानेवाला बड़ा होता है'
सिद्धार्थ या देवदत्त की माँ ने निर्णय दिया था, और हंस सिद्धार्थ को मिल गया जिसने उसके शरीर पर देवदत्त के तीर से लगे घाव का उपचार किया।
प्रधानमंत्री ने इस कथा के पात्रों का सीधा उल्लेख तो नहीं किया, लेकिन मैंने इसे इसी रूप में पढ़ा था।
--
हाफिज सईद से मिलने और मिलकर सुरक्षित लौट जाने से यही साबित होता है कि बचानेवाला अवश्य ही मारनेवाले से बड़ा होता है।  खुद डॉ.वेदप्रताप वैदिक को लग रहा था कि उन्हें हाफिज सईद से नहीं मिलना चाहिए था। खैर अंत भला सो सब भला।
--
मुझे लगता है कि इस घटना और इसके समय से हम बहुत कुछ सीख सकते हैं, मैं नहीं कह सकता कि जब श्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में राजकुमार सिद्धार्थ और देवदत्त के इस प्रसंग का जिक्र किया तो उन्होंने यह डॉ.वेदप्रताप वैदिक और हाफिज सईद की मुलाक़ात के सन्दर्भ में किया था या किसी और वज़ह से किया होगा।
--
ध्वंस का उल्लास अभी जारी है।
-- 
    

February 05, 2014

~~ आजकल /1 .~~

~~ आजकल  /1 .~~
________________
उक्त शीर्षक के अंतर्गत मैं उन विषयों पर अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत करने का यत्न करूँगा जो यद्यपि प्रत्यक्ष रूप से मुझसे संबंधित नहीं हैं किन्तु मुझे उद्वेलित अवश्य करते हैं क्योंकि उनका संबंध उस समाज से है, जिसमें  मैं रहता हूँ।
इसलिए वे राजनीति, कला, अर्थतंत्र, संस्कृति, साहित्य, धर्म और उन सभी गतिविधियों के बारे में हैं जो मेरे जैसे आम मनुष्य के जीवन से प्रत्यक्ष जुड़े हैं। फिल्में देखने और अखबार पढ़ने को मैं अपने वक्त की बर्बादी समझता हूँ।  फिर भी अखबार मुझे जरूरी बुराई जैसे लगते हैं।  वास्तव में मेरे  दैनिक जीवन को जाने -अनजाने जो तत्व प्रभावित करते  हैं उन तत्वों की सद्यःस्थिति के बारे में 'टच' में रहने की कुछ तो जरूरत मुझे महसूस होती ही है। सब्जियों के भाव, मौसम के हाल, वातावरण और माहौल, इन सब पर मन में कुछ प्रतिक्रियाएँ  आती हैं, उन्हें लिखना शायद मेरे लिए उपयोगी है।  मैं नहीं कह सकता कि मेरे ब्लॉग के सम्माननीय प्रेक्षक मेरे विचारों को कितना पसंद या नापसंद करते हैं, लेकिन इस बारे में कुछ करना शायद मेरे सामर्थ्य में नहीं।  'गूगल' और दूसरे भी अनेक 'प्रेक्षक' और व्यवसाय-जगत से सम्बद्ध लोग मुझे सलाह देते हैं कि क्या करने से मेरे 'ब्लॉग' पर 'ट्रैफिक' बढ़ सकेगा।  लेकिन इसमें मुझे बिलकुल ही रुचि नहीं है, इसे शायद वे नहीं समझते। क्योंकि 'लिखना' मेरी मजबूरी है, और गूगल मुझे बहुत सुविधाजनक लगता है इसलिए मैं यहाँ लिखता रहता हूँ। धन्यवाद गूगल !
--
धर्म और संस्कृति
______________

मेरी दृष्टि में संस्कृति के चार प्रकार हैं।
पहला 'धर्म'-आधारित संस्कृति,
दूसरा 'अधर्म'-आधारित संस्कृति,
तीसरा 'धर्म-अधर्म' के मिश्रण पर आधारित संस्कृति,
और अंतिम है, 'धर्म-निरपेक्ष' संस्कृति।
--
स्पष्ट है कि 'संस्कृति' शब्द के बारे में, जिसे अंग्रेज़ी में 'कल्चर' कहा जाता है, सामान्यतः विरोधाभास नहीं हैं, न राजनीतिज्ञों में न साहित्यकारों में, न विचारकों या बुद्धिजीवियों में ही।  इस प्रकार 'संस्कृति' के अनेक 'शेड्स' और प्रकार हैं। इस पर किसी को शायद ही ऐतराज होगा। 'हिन्दू-संस्कृति', 'भारतीय-संस्कृति','मिली-जुली संस्कृति', आदि शब्द प्रायः हम सुनते हैं और इन शब्दों का इस्तेमाल भी बेहिचक करते हैं। इसे ही उर्दू में 'तहज़ीब' कहते हैं, ऐसा मेरा अनुमान है। 'गंगा-जमुनी तहज़ीब' शब्द तो सुना होगा।
क्या इनमें से प्रत्येक ही संस्कृति / कल्चर / तहज़ीब मेरे द्वारा प्रस्तुत किए गए उपरोक्त वर्गीकरण के चारों ही प्रकारों में नहीं पाई जाती ?
संभव है मेरी इस बात से  किसी को अंशतः सहमति / आपत्ति हो सकती है, किन्तु इनमें से पहला प्रकार तो सभी को मान्य होगा। क्योंकि 'धर्म-आधारित संस्कृति' के रूप में हम 'जैन-संस्कृति', 'बौद्ध संस्कृति' आदि से परिचित ही हैं।
मैं नहीं कह सकता कि 'राजपूत-संस्कृति', 'मुग़ल संस्कृति' 'सिख-संस्कृति', 'सूफी-संस्कृति' आदि का 'धर्म' से कितना सरोकार हो सकता है। ऐसा कह सकते हैं कि वे तथा उस प्रकार की दूसरी 'संस्कृतियाँ' भी 'धर्म' से स्वतंत्र अपना एक अलग रूप भी रखती हैं। 'चीनी-संस्कृति', 'रूसी' या 'जापानी', ईरानी और 'यूरोपीय' संस्कृति पर भी गौर करना यहाँ अनुचित न होगा ।  
किन्तु फिर इन विभिन्न संस्कृतियों को अपनानेवाले लोग इन्हें 'धर्म-आधारित' या 'धर्म-निरपेक्ष' स्वरूप में भी ग्रहण करते हैं।  और इसलिए 'धर्म' के पारम्परिक अर्थ में स्वीकृत उन सामाजिक तत्वों का भी समावेश इन संस्कृतियों में अनायास हो जाता है, जो 'धार्मिक-विश्वास' के रूप में जन-मानस में स्थापित हैं।
दूसरी ओर यह भी एक तथ्य है कि इन 'विश्वासों' के बीच परस्पर विरोध / विरोधाभास भी हैं ही । और इसलिए समाज कभी इन विरोधाभासों से उबर पायेगा ऐसी आशा मुझे नहीं है। क्योंकि विश्वासों के एक 'सेट' में जो 'धर्म' है, वह दूसरे किसी 'सेट' में सरासर अधर्म है । फिर ऐसे लोग भी है, जो शुद्धतः भौतिकवादी हैं, वे जीवन में शांति समरसता तो चाहते हैं, किन्तु 'धर्म' के स्थापित स्वरूप से उनका वास्ता कामचलाऊ ही होता है। वे 'विवाह' करने के लिए 'कोर्ट' जा सकते हैं, 'धर्म-परिवर्तन' कर सकते हैं या फिर इनका उपयोग अपने शुद्ध भौतिक लक्ष्यों की सिद्धि हेतु कर सकते हैं। धर्म, उनके लिए  ईश्वर, स्वर्ग-नरक, मुक्ति या पुनर्जन्म से संबंधित कोई तत्व नहीं बल्कि एक 'साधन' मात्र होता है।  वे मार्क्सिस्ट, कम्युनिस्ट, फंडामेंटलिस्ट कुछ भी हो सकते हैं।  शायद टेररिस्ट भी।  वे तथाकथित 'बुद्धिजीवी', 'समाजसेवी' या 'प्रगतिशील' 'वैज्ञानिक सोच' वाले विचारक, साहित्यकार आदि हो सकते हैं।  वे कलाकार, रंगकर्मी, 'मानवतावादी', 'अध्येता' / स्कॉलर' हो सकते हैं।  वे धुर-दक्षिणपंथी, या कट्टर वामपंथी भी हो सकते हैं।  वे 'हिसक' आंदोलन के प्रति सहानुभूति रखते हों यह भी संभव है।
--
सवाल सिर्फ यह है  कि क्या वे सभी 'संस्कृति' से ही अनेक प्रकार से नहीं जुड़े होते?
इसलिए कुछ की दृष्टि में जो 'अधर्म' है, वह दूसरों की दृष्टि में 'अधर्म' की कोटि में न आता हो।
इसके बाद यह भी दृष्टव्य है कि सामाजिक स्तर पर 'धर्म' एक पहलू भी होता है । किसी सामाजिक गतिविधि को 'धर्म'  से संबद्ध स्वरूप भी दिया जा सकता है । तात्पर्य यह कि 'धर्म' और 'संस्कृति' सभ्यता से अविच्छिन्न होते हैं।  'सभ्यता' फिर वह मिस्र की हो, हड़प्पा या सिंधु नदी घाटी की हो या आर्य, ग्रीक अथवा रोमन हो ।
--
इस प्रकार मानव-सभ्यता सर्वोपरि महत्वपूर्ण है, 'संस्कृति' और 'धर्म' शायद तुलनात्मक रूप से गौण महत्व के हैं । यदि 'सभ्यता' ही न हो तो 'धर्म' या संस्कृति की सम्भावना ही समाप्त हो जाती है।
--
इसलिए यदि हम 'मानव-सभ्यता' को सर्वमान्य आधारभूत महत्त्व का स्थान दें तो शायद 'धर्म' और संस्कृति से संबंधित प्रश्नों को अधिक बेहतर ढंग से समझ सकते हैं।  लेकिन यदि हम 'संस्कृति' या 'धर्म' के चश्मे से आज की स्थिति को समझने का प्रयत्न करेंगे तो एक अनिश्चित और संशयपूर्ण बौद्धिक बहस में अटकने से बच नहीं सकते।
--