Showing posts with label ईश्वर की आत्म-कथा. Show all posts
Showing posts with label ईश्वर की आत्म-कथा. Show all posts

June 10, 2024

76 ईश्वरवाद और अनीश्वरवाद

Question / प्रश्न 76

ईश्वर क्या है?

 Answer / उत्तर 

आध्यात्मिक साधनाओं की विविध परम्पराओं का इस आधार पर भी वर्गीकरण किया जा सकता है कि कुछ तो संसार की सृष्टि करने, संरक्षण और परिपालन तथा पुनः उसका संहार करने के लिए किसी महान ईश्वरीय सत्ता के अस्तित्व को स्वीकार करती हैं, और इससे विपरीत और भिन्न दृष्टि का आग्रह करनेवाली ऐसी किसी सत्ता का प्रमाण दिए जाने का आग्रह करती हैं। इनमें भी पुनः अनेक मतभेद देखे जाते हैं जैसे कि वह सत्ता एकमात्र और अद्वितीय है और उससे भिन्न किसी और दूसरी ऐसी सत्ता का अस्तित्व ही नहीं है। फिर उस एकमात्र ईश्वरीय सत्ता को माननेवालों की बीच भी इस पर मतभेद होते हैं कि उसका स्वरूप और नाम किस प्रकार का है। उसके साक्षात्कार का मार्ग या उपाय क्या हो सकता है इस पर भी उनके बीच विवाद होता रहता है। फिर इस बारे में भी इन सभी के बीच एक और मतभेद इस प्रकार का होता है कि क्या उस ईश्वरीय सत्ता का संसार में अवतरण होता है या कि वह किसी विशिष्ट मनुष्य को संसार में भेजता है जिसके माध्यम से उसके स्वरूप और कार्य के बारे में संसार को संदेश दिया है। पूर्व की सनातन धर्म की भिन्न भिन्न परम्पराओं में यद्यपि उसे एकमेव और अद्वितीय भी कहा जाता है और उसे ही आत्मा या परमात्मा, ब्रह्म या परब्रह्म भी कहा जाता है - जैसे कि आस्तिक परम्पराओं में, जबकि इनसे भिन्न और भी परम्पराएं हैं, जिनमें ऐसी किसी ईश्वरीय सत्ता के अस्तित्व पर संशय किया जाता है, यहाँ तक कि उसके अस्तित्व को अस्वीकार कर दिया जाता है। जैसे कि नास्तिक, चार्वाक परम्पराएँ। इनसे भी भिन्न बौद्ध और जैन परम्पराएँ भी हैं जिनमें इस प्रकार का ईश्वर विचार का विषय ही नहीं होता और आत्मा को ही जानने पर बल दिया जाता है क्योंकि यद्यपि आत्मा या स्वयं से प्रत्येक मनुष्य अनायास परिचित ही होता है, आत्मा के वास्तविक स्वरूप को जानने के लिए बहुत ही श्रम और प्रयास करना भी आवश्यक होता है। इन भिन्न भिन्न मतों या सिद्धान्तों को माननेवालों की तरह किन्तु उनसे कुछ भिन्न यह मत वेदान्तवादियों का होता है कि आत्मा, परमात्मा, ब्रह्म, सत्य, और उन्हें जाननेवाला एक ही और इन सबसे अनन्य है।

एक दृष्टान्त / उदाहरण दिया जाता है कि यदि वाहन या गाड़ी को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जाना है तो उसे खींचकर ले जाया जाता है या धकेलकर ले जाया जाता है इसका विशेष महत्व नहीं है।

इसी प्रकार अनेक सिद्धान्त ईश्वर और आत्मा के बारे में हैं और यदि ईश्वर का या आत्मा का साक्षात्कार करते हुए उसे जानना है, या उसे जानकर उसका साक्षात्कार करना है, तो इसका विशेष महत्व नहीं रह जाता कि इस उद्देश्य की प्राप्ति किस तरह से की जाती है।

यहाँ पर सबसे बड़ी बाधा है व्यक्तिगत स्वतंत्रता, कर्तृत्व, भोक्तृत्व और स्वामित्व के रूप में व्यक्तिगत अहंकार। अहंकार किसी भी यत्न से स्वयं का निषेध, निरसन या निराकरण नहीं कर सकता। इसलिए अहंकार को मिटा सकना लगभग असंभव है। इसके लिए कोई तरीका नहीं हो सकता। किन्तु इस समस्या का एक संभावित हल यह हो सकता है कि सब कुछ ईश्वर के प्रति पूर्णतः समर्पित कर दिया जाए। किन्तु समर्पण भी तब तक किया नहीं जा सकता जब तक मनुष्य में कामना का लेशमात्र भी शेष है। और क्या किसी "ईश्वर" की स्वीकृति भी कामना का ही एक प्रकार नहीं होती! इसलिए ईश्वर का अस्तित्व है या नहीं, यह प्रश्न गौण है, प्रमुख प्रश्न यह है अहंकार का विलय (dissolution) कैसे हो सकता है? किसी के लिए यह संभव है कि वह निश्चयपूर्वक यह अभ्यास करता रहे कि उस अज्ञात ईश्वरीय सत्ता को यथासंभव सतत स्मरण रखे और अपने समस्त संकल्प, इच्छा आदि को भी उसका ही समझे और अपने सारे यत्नों को भी ।इसी के साथ जो भी कुछ घटित होता है उस सबको भी उसकी ही इच्छा समझे अर्थात् ईश्वरीय सत्ता से वह कोई प्रतिरोध न करे। अपने आपकी सुरक्षा तक उसे सौंप दे। किन्तु यह भी बहुत कठिन प्रतीत होता है। क्या फिर ऐसा नहीं किया जा सकता कि ईश्वर का विचार तक न किया जाए और केवल आत्म-चिन्तन ही किया जाए। यहाँ  इस पर भी ध्यान देना होगा कि तब संसार के समस्त विषयों को मन से बहिष्कृत कर देना होगा। मन इस प्रकार से क्या विषयों से नितान्त रिक्त हो सकता है? संभवतः पतञ्जलि के योगसूत्र से इसका संकेत ले सकते हैं जिसमें योग को चित्त की वृत्तियों का निरोध (करना) कहा गया है। शायद एक और अन्य सांख्यनिष्ठा के आधुनिक युग के द्रष्टा :

Emptying of the mind of all its content / contents.

कहते हैं।

*** 

July 30, 2023

The Mediocrity

आम आदमी

आम आदमी के बारे में वह भी सोचता था और इसलिए भी उसका अध्यात्म और धर्म के उस प्रकार पर भरोसा नहीं जो कि आम आदमी की मानसिकता के सन्दर्भ में सामाजिक स्तर पर दिखाई देता है। उसके इस चिन्तन में उसे किसी ईश्वर की मान्यता भी अनावश्यक प्रतीत होती थी। 'नोट्स' में उसने आगे लिखा था :

सांख्य-दर्शन की दृष्टि से भी किसी ईश्वर के अस्तित्व का कोई प्रमाण नहीं हो सकता है। इसी तरह चूँकि ईश्वर के 'न होने' को भी प्रमाणित नहीं किया जा सकता, इसलिए और जैसा कि योग-दर्शन समाधिपाद में औपचारिक रूप से 'ईश्वर' को परिभाषित करते हुए कहा गया है :

ईश्वरप्रणिधानाद्वा।।२३।।

क्लेशकर्मविपाकाशयैरपरामृष्टः पुरुषविशेषः ईश्वरः।। 

-- ।।२४।।

उसका संशय निराधार है, यह भी नहीं कह सकते।

उसने आगे लिखा था, फिर :

ईश्वर-अंश जीव अविनाशी।।

इस उद्धरण के अर्थ की व्याख्या भी भिन्न भिन्न प्रकार से की जा सकती है और किसी पुरुष-विशेष के 'ईश्वर' होने के मत को अकाट्य सत्य की तरह कैसे स्वीकार किया जा सकता है? और 

"जीव ईश्वर का ही अंश है, क्या यह भी वैसे ही सत्य नहीं है, जैसे कि :

"ईश्वर जीव का ही अंश है?" 

याद आया महर्षि रमण कृत 'उपदेश-सारः' :

ईशजीवयोर्वेषधीभिदा।।

सत्सवरूपतः वस्तुकेवलम्।।

इसका तात्पर्य यह कि मनुष्यों की अपनी अपनी बुद्धि के अनुसार ईश्वर और जीव के बीच भेद या अभेद होने की, जैसी भी कल्पना हो, दोनों ही मूलतः एकमेव सत् के ही दो रूप हैं। इसमें रंचमात्र भी सन्देह नहीं हो सकता है कि वैसे उसका झुकाव 'सांख्यनिष्ठा' की ही ओर अधिक था, किन्तु जब तक वह न पूछता, इस बारे में मैं उससे कैसे कुछ कह सकता था? ईश्वर का अस्तित्व है या नहीं यह इस पर निर्भर करता है कि जिसे ईश्वर कहा जा सकता है वह एक मान्यता है या अनुभव, भावना है या अनुभूति, इन्द्रियगम्य-मनोगम्य, या बुद्धिगम्य कोई विषय है, अपने से भिन्न या अभिन्न दूसरी कोई सत्ता। ईश्वर के विषय में स्वयं मुझे भी यह दुविधा है क्योंकि वह जीव की ही तरह "प्रभु" और "विभु" दोनों ही है, जैसा कि गीता में अध्याय 5 के निम्नलिखित श्लोकों में वर्णन किया गया है :

न कर्तृत्वं न कर्माणि लोकस्य सृजति प्रभुः।।

न कर्मफलसंयोगं स्वभावस्तु प्रवर्तते।।१४।।

नादत्ते कस्यचित्पापं न चैव सुकृतं विभुः।।

अज्ञानेनावृतं ज्ञानं तेन मुह्यन्ति जन्तवः।।१५।।

ज्ञानेन तदज्ञानं येषां नाशितमात्मनः।।

तेषामादित्यवज्ज्ञानं प्रकाशयति तत् परम्।।१६।।

अर्थात् अपने हृदय में उत्पन्न इस अज्ञान को जिसने ज्ञान से नष्ट कर दिया है, उसके लिए वह परम-तत्व परमात्मा या परमेश्वर, आदित्य अर्थात् सूर्य जैसा प्रत्यक्ष हो जाता है।

"इसलिए भी ईश्वर का अस्तित्व है या नहीं इसे मान्यता या तर्क-वितर्क से नहीं जाना जा सकता है।"

यह उसका निष्कर्ष था। 

उसके 'नोट्स'  में यह सब पढ़कर सुखद आश्चर्य हुआ।

***


January 06, 2018

ईश्वर की आत्म-कथा / कविता

ईश्वर की आत्म-कथा
--
थका-थका सा उनींदा सा ये आदमी,
उचटी नींद से अभी ही जागा हो जैसे,
ये बोझिल-बोझिल सी आँखें उसकी,
स्वप्न तो नहीं, नींद का ख़ुमार है बाक़ी,
देखकर पल भर को आसपास अपने,
फिर से सो जाएगा, लौट जाएगा वहीं,
जहाँ से कोई ख़बर या चिट्ठी नहीं आती,   
थका-थका सा उनींदा सा ये आदमी,
--
आहटें चैन से उसे सोने क्यों नहीं देती,
उसे क्या मिलना है यहाँ क्या खोना है,
क्या उसे चाहिए, क्यों उसे जगाते हो,
उसे जागना भी नहीं और ना जगाना है,
फ़लसफ़ा उसका है चैन से सोए हर कोई,
थका-थका सा उनींदा सा ये आदमी,
--
तुम्हें जागने की हसरत या ज़रूरत हो,
जागना तुम्हारा फ़र्ज़ हो या मज़बूरी हो,
तो कहाँ रोकता टोकता है वह तुम्हें,
मत उसे छेड़ो नाहक चैन से सोने दो,     
थका-थका सा उनींदा सा ये आदमी,
--