Showing posts with label English I AM THAT. Show all posts
Showing posts with label English I AM THAT. Show all posts

April 24, 2024

यू-ट्यूब पर,

अहं ब्रह्मास्मि 

--

23 मई 2023 के दिन 19, बालाजी एवेन्यू छोड़ने का मन हुआ तो तुरन्त ही एक मित्र के आने पर उसके साथ उसकी स्कूटी पर बैठकर वहाँ से निकल पड़ा। वहाँ मेरा काफी सामान पड़ा हुआ है जिसमें बहुत सी किताबें तो खास हैं जिनकी जरूरत मुझे ब्लॉग लिखने के लिए हुआ करती थी। फिर मैंने पलटकर उस तरफ कभी देखा तक नहीं! जंगल हाउस में गाँव की खुली हवा में साँस ले रहा था। पिछले माह मार्च की 24 तारीख को जंगल हाउस छोड़कर सिटी में रहने लगा हूँ, बालाजी एवेन्यू से बहुत दूर। एक मित्र मिलने आए तो उन्होंने इस विषय में पूछा। मैंने कहा - जो मेरा है वह लौटकर मेरे पास आ ही जाना है, जो मेरा नहीं है, उसके बारे में मैं कुछ नहीं सोचता! 

वहाँ अहं ब्रह्मास्मि  I AM THAT की भी दस बीस या और अधिक प्रतियाँ हैं।

अभी हफ्ते भर पहले यू-ट्यूब पर "आनन्द यात्रा" के द्वारा प्रस्तुत एक वीडियो में "अहं ब्रह्मास्मि" से उद्धृत एक अध्याय दिखलाई दिया। और फिर देखा कुछ और लोग भी उस पुस्तक के अंश यू-ट्यूब पर प्रस्तुत कर रहे हैं। शायद एक दो साल से! यह जानकर खुशी हुई कि वे उस पुस्तक के अंशों में छेड़छाड़ किए बिना यथासंभव यथावत् ही उन्हें प्रस्तुत कर रहे हैं। मैंने इसके लिए उन्हें धन्यवाद दिया। आखिर मेरी वस्तु लौटकर मेरे पास आ गई! देर आयद दुरुस्त आयद!! 

बचपन में श्रीरामरक्षास्तोत्रम् पढ़ा करता था। उक्त स्तोत्र के इस श्लोक का पाठ प्रायः करता था -

आदिष्टवान् यथा स्वप्ने रामरक्षामिमां हरः।।

तथा लिखितवान् प्रातः प्रबुद्धो बुधकौशिकः।। 

(ऋषि बुधकौशिक को भगवान् शिव ने स्वप्न में दर्शन देकर इस श्रीरामरक्षास्तोत्रम् का उपदेश दिया और इसे यथावत् लिखने का आदेश उन्हें दिया, प्रबुद्ध बुधकौशिक ऋषि ने प्रातः उठते ही इसे अक्षरशः वैसा ही लिखा।) 

I AM THAT पुस्तक का हिन्दी अनुवाद करते समय मुझे यही लगता था कि इसे यथासंभव वैसा ही लिखा जाए जैसा कि मराठी ग्रन्थ सुखसंवाद (का आशय) हो सकता है।

अब इसे यू-ट्यूब पर देखते-सुनते हुए यही लगता है कि मेरे पास मेरी किताब इस रूप में ही सही, लौट आई है!

अनन्तकोटि ब्रह्माण्ड नायक राजाधिराज योगिराज श्री सिद्धरामेश्वर महाराज की जय! 

अनन्तकोटि ब्रह्माण्ड नायक राजाधिराज योगिराज श्री निसर्गदत्त महाराज की जय!! 

***


July 17, 2022

तीन शिक्षाएँ

I AM THAT / अहं ब्रह्मास्मि

------------------©-----------------

फरवरी-मार्च 1991 में, अज्ञात प्रेरणा से श्री निसर्गदत्त महाराज के विश्वप्रसिद्ध ग्रन्थ "I AM THAT" का अनुवाद हिन्दी भाषा में करने की उत्कंठा मन में जाग्रत हुई। वैसे इसके मूल में और एक कल्पना यह भी थी, कि इस माध्यम से ग्रन्थ का अध्ययन संतोषजनक रूप से हो जाएगा। कहना न होगा कि इसके लिए मैंने मूल मराठी ग्रन्थ "सुखसंवाद" का भी अवलोकन किया। चूँकि सौभाग्य से मराठी भाषा मेरी मातृ-भाषा ही है, इसलिए इसका भी मुझे असीम लाभ अनायास मिला। मूल मराठी ग्रन्थ "सुखसंवाद", अंग्रेजी "I AM THAT" प्रकाशित होने के बाद प्रकाशित हुआ, किन्तु ध्वनिमुद्रण (tape-recording) पहले हुआ था, जिसे मॉरिस फ्रीडमॅन ने अंग्रेजी में अनुवादित किया, और अंग्रेजी का वही प्रथम संस्करण "I AM THAT"  - इस शीर्षक से उस समय अंग्रेजी भाषा में प्रकाशित हुआ। इसकी भी अपनी अलग एक कहानी है। अस्तु। 

मेरा हिन्दी अनुवाद का यह कार्य पूर्ण हो जाने के बाद और एक यह प्रश्न भी मन में उठना भी बिलकुल ही स्वाभाविक भी था कि क्या यह प्रकाशित किए जाने के योग्य है भी या नहीं?

अतः इस बारे में आगे कुछ सोचना तक मेरे लिए संभव न रहा, तो इस बारे में मन में इच्छा भी कैसे उठती? हाँ यह जानने की उत्सुकता तो मन में अवश्य ही थी कि क्या यह संभव है!

इस ग्रन्थ के परिशीलन से मुझे यह तो स्पष्ट हो गया कि जो कुछ भी होता है, या नहीं होता है, यद्यपि उसके असंख्य कारण तय किए जा सकते हैं, फिर भी यह तय नहीं किया जा सकता है कि जो भी होता है या नहीं होता है, उसके वे कौन से विशिष्ट कारण हो सकते जिन्हें हम जान या नियंत्रित कर सकते हैं। हमें तो यह भी नहीं पता होता है कि हम कब कौन सी इच्छा, भय, चिन्ता आदि से अनायास नियंत्रित और परिचालित हो जाया करते हैं!

इसलिए यह कहना कि यह कार्य किस शक्ति के अनुग्रह से और कैसे हो पाया मेरे लिए संभव नहीं है, और न मेरी इतनी योग्यता ही है कि मैं इस बारे में कोई अनुमान भी व्यक्त कर सकूँ।

इसी दौरान मेरा परिचय श्री निसर्गदत्त महाराज के एक महान भक्त और शिष्य से हुआ, जिन्होंने इस कार्य का संपूर्ण दायित्व सहर्ष अपने कंधों पर उठा लिया ।

उनसे प्रायः फ़ोन पर बात होती थी और उन्होंने अनायास इतनी ही सहृदयता से श्री निसर्गदत्त महाराज की शिक्षाओं के सार का उपदेश मुझे दिया।

उनके अनुसार :

1. पाहातेपण्याच्या आत पाहात्याला पहावें।

2. तुझ्या आत्मज्ञाना वेगळा कोणता ही गुरू अथवा ग्रन्थ मानू नकोस। 

3. कोणता ही ग्रन्थ वाचा पण हे विसरू नका कि त्यात तुमच्या आत्म-स्वरूपा ची ख्याति वर्णिली आहे। 

इसका हिन्दी अनुवाद कुछ इस प्रकार से हो सकता है :

1. देखने (की गतिविधि) में विद्यमान और अन्तर्निहित दृष्टा को देखो।

2. किसी भी देवता, गुरु या ग्रन्थ आदि को अपने आत्म-ज्ञान से भिन्न / पृथक् मत मानो।

3. किसी भी ग्रन्थ का पठन करो, किन्तु यह मत भूलो कि उसमें तुम्हारे अपने ही निज आत्म-स्वरूप का ही वर्णन किया गया है।

***