Showing posts with label गीता 3/27. Show all posts
Showing posts with label गीता 3/27. Show all posts

February 16, 2025

The cycle of 144 years.

महाकुंभ 2025

--

चाहे जनसामान्य मनुष्य हो या कोई बहुत विद्वान हो, वह कर्म करने के लिए किसी न किसी रूप में बाध्य होता ही है। केवल कोई असाधारण प्रेरणा ही उसके मन में यह प्रश्न या जिज्ञासा जागृत कर सकती है कि वस्तुतः कर्म करने के लिए वह बाध्य है या स्वतंत्र है? बिरले ही किसी मनुष्य के मन में शायद ही कभी यह असाधारण प्रेरणा  होती होगी। अपने बारे में तो मैं अवश्य ही कह सकता हूँ कि मेरी अपनी स्मृति में, मेरे मन में इस प्रश्न ने प्रथम बार तब सिर उठाया, जब 1982-83 में मैं श्री रमण महर्षि और श्री जे. कृष्णमूर्ति की पुस्तकों का अध्ययन कर रहा था और,

"मुझे क्या करना चाहिए?"

इस प्रश्न से बहुत ही व्याकुल और त्रस्त भी था। 

शायद ही संसार में कोई भी ऐसा होता हो जिसे जीवन में ऐसी ही स्थिति का सामना कभी न कभी न करना पड़ता हो और वह अपनी इच्छा पूर्ण करने के लिए बाध्य न होता हो, हाँ इच्छा के साथ साथ उसकी बुद्धि भी कर्म करने के लिए उसे प्रेरित कर रही होती है, यह भी सत्य ही है। यह तो कर्म के हो जाने के बाद या न हो पाने पर, और कर्म का परिणाम प्राप्त होने पर ही पता चल पाता है कि कर्म के परिणाम से उसने कैसा अनुभव किया। संभवतः वह प्रसन्न या दुःखी, निराश या उत्साहित, क्षुब्ध उद्विग्न या उल्लसित हुआ हो या शायद उसमें पश्चात्ताप की भावना पैदा हुई हो। और यह भी हो सकता है कि उस कर्म के पूर्ण होते होते वह किसी बहुत बड़ी मुश्किल में फँस गया हो। कर्म प्रारंभ करने के समय उस कर्म के संभावित परिणाम को जान पाना भी यद्यपि उसके लिए कठिन ही रहा हो, फिर भी उन परिस्थितियों में उसने जो कुछ भी किया होता है वह अनेक कारणों या कारणों का कुल और समेकित परिणाम ही तो होता है।

गीता अध्याय १८ के श्लोक  के अनुसार :

अधिष्ठानं तथा कर्ता करणं च पृथग्विधम्।

विविधाश्च पृथक्चेष्टा दैवं चैवात्र पञ्चमम्।।१४।।

शरीरवाङ्मनोभिर्यत्कर्म प्रारभते नरः।

न्याय्यं वा विपरीतं वा पञ्चैते तस्य हेतवः।।१५।।

इस प्रकार से, मनुष्य इन पाँच हेतुओं से प्रेरित या बाध्य होकर कर्म में प्रवृत्त और संलग्न होता है और उसके द्वारा घटित होनेवाला कर्म स्वयं के द्वारा किया जा रहा है इस कल्पना से अभिभूत होकर यह भी नहीं देख पाता है कि सभी और प्रत्येक ही कर्म प्रकृति की प्रेरणा के अनुसार अनायास अकल्पित रूप से घटित होते हैं और किसी भी कर्म को करनेवाला कोई "कर्ता" वस्तुतः कहीं नहीं होता। गीता के ही अध्याय ३ के अनुसार :

प्रकृतेः क्रियमाणानि गुणैः कर्माणि सर्वशः।।

अहंकारविमूढात्मा कर्ताहमिति मन्यते।।२७।।

और अध्याय ४ के अनुसार :

चातुर्वर्ण्यं मया सृष्टं गुणकर्मविभागशः। 

तस्य कर्तारमपि मां विद्ध्यकर्तारमव्ययम्।।१३।।

तात्पर्य यह हुआ कि यद्यपि प्रकृति, ईश्वर या स्वयं अपने आपको ही कर्म का "कर्ता" मान लिया जाता है, इनमें से कोई भी वस्तुतः "कर्ता" है, यह कहना एक भूल है।

प्रकृतेः - प्रकृति - पञ्चमी और षष्ठी विभक्ति, एकवचन,

गुणैः - तृतीया बहुवचन

से स्पष्ट है कि उनमें से किसी को कितना - एकवचन की तरह ग्रहण नहीं किया जा सकता है।

अकर्तारमव्ययम् - द्वितीया एकवचन में भी ईश्वर या अव्यय अविनाशी के अकर्ता होने की ही पुष्टि की गई है  और

अहंकारविमूढात्मा - में जिस आत्मा का निरूपण किया गया है उसे अहंकार बुद्धि से विमूढ / विमोहित / भ्रमित कहा गया है अर्थात् वह भी "कर्ता" नहीं है। वास्तव में "कर्म" अनित्य होने से अवधारणा मात्र हैं न कि सत्य। इसे ही महर्षि पतञ्जलि ने योगसूत्र / समाधिपाद में   -

विपर्ययो मिथ्याज्ञानमतद्रूपप्रतिष्ठम्।।

और,

शब्दज्ञानानुपाती वस्तुशून्यो विकल्पः।।

से इंगित किया है।

पुनः "महाकुंभ" पर लौटें।

यदि मनुष्य, ईश्वर या प्रकृति "कर्ता" नहीं हो सकते और "कर्म" स्वयं ही एक अवधारणा भर है तो "महाकुंभ" में जाना, न जाना, जा पाना या न जा पाना इसे कौन तय कर सकता है? फिर यह इच्छा या जिद होना कि "मुझे" महाकुंभ जाना या नहीं जाना है क्या अपने आप में एक कल्पनात्मक भावना,  विचार या संकल्प ही नहीं है?

यह तो इस इच्छा या जिद के पूर्ण होने या न होने पर ही पता चलेगा कि क्या हुआ!

इसलिए, क्या मनुष्य इसका निर्णय करने तक के लिए भी स्वतंत्र हो सकता है?

उपसंहार :

गीता के ही अध्याय ५ के अनुसार :

न कर्तृत्वं न कर्माणि लोकस्य सृजति प्रभुः। 

न च कर्मफलसंयोगं स्वभावस्तु प्रवर्तते।।१४।।

नादत्ते कस्यचित्पापं सुकृतं चैव न विभुः।

अज्ञानेनावृतं ज्ञानं तेन मुह्यन्ति जन्तवः।।१५।।

ज्ञानेन तु तदज्ञानं येषां नाशितं आत्मनः। 

तेषां आदित्यवज्ज्ञानं प्रकाशयति तत् परम्।।१६।।

***









May 02, 2023

नवाँ प्रश्न

Q U E S T I O N  : 9

"कहाँ से शुरू करें?"

"कहीं से भी!"

ठीक है, तो सुनो :

कठोपनिषद् द्वितीय अध्याय : प्रथम वल्ली 

पराञ्चि खानि व्यतृणत् स्वयंभू-

स्तस्मात्पराङ्पश्यति नान्तरात्मन्।।

कश्चिद्धीरः प्रत्यगात्मानमैक्ष-

दावृत्तचक्षुरमृतत्वमिच्छन्।।१।।

पराचः कामाननुयन्ति बाला-

स्ते मृत्योर्यन्ति विततस्य पाशम्।।

अथ धीरा अमृतत्वं विदित्वा

ध्रुवमध्रुवेषु न प्रार्थयन्ते।।२।।

--

महर्षि श्री रमण रचित - सद्दर्शनम् :

धिये प्रकाशं परमो वितीर्य

स्वयं धियोऽन्तः प्रविभाति गुप्तः।।

धियं परावर्त्य धियोऽअन्तरेऽत्र

संयोजनान्नेश्वरदृष्टिरन्या।।२४।।

--

"हाँ, अब आगे क्या?"

"दोनों उद्धरणों में एक ही बात कही गई है, वह यह कि इन्द्रियाँ बहिर्मुखी होती हैं और विषयों को ग्रहण करना ही उनका कार्य है। और प्रत्येक मनुष्य अस्तित्व को इसीलिए अपने आप से भिन्न और बाहर देखता है, जिसे वह 'संसार' कहता है, जिसमें उसका एक अतीत था, एक वर्तमान है और कोई भविष्य होगा। सभी मृत्यु के पाश में बन्धे होते हैं। कोई बिरला धैर्यशील मनुष्य ऐसा भी होता है जो अपने ही भीतर अपने स्वयं की अन्तरात्मा को देखता है और अमृतत्व की इच्छा से प्रेरित होता है, और उस तत्त्व को जानने की जिज्ञासा करता है। गीता के अध्याय ७ के अनुसार :

इच्छाद्वेषसमुत्थेन द्वन्द्वमोहेन भारत।।

सर्वभूतानि सम्मोहं सर्गे यान्ति परन्तप।। ।।२७।।

उक्त उद्धरण भी इसी अर्थ का द्योतक है। अतः प्रत्येक मनुष्य जन्म से ही इच्छाओं और द्वेष के द्वन्द्व से ग्रस्त होकर कर्म करने के लिए बाध्य होता है। बुद्धि के विकसित होने पर वह कार्य और कारण तथा उनके बीच के किसी क्रम की कल्पना करता है, और जब वह ऐसा अनुमान करता है, तब उसे यह प्रतीत होता है कि कारण को जान लिए जाने पर उसे वश में कर इच्छित फल प्राप्त कर लेगा। बुद्धि के अपरिपक्व होने के कारण उसे यह कल्पना तक नहीं होती, यह भी नहीं सूझता, कि इच्छा के फलित होने पर क्या उसे सुख मिलेगा या नहीं! अनेक इच्छाओं के बीच वह और अधिक भ्रमित हो जाता है और यह भी नहीं समझ पाता कि उनमें से अनेक परस्पर विसंगत और विरोधाभासी भी होती हैं। इच्छा के पूर्ण न हो पाने की और अनपेक्षित अनिष्ट के होने की संभावना से वह और अधिक व्याकुल हो जाता है और इस सबके फल-स्वरूप वह इस सम्मोह से उत्पन्न अज्ञान और संशय से ग्रस्त होता है। अपनी कुछ इच्छाओं के पूर्ण हो जाने से उसमें कर्तृत्व की भावना उत्पन्न होती है। अपने अस्तित्व पर तो सन्देह उठने का तो किसी को कभी प्रश्न ही नहीं उठ सकता है, क्योंकि यह तो एक स्वभाविक, स्वतःस्फूर्त, स्वप्रमाणित सत्य ही है। और इसका भान / बोध भी वैसा ही एक सत्य है। और दोनों दो नहीं, एकमेव सत्य के प्रतीत हो रहे दो पक्ष हैं। होना और जानना - अस्ति और भाति ही जीवन और चेतना है। और यह अनायास ही है। किन्तु स्मृति से अतीत का, और कल्पना से भविष्य का आभास उत्पन्न होता है, जिसके बीच अपने स्वतन्त्र कर्ता होने का भ्रम भी पैदा हो जाता है। भ्रम भी मति ही है जो बुद्धि का ही पर्याय है। इसी बुद्धि के उदय के बाद स्मृति और कल्पना के सहारे स्वयं के एक स्वतन्त्र कर्ता होने की एक और कल्पना उपजती है। इच्छा के पूर्ण होने से प्रतीत होनेवाले सुख से, या अपूर्ण रह जाने से प्रतीत होनेवाले दुःख से अपने भोक्ता होने, या भोक्तृत्व की प्रतीति भी ऐसी ही एक कल्पना है। प्रत्येक मनुष्य इसीलिए इच्छा और द्वेष से उत्पन्न सम्मोह से ग्रस्त बुद्धि के आवरण में अपने आपको संसार में,  किन्तु उससे पृथक् और भिन्न भी एक व्यक्ति विशेष मान लेता है, या इस मान्यता को अनजाने ही स्वीकार कर लेता है। इस प्रकार प्रत्येक मनुष्य और प्राणी ही, कर्मवाद और भोगवाद को स्वीकार कर लेता है। किन्तु किसी का भी ध्यान अपनी बुद्धि से उत्पन्न इस त्रुटिपूर्ण भ्रम पर नहीं जाता। बुद्धि के ही परिपक्व, और शुद्ध होने पर ही उसकी बुद्धि में यह प्रश्न उठता है : "इस सब अनित्यता के बीच क्या कुछ ऐसा भी है जो कि नित्य है?"

तत्काल ही या कुछ समय बीतने के बाद उसका ध्यान इस सरल स्वाभाविक और अन्तःस्फूर्त सत्य की ओर आकर्षित होता है का क्या वह स्वयं, उसका अस्तित्व और अपने इस अस्तित्व का भान ही क्या वह वस्तु नहीं है जो नित्य ही आधारभूत सत्य है! यही ईश्वरदृष्टि है! जब तक दृष्टि / बुद्धि अनित्य इन्द्रिय विषयों में भ्रमित रहती है, उनमें प्रतीत होनेवाले सुख और दुःख उसे विषयासक्त बनाए रखते हैं। किन्तु नित्य और अनित्य पर ध्यान जाने पर बुद्धि शुद्ध और स्थिर हो जाती है। धैर्यपूर्वक जानने पर इसी बुद्धि में उस तत्व का प्रकाश होता है जिसका बुद्धि में प्रतिबिम्बित होनेवाला प्रकाश ही बुद्धि में व्यक्त होनेवाला आत्मा / ईश्वर का प्रतिबिम्ब है!

दूसरी ओर ऐसा ही कोई धीरपुरुष संसार के और शरीर के घटनाक्रम को प्रारब्ध का नाम देकर उससे अप्रभावित रहता हुआ उसके प्रति नितान्त उदासीन हो जाता है!

***