Showing posts with label अहं. Show all posts
Showing posts with label अहं. Show all posts

July 19, 2023

नियति और प्रारब्ध

'नोट्स'  3 और 4

जिसे मैं 'निर्वेद' समझ रहा हूँ, उस दशा का साक्षात्कार हो जाने के बाद भी संसार के सन्दर्भ में 'मन' / व्यक्ति के रूप में होने के अपने सीमित अस्तित्व का आभास बुद्धि का आश्रय लेकर नई नई कल्पनाएँ सृजित करते रहने से पीछे नहीं हटा और पुनः पुनः अपने स्वयं के, संसार और संसार से अपने संबंध के बारे में बहुत सी, स्मृतियों और धारणाओं की सत्यता पर प्रश्न तक उठाने से बचता रहा।

जैसे प्रारब्ध और नियति की कल्पना या अवधारणा, जो मूलतः इस दृष्टि से भ्रामक है कि इनमें से प्रथम (प्रारब्ध) को 'कर्म' की तरह परिभाषित और स्वीकार किया जाता है, जबकि नियति को घटना-विशेष। और 'कर्म' भी पुनः 'कर्ता' की ही तरह क्या केवल एक वैचारिक / बौद्धिक कल्पना ही नहीं है? किसी व्यक्ति के परिप्रेक्ष्य में उसके कर्म को उसका 'संचित कर्म' कहा जाता है, 'प्रारब्ध' या क्रियमाण वह कर्म है जो 'संचित कर्म' के फल के रूप में वर्तमान में व्यक्ति को प्राप्त हो रहा है, और कर्तृत्व-बुद्धि होने पर वह इस समय किए जानेवाले किसी भी कर्म की प्रेरणा भी बन जाता है, कर्तृत्व बुद्धि को ही व्यक्ति-विशेष का 'संस्कार' भी कह सकते हैं।

बुद्धि से मोहित (one who is identified with intellect) मनुष्य में अपने आप के स्वतंत्र कर्ता होने की कल्पना उठती है, जिससे नियंत्रित और परिचालित होकर वह उस कर्म के कल्पित परिणाम को सुखप्रद या दुःखप्रद भी मान लेता है, फिर भी अनुभव से भी स्पष्ट है कि कर्म और उससे प्राप्त होनेवाले उसके फल के बीच  कार्य-कारण का सिद्धान्त कभी लागू होता है, पर सदा ही ऐसा नहीं होता। जब किसी कर्म को किया जाता है, उस समय उसके जिस परिणाम की प्राप्ति की आशा की जाती है, उससे भिन्न और विपरीत, बिलकुल अनपेक्षित भी कोई परिणाम कभी कभी मिल जाता है। इस विषय में कुछ सुनिश्चित नहीं हो सकता। आगामी या भावी कर्म संचित और क्रियमाण के संयुक्त फल का रूप होता है।

नियति वह है जो किसी अंतिम परिणाम की द्योतक होती है। प्रारब्ध व्यक्ति-विशेष की स्मृति में स्थित उसका भाग्य होता है, जबकि नियति समष्टि घटनाक्रम।

नीयते या यत्र च नियतीति।।

यद्यपि समष्टि घटना का कोई साक्षी भी नहीं है और कोई मनुष्य ही इसकी कल्पना करता है, व्यक्ति की स्मृति के सन्दर्भ में स्मृति के साक्षी का अस्तित्व तो स्वतःप्रमाणित वास्तविकता ही है।

स्मृति और इसकी तरह की सभी अन्य वृत्तियों के किसी साक्षी का अस्तित्व भी इसी प्रकार स्वतःसिद्ध ही है, यही 'अहंकार' अर्थात् 'अहं-वृत्ति' का भी साक्षी है। 'अहं वृत्ति' भी जो समस्त अन्य वृत्तियों में विद्यमान वृत्ति है फिर भी यह एक आभास है।

उपदेश सार के अनुसार :

वृत्तयस्त्वहंवृत्तिमाश्रिताः।।

वृत्तयो मनो विद्ध्यहं मनः।।

और विवेक चूडामणि के अनुसार :

अस्ति कश्चित् स्वयं नित्यं अहं-प्रत्ययलम्बनः।।

अवस्था-त्रय साक्षी सन् पञ्च-कोषविलक्षणः।।१२५।।

साक्षी के सन्दर्भ में न तो कर्म, न कर्ता, और न कर्मफल जैसी कोई वस्तु हो सकती है।

अहं-स्फूर्ति (चित् / चैतन्य) के ही चित्त / अहं-प्रत्यय / अहं-संकल्प के रूप में बदलते ही मनुष्य में स्वयं अपने आपके दूसरों से भिन्न होने की, एक विशिष्ट और स्वतंत्र व्यक्ति होने की भावना जन्म लेती है, श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय २ के अनुसार :

नैनं छिन्दन्ति शस्त्राणि नैवं दहति पावकः।।

न चैनं क्लेदयन्त्यापो न शोषयति मारुतः।।२३।।

अच्छेद्योऽयमदाह्ऽयमक्लेद्योऽशोष्य एव च।।

नित्यः सर्वगतः स्थाणुरचलोऽयं सनातनः।।२४।।

अव्यक्तोऽयमचिन्त्योयमविकार्योऽयमुच्यते।।

तस्मादेवं विदित्वैनं नानुशोचितुमर्हसि।।२५।।

अथ चैनं नित्यजातं नित्यं वा मन्यसे ध्रुवम्।।

तथापि त्वं महाबाहो नैवं शोचितुमर्हसि।।२६।।

जातस्य हि ध्रुवो मृत्युर्ध्रुवं जन्म मत्स्य च।।

तस्मादपरिहार्येऽर्थे न त्वं शोचितुमर्हसि।।२७।।

इन 'नोट्स' को लिखने का प्रयोजन यही कि इस प्रकार मेरा आध्यात्मिक अनुसंधान अनवरत चलता रहे।

***



September 10, 2021

चातुर्वर्ण्यं

श्रीमद्भगवद्गीता, अध्याय ४ में भगवान् श्रीकृष्ण कहते हैं :

इमं विवस्वते योगं प्रोक्तवानहमव्ययम् ।

विवस्वान्मनवे प्राह मनुरिक्ष्वाकवेऽब्रवीत् ।।१।।

एवं परम्पराप्राप्तमिमं राजर्षयो विदुः ।

स कालेनेह महता योगो नष्टः परन्तप ।।२।।

स एवायं मया तेऽद्य योगः प्रोक्तः पुरातनः ।

भक्तोऽसि मे सखा चेति रहस्यं ह्येतदुत्तमम् ।।३।।

तब अर्जुन ने शंका व्यक्त करते हुए पूछा  :

अपरं भवतो जन्म परं जन्म विवस्वतः ।

कथमेतद्विजानीयां त्वमादौ प्रोक्तवानिति ।।४।।

अर्जुन की इस शंका का निवारण करते हुए भगवान् श्रीकृष्ण ने उत्तर दिया :

बहूनि मे व्यतीतानि जन्मानि तव चार्जुन ।

तान्यहं वेद सर्वाणि न त्वं वेत्थ परन्तप ।।५।।

अजोऽपि सन्नव्ययात्मा भूतानामीश्वरोऽपि सन् ।

प्रकृतिं स्वामधिष्ठाय सम्भवाम्यात्ममायया ।।६।।

--

इसी 30/31 अगस्त 2021 के दिन अपने 'प्रसंगवश' ब्लॉग में एक पोस्ट लिखा था :

विषय, विचार, भावना

(संभवतः अभी तक उस पोस्ट पर किसी पाठक की कृपादृष्टि नहीं पड़ी है। किन्तु मुझे वह पोस्ट महत्वपूर्ण प्रतीत हो रहा है, इसलिए उसे थोड़े से संशोधन सहित अगली पोस्ट में यथावत पुनः प्रस्तुत कर रहा हूँ।) 

उपरोक्त श्लोकों के सन्दर्भ में जहाँ 'अहं' का अर्थ आत्मा, जीव और परमात्मा तीनों ही दृष्टियों से ग्रहण किया गया है और तीनों ही अर्थ व्याकरण की दृष्टि से भी ग्राह्य हैं, संस्कृत व्याकरण के ज्ञाता इसकी परीक्षा अच्छी तरह कर सकते हैं। 

यदि 'अहं' पद को आत्मा (अन्य-पुरुष एक-वचन) या 'मैं' (उत्तम-पुरुष एक-वचन) के अर्थ में ग्रहण किया जाए, तो 'तान्यहं वेद' में प्रयुक्त 'वेद' शब्द को 'विद्' (जानना) धातु के अन्य-पुरुष लट् - लकार, एक वचन, तथा उत्तम-पुरुष एकवचन दोनों ही रूपों में ग्रहण किया जा सकता है ।

बृहदारण्यक उपनिषद् के अनुसार आत्मा / परमात्मा का प्रथम नाम 'अहम्' ही हुआ :

'अहं नामाभवत् ...'

वैसे भी संस्कृत भाषा में उत्तम-पुरुष एकवचन सर्वनाम (मैं) को आत्मा शब्द से ही व्यक्त किया जाता है।

इसी प्रकार, 'बहूनि मे व्यतीतानि' का अर्थ भी आत्मा, परमात्मा या व्यक्ति के रूप में स्वयं के अर्थ का द्योतक हो सकता है। 

किन्तु जब भगवान् श्रीकृष्ण के द्वारा इस प्रकार से कहा जाता है, तो स्पष्ट है कि परमात्मा के जन्म का तो प्रश्न ही नहीं उठता, किन्तु किसी विशिष्ट प्रयोजन को पूर्ण करने के लिए परमात्मा मनुष्य देह में अवतरित होता है, तो यह कहा जा सकता है कि इस प्रकार के अनेक अवतार या जन्म परमात्मा के भी हो सकते हैं । किन्तु मनुष्य के लिए यह जान पाना लगभग असंभव ही है कि इस जन्म से पूर्व क्या मेरे और भी जन्म हुए होंगे!

उपरोक्त सन्दर्भ में उल्लिखित पोस्ट को यहाँ पुनः प्रस्तुत किया जा रहा है। 

--

चातुर्वर्ण्यं मया सृष्टं गुणकर्मविभागशः ।

तस्य कर्तारमपि मां विद्ध्यकर्तारमव्ययम् ।।१३।।

न मां कर्माणि लिम्पन्ति न मे कर्मफले स्पृहा।

इति मां योऽभिजानाति कर्मभिर्न स बद्ध्यते ।।१४।।

एवं ज्ञात्वा कृतं कर्म पूर्वैरपि मुमुक्षुभिः ।

कुरु कर्मैव तस्मात्त्वं  पूर्वैः पूर्वतरं कृतम् ।।१५।।

किं कर्म किमकर्मेति कवयोऽप्यत्र मोहिताःक्ष। 

तत्ते कर्म प्रवक्ष्यामि यज्ज्ञात्वा मोक्ष्यसेऽशुभात् ।।१६।।

कर्मणो ह्यपि बोद्धव्यं बोद्धव्यं च विकर्मणः ।

अकर्मणश्च बोद्धव्यं गहना कर्मणो गतिः ।।१७।।

कर्मण्यकर्म यः पश्येदकर्मणि च कर्म यः ।

स बुद्धिमान्मनुष्येषु स युक्तः कृत्स्नकर्मकृत् ।।१८।।

--

मनुष्यमात्र में इस 'मैं' सर्वनाम के वास्तविक तात्पर्य के विषय में न केवल अज्ञान और संशय बल्कि अनेक प्रकार की भ्रान्तियाँ भी होती हैं। किन्तु शायद ही कभी किसी का ध्यान इस सच्चाई पर जाता होगा। यहाँ तक कि इस बारे में सोचते ही बुद्धि कुंठित और अवरुद्ध होने लगती है। 

यह भी कहा जाता है कि अहंकार नहीं करना चाहिए। 

या फिर, 'अहंकार को त्याग दो।'

प्रश्न है कि अहंकार को त्यागने, या न त्यागने का कार्य कौन करेगा?

इसे क्या किसी और तरह से नहीं कहा जा सकता?

अहंकार वैसे तो एक विशिष्ट, दूसरी समस्त भावनाओं से भिन्न एक विलक्षण भावना ही है, किन्तु जैसे अन्य सभी भावनाएँ अपने अपने समय पर व्यक्त और विलुप्त होती रहती हैं, यह भावना उन सभी के साथ यद्यपि सदैव संलग्न होती है, किन्तु इसे उन सारी भावनाओं की तरह स्वतंत्र रूप में कभी नहीं पाया जाता। 

अपरोक्षतः इसे कर्तृत्व, भोक्तृत्व, ज्ञातृत्व और स्वामित्व इन चार रूपों में अवश्य पहचाना जा सकता है।

कैसे? 

ज्ञातृत्व :

कोई विषय हमें आकर्षित करता है । कोई विचार हमें आकर्षित करता है। कोई विषय हमें विकर्षित करता है। कोई विचार हमें विकर्षित करता है। कोई विषय / विचार हममें कोई भावना जाग्रत करता है। कोई विषय / विचार तो हमें छूता तक नहीं।

इस प्रकार हममें अनायास ही ज्ञातृत्व की, अर्थात् जानने की जो स्वाभाविक क्षमता, या भावना होती है । जानकारी के संग्रह के रूप में जिसे 'ज्ञान' (information) कहा जाता है, उससे बहुत अलग और भिन्न होती है। यह 'ज्ञान' (information) सदैव शाब्दिक या स्मृतिरूप में होता है और वेदान्त की भाषा में उसे 'प्रत्यय' कहा जाता है। इसी प्रकार शब्दरहित विषयग्रहण को ज्ञातृत्व कहा जा सकता है। 

'प्रत्यय' और 'वृत्ति' के भेद का वर्णन पातञ्जल योग-सूत्र में अच्छी तरह स्पष्ट किया गया है। 

भोक्तृत्व :

अर्थात् अनुभव होना, अच्छा लगना, अच्छा न लगना, सुख-दुःख होना । 

कर्तृत्व :

किसी कार्य को करने / न करने का संकल्प होना, 

और उस कार्य के अच्छे या बुरे फल का भोग करने या न करने का विचार / भावना।

स्वामित्व :

संपत्ति, संबंधों, वस्तुओं, अपने अधिकार के अन्तर्गत आनेवाले लोगों पर अपना स्वामित्व होने की भावना।

ये ही चार वर्ण 'मन' के होते हैं । 

क्या 'मन' इन चारों वर्णों से रहित हो सकता है? 

प्रसंगवश ब्लॉग में 30 / 31 अगस्त 2021 को लिखी पोस्ट :

विषय, विचार, भावना

में इसी बारे में विवेचना की गई है। 

***


 






July 16, 2021

शरीर, मन और आत्मा

अहं, त्वं, तत्, इदम्

---

तव तत्त्वं न जानामि, कीदृशोऽसि महेश्वर।

यादृशोऽसि महादेव तादृशाय नमो नमः।।

--

अस्मद्, युष्मद्, और तत् तीन ही सर्वनाम एकमेव 'अहं' सर्वनाम के विस्तार हैं।  इसी का एक पर्याय है 'इदम्' ।

इन्हें 'प्रत्यय' भी कहा जाता है। 

जो प्रतीत होता है, जिसे प्रतीति की तरह ग्रहण कर लिया जाता है और व्यवहार में जिसे प्रयोग में लाया जाता है उसे प्रत्यय कहा जाता है।

'अस्मद्' अर्थात् 'मैं' या 'हम' प्रत्यय ऐसा ही सर्वनाम है, जिसे 'अपने लिए' के अर्थ में प्रयोग किया जाता है।

अपना अस्तित्व और अपने अस्तित्व का भान, परस्पर अभिन्न, अनन्य, और अविभाज्य (त्रि)कालरहित सत्य हैं ।

इसके बाद ही किसी अन्य तत्व के विषय में कुछ भी कहा जा सकता है। यहाँ तक कि 'काल' को यद्यपि अनादि समझा जाता है, किन्तु उस काल की अवधारणा का जन्म या सत्यता की प्रतीति भी अपने अस्तित्व और उस अपने अस्तित्व के भान के बाद ही हो सकती है।  इसलिए 'काल' प्रतीति और प्रत्यय मात्र है। 

अपने को (अर्थात् आत्मा को)  शरीर मात्र समझना उपयोगी है, किन्तु वह एक व्यक्त विचार की तरह ही सत्य है, अपनी निजता या वास्तविकता नहीं है। इसी प्रकार काल और स्थान (Time & Space) प्रत्यय या विचार मात्र हैं, न कि अस्तित्व की तरह विद्यमान सत्यता। 

जबकि 'निजता' काल-स्थान से स्वतन्त्र अपनी वास्तविकता है, न कि कोई विचार या अवधारणा । 'निजता' को शब्द न दिया जाए, तो भी वह अस्तित्व और उस अस्तित्व का भान है, उसे 'अपना' का विशेषण दिए बिना भी, वह नित्य, चिरंतन, स्वतः-सिद्ध वास्तविकता (reality) और सत्य है। 

यह भान ही चेतना है, जो अपने-पराये के भेद से रहित स्थिति है। इसी भान के अन्तर्गत 'अस्मद्', विचार की तरह प्रकट और अप्रकट होता रहता है, और एक आभासी (छद्म) प्रतीति का उद्भव होता है। व्यवहार में इसे ही 'व्यक्ति' की तरह, दूसरों से अलग, अपना स्वतंत्र अस्तित्व मान लिया जाता है, जो काल-स्थान-सापेक्ष होने से अवास्तविक (unreal) है। 

इस प्रकार 'अहं' से 'अहंकार' रूपी कृत्रिम सत्ता का उद्भव होने के बाद ही, 'त्वं' के रूप में अपने जैसे किसी दूसरे चेतन को 'तुम' कहकर संबोधित किया जा सकता है। 

अपनी सीमित क्षमता, सामर्थ्य और शक्ति को अनुभव करते हुए अपनी अपेक्षा अधिक क्षमता, सामर्थ्य और शक्ति से युक्त किसी चेतन 'दूसरे' अस्तित्व (ईश्वर या महेश्वर) की कल्पना की जाती है और उसे ही, संसार की समस्त गतिविधियों का एकमात्र नियन्ता तथा संचालनकर्ता मान लिया जाता है। 

तब उसे 'त्वं' पद से संबोधित कर उसकी प्रार्थना की जाती है। 

उस 'त्वं' से कहा जाता है :

तव तत्त्वं न जानाति कीदृशोऽसि महेश्वर ।

यादृशोऽसि महादेव तादृशाय नमो नमः।।

अस्तित्व और अस्तित्व के भान में अपने और उसके अस्तित्व की परस्पर अभिन्नता और अनन्यता तो असंदिग्ध ही है।

इसी प्रकार 'तत्' अर्थात् 'वह' पद से इंगित और 'अहं' तथा 'त्वं' से भिन्न, तीसरा सर्वनाम 'सः', 'सा' 'तत्' प्रत्यय किसी तीसरे जड या चेतन अस्तित्व के द्योतक के अर्थ में  क्रमशः प्रयुक्त होता है। 

'तत्' की ही तरह 'इदम्' 'इयम्' और 'एतत्' पदों (शब्दों) को 'यह' के अर्थ में क्रमशः पुल्लिंग, स्त्रीलिंग और नपुंसकलिंग रूपों में प्रयोग किया जाता है।

उस महेश्वर को शिव, शक्ति या परब्रह्म की तरह व्यक्त करने के लिए इस प्रकार अपनी भावना के अनुसार ज्ञेय या अज्ञेय मान लिया जाता है। 

***

संसार की दृष्टि से, शरीर, मन और आत्मा (स्व / स्वयं) यही तीन मौलिक तत्त्व हैं, और इनका पारस्परिक संबंध ही जीवन अर्थात् 'चेतनता' है।  ये चारों अन्योन्याश्रित एकमेव, अभिन्न, अविभाज्य वास्तविकता हैं ।

इस प्रकार 'चेतनता', जीवन या 'भान' निर्वैयक्तिक तत्व है, किन्तु उसे शरीर-विशेष व्यक्ति से संबद्ध मानकर अपना एक आभासी और स्वतंत्र अस्तित्व, बुद्धि में वास्तविक के स्थान पर स्थापित हो जाता है। बुद्धि वैयक्तिक होती है, जबकि जिस 'चेतनता' में व्यक्त और अव्यक्त होती है, वह 'चेतना' अर्थात् 'जीवन' नितान्त निर्वैयक्तिक है।

***