Showing posts with label सद्दर्शनम्. Show all posts
Showing posts with label सद्दर्शनम्. Show all posts

April 14, 2025

The System-Analyst.

The Anatomy, The Physiology and The Metabolism of an Organism / Organic System.

--

यह पोस्ट इस ब्लॉग में लिखने का एक उद्देश्य यह भी है कि इसके पेज-व्यूज़ 199000 प्लस हो चुके हैं। जल्दी ही 200000 हो सकें।

अंग्रेजी या हिन्दी में ब्लॉगपोस्ट लिखने के अपने अपने फायदे और खामियाँ भी होती हैं, इसलिए दोनों का एक साथ प्रयोग करने से  optimization  का लाभ भी हो सकता है।

कोई व्यवस्था नॉमिनल, पर्सनल या मैटीरियल इन तीनों में से किसी एक प्रकार की हो सकती है। जैसे बही खाते लिखने के लिए खाते / account को इन तीनों में बाँट देने से मुद्रा / पैसे के एक से दूसरे में होनेवाले प्रवाह को सुनियोजित किया जा सकता है, वैसे ही व्यक्तिगत और सामूहिक संपत्ति (मुद्रा) के हस्तान्तरण को भी इस प्रकार से सुनियोजित किया जा सकता है।

किसी भी शुद्धतः भौतिक या यांत्रिक प्रणाली / व्यवस्था / System को संचालित करनेवाला उससे भिन्न ही कोई और ही होता है। दूसरी ओर, किसी जैव-प्रणाली / जैव- इकाई / organism के भीतर निहित सीमित जीवन ही उस जैव-इकाई को स्वयं ही किसी हद तक स्वतंत्र रूप से संचालित करता है, ऐसा प्रतीत होता है। जैसे अनेक छोटे-बड़े यंत्रों को सुनियोजित रीति से परस्पर संबद्ध कर एक यांत्रिक प्रणाली बनाई जाती है जिसे बनानेवाला उस प्रणाली से अलग होते हुए भी उसका संचालन करता है। किसी भी जैव-प्रणाली में उसको नियंत्रित और संचालित करनेवाला नियामक वस्तुतः उसके भीतर या बाहर होता है  कौन और कहाँ होता है इस बारे में शायद विज्ञान भी अभी ठीक ठीक कुछ नहीं कह सकता। और अगर कहें कि विज्ञान के नियम ही यह कार्य करते हैं तो यह भी तय है कि वैज्ञानिक प्रकृति के कार्यों का अवलोकन करने के  माध्यम से उन नियमों के बीच कोई सुसंगति खोजता है और उसे शाब्दिक रूप प्रदान करता है उसे 'नियम' कहा जाता है। ये नियम सार्वत्रिक और वैश्विक / universal and ubiquitous होते हैं, न कि किसी जैव-प्रणाली के अन्तर्गत सीमित, नियंत्रित और संचालित होते हैं।

इस प्रकार, ये नियम ही जैव-प्रणाली की दृष्टि से उसमें निहित और व्याप्त चेतना / consciousness होते हैं, जबकि ऐसी सभी जैव-प्रणालियों को उनमें स्थित भिन्न भिन्न प्रवृत्तियों के माध्यम से प्रेरित करनेवाला भी कोई नियम अवश्य और अपरिहार्यतः है जो उन सबमें भीतर और बाहर भी अस्तित्व में है। यह कहना अनुचित नहीं होगा कि

समष्टि और वैश्विक चेतना अर्थात्- Universal and collective consciousness.

ही वह एकमात्र नियम है जो चेतन / conscious  भी है, किन्तु यह नहीं कहा जा सकता है कि उसकी चेतनता / चेतना / consciousness  किसी एक जैव-प्रणाली या कुछ जैव-प्रणालियों तक ही सीमित है। वह चेतनता / चेतना अबाध और सर्वत्र व्याप्त है। चूँकि किसी एक या कुछ जैव-प्रणालियों के बनने और मिटने से उस चेतनता / चेतना की स्थिति और कार्य-क्षमता प्रभावित नहीं होती इसलिए उसे ईश्वर-चेतना या ईश्वरीय चेतना कहना गलत नहीं होगा। इस प्रकार हम ऐसे "ईश्वर" के अस्तित्व की कल्पना और अनुमान कर सकते हैं जो संपूर्ण अस्तित्व का संचालन तथा नियंत्रण भी करता है जो विभिन्न जड चेतन वस्तुओं को निर्वैयक्तिक या वैयक्तिक स्वरूप देता है और उसके ही द्वारा तय किए गए मानदण्डों के आधार पर किसी तय समय तक के लिए जीवन भी देता है। वह समय बीत जाने पर बाद में उसमें स्थित प्राण और चेतना विलीन हो जाते हैं, यद्यपि वे द्रव्य, जिनसे भौतिक शरीर और भौतिक संसार बनता है केवल रूपान्तरित भर होते हैं, नष्ट तो वे भी नहीं होते हैं। ऐसी ही किसी दूसरी, और  अन्य जैव-प्रणाली के बनने पर पुनः उसमें भी प्राण और चेतना का आविर्भाव होता है, लेकिन यह नहीं पता है कि क्या यह किसी जैव-प्रणाली के पुनर्जन्म हो सकता है या नहीं।

ऐसी ही असंख्य जैव-प्रणालियों के सामूहिक जीवन पर, और उनके बीच की आपसी क्रिया-प्रतिक्रिया पर ध्यान दें तो यह संपूर्ण संसार भी इसी तरह से, अपने-आपमें एक विराट और अत्यन्त जटिल किन्तु सुगठित / compact, connected, synchronized इकाई प्रतीत होगा, जिसका नियन्ता / ईश्वर भी सर्वत्र व्याप्त नियामक और एकमात्र समष्टिगत, सामूहिक और वैयक्तिक नियम भी स्वयं वही होगा।

श्री रमण महर्षि कृत 

உள்ளது நாற்பது  ग्रन्थ के रचयिता वासिष्ठ गणपति ने इसके संस्कृत काव्यानुवाद 

सद्दर्शनम् 

में इसी सत्य को इस प्रकार से श्लोकबद्ध किया है --

सर्वैर्निदानं जगतोऽहमश्च

वाच्यः प्रभुः कश्चिदपारशक्तिः।

चित्रेऽत्र लोक्यं च विलोकिता च

पटः प्रकाशोऽभवत्स एकः।। 

***




August 23, 2024

Question / प्रश्न 102

Question  /  प्रश्न 102

What Is Desire?

Why / How The Desire Takes Place?

इच्छा क्या है?

इच्छा का उद्भव क्यों और कैसे होता है? 

--

अवधान, ध्यान, ज्ञान, प्रमाद, और उन सबकी पारस्परिक अन्तर्क्रियाएँ

Awareness, Attention, Knowledge,  Delusion, 

And

Their Mutual Interactions.

--

ध्यान ही चित्त है।

चित्तं चिद्विजानीयात् 

'त-कार'-रहितं यदा।।

'त-कार' विषयाध्यासो

विषयविषयिनौ उभौ।।

इसे उपदेश-सारः के श्लोक :

ज्ञानवर्जिताऽज्ञानहीन चित्।।

ज्ञानमस्ति किं ज्ञातुमन्तरम्।।२७।।

के साथ देखने पर स्पष्ट हो जाता है कि चित् द्वैत-ज्ञान से रहित निष्ठा रूपी अद्वैत वास्तविकता है, जबकि चित्त है - ध्यान, -अहंकार।  

चित् / चैतन्य अन्तर्मुख या बहिर्मुख नहीं हो सकता, जबकि चित्त / चेतना का कार्य  अपरिहार्यतः द्वैत-युक्त होता है। और तब ध्यान विषय और विषयी में विभाजित हो जाता है। अनवधानयुक्त / अवधानरहित चित्त ही प्रमादपूर्ण होने से अपने आपको विषय और विषयी, अर्थात् स्व (अहंकार) और संसार इन परस्पर भिन्न दो सत्ताओं में बँटा अनुभव करता है। यह अनुभव, और अनुभवकर्ता होने की यह प्रतीति ही दृग्-दृश्य अविवेक है। यही प्रतीति विषयी और विषय के बीच प्रतीत होनेवाला आभासी विभाजन / विरोधाभास है। 

श्रीमद्भगवद्गीता अध्याय के निम्न श्लोक :

ध्यायतो विषयान्पुंसः

सङ्गस्तेषूपजायते।।

सङ्गात्सञ्जायते कामः

कामात्क्रोधोऽभिजायते।।६२।।

(अध्याय २)

से स्पष्ट है कि काम, कामना या इच्छा का उद्भव चित्त में तब होता है जब प्रमाद-वश, मोहित-बुद्धि अर्थात् अवधानरहित चित्त, विषय और विषयी को परस्पर भिन्न भिन्न  मान लेता है और फिर आत्मा से किसी अन्य वस्तु की तरह उसे ग्रहण करते ही उस विषय की इच्छा का उद्भव चित्त में हो जाता है।

विषय-विषयी रूपी द्वैत अस्तित्व में आते ही वह "ज्ञान"/ "अविद्या" भी अस्तित्व में पाई जाती है जिसमें विषयी अपने आपको बद्ध अनुभव करता है।

इस बारे में सद्दर्शनम् के निम्नलिखित तीन पद द्रष्टव्य हैं -

भवन्तु सद्दर्शनसाधनानि

परस्य नामाकृतिभिः सपर्या।।

सद्वस्तुनि प्राप्त तदात्मभावा

निष्ठैव सद्दर्शनमित्यवेहि।।१०।।

द्वन्द्वानि सर्वाण्यखिलस्त्रिपुट्यः

किञ्चित्समाश्रित्य विभान्ति वस्तु।।

तन्मार्गणे स्याद्गलितं समस्तम्

न पश्यतां सच्चलनं कदापि।।११।।

विद्या कथं भाति न चेदविद्या

विद्यां विना किं प्रविभात्यविद्या।।

द्वयं च कस्येति विचार्य मूलम्

स्वरूपनिष्ठैव परमार्थविद्या।।१२।।

Knowing the Self and abiding as and in that Self alone is the only True, Real, Ultimate and the Supreme Wisdom.

***



May 02, 2023

नवाँ प्रश्न

Q U E S T I O N  : 9

"कहाँ से शुरू करें?"

"कहीं से भी!"

ठीक है, तो सुनो :

कठोपनिषद् द्वितीय अध्याय : प्रथम वल्ली 

पराञ्चि खानि व्यतृणत् स्वयंभू-

स्तस्मात्पराङ्पश्यति नान्तरात्मन्।।

कश्चिद्धीरः प्रत्यगात्मानमैक्ष-

दावृत्तचक्षुरमृतत्वमिच्छन्।।१।।

पराचः कामाननुयन्ति बाला-

स्ते मृत्योर्यन्ति विततस्य पाशम्।।

अथ धीरा अमृतत्वं विदित्वा

ध्रुवमध्रुवेषु न प्रार्थयन्ते।।२।।

--

महर्षि श्री रमण रचित - सद्दर्शनम् :

धिये प्रकाशं परमो वितीर्य

स्वयं धियोऽन्तः प्रविभाति गुप्तः।।

धियं परावर्त्य धियोऽअन्तरेऽत्र

संयोजनान्नेश्वरदृष्टिरन्या।।२४।।

--

"हाँ, अब आगे क्या?"

"दोनों उद्धरणों में एक ही बात कही गई है, वह यह कि इन्द्रियाँ बहिर्मुखी होती हैं और विषयों को ग्रहण करना ही उनका कार्य है। और प्रत्येक मनुष्य अस्तित्व को इसीलिए अपने आप से भिन्न और बाहर देखता है, जिसे वह 'संसार' कहता है, जिसमें उसका एक अतीत था, एक वर्तमान है और कोई भविष्य होगा। सभी मृत्यु के पाश में बन्धे होते हैं। कोई बिरला धैर्यशील मनुष्य ऐसा भी होता है जो अपने ही भीतर अपने स्वयं की अन्तरात्मा को देखता है और अमृतत्व की इच्छा से प्रेरित होता है, और उस तत्त्व को जानने की जिज्ञासा करता है। गीता के अध्याय ७ के अनुसार :

इच्छाद्वेषसमुत्थेन द्वन्द्वमोहेन भारत।।

सर्वभूतानि सम्मोहं सर्गे यान्ति परन्तप।। ।।२७।।

उक्त उद्धरण भी इसी अर्थ का द्योतक है। अतः प्रत्येक मनुष्य जन्म से ही इच्छाओं और द्वेष के द्वन्द्व से ग्रस्त होकर कर्म करने के लिए बाध्य होता है। बुद्धि के विकसित होने पर वह कार्य और कारण तथा उनके बीच के किसी क्रम की कल्पना करता है, और जब वह ऐसा अनुमान करता है, तब उसे यह प्रतीत होता है कि कारण को जान लिए जाने पर उसे वश में कर इच्छित फल प्राप्त कर लेगा। बुद्धि के अपरिपक्व होने के कारण उसे यह कल्पना तक नहीं होती, यह भी नहीं सूझता, कि इच्छा के फलित होने पर क्या उसे सुख मिलेगा या नहीं! अनेक इच्छाओं के बीच वह और अधिक भ्रमित हो जाता है और यह भी नहीं समझ पाता कि उनमें से अनेक परस्पर विसंगत और विरोधाभासी भी होती हैं। इच्छा के पूर्ण न हो पाने की और अनपेक्षित अनिष्ट के होने की संभावना से वह और अधिक व्याकुल हो जाता है और इस सबके फल-स्वरूप वह इस सम्मोह से उत्पन्न अज्ञान और संशय से ग्रस्त होता है। अपनी कुछ इच्छाओं के पूर्ण हो जाने से उसमें कर्तृत्व की भावना उत्पन्न होती है। अपने अस्तित्व पर तो सन्देह उठने का तो किसी को कभी प्रश्न ही नहीं उठ सकता है, क्योंकि यह तो एक स्वभाविक, स्वतःस्फूर्त, स्वप्रमाणित सत्य ही है। और इसका भान / बोध भी वैसा ही एक सत्य है। और दोनों दो नहीं, एकमेव सत्य के प्रतीत हो रहे दो पक्ष हैं। होना और जानना - अस्ति और भाति ही जीवन और चेतना है। और यह अनायास ही है। किन्तु स्मृति से अतीत का, और कल्पना से भविष्य का आभास उत्पन्न होता है, जिसके बीच अपने स्वतन्त्र कर्ता होने का भ्रम भी पैदा हो जाता है। भ्रम भी मति ही है जो बुद्धि का ही पर्याय है। इसी बुद्धि के उदय के बाद स्मृति और कल्पना के सहारे स्वयं के एक स्वतन्त्र कर्ता होने की एक और कल्पना उपजती है। इच्छा के पूर्ण होने से प्रतीत होनेवाले सुख से, या अपूर्ण रह जाने से प्रतीत होनेवाले दुःख से अपने भोक्ता होने, या भोक्तृत्व की प्रतीति भी ऐसी ही एक कल्पना है। प्रत्येक मनुष्य इसीलिए इच्छा और द्वेष से उत्पन्न सम्मोह से ग्रस्त बुद्धि के आवरण में अपने आपको संसार में,  किन्तु उससे पृथक् और भिन्न भी एक व्यक्ति विशेष मान लेता है, या इस मान्यता को अनजाने ही स्वीकार कर लेता है। इस प्रकार प्रत्येक मनुष्य और प्राणी ही, कर्मवाद और भोगवाद को स्वीकार कर लेता है। किन्तु किसी का भी ध्यान अपनी बुद्धि से उत्पन्न इस त्रुटिपूर्ण भ्रम पर नहीं जाता। बुद्धि के ही परिपक्व, और शुद्ध होने पर ही उसकी बुद्धि में यह प्रश्न उठता है : "इस सब अनित्यता के बीच क्या कुछ ऐसा भी है जो कि नित्य है?"

तत्काल ही या कुछ समय बीतने के बाद उसका ध्यान इस सरल स्वाभाविक और अन्तःस्फूर्त सत्य की ओर आकर्षित होता है का क्या वह स्वयं, उसका अस्तित्व और अपने इस अस्तित्व का भान ही क्या वह वस्तु नहीं है जो नित्य ही आधारभूत सत्य है! यही ईश्वरदृष्टि है! जब तक दृष्टि / बुद्धि अनित्य इन्द्रिय विषयों में भ्रमित रहती है, उनमें प्रतीत होनेवाले सुख और दुःख उसे विषयासक्त बनाए रखते हैं। किन्तु नित्य और अनित्य पर ध्यान जाने पर बुद्धि शुद्ध और स्थिर हो जाती है। धैर्यपूर्वक जानने पर इसी बुद्धि में उस तत्व का प्रकाश होता है जिसका बुद्धि में प्रतिबिम्बित होनेवाला प्रकाश ही बुद्धि में व्यक्त होनेवाला आत्मा / ईश्वर का प्रतिबिम्ब है!

दूसरी ओर ऐसा ही कोई धीरपुरुष संसार के और शरीर के घटनाक्रम को प्रारब्ध का नाम देकर उससे अप्रभावित रहता हुआ उसके प्रति नितान्त उदासीन हो जाता है!

***   






March 07, 2023

आकाश में!

सूराख हो नहीं सकता! 

-----------©--------------

स्व. दुष्यन्त कुमार का एक शे'र है :

कैसे आकाश में सूराख हो नहीं सकता,

एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों!

मुझे लगता है कि आकाश तो पहले से ही क्या वैसे भी सबसे बड़ा एक सूराख या खाली स्थान ही नहीं है? यह अलग बात है कि शायद किसी को आज तक यह खयाल क्यों नहीं आया कि उसे गिनी'ज़ बुक आफ वर्ल्ड रेकार्ड में दर्ज किए जाए! पत्थर कितनी भी दूर तक जाए, इस सूराख के दूसरे सिरे तक शायद ही पहुँच सके! 

--

वे कह रहे हैं कि अगर आपका दृढ विश्वास है, तो आप अवश्य ही पानी पर चल सकते हैं!

--

मुझे ये दोनों ही बातें शायराना सच महसूस होती हैं। पहली बात की सच्चाई की जाँच ही नहीं की जा सकती, और दूसरी बात की सच्चाई की जाँच करने की जरूरत ही नहीं है! इसका यह मतलब नहीं कि वह सच्चाई से परे है। इसका मतलब सिर्फ यह है कि क्या किसी को इसकी सच्चाई पर शक नहीं होता? और जब तक शक है तब तक विश्वास कैसे हो सकता है? और यदि विश्वास ही नहीं है तो दृढ विश्वास का तो सवाल ही नहीं उठता। 

यह वैसा ही है, जैसे कोई कहे कि अगर आपका दृढ विश्वास है तो आप आकाश में उड़ सकते हैं। यह तो हो सकता है कि हम किसी दिन हवाई जहाज में बैठकर आकाश में उड़ सकें। लेकिन इसी तरह क्या नाव या पानी के जहाज पर चढ़कर हम पानी पर नहीं चल सकते !

अब रही बात आकाश में सूराख करने की, तो जितने भी पिण्ड या भौतिक वस्तुएँ हैं, क्या वे सभी आकाश में छोटे-बड़े सूराख ही नहीं हैं? सूराख का क्या मतलब है? सूराख अभाव ही है न! जैसे जमीन के भीतर कोई सुरंग होती है वहाँ जमीन का अभाव ही तो होता है! वैसे ही आकाश में जहाँ कोई पिण्ड या कोई वस्तु जितना स्थान घेरती है, उतने स्थान पर आकाश का अभाव हो जाता है, यह भी तो मान सकते हैं! अगर इस ऐंगल से देखें तो आकाश में तो वैसे ही अनगिनत सूराख हैं ही! तो और कुछ सूराख नये हो जाने से क्या होना जाना है!

फिर भी यदि पातञ्जल योगसूत्र पर विश्वास करें तो विभूतिपाद नामक अध्याय में वर्णित सूत्र:

कायाकाशयोःसंबंधसंयमाल्लघुतूलसमापत्तेश्चाकाशगमनम्।।

से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि शरीर और आकाश के पारस्परिक संबंध पर "संयम" करने से, (विभूतिपाद --सूत्र २ -- त्रयमेकत्र संयमः।।२।।) और लघु तथा लघुतर की तुलना के आधार पर "समापत्ति" करने से (तथा साधनपाद --सूत्र ३६--सत्यप्रतिष्ठायां क्रियाफलाश्रयत्वम् ।।३६।। के माध्यम से) ऐसी आकाशगमन की सिद्धि क्यों नहीं प्राप्त हो सकती है? क्योंकि स्थूल भौतिक विज्ञान भी तो स्थूल प्रकृति पर विजय पाने की ही चेष्टा कर रहा है, जबकि योगशास्त्र सूक्ष्म प्रकृति अर्थात् मन पर, और योग की शक्ति और सामर्थ्य तो स्थूल विज्ञान की शक्ति से अवश्य ही कहीं अधिक है। महर्षि पतञ्जलि विभूतिपाद नामक अध्याय में  सचेत करते हैं कि दिव्य और सूक्ष्म अनुभव समाधि में उपसर्ग (विघ्न) हैं, जबकि व्युत्थान (समाधि से उठने) की दशा में वे ही सिद्धियाँ होते हैं :

सर्वार्थैकाग्रतयोः क्षयोदयो चित्तस्य समाधिपरिणामः।।११।।

ते समाधावुपसर्गा व्युत्थाने सिद्धयः।। ३८।।

और भगवान् श्री रमण महर्षिकृत "सद्दर्शनम्" के अनुसार तो ये सिद्धियाँ भी ज्ञानी की दृष्टि से स्वप्न ही हैं, और अनित्य तो हैं ही। ज्ञान-रूपी सिद्धि तो ज्ञानी की वास्तविक संपत्ति है क्योंकि वह नित्य और शाश्वत अविकारी सत्य है, जहाँ सुख-दुःख का भी पूर्ण अभाव है, और शान्ति रूपी स्वाभाविक नित्य-स्थिति है :

सिद्धस्य वित्तिः सत एव सिद्धिः 

स्वप्नोपमानाः खलु सिद्धयोऽन्याः।।

स्वप्नः प्रबुद्धस्य कथं नु सत्यः

सति स्थितः किं पुनरेति मायाम्।।३७।।

***



January 30, 2023

अज्ञान का अज्ञान

पता नहीं है, यह भी पता न होना! 
--
भगवान् श्री रमण महर्षि द्वारा रचित सद्दर्शनम् का एक श्लोक : 
विद्या कथं भाति न चेदविद्या
विद्यां विना किं प्रविभात्यविद्या।। 
द्वयं च कस्येति विचार्य मूलं
स्वरूपनिष्ठा परमार्थ विद्या।।१२।।
--
An ignorant one is ignorant of his ignorance too.
--
If ignorance were not, how can knowledge be? And, If knowledge were not, how can ignorance be? Searching close the source of both, settled State there is knowledge true. 
--
अज्ञानी को यह भी नहीं पता होता है कि वह अज्ञानी है। जब किसी को समझ में आता है कि मैं अज्ञानी हूँ, तो इस प्रकार की समझ होने पर ही उसका ध्यान इस ओर जाता है। अज्ञान का बोध भी ज्ञान ही है, जिसमें अपने अज्ञान का पता होता है। इस प्रकार का अज्ञान और ज्ञान जिस निज हृदय / चेतना में होता है, उस अपने स्वरूप की नित्यता और निजता को खोज लेना और वहीं निमग्न हो रहना परमार्थ निष्ठा है।
--
श्रीमद्भगवद्गीता के अनुसार :
इच्छाद्वेषसमुत्थेन द्वन्द्वमोहेन भारत।।
सर्वभूतानि सम्मोहं सर्गे यान्ति परंतप।।२७।।
(अध्याय ७)
अर्थात् सभी भूतप्राणी जिसका भी जन्म हुआ है, जन्म से ही मोहबुद्धि से युक्त होता है इसलिए उसमें इच्छा और द्वेष दोनों ही जन्म से ही विद्यमान होते हैं।
इस मोहबुद्धि से ही प्रत्येक मनुष्य मूढ की तरह होता है। मूढ का तात्पर्य है पशु की तरह की बुद्धि से युक्त। लौकिक, व्यावहारिक शिक्षा प्राप्त करने पर भी वह संस्कारों से प्रेरित होने के कारण सभ्य भी अवश्य हो जाता है किन्तु फिर भी, संसार और उसके विषयों की अनित्यता को न देख पाने के फलस्वरूप उन विषयों में प्रतीत हो रहे सुखों के पीछे भागते हुए किसी मूढ की तरह ही आचरण करता है। अर्थात् वह पशु की तरह मूढ न होते हुए भी, यद्यपि विचार कर सकने के योग्य भी हो जाता है किन्तु अनित्य विषयों और उनके ऐसे ही अनित्य भोगों और इन विविध भोगों का जिन इन्द्रियों और शरीर के माध्यम से उपभोग किया जाता है, उनके अनित्य और क्षणिक होने के तथ्य से अपनी आँखें मूँद लेता है। इसलिए उसे मूढ न कहकर मूर्ख कहा जाता है। उसका ध्यान जब अपनी इस मूर्खता पर जाता है तो उसे अपने अज्ञानी होने का पता चलता है। तब वह विद्वान तो हो जाता है किन्तु उसकी बुद्धि वैचारिक ऊहापोह में ही फँसी रहती है। किन्तु जब नित्य और अनित्य क्या है इस पर वह ध्यान देता है, तब विवेक की प्राप्ति उसे होती है, जिससे उसके मन में संसार से वैराग्य पैदा हो जाता है। नित्य वस्तु के स्वरूप को जानने की उत्कंठा से ही अंततः वह उस नित्य वस्तु को अपनी चेतन आत्मा की तरह अत्यन्त निज की तरह से जान लेता है। तब वह स्थितधीः जिसकी बुद्धि स्थिर है, ऐसा हो जाता है। इस बुद्धि को ही यहाँ स्वरूपनिष्ठा अर्थात् परमार्थ विद्या कहा है। 
***

June 20, 2022

अमृतत्वमिच्छन्

कठोपनिषद्

अध्याय २

--

प्रथमा वल्ली 

कठोपनिषद् में दो अध्याय हैं, 

प्रत्येक अध्याय में ३ वल्ली हैं।

पहला अध्याय रोचक है और दूसरे अध्याय के लिए भूमिका का कार्य भी करता है। इस कथा को पौराणिक, प्रतीकात्मक अथवा मनोवैज्ञानिक दृष्टि से भी समझा जा सकता है, और उपनिषद् के रूप में इसे आध्यात्मिक शिक्षा के रूप में भी ग्रहण किया जा सकता है। यमराज स्वयं यमलोक के अधिष्ठाता देवता हैं, और वे ही देवता की तरह मृत्यु तथा जीवन के विधाता भी हैं। 

पातञ्जल योग-सूत्र में वर्णित पाँच सार्वभौम महाव्रत सम्मिलित रूप से यम कहे जाते हैं और योग के अनुष्ठान के आठ अङ्गों में यम को प्रथम स्थान प्राप्त है। आशय यह कि यम का उल्लंघन कोई नहीं कर सकता। पुनः यम के इन पाँच महाव्रतों को क्रमशः अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य तथा अपरिग्रह की तरह से भी जाना जाता है। इनमें से प्रत्येक ही अत्यन्त कठिन है और जैसा गीता अध्याय ७ में कहा गया है  :

इच्छाद्वेषसमुत्थेन द्वंद्वमोहेन भारत।।

सर्वभूतानि सम्मोहं सर्गे यान्ति परन्तप।।२७।।

समस्त भूत जन्म ही से इच्छा-द्वेष रूपी द्वन्द्व-बुद्धि से मोहित हो अत्यन्त मूढता से युक्त होते हैं। क्योंकि इच्छा और द्वेष दोनों ही सुख प्राप्त करने की लालसा तथा दुःख प्राप्त होने के भय की आशंका से ही उत्पन्न होते हैं। इस प्रकार से प्राणिमात्र का ध्यान सदैव बाह्य जगत् से बँधा रहता है। बाह्य जगत् को ज्ञानेन्द्रियों के माध्यम से जाननेवाला स्वयं "मैं", जगत् को और ज्ञानेन्द्रियों को भी जानता है। जगत् एक या अनेक, या एक और अनेक से भी विलक्षण और अज्ञात है, जबकि ज्ञानेन्द्रियाँ पाँच हैं, जो पाँच प्रकारों से जगत् का संवेदन करती हैं। नेत्र देखने का कार्य करते हैं, कान सुनने का, जिह्वा स्वाद चखने का, त्वचा स्पर्श का और नासा गंध ग्रहण करने का। ये पाँचों ज्ञानेन्द्रियाँ जगत् के बारे में अलग अलग निष्कर्ष प्रस्तुत करती हैं। जगत् की किसी एक भी वस्तु के बारे में यही होता है, तो पूरे जगत् की सच्चाई के बारे में क्या कहा जा सकता है!

किन्तु इन्द्रियों के विषयों को मन ही जानता है। मन को बुद्धि, और बुद्धि को बुद्धि का स्वामी अर्थात् "मैं", जो अपने आपको बुद्धि का स्वामी, "मैं" कहता है। क्या यह जाननेवाला बुद्धि से भी पहले से विद्यमान नहीं होता?

एक बार काल और बुद्धि के बीच विवाद हुआ। 

बुद्धि ने कहा : "तुम मेरी सन्तान हो।"

काल ने कहा : "नहीं! तुम मेरी सन्तान हो!"

दोनों भगवान् शिव के पास न्याय के लिए जा पहुँचे।

भगवान् शिव तो काल और बुद्धि से परे, नित्य, सनातन, शाश्वत और अनादि और अनन्त हैं। 

उन्होंने कहा :

"तुम दोनों मेरी ही कल्पना हो। जब मैं जागता हूँ, तो तुम दोनों एक ही साथ व्यक्त हो उठते हो, और जब मैं समाधिस्थ होता हूँ, तो मुझमें ही तुम दोनों का विलय हो जाता है।"

इस प्रकार बुद्धि और काल का अपने आपके स्वयं-भू होने का भ्रम दूर हो गया ।

ऐसा ही एक भ्रम मनुष्य में भी अपने आपके विषय में होता है, - इसे ही अहंकार कहा जाता है। इसके व्यक्त होते ही यह शरीर, मन, बुद्धि, चित्त आदि के रूप में भी व्यक्त रूप ग्रहण करता है। और तब जगत् से अपनी भिन्नता की कल्पना कर स्वयं को "मैं" कहता है।

पराञ्चि खानि व्यतृणत् स्वयंभू-

स्तस्मात्पराङ्पश्यति नान्तरात्मन्।।

कश्चिद्धीरः प्रत्यगात्मानमैक्ष-

दावृत्तचक्षुरमृतत्वमिच्छन्।।१।।

पराञ्चि खानि व्यतृणत् स्वयंभूः तस्मात् पराङ् पश्यति न अन्तर्-आत्मन्। कश्चित् धीरः प्रत्यगात्मानं ऐक्षत् आवृत्त-चक्षुः अमृतत्वं इच्छन्।।

इस प्रकार व्यक्ति-विशेष में उत्पन्न होनेवाले इस स्वयंभू अहंकार में स्वयं के स्वतंत्र होने का भ्रम उत्पन्न हो जाता है, जो पुनः मन, चित्त एवं बुद्धि का अवलंबन लेकर किसी सतत अस्तित्व-मान वस्तु की तरह प्रतीत होता है। आश्चर्य और विडम्बना यह है कि यह अपने आपको भी अपना ही स्वामी मान लेता है और स्वयं को "मैं-मेरा" की तरह से दो में विभाजित कर लेता है। जैसे कभी तो यह शरीर को "मैं" कहता है, तो कभी  शरीर को "मेरा शरीर" भी कहता है। ऐसा ही व्यवहार यह मन, बुद्धि, चित्त तथा प्राणों साथ भी करता है। अहंकार ही इन्द्रियों को बहिर्मुख कर ध्यान को इतस्ततः बिखेर देता है। 

किन्तु कोई धैर्यवान पुरुष ही अपने इस ध्यान को बाह्य जगत् से लौटकर अपने अन्य में स्थित प्रत्यगात्मा पर लगाकर उसे जानने की इच्छा करता है, जो कि मृत्यु से रहित अमरता रूपी सत्य है। 

--

इसे ही सद्दर्शनम् में कुछ इस प्रकार से कहा गया है :

धिये प्रकाशं परमो वितीर्य

स्वयं धियोऽन्तः प्रविभाति गुप्तः।।

धियं परावर्त्य धियोऽन्तरेऽत्र

संयोजनान्नैश्वरदृष्टिरन्या।।

परमात्मा बुद्धि में प्रकाशित होता हुआ भी, और बुद्धि को प्रेरित करता हुआ भी स्वयं बुद्धि के लिए अप्रकट ही रहता है। इसलिए बाह्य विषयों में संलग्न बुद्धि को उन उन विषयों से हटाकर पुनः पुनः अपने ही अन्तर्हृदय में विद्यमान परमात्मा पर लाना ही ईश्वर के दर्शन का उपाय है। 

***



May 12, 2022

द्वितीया वल्ली

चौथा वर

--

नचिकेता की प्रशंसा -- यमराज के उद्गार :

नचिकेता के विवेक, वैराग्य और परिपक्वता की परीक्षा करने के बाद उसके लिए चौथा वर प्रदान करने से पहले आत्म-ज्ञान की दुर्लभता और योग्य सुपात्र तथा अधिकारी मुमुक्षु का वर्णन इस प्रकार से किया :

नचिकेता! सुनो!!

अन्यच्छ्रेयोऽन्यदुतैव प्रेय-

स्ते उभे नानार्थे पुरुष्ँसिनीतः।। 

तयोः श्रेय आददानस्य साधु 

भवति हीयतेऽर्थाद्य उ प्रेय वृणीते।।१।।

श्रेयश्च प्रेयश्च मनुष्यमेत-

स्तौ सम्परीत्य विविनक्ति धीरः।। 

श्रेयो हि धीरोऽभि प्रेयसो वृणीते

प्रेयो मन्दो योगक्षेमाद्वृणीते।।२।।

स त्वं प्रियान्प्रियरूपान्श्च कामा-

नभिध्यायन्नचिकेतोऽत्स्राक्षीः।।

नैतां सृङ्कां वित्तमयीमवाप्तो

यस्यां मज्जन्ति बहवो मनुष्याः।।३।।

दूरमेते विपरीते विषूची 

अविद्या या च विद्येति ज्ञाता।। 

विद्याभीप्सिनं नचिकेतसं मन्ये

न त्वं कामा बहवोऽलोलुपन्त।।४।।

अविद्यायामन्तरे वर्तमानाः

स्वयं धीराः पण्डितम्मन्यमानाः।। 

दन्द्रम्यमाणाः परियन्ति मूढा

अन्धेनैव नीयमाना यथान्धाः।।५।।

न साम्परायः प्रतिभाति बालं

प्रमाद्यन्तं वित्तमोहेन मूढम्।। 

अयं लोको नास्ति पर इति मानी

पुनः पुनर्वशमापद्यते मे।।६।।

यमराज के द्वारा कहे जानेवाले उपरोक्त छः मंत्रों में, संक्षेप में तीन प्रकार के मनुष्यों की ओर संकेत किया जा रहा है :

पहले प्रकार के मनुष्य वे हैं, जो अपनी इच्छाओं के वश में होते हैं -- अर्थात् उनका मन अनेक इच्छाओं से परिचालित होकर विभिन्न प्रिय (प्रेय) विषयों की प्राप्ति और उनके उपभोग करते रहने में संलग्न रहता है।

दूसरे प्रकार के मनुष्य वे हैं, जिनकी इच्छाएँ उनके वश में होती हैं -- अर्थात् उनकी इच्छाओं पर उनके विवेक का नियंत्रण होता है, वे प्रेय को नहीं, श्रेय को चुनते हैं और श्रेय की प्राप्ति के लिए ही प्रयत्न करते हैं। इस प्रकार उनका मन विवेक से परिचालित होता है। वास्तव में ऐसे ही मनुष्यों को धीर कहा जाता है। किन्तु तीसरे प्रकार के मनुष्य वे होते हैं जो अपने आपके धीर-गम्भीर पण्डित होने के अभिमान में डूबे होते हैं क्योंकि उन्होंने शास्त्रों का अध्ययन किया होता है। उनका सारा ज्ञान बौद्धिक ही होता है और उनका मन साँसारिक विषयों और उन विषयों में प्रतीत होने वाले आभासी और अनित्य सुखों को प्राप्त करने के लिए ही लालायित रहता है। ईशावास्योपनिषद् में उपरोक्त दो प्रकार के मनुष्यों के लिए क्रमशः यह कहा गया है :

अन्धं तमः प्रविशन्ति येऽविद्यामुपासते।।

ततो भूय इव ते तमो य उ विद्यायां रताः।।९।।

प्रेय को सभी जानते ही है, प्रेय की प्राप्ति के लिए ही हर मनुष्य प्रयास करता रहता है। किन्तु श्रेय की ओर ध्यान तो नित्य और अनित्य के सतत चिन्तन के फलस्वरूप उत्पन्न होनेवाले विवेक, और संसार के प्रति वैराग्य के पैदा होने का ही परिणाम होता है। इस प्रकार नचिकेता विवेक और वैराग्य की परिपक्वता होने के ही कारण वह उस नित्य तत्त्व के विषय में जानना चाहता है, जो कि मृत्यु से परे है। मनुष्य के लिए यही श्रेयस्कर है।

यमराज कहते हैं कि प्रेय और श्रेय जीवन के ये दोनों लक्ष्य एक दूसरे से अत्यन्त विपरीत हैं और श्रेय को जीवन लक्ष्य की तरह ग्रहण करने से पहले आवश्यक है कि विवेक और वैराग्य प्राप्त कर लिए जाएँ।

नचिकेता! यह विवेक और वैराग्य रूपी जो दैवी संपत्ति है, तुम्हें पहले से ही प्राप्त है (जैसा कि गीता में अध्याय १६ में भगवान् श्रीकृष्ण ने अर्जुन से कहा था : 

दैवी सम्पद्विमोक्षाय निबन्धायासुरी मति।। 

मा शुचः सम्पदं दैवीमभिजातोऽसि पाण्डव।।५।।

जैसा कि इस उपनिषद् पर पोस्ट के प्रारंभ में ही उल्लेख किया जा चुका है, कि यह कथा प्रतीकात्मक रूप से आत्मानुसन्धान में संलग्न उस व्यक्ति की कथा भी हो सकती है जिसे कि उशना नाम दिया गया है, और नचिकेता जिसका आत्मज अर्थात् पुत्र है। चूँकि मन की उत्पत्ति आत्मा से होती है और आत्मानुसंधान किए जाने पर अहंकार- रूपी 'मन' को मृत्यु प्राप्त हो जाती है :

मृत्युञ्जयं मृत्युभियाश्रिताना-

महंमतिर्मृत्युमुपैति पूर्वम्।।

अथ स्वभावादमृतेषु तेषु

कथं पुनर्मृत्युधियोऽवकाशः।।२।।

(सद्दर्शनम्)

अन्य दृष्टि से देखें तो इस कथा को एक वास्तविक घटना के रूप में भी यद्यपि सत्य माना जा सकता है, किन्तु ऊपर उल्लिखित मंत्र ६ में जैसा कहा गया है, और वे लोग जो केवल इस लोक (और जन्म) को ही सत्य मानते हैं और मृत्यु के बाद की किसी संभावना पर सन्देह  करते हैं, उन्हें इस पर आपत्ति हो सकती है। इस दृष्टि से भी नचिकेता मनुष्य का अहंकार अथवा 'मन' है, ऐसा समझा जा सकता है।

इस प्रकार द्वितीया वल्ली के ६ मंत्रों की विवेचना की गई। 

***