Showing posts with label त्वरित टिप्पणी-१. Show all posts
Showing posts with label त्वरित टिप्पणी-१. Show all posts

June 08, 2014

~~ कल का सपना - ध्वंस का उल्लास 5 ~~

~~ कल का सपना - ध्वंस का उल्लास 5 ~~
_________________________________
*********************************

पाँच वर्ष से अधिक हो गए 'नेट' पर !
इस बीच 'ध्वंस' और 'सृजन', 'सृजन' और 'ध्वंस' तथा 'ध्वंस के उल्लास' का नृत्य अविरल सतत निरंतर चलता  रहा। अनहद नाद सा।
--
भारत राष्ट्र की 'सत्ता' के सूत्रधार बदल गए।  'ध्वंस', और 'सृजन', 'सृजन' और 'ध्वंस' तथा 'ध्वंस के उल्लास' का नृत्य अविरल सतत निरंतर चलता रहा। अनहद नाद सा।
--
एक छोटी सी कविता कुछ दिनों पहले लिखी थी :
अपने लिए,
निराश हूँ,
लेकिन दुःखी नहीं।
तुम्हारे लिए,
दुःखी हूँ,
लेकिन निराश नहीं।
--
बहुत-बहुत संतुष्ट हूँ अपने इस संक्षिप्त से, सारगर्भित वक्तव्य से।
वैसे तो यह किसी एक परिचित को लिखी गई 4 (या 6) पंक्तियाँ थीं, लेकिन इसे मैं मेरी सम्पूर्ण आत्मकथा ही समझता हूँ।  जिसे पूरे जगत के प्रति भी समर्पित करना चाहूंगा।
--
सोचता हूँ वक्त कहकर नहीं आता।  ध्वंस और सृजन विपरीत या विरोधी नहीं एक-दूसरे के प्रतिपूरक हैं। दोनों वह बल-युग्म है, जो जीवन  है।  जन्म और मृत्यु भी ऐसा ही एक बल-युग्म है।
--
बचपन से यह बल-युग्म मेरे जीवन के पहिए को संतुलित रखता चला आया है।  हर दिन, हर बार ऐसा लगता है कि अब यह पहिया इधर या उधर गिर जाएगा, लेकिन फिर फिर संतुलित हो  जाता रहा है । अध्यात्म, धर्म, शिक्षा, राजनीति, सामाजिक दबावों और व्यक्तिगत गुण-दोषों  बावज़ूद !
--
हर रोज़, हर घड़ी कुछ न कुछ अनपेक्षित होता है, ख़ुशी या दुःख या बस रोज़मर्रा का रूटीन !
अख़बार पढ़ना मज़बूरी है, आज के अख़बार में ISIS के विरोध में कलकत्ता की मुस्लिम युवतियों के प्रदर्शन के फ़ोटो पर नज़र पड़ती है, दूसरी खबरें भी हैं, रुश्दी को मिला pen -pinter पुरस्कार या केदारनाथ सिंह को मिला ज्ञानपीठ, रेल-भाड़े में वृद्धि जिसे सदानंद गौड़ा पिछली u . p . a . सरकार की सौगात कहते हैं।
वास्तव में मेरा सोचना है कि हमें हर चीज़ की क़ीमत देनी ही होगी। तथाकथित विकास, समृद्धि, प्रगति, उन्नति, आदि की क़ीमत तो चुकानी ही होगी उससे कहीं बहुत अधिक क़ीमत  अपने लोभ, भयों जीवन-मूल्यों आदर्शों, विचारधाराओं, धर्म (?), परंपरा, सामाजिक सरोकारों की भी।
लेकिन शायद ही कोई क़ीमत चुकाने को तैयार है।
'ध्वंस' भी क़ीमत है, और मैं उल्लसित हूँ !

वे चार पंक्तियाँ फिर से उद्धृत कर रहा हूँ  :          

अपने लिए,
निराश हूँ,
लेकिन दुःखी नहीं।
तुम्हारे लिए,
दुःखी हूँ,
लेकिन निराश नहीं।
--
और एक संशोधन  :

तुम्हारे लिए,
या अपने लिए,
भले ही मैं निराश या दुःखी होऊँ,
हैरत नहीं होगी मुझे,
अगर कल के अख़बार में,
तुम्हारे / मेरे / हमारे बारे में छपी,
कोई और डरावनी खबर,
मुझसे 'हॅलो' कहे !
-- 

December 15, 2013

आज का पत्र / 15/12/2013.

आज का पत्र / 15/12/2013.
_____________
© 
--
गणित के शिक्षक ने पूछा :
’तुम्हारे भाई के पास पाँच टॉफ़ी हैं, उसने दो टॉफ़ी तुम्हें दे दीं, तो उसके पास कितनी टॉफ़ी बचीं?’
"पाँच टॉफ़ी !"
राहुल ने उत्तर दिया ।
"ओह! तुम्हें जोड़-बाकी तक के बारे में भी कुछ नहीं पता !"
शिक्षक ने डाँटते हुए कहा ।
"आपको मेरे भाई के बारे में कुछ नहीं पता ।"
--
कल ही डॉ. वेदप्रताप वैदिक का लिखा एक लेख पढ़ रहा था (सौजन्य : Aryaman Chetas Pandey)
यह लेख उसी विषय में था जो आजकल बिजली-पानी और महंगाई जैसा महत्वपूर्ण बना हुआ है । एल.जी.बी.टी. के बारे में, मनुष्य की ’स्वतन्त्रता’, मानवाधिकार के बारे में, खासकर ’अल्पसंख्यकों’ के मानव-अधिकारों के बारे में । मुझे लगता है ’एल-जी.बी.टी.’ भी अल्पसंख्यक ही होंगे । भारत में, या धरती पर कहीं भी । यह सच है कि मैंने यह acronym सर्वप्रथम चिदम्बरम् साहब के मुँह से ही सुना था ।
यह लेख क़ानून, विधायिका और न्यायपालिका के बारे में भी था । मैंने उस लेख से यही निष्कर्ष निकाला कि डॉ. वैदिक सुप्रीम-कोर्ट के फ़ैसले से क़तई सहमत नहीं हैं । 
हमारे यहाँ ’विशेषज्ञों’ का अभाव नहीं है । उनमें से बहुत से  शिक्षा, उद्योग, राजनीति, कला और साहित्य, ’फ़िल्म और टीवी’, पत्रकारिता, समाज-शास्त्र, शासकीय सेवाओं, व्यवसाय-प्रबन्धन, चिकित्सा, ’धर्म और आध्यात्म’ और दूसरे क्षेत्रों में चले जाते हैं, कुछ विदेश चले जाते हैं ।
इनमें से कुछ a square peg in a round hole साबित होते हैं, और अपनी स्थिति समझकर देर-अबेर अपनी सही भूमिका में लौट जाते हैं । जैसे अमिताभ बच्चन साहब ।
लेकिन बहुत ज्यादा संख्या उन लोगों की होती है, जो अपने विषय के तो विशेषज्ञ होते हैं, किन्तु किन्हीं कारणों या दबावों के चलते कभी यह तय नहीं कर पाते कि उन्हें यथाशीघ्र और बाइज्जत वहाँ से लौट जाना चाहिए जहाँ उनकी विशेषज्ञता की क़तई जरूरत नहीं है । जहाँ उनकी विशेषज्ञता का सम्मान तक नहीं है । लेकिन मनुष्य का एकमात्र दुर्भाग्य यही है कि वह सब-कुछ समझ सकता है, किसी ’क्षेत्र’ में विश्वख्याति प्राप्त ’सफल’ व्यक्ति भी हो सकता है, लेकिन उसे अपने-आपकी ही समझ नहीं होती । फ़िर भी उसे यदि कम से कम इतनी भी समझ आ जाए कि मैं अपने-आपको नहीं समझ पाया, पहले मैं अपने आपको ठीक से जान-समझ लूँ, फ़िर संसार को समझने की क़ोशिश करूँ, तो वह संसार का बहुत भला कर सकता है ।
जो अपने-आपको ही नहीं समझ पाया, अन्य दृष्टि से वह भले ही बहुत विद्वान हो, अपने जैसे दूसरे असंख्य मनुष्यों को कैसे समझ सकेगा? और यहाँ ’अपने-आपको समझने’ से मेरा आशय ’आत्मा’ की खोज, कोई ख़ास धार्मिक अनुष्ठान या साधना और तपस्या आदि करने से नहीं, बल्कि एक मनुष्य होने के रूप में मैं क्या हूँ, इतना भर समझने से है ।
और मुझे लगता है कि तमाम ’स्वतन्त्रता’ और ’विकास’ के बावज़ूद, यही वह कमज़ोर बिन्दु है, जो विशेषज्ञों को भी संसार को गर्त में जाने से नहीं रोक पा रहा है । बहुत से मोर्चे हैं युद्ध के और मनुष्य उन मोर्चों पर अपने-आप से ही युद्धरत है, किसी की नेकनीयती पर सन्देह भी नहीं है, लेकिन फ़िर भी कुल-जमा नतीज़ा यही है जो हो रहा है । यदि मनुष्य इतना भर समझ जाए तो कुछ उम्मीद फ़िर भी की जा सकती है ।

-- 

January 09, 2011

~~ चलो इक बार फ़िर से,.... ~~

~~~~~ चलो इक बार फ़िर से,.... ~~~~~
______________________________
******************************


कितना आसाँ है कहना,
’अजनबी बन जाएँ हम दोनों’,
कितना मुश्किल है,
सिलसिले खत्म कर देना ,
काश वो शुरु ही न हुए होते,,
वर्ना बनता ही कैसे अफ़साना ?
भुला देने से अफ़साने खत्म नहीं होते,
सिलसिले टूटते नहीं ऐसे,
अजनबी दोस्त तो बन जाते हैं,
दोस्त पर अजनबी बनें कैसे ?
___________________
********************



October 31, 2009

त्वरित टिप्पणी -१/ (कविता)

त्वरित टिप्पणी -१

*****************************************************
****************************************************
"इस दश्त में इक शहर था,... ... "
आज का अखबार,
रोज़ की तरह ,
'नया' है,
-ताज़ा !
बस 'बासी होने की 'प्रक्रिया' में है,
हो जाएगा थोड़ी देर में,
-'बासी',
आँगन में झर रहे हरसिंगार के फूलों की तरह,
-जैसे कि रोज़ हो जाया करता है ।
कल भी हुआ था,
-जब 'गुलाबी नगरी' में हुए,
'इंडियन ऑइल डिपो' के टैंकों में फूट पड़ी चिंगारी से उठी लपटों ने,
लील ली थीं कई जिंदगियाँ,
और कईको छोड़ दिया था,
अंधेरी ज़िंदगी जीने के लिए ।
याद आती है तीन-चार दिसंबर '८४
(पिछली सदी?)
की वह ठिठुरती सुबह,
जब ऐसी ही एक घटना भोपाल में हुई थी,
और हजारों जिंदगियाँ, ख़त्म हो गईं थीं ।
भोपाल भी एक खूबसूरत शहर है / था ।
क्योंकि हर शहर होता है खूबसूरत,
-
जब तक उसे कोई दूसरा 'दश्त',
चाहे कंक्रीट, गरीबी, या असंवेदनशीलता का ही क्यों न हो,
-ढँक नहीं लेता ।
कभी-कभी तो ज़हर या ज़हरीले धुएँ का !
और ज़हरीला धुआँ राजनीति की तरह,
हावी हो जाता है,
हवा में मौजूद,
'ऑक्सीजन' पर !
मैं नहीं कहता कि यह ग़लत है,
-या सही है,
यह तो बस एक 'त्वरित-टिप्पणी' है,
आज के अखबार पर,
आँगन में झर रहे हरसिंगार के फूलों पर,
एक तुच्छ, महत्वहीन टिप्पणी मात्र है यह !

*******************************************************************