Showing posts with label गीता 2/12. Show all posts
Showing posts with label गीता 2/12. Show all posts

October 31, 2025

The New and The Old.

अनन्तिम प्रश्न  /

The Penultimate Question.

नया और पुराना समय

क्या "समय" नया या पुराना होता है? 

क्या "हम" नये या पुराने होते हैं? 

क्या "समय" के साथ "हम" बदल सकते हैं?

और,

क्या "समय" के न बदलने से "हम" नहीं बदलते?

क्या "समय", "हम" है? 

क्या "हम", "समय" हैं?

फिर "समय" क्या है? 

फिर "हम" क्या हैं?

क्या इस / इन दोनों प्रश्नों  का कोई बौद्धिक उत्तर हो सकता है?

विचार / बुद्धि समय की सीमा में कार्य करता है ।

और समय, विचार / बुद्धि की सीमा में ।

विचार, बुद्धि और समय अन्योन्याश्रित हैं।

इसलिए,

इस / इन दोनों प्रश्नों का,

कोई बौद्धिक उत्तर नहीं हो सकता।

यह / ये दोनों प्रश्न अनन्तिम / penultimate इसीलिए हैं क्योंकि कोई भी प्रश्न अन्त से पहले तक ही हो सकता है।

अन्त के बाद क्या है?

क्या तब कोई प्रश्न है?

न त्वेवाहं जातु नासं न त्वं नेमे जनाधिपाः। 

न चैव न भविष्यामः सर्वे वयमतः परम्।।१२।।

अध्याय २,

***


May 15, 2024

72. प्रेरणा का उद्गम

Question / प्रश्न  72.

पिछले Question / प्रश्न 71 के क्रम से-- आगे --

--

प्रकृति और जीवन

जीवन स्वयं ही जीवन का प्रारंभ और अंत भी है और इस प्रारंभ और अंत के बीच विद्यमान "कोई" , जो उस प्रकृति का ही एक अंश होते हुए भी मानों उससे अपने आपको जीवन से पृथक्

"जीनेवाला कोई" और "मैं"  जानता है। माता के गर्भ में स्थित "कोई" शिशु जन्म लेने से पहले जैसे माता से अभिन्न और अपृथक् होता है, किन्तु उसका जन्म हो जाने के बाद जिसमें माता से भिन्न और पृथक् होने और अपने स्वतंत्र रूप से "मैं" की तरह होने का भान प्रकट होता है। माता के रूप में अपने 'होने'  का यह भान उसमें तब भी विद्यमान होता है जिस समय वह माता के गर्भ में होता है, किन्तु क्या उस समय उसमें माता से अपने भिन्न और स्वतंत्र होने की भावना भी रही होगी? शायद इसका कोई सुनिश्चित उत्तर नहीं दिया जा सकता। जब तक वह शरीर माता के गर्भ में था तब तक वह पूरी तरह से माता पर ही आश्रित और परतंत्र ही था।वैज्ञानिकों के मतानुसार भी तब भी उसमें स्वयं के माता से भिन्न और पृथक् किन्तु अपने माता पर आश्रित होने की भावना विद्यमान थी ही। जन्म हो जाने के उपरान्त माता के प्रति यह भावना भी विलीन हो जाती है। ठीक इसी प्रकार से शरीर प्रकृति रूपी गर्भ में उत्पन्न होकर भी बाद में प्रकृति से भिन्न "मन" होकर उस माध्यम से अपना स्वतंत्र अस्तित्व होने की भावना से युक्त हो जाता है। जैसे गर्भ में शिशु गर्भनाल से अपनी माता से पोषण प्राप्त कर विकसित होता है, उसी प्रकार से जन्म हो जाने के उपरान्त प्रकृति से रूपी माता से पोषण प्राप्त करता रहता है और उससे अपने भिन्न और पृथक्, स्वतंत्र होने की कल्पना कर लेता है। अन्न, जल, वायु आदि प्रकृति के ही तो तत्व हैं जिन्हें ग्रहण कर, उनसे शक्ति तथा पोषण प्राप्त करता है। चूँकि समस्त जीवन प्रकृति और प्रकृति ही समस्त जीवन है, इसलिए उससे अपना भिन्न और पृथक्, स्वतंत्र अस्तित्व होने की यह कल्पना मूलतः "मन" का वैचारिक विभ्रम ही होता है।

इसी "मन" को यद्यपि पुनः पुनः "मैं के रूप में स्वीकार कर लिया जाता है किन्तु उसके आश्रय और अधिष्ठान रूपी प्रकृति का विस्मरण हो जाता है। "मन" ही "मैं", "प्रेरणा", है जिसे "इच्छा" और "संकल्प" के रूप में जाना जाता है, और  यह "जाननेवाला" भी पुनः यही "मन"  अर्थात् समस्त "ज्ञात" / "मैं"! 

इस प्रकार से व्यक्ति स्वयं के जन्म और मृत्यु से ग्रस्त होने की कल्पना कर लेता है, कल्पना भी क्षणिक वैचारिक मान्यता भर होती है, जिसे अनवधानता / प्रमादवश ही सत्य समझ लिया जाता है। तो फिर सत्य  क्या है? 

न त्वेवाहं जातु नासं

न त्वं नेमे जनाधिपाः।।

न चैव भविष्यामः

सर्वे वयमतः परम्।।१२।।

(गीता अध्याय २)

तो जिसे व्यक्ति समझा जाता है वह नहीं,  बल्कि वही सत्य है जो काल से अछूता, अबाध, नित्य, सनातन और शाश्वत भी है। उसकी तुलना में "व्यक्तिरूपी"/"स्वयं"  क्षणिक और अनित्य वैचारिक कल्पना है, जो कि क्षण क्षण उठती और विलीन होती रहती है। स्मृतिक्रम और स्मृतिभ्रम के ही आधार से इसे सत्यता प्रदान कर दी जाती है। इस प्रकार काल और कल्पना से रहित और अबाधित वास्तविकता ही स्वरूपतः हम हैं - सर्वे वयमतः परम्।। 

***

 




May 13, 2024

जन्म-पुनर्जन्म

दुःख का कारण

--

महानन्दानगर के घर में मैं 05 फरवरी 2000 तक रहा। वहाँ रहना शुरू किया ही था और जब एक दिन पास के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से कुछ सामान खरीदार ले आया था, और दुकानदार ने जिस पुड़िया में सामान दिया था, उस पुड़िया को खोलकर सामान निकाल लेने के बाद उस कागज को देखा तो यह पता चला कि वह किसी हिन्दी पाठ्य-पुस्तक का एक पृष्ठ था। और उस पर स्व. सुभद्रा कुमारी चौहान के द्वारा रचित कोई कविता लिखी थी। वह उनकी लाड़ली बिटिया के बारे में थी जो मुझे कुछ इस तरह से याद है : 

बार बार आती है मुझको, 

मधुर याद बचपन तेरी,

गया, ले गया, तू जीवन की,

सबसे बड़ी खुशी मेरी। 

इस नये स्थान पर घर में काफी जगह है, पीछे की कच्ची भूमि पर अमरूद के दो बड़े पेड़ हैं जिन पर कुछ छोटे बड़े अमरूद लग रहे हैं। फूलों आदि के और भी पौधे हैं जैसे मीठी नीम, तुलसी, मिर्च जो शायद यूँ ही उग आए होंगे। मोगरा, जूही और चमेली के अलावा फूलों के कुछ ऐसे पौधे भी हैं जिनके नाम मैं नहीं जानता। एक दो बेलें करेले और सेम की भी हैं जिनके बीज जमीन में यूँ ही बो दिए थे। स्व. सुमित्रानंदन पंत की एक कविता :

"आः धरती कितना देती है ..."

उस समय याद आई थी।

और अभी अभी याद आए मीरा के पद्य :

अँसुअन जल सींच सींच प्रेम बेलि बोई 

अब तो बेलि फेल गई आणंद फल होई।

मनी प्लांट की भी दो तीन बेलें हैं जिनकी जड़ें जमीन के भीतर ईंटों की बनी क्यारी से बाहर तक पैठ गई हैं। उन्हें उखाड़ कर वापस क्यारी में ठेल दिया तो वे एक दूसरे से कहती सुनाई दीं : 

"ये अंकल तो बड़े निष्ठुर हृदय जान पड़ते हैं!"

अनेक स्मृतियों की अनेक बेलें, जिनकी जड़ें चित्त की भूमि में गहराई तक पैठी होती हैं। कुछ कटु, कुछ तिक्त, कुछ छुई-मुई नामक, लेकिन उगने के बाद बहुत कँटीली हो जाती हैं, जिन पर सुंदर लाल फूल बड़ी शान से तना खड़ा दिखाई देता है, जिसमें पँखुड़ियाँ नहीं, बस रोएँ ही होते हैं - बॉटल-ब्रश या वीपिंग विलो के फूलों जैसे। 

सुभद्रा जी की कविता में अंत में कुछ यूँ था -

"... मिट्टी खाकर आई थी, 

कुछ मुँह में, कुछ लिए हाथ में,

मुझे खिलाने आई थी! 

मैंने पूछा यह क्या है,

भोलेपन से बोली वह,

माँ, लो तुम भी काओ!

मैंने कहा -तुम्हीं काओ!!"

बगीचे में घूमते हुए यह सब याद आया और मेरे मन में विचार आया काश! मुझे भी तो एक बार ऐसा ही जीवन जीने को मिलता।

यह कामना है - निर्दोष, निश्छल, निष्काम, निष्कपट। 

फिर भी प्रायः तथाकथित महात्मा जाने क्यूँ जन्म-मृत्यु के चक्र को "दुःख" कहते हैं। और गीता में स्वयं भगवान् श्रीकृष्ण भी जीवन (या संसार) को

दुःखालयमशाश्वतम् ।।

कहते हैं, तो फिर, क्या इस कौतूहल और कामना के साथ मरने पर मुझे भी फिर से जन्म लेना पड़ेगा? इस छोटी सी एक कामना के कारण? क्या जीवन वस्तुतः दुःख है? या जीवन से आसक्ति ही दुःख और दुःख का एकमेव कारण है? गीता में ही पुनः भगवान् श्रीकृष्ण  अर्जुन से कहते हैं :

श्री भगवानुवाच -

अशोच्यानन्वशोचस्त्वं प्रज्ञावादांश्च भाषसे।। 

गतासूनगतासूँश्च नानुशोचन्ति पण्डिताः।।११।।

न त्वेवाहं जातु नासं न त्वं नेमे जनाधिपाः।।

न चैव भविष्यामः सर्वे वयमतः परम्।।१३।।

मात्रास्पर्शास्तु कौन्तेय शीतोष्णसुखदुःखदा।।

आगमापायिनोऽनित्या तान् तितिक्षस्व भारत।।१४।।

यं हि न व्यथयन्त्येते पुरुषं पुरुषर्षभ।।

समदुःखसुखं धीरं सोऽमृतत्वाय कल्पते।।१५।।

नासतो विद्यते भावो नाभावो विद्यते सतः।। 

उभयोरपि दृष्टोऽन्तस्त्वनयोस्तत्वदर्शिभिः।।१६।।

अध्याय २ के उपरोक्त ११ से १६ तक के श्लोकों का यही अर्थ हुआ कि जीवन नित्य, सनातन वास्तविकता है, जो अनेक देहों से, बचपन, यौवन और वृद्धावस्था से गुजरने के बाद भी जन्म-मृत्यु से रहित है। यदि यह सत्य है तो कामना भी उसी चक्र का अपरिहार्य अंग है। फिर कामना नहीं, आसक्ति ही निन्दनीय और बंधन (का) कारण है, सुखभोग या भोग की लालसा ही जन्म या पुनर्जन्म का कारण होने से निन्दनीय है, न कि स्वयं जीवन ।

***