Showing posts with label 02-08-2021. Show all posts
Showing posts with label 02-08-2021. Show all posts

August 02, 2021

आखिर को

कविता : 02-08-2021

-----------------©--------------

मोड़

--

तुम आखिर को रुक जाओगे, 

चलते चलते थक जाओगे,

मंजिल शायद ही मिल पाए, 

कहीं ना कहीं बहक जाओगे!

रहता है ग़म साथ हमेशा, 

अपना ही ग़म भी काफी है,

और किसी का ग़म लेकर, 

खुद को ही और सताओगे! 

कोई कब तक साथ चलेगा,

सबकी अपनी अपनी मंजिल,

तुम भी कुछ आगे चलकर,

किसी मोड़ पर मुड़ जाओगे!

***




रेगिस्तान

कविता : 02-08-2021

---------------©-------------

है ये रेगिस्तान जिसमें,

ऊँट हैं, और ठूँठ हैं, 

और हरियाली, ये पानी, 

हैं जो, झूठ-मूठ हैं!

दूर तक है सिर्फ रेत,

जैसे कोई बंजर खेत,

पास हैं बबूल ताड़, 

जैसे काँटों की है बाड़! 

रेत के उस पार से, 

कौन आता जाता है, 

किसका रेगिस्तान से, 

रिश्ता या कोई नाता है!

एक खालीपन है बस, 

दूर तक फैला हुआ, 

और सन्नाटा है बस, 

हर तरफ चुभता हुआ! 

हाँ जरा सी देर को, 

मन ये जाता है बहल,

डूबता है याद में जब,

कोई करता है पहल!

गूँजता है सूनापन,

वरना तो सब व्यर्थ है,

यही है जीवन यहाँ,

बस यही तो अर्थ है! 

***