August 28, 2025

JEAN DUNN

पुनरावलोकित / re-view. 

चेतना और परब्रह्म 

Consciousness and The Absolute.

And

चेतना से पूर्व

Prior To Consciousness.

--

ॐ-कारेश्वर में 11 फरवरी 1991 के दिन संध्या-समय माता आनन्दमयी तपोभूमि पहुँचा। इस स्थान पर पहले भी वर्ष 1984 में एक दिन के लिए आया था और उसी दिन शाम को यहाँ से लौट भी गया था। उस समय यह स्थान बस विकसित हो ही रहा था। उस समय माता आनन्दमयी के एक शिष्य और भक्त यहाँ नर्मदा के तट पर घोर वन में अकेले रहते थे और यहाँ इस आश्रम के निर्माण-कार्य में संलग्न थे। ॐ-कारेश्वर पर्वत के चारों ओर पर्वत की परिक्रमा करने का यह एकमात्र मार्ग है,  जिसमें नर्मदा नदी के मध्य में यह पर्वत जिसका एक नाम मान्धाता भी है, एक द्वीप की तरह दिखाई देता है। इसका विस्तृत विवरण शिव-पुराण, स्कन्द-पुराण और  दूसरे भी अनेक ग्रन्थों में प्राप्त होता है। फरवरी 1991 की 11 तारीख के दिन इस स्थान पर जब एक बार पुनः आया तो यहाँ एक बड़ा आश्रम बन चुका था। दूसरे दिन 12 फरवरी की सुबह परिक्रमा के लिए चला और कुल तीन चार घंटे में परिक्रमा पूरी कर लौट भी आया, जहाँ मुझे रहने के लिए आश्रम के भू-तल से ऊपर बना एक सुन्दर कमरा दिया गया। मार्च 1991 में उस आश्रम का निर्माण कार्य करनेवाले माता आनन्दमयी के भक्त और शिष्य वहाँ से इन्दौर चले गए और अब उस पूरे आश्रम में अकेला मैं ही रह गया था। मार्च माह से जुलाई माह तक वहाँ भीषण गर्मी पड़ती है। तब निचले तल पर मैं भोजन बनाता था, दोपहर भर वहीं रहता था और शाम होते ही नर्मदा में स्नान कर ऊपर छत पर बने उस कमरे में चला जाता था जहाँ पूरी रात बिताता था। कमरे के बाहर एक रास्ता परिक्रमा मार्ग पर और दूसरा नीचे के दूसरे तल से होता हुआ भू-तल पर जाता था। परिक्रमा मार्ग पर पास ही सफेद कुटी नामक एक और आश्रम भी था, जिसे कि इंदौर स्थित श्रीरामकृष्ण मठ के द्वारा स्थापित किया गया था, और वे ही उसका प्रबंधन और उसका संचालन भी किया करते थे।  

वहाँ मेरे पास एकमात्र पुस्तक थी मॉरिस फ्रीडमन द्वारा अंग्रेजी में प्रकाशित श्री निसर्गदत्त महाराज के बातचीत का अनुवादित ग्रन्थ :

 I AM THAT

मैं यदा कदा इसी ग्रन्थ का अवलोकन किया करता था। तब एक दिन प्रेरणा हुई कि यदि इसका हिन्दी भाषा में अनुवाद हो जाए तो शायद उस पुस्तक की शिक्षा को मैं अधिक अच्छी तरह समझ और ग्रहण कर सकूँगा। शाम को ॐकारेश्वर मंदिर तक गया, जहाँ छोटा मोटा बाजार है, तो राशन से मिलने वाली ₹४/- मूल्य की एक कॉपी पेंसिल और रबर खरीद लाया। फिर उस पुस्तक के कुछ प्रारंभिक अध्यायों का हिन्दी में अनुवाद करने का प्रयास किया। कुल 12 अध्याय तक कर पाया था कि सितंबर में मलेरिया की गिरफ्त में आ गया। फिर अगले कुछ वर्षों में यह कार्य वर्ष 1995 तक पूरा हुआ। इसे पुनः संशोधित कर इंक में लिखा और वर्ष 2000 में यह अहं ब्रह्मास्मि शीर्षक से प्रकाशित हुआ। 

कुछ मित्रों के अनुरोध पर बाद में श्री निसर्गदत्त महाराज के कुछ दूसरे मराठी ध्वनिमुद्रित (tape-recorded)   निरूपणों के  Jean Dunn  द्वारा किए गए अंग्रेजी अनुवाद की तरह प्रकाशित ग्रन्थ -

Seeds of Consciousness

को हिन्दी में अनुवादित किया। किन्तु उस समय रहने के लिए कोई ऐसा स्थान मेरे पास नहीं था जहाँ निश्चिन्त रह कर इसे पूरा कर पाता। ऐसा ही कुछ दो और पुस्तकों - 

Prior To Consciousness

और

Consciousness and Absolute 

नामक दो और पुस्तकों के बारे में भी था।

इन दोनों ग्रन्थों का अनुवाद करने के प्रयास के समय भी हुआ इसलिए उस कार्य को करने का विचार त्याग दिया। दूसरा एक कारण उस समय उज्जैन में 2002 में होने जा रहा सिंहस्थ पर्व भी था जिसके लिए :

भगवान् श्री रमण महर्षि 

के हिन्दी साहित्य को पुनः कुछ संशोधित और समुचित स्वरूप में प्रकाशित करना भी था। कुछ अनुवाद कार्य श्री जे. कृष्णमूर्ति के साहित्य का भी करना था। इन्हीं सारी व्यस्तताओं में समय व्यतीत होता रहा। बस यह सोचकर थोड़ा आश्चर्य अवश्य होता है कि यह सब कैसे हो रहा है।

यहाँ ब्लॉग्स लिखना प्रारम्भ होने पर यह सब और भी अधिक अकल्पनीय और आश्चर्यप्रद प्रतीत होता है।

इस स्थान पर नर्मदा नदी के तट पर नित्यप्रति नर्मदा के अनायास दर्शन होते हैं। सब कुछ सुखद और शांतिपूर्ण है, बस यही कह सकता हूँ।

उपरोक्त पोस्ट लिखे संभवतः अनेक वर्ष बीत चुके हैं,  "ड्राफ्ट" पड़ा था, जिसे अपनी स्मृति के लिए यहाँ पुनः प्रकाशित कर रहा हूँ। शायद इसी ब्लॉग में कहीं और भी यह पूर्वप्रकाशित हुआ होगा। किसी पाठक का ध्यान इस पर गया हो! 

***




 

 


August 26, 2025

THE SCHOLAR

अध्येता

--

1970 के दौर में वह अध्येता था। अपनी इच्छा से नहीं, जीवन की वास्तविकता ने जिसे शायद विडम्बना भी कह सकते हैं, उसे अध्येता बना दिया था। उसने कभी शायद ही इस तरह से सोचा होगा।

वैसे वह उस समय 17 वर्ष की आयु का एक व्यक्ति था जिसके जीवन में कोई तय या ऐसा सुनिश्चित लक्ष्य नहीं था जिसके लिए वह दिल लगाकर कार्य करता। जीवन की आकस्मिक और तात्कालिक आवश्यकताएँ ही उसे किसी समय पर किसी दिशा की ओर खींचती रहती थीं और ऐसी एक दो या नहीं कुछ और भी दिशाएँ थीं, जो उसे लगातार कहीं जाने या पहुँचने के लिए शक्ति लगाती रहती थीं। कॉलेज नया था, शहर नया था, एक ओर कुछ सुविधाएँ तो दूसरी ओर कुछ सुविधाएँ, बाध्यताएँ आदि भी थीं। उनमें से ही उसे चुनना होता था कि क्या करना है और क्या किया जा सकता है। जैसे उसके पास एक अच्छी साइकिल थी, जिससे वह कॉलेज जाया करता था। आज 72 वर्ष की आयु हो जाने पर उसे लगता है कि वह न तो साइकिल चला सकता है, न उसे लेकर चल ही सकता है। आज जब 17 वर्ष की आयु के किसी ऐसे लड़के को देखता है जिसके पास मोबाइल और बाइक होती है तो उसे अपना वह बचपन याद आ जाता है जब उसके पास साइकिल होती थी और वह पूरे शहर में बस सार्वजनिक वाचनालय खोजता रहता था। समय बिताने और मनोरंजन करने का उसके पास कोई दूसरा साधन नहीं था।

उस शहर में तीन वाचनालय थे।  एक था ए बी रोड पर स्थित लक्ष्मी नारायण भुवन जो दोमंजिला था। नीचे के तल पर टेबल टेनिस खेला जाता था और ऊपरी मंजिल पर वाचनालय था। गरीब और मध्यमवर्गीय व्यक्ति होने के कारण और अपनी इस स्थिति के कारण हीन भावना का शिकार भी था, जबकि बचपन से ही लिखने-पढ़ने के वातावरण में ही पला बढ़ा होने से अखबार और किताबें आदि पढ़ने में उसे बहुत रुचि थी।

दूसरा वाचनालय शुक्रवार को लगनेवाले हाट में, चौराहे के बीचों-बीच एक गोलाकार भवन में हुआ करता था। तीसरा भोपाल रोड पर था, जहाँ रोजगार दफ्तर भी था।  तीनों ही वाचनालय शाम पाँच से आठ बजे के बीच ही खुला करते थे और वह इसी बीच उनमें से किसी एक पर जा पहुँचता था।

लक्ष्मी नारायण भुवन के वाचनालय में एक पुस्तकालय भी था, जबकि बाकी दोनों बस सिर्फ वाचनालय भर थे।

उन्हीं दिनों उसने उस वाचनालय से आचार्य रजनीश की पुस्तकें पढ़ना शुरू किया था। उस समय तक उनकी वह पुस्तक प्रकाशित नहीं हुई थी जिसने कि बाद में रातोंरात ही उन्हें चर्चित किन्तु विवादास्पद भी बना दिया था। जैसे उस दौर में फिल्में बनती थीं जो चर्चित, साथ ही कम या अधिक कुछ विवादास्पद भी हुआ करती थीं, उसी तरह आचार्य रजनीश भी एकाएक ही विवादास्पद और चर्चित भी होने जा रहे थे।

उन्हीं दिनों धर्मवीर भारती की एक पुस्तक "चाँद और टूटे हुए लोग" उसके हाथ लगी जिसे वह साहित्यिक समझ रहा था। वह थी भी अभिजात्य और उच्च और संभ्रात वर्ग के लोगों की पसंद जिसे अंग्रेजी में एलीट कहा जाता है। उस वाचनालय में उससे भी बड़े एक और व्यक्ति से उसका परिचय हुआ जो एलीट तो नहीं थे, साहित्य से जुड़े अवश्य थे। बहुत बाद में उसे समझ में आया कि वे वामपंथी, सेकुलर (so cooler) और पत्रकार किस्म के एक बुद्धिजीवी थे जो किसी छोटे अखबार में काम करते थे। सरिता, मुक्ता और चंपक जैसी पत्रिकाओं में लिखा करते थे, जिससे उन्हें साहित्यकार भी समझा जाता था।  उनसे परिचय होने के बाद गजानन माधव मुक्तिबोध के साहित्य से उसका परिचय हुआ। उनकी रचना -

"चाँद का मुँह टेढ़ा है।"

पढ़ते ही उसे यह समझ में आ गया था कि "चाँद" शब्द से  मुक्तिबोध का आशय क्या हो सकता था / है।

बंबइया फिल्मों में ऊलजलूल कहानी, रहस्य, रोमांच, संगीत और उत्तेजनापूर्ण हिन्दी और उर्दू सामग्री को मिलाकर जैसे मसालेदार चटपटा और अटपटा सा कुछ परोसा जाता था, आचार्य रजनीश और इनके जैसे कुछ वामपंथी तथाकथित प्रगतिशील सेकुलर पत्रकार किस्म के लोग कभी धर्म, कभी गाँधी-नेहरू, तो कभी मार्क्स-लेनिन आदि के बहाने विविध चित्र विचित्र व्यंजन लोगों को परोसते रहते थे। इनमें सभी तरह के लोग थे - संभ्रात / एलीट से लेकर मिली जुली गंगा-जमुनी तहज़ीब तक के पैरोकार और विशुद्ध हिन्दुत्व, आर्यसमाज से लेकर कट्टर मतावलंबी तक भी।

इस पूरे मिक्स्ड वेज नॉन वेज सूप में वह कभी इधर, तो कभी उधर खिंचता हुआ, कॉलेज की पढ़ाई करता हुआ, नौकरी की संभावनाएँ टटोलता हुआ बेरोजगारी के दिन गिन रहा था।

कॉलेज में ही उसके बहुत से सहपाठी थे जिनमें से कुछ ठेठ ग्रामीण परिवेश से तो अन्य किसी दूसरी पृष्ठभूमि से आते थे। इतने अलग अलग किस्म के लोग उसके संपर्क में आए कि यह सोचकर अब उसे आश्चर्य होता है कि वह उनमें से किसी के भी रंग में रंगने से कैसे बच सका।

एक ओर जहाँ सिविल लाइंस में रहनेवाला ईसाई ज्वेल था, वहीं दूसरी ओर किला मैदान में रहनेवाला मजीद, तो उसका एक नास्तिक दोस्त भी उसे प्रभावित करने की कोशिश करते रहते थे। आर्य समाज और आर एस एस से जुड़े लोगों का अपना ही एक अलग वर्ग था।

ज्वेल कहा करता था कि भारत में अंग्रेजों ने इतना काम किया है लेकिन अब भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। गाँधी नेहरू की विरासत को हमें न सिर्फ सहेजना ही है, बल्कि उसे उसकी अंतिम परिणति तक भी पहुँचाना है। अंगरेजों ने बहुत से ऐसे काम किए। पहला यह कि पूरे भारत में हर स्थान पर सिविल लाइंस बनाई जिसमें सभी सिविलाइज्ड लोग रहते थे जो हर सन्डे को वहाँ बने चर्च में जाते थे। बाकी सभी अनसिविलाइज्ड थे, जो हिन्दू या मुसलमान, जैन, सिख, बौद्ध आदि अलग अलग तबकों में बँटे हुए थे, और आपस में लड़ते झगड़ते रहते थे। एक मजहब की किताब के अनुसार गॉड ने एक बार चाँद के दो टुकड़े कर दिए थे। और इसके बाद ही इंसानियत और इंसान भी दो में बँट गया। 

मजीद कट्टर इसलाम को मानता था और कहता था कि क़यामत के दिन तक धरती पर युद्ध तो चलते ही रहेंगे, कभी खत्म नहीं हो सकते हैं।

कुलदीप के दादा पाकिस्तान से भागकर आए हुए सिन्धी थे, जिसे जैसे तैसे अपना व्यापार व्यवसाय खड़ा करना था और उसे लगता था कि ये मजहब और धर्म फालतू लोगों की खुराफात के अलावा कुछ नहीं है। धरम और मजहब के नाम पर झगड़ा करना नासमझी है। वैसे वह अपने आपको सिख भी कहता था और हिन्दू भी। वहीं कॉन्वेन्ट में पढ़े सिविल लाइंस में रहनेवाले सिविलाइज्ड या अनसिविलाइज्ड कुछ और दोस्त थे जिन्हें कि आई ए एस या आई पी एस अफसर बनना था। और न हो सके तो डॉक्टर या इंजीनियर बनना था, मौका मिलते ही इस गँवार अनसिविलाइज्ड देश को छोड़कर यू के, यू एस ए या आस्ट्रेलिया में जाकर बसना है। वहीं की लड़की या लड़के से शादी करना है।

हर कोई बँटा हुआ था। बहुत से कट्टर राष्ट्रवादी ऐसे भी थे जिनका राष्ट्रवाद राजनीति से प्रेरित था तो दूसरे ऐसे भी कुछ थे जिनकी राजनीति राष्ट्रवाद से प्रेरित थी। यह राष्ट्रवाद फिर "क़ौम" के बहाने मजहबपरस्त रंग ले लेता था।

अब 72 वर्ष की उम्र में उसे समझ में आने लगा है कि क़ौम, कम्यून और कम्यूनिस्ट सभी शब्दों का संबंध मूल संस्कृत 'सं' उपसर्ग है जो अरबी में जामा और अंग्रेजी में  sum, con का रूप लेता है।

वह इस बारे में किसी से बहस करना तो दूर, बातचीत तक करने से बचता है, क्योंकि अपनी बाकी बची उम्र के कुछ इने गिने दिन शान्ति से जीना चाहता है। राजनीति की बिसात का मोहरा वह नहीं बनना चाहता।

***

 

August 06, 2025

The Bygone Past.

व्यतीत
यह वस्तु, जिसे व्यतीत कह जा रहा है, समय हो सकता है और कोई व्यक्ति, इतिहास या संबंध भी, वह सब जैसे किसी दिशा में अग्रसर हो रहा होता है और किसी की भी राहकुल दूर तक जाती हुई तो नजर आती है, लेकिन वह अचानक कब और कहाँ दृष्टि से ओझल हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता है। व्यक्ति विशेष के संदर्भ में भी ऐसा कभी कभी हो जाता है। उम्र के आखिरी पड़ाव के आते आते। दूसरों के लिए भी और अपने लिए भी। देश, समाज, समुदाय, व्यापार-व्यवसाय, राजनीति, वैज्ञानिक अनुसंधान, कला, संस्कृति, साहित्य, किसी सामुदायिक गतिविधि और संगीत आदि के शिखर पर पहुँच जाने के बाद। किन्तु सबसे अधिक विचित्र स्थिति तो राजनीति से जुड़े किसी व्यक्ति की हो सकती है। और एक दिलचस्प बात यह भी है कि वह हाशिये पर जाते जाते अचानक कब विस्मृत, अप्रासंगिक और पहचान से भी परे चला जाता है इस ओर ध्यान तक नहीं जा पाता है। जिसका उल्लेख और बोलबाला और चर्चा यत्र तत्र सर्वत्र अभी हो रही होती है, जिसके भविष्य का अनुमान लगाने के बारे में ज्योतिषी भी उत्सुक हों ऐसे लोग भी एकाएक इतने अदृश्य और विस्मृतप्राय हो जाते हैं कि उनका नाम तक एकाएक याद नहीं आ पाता। उनमें कोई कोई यद्यपि अचानक जरा से समय के लिए उल्लेखनीय हो जाते हैं और फिर बस समाप्त-प्राय।
जैसे उन फिल्मों के कलाकार, संगीतकार, गीतकार और अभिनेता तथा अभिनेत्रियाँ जिनके बारे में बहुत बाद में पढ़ते हुए याद आता है कि उन व्यक्तियों से किसी समय हम कितने अभिभूत थे!
***




August 02, 2025

Evanescent Dreams!

कविता / 02-08-2025

सुख क्षणिक है, दुःख क्षणिक है,

और परिचय है क्षणिक,

स्मृति क्षणिक है, व्यथा क्षणिक है,

राग अनुराग है क्षणिक,

भावना, अनुमान, वृत्ति भी क्षणिक है,

विपर्यय, विकल्प, निद्रा, स्मृति क्षणिक!

स्वप्न, जागृति, सुषुप्ति और समाधि भी,

संप्रज्ञात, असंप्रज्ञात या कि सविकल्प भी! 

क्षणिक में अव्यवसायात्मिका,

व्यवसायरत अहं-बुद्धि, 

हानि लाभ तौलती, प्रपंच-रत,

कृपण अहं-बुद्धि यह!

अरे आत्मवंचक वणिक!

***


July 31, 2025

Crystal-Gazing.

भविष्य दर्शन 

भारतीय सनातन वैदिक और पौराणिक धर्म में निर्दिष्ट सिद्धान्तों के आधार पर भविष्य दर्शन दो तरीकों से किया जा सकता है। अप्रत्यक्ष और प्रत्यक्ष - परोक्षतः और अपरोक्षतः। जैसे शास्त्रों का अध्ययन करने से जो सैद्धान्तिक, बौद्धिक ज्ञान प्राप्त किया जाता है वह केवल विषय-परक होता है, विषय-विषयी तथा उनके बीच के संबंध की स्मृति-मात्र होता है और जिसका आदान-प्रदान भी किया जा सकता है, वैसे ही आध्यात्मिक ज्ञान या तो केवल स्मृति-मात्र हो सकता है या फिर सत्य का प्रत्यक्ष  दर्शन जिसमें विषय-विषयी और उनके तत्व के ग्रहण में जाननेवाला उनसे अपृथक् और अभिन्न होता है, अर्थात् जहाँ सारे काल्पनिक विभेद विलीन हो जाते हैं। कल्पना ही वृत्ति है और वृत्तिमात्र कल्पना है जो कि इन्द्रिय ज्ञान का स्मृति या अनुमान भर होती है और जिसकी सत्यता सदैव संदिग्ध ही होती है।

इन्द्रिय ज्ञान मन की जाग्रत, स्वप्न और सुषुप्ति इन्हीं तीनों दशाओं में हो सकता है, जबकि सत्य इन तीनों दशाओं में और उनसे परे भी होता है।

भविष्य को जानने के लिए पहले यह समझना आवश्यक है कि जाग्रत दशा में जिस प्रकार विभिन्न वैचारिक और भावनात्मक कल्पनाएँ और स्मृतियाँ मन में आती और जाती रहती हैं उसी तरह स्वप्नावस्था में भी उनका प्रवाह सतत होता रहता है। जाग्रत दशा में अर्थात् उस समय जब मन बुद्धि और इन्द्रियानुभवों से जुड़ा होता है और इस रूप में उनसे मन का तादात्म्य / involvement / identification बना रहता है और इस वास्तविकता के प्रति अनवधानता अर्थात् प्रमाद / In-attention  होता है तो स्मृतियाँ और कल्पनाएँ ही मन पर हावी होती हैं और उसी जानकारी में मन भटकता रहता है। वैसे तो प्रकृति स्वयं ही मन को जाग्रत से स्वप्न, स्वप्न से सुषुप्ति और सुषुप्ति से पुनः स्वप्न से होते हुए जाग्रत दशा में पुनः पुनः ले आती है किन्तु यह पूरी गतिविधि अचेतन रूप से और अनवधानता में ही हुआ करती है। अवधान क्या है और प्रमाद क्या है इसे जानना-समझना भी केवल मन की जाग्रत दशा में ही संभव होता है। क्योंकि यह सारी बातचीत और संवाद केवल वर्तमान में और जाग्रत दशा में "अभी" ही हो पाना संभव है, किसी स्वप्न, सुषुप्ति या किसी मूर्च्छित या समाधि जैसी अन्यमनस्कता की दशा में कदापि नहीं। वर्तमान अर्थात् "अभी" इस समय, यदि मन अतीत अर्थात् स्मृति, और भविष्य अर्थात् कल्पना से अभिभूत न हो तो यह सजग और सावधान / स-अवधान होता है। क्योंकि स्मृति और कल्पना ही मन को वर्तमान की नित्य वास्तविकता से विच्छिन्न कर देते हैं। "अभी" या वर्तमान, जिसे औपचारिक इन्द्रियानुभवों तथा बुद्धि के माध्यम से जाना जाता है केवल स्मृति या भावनात्मक विचार के रूप में ही मन का विषय होता है, और जिसमें अपने अस्तित्व का सहज स्वाभाविक "भान" जुड़ते ही मन में अपने अनुभवकर्ता होने का भ्रम उत्पन्न हो जाया करता है। यह अनुभवकर्ता भी पुनः वैचारिक जानकारी अर्थात् बौद्धिक निष्कर्ष या अनुमान ही होता है और इस दृष्टि से उसे पातञ्जल योगसूत्र में "प्रमाण" की संज्ञा दी जाती है -

प्रत्यक्षानुमानागमाः प्रमाणानि।।

(समाधिपाद)

प्रमाण भी वृत्ति है।

प्रकृतिप्रदत्त व्यवस्था और क्रम के अनुसार जाग्रत दशा में यद्यपि इस प्रकार से संसार (और अपने आपके) रूप में अनुभव (तथा अनुभवकर्ता भी) "प्रमाण" ही होते हैं, यह समस्त ज्ञान संदिग्ध, भ्रमपूर्ण और वास्तविक अर्थ में मिथ्या ही होता है। 

जैसा पहले कहा गया है, मन के अतीत की स्मृति और भविष्य की कल्पना से अभिभूत न होने की दशा में मन अपनी सहज स्वाभाविक और नित्य वर्तमान "अभी" में अवस्थित होता है, जो कि दूसरी दृष्टि से मन की काल और स्थान से भी अस्पर्शित दशा है। प्रश्न केवल यह है कि मन अवधानयुक्त / Aware, प्रमाद से रहित, with Attention है, या प्रमाद / अनवधानता से लिप्त है। अवधानयुक्त Aware होना केवल तभी संभव है जब मन विचार और विचारकर्ता दोनों को एक ही वस्तु के दो प्रकारों की तरह जान लेता है, न कि स्वयं को विचार से भिन्न और पृथक् किसी काल्पनिक विचारकर्ता के रूप में स्थायी और नित्य विद्यमान सत्ता / सत्य की तरह स्मृति में संग्रहित किसी वस्तु की तरह आधारभूत वास्तविकता की तरह ग्रहण करता है।

जब मन इस प्रकार इस तरह इतना सद्योजात, नवजात शिशु की तरह अनुभव और अनुभवकर्ता की कल्पना से रहित हो तब वह अवश्य ही जाग्रत, सहज स्वाभाविक ही अवधानयुक्त भानमात्र होता है - जानकारी और कल्पना से रहित। यदि यह संभव हो तो ऐसे मन में अतीत अर्थात् स्मृतियों, और भविष्य अर्थात् कल्पनाओं का अनावश्यक प्रवाह होना बन्द हो जाता है और जाग्रत दशा में स्मृतियों के आने जाने पर उनकी अवास्तविकता के बारे में कोई संशय नहीं होता, वैसे ही अनागत भविष्य मे घटित होने का रही घटनाओं की प्रतीति होने पर उसकी सत्यता या असत्यता के बारे में लेशमात्र भी संशय नहीं होता। एक अर्थ में मन त्रिकालदर्शी की तरह उसके संवेदन में आने और जाने वाली घटनाओं को जानता तो है किन्तु न तो वह उनसे प्रभावित होता है न उन्हें प्रभावित किए जाने की कोई आवश्यकता या लालसा उसे होती है। तब वह अनायास ही सुदूर भविष्य में घटने जा रही स्थितियों का दर्शन कर लेता है। संभवतः कोई कोई उसे अभिव्यक्ति भी प्रदान कर सकता है, जिसकी सत्यता समय आने पर ही औपचारिक रूप से प्रमाणित भी प्रतीत होती है।

*** 

 




July 30, 2025

THE MESONIC LODGE.

भूतखाना चौक

साल था 1985, माह दिसंबर, तारीख 14.

इसी दिन मेरा स्थानान्तरण उस शहर में हो गया था, जहाँ इस नाम से प्रसिद्ध एक क्षेत्र था / है। 16 दिसंबर के दिन मैं नए कार्यस्थल पर उपस्थित हो गया। बहुत दिनों बाद "श्री रमण महर्षि से बातचीत" पुस्तक में महात्मा गांधी के जीवन का वृत्तान्त पढ़ रहा था जिसे पहले 1983 के बाद भी पढ़ चुका था और भूल भी चुका था। 

इससे पहले के अर्थात् 1981 से तब तक के मेरे पिछले कुछ साल बड़े विचित्र बीते थे। स्वतंत्र ईश्वरीय संकल्प (Automatic Divine Action)  इस  विचार से मेरा परिचय उन्हीं दिनों हुआ था। इस विचार के जन्म का आधार था :

स्वतंत्र संकल्प  Free Will  की अवधारणा। 

उन दिनों  मैं "ध्यान, भगवान / ईश्वर, जीवन" और यह सब क्या है, इन और इस जैसी आध्यात्मिक धारणाओं के बारे में जानने-समझने का प्रयत्न कर रहा था। और श्री रमण महर्षि तथा मुझे श्री जे कृष्णमूर्ति के साहित्य से बहुत प्रेरणा मिलने लगी थी।

"श्री रमण महर्षि से बातचीत" नामक पुस्तक ही मेरा एकमात्र मार्गदर्शक ग्रन्थ था।

राजकोट में रहने लगा तो वहाँ पर श्री रामकृष्ण परमहंस के मठ में भी प्रायः जाने लगा था। इसी दौरान फिर एक बार उपरोक्त पुस्तक में गांधी जी के जीवन से संबंधित इस विवरण को पढ़ने का अवसर मिला, जिसमें वे कह रहे थे -

"राजकोट मैं क्यों जा रहा हूँ? शायद यह विधाता का ही विधान है।"

राजकोट में किसी समय Mesonic Lodge  नामक एक संस्था Theosophy  की स्थापना के समय से ही कार्य कर रही थी। इसे ही स्थानीय लोग भूतखाना कहा करते थे। उस संस्था से कुछ अंग्रेज और यूरोपय, और अन्य विदेशी लोग जुड़े रहे होंगे ऐसा अनुमान लगाया जा सकता है।

अंग्रेजी भाषा का 

Meson / Mission शब्द, मिस्र / इजिप्ट के समय के पिरामिड्स के निर्माण के समय से ही प्रचलित है, जब फराओ Pharaoh के समय में मृतकों को "ममीफाय" किया जाने लगा था और मृत्यु हो जाने के बाद आत्मा के अस्तित्व की उस धारणा को सत्य माना जाता था जिसमें मृतक के शव को सुरक्षित रखा जाता था ताकि प्रलय के आने तक मृतक की आत्मा उन सब सुखों का उपभोग करती रह सके जिनका उपभोग उसने जीवित रहते हुए किया था। उन्हें यह आशा थी कि प्रलय के आने पर उन्हें पुनः जीवित किया जा सकेगा। यद्यपि यह विषय गूढ है और शायद अविश्वसनीय तथा विचित्र भी। किन्तु संभव है कि अब्राहमिक परंपराओं में अंतिम न्याय के दिन की परिकल्पना का प्रारंभ यहीं से हुआ है। जो भी हो यह सनातन वैदिक और पौराणिक धर्म की उन मान्यताओं पर ही अवलंबित था जिसमें प्रेतलोक और पितृलोक के अस्तित्व के बारे में कहा जाता है। मिस्र से मिस्री और मेसन तथा अंग्रेजी में इसी अर्थ में :

Meson / Mesonic / Mission / Missionary  

मेसनिक और मेसन शब्दों का प्रचलन प्रारंभ हुआ होगा, ऐसा कह सकते हैं।

तब से आज तक भी बहुत ही कम, इने गिने कुछ लोग पृथ्वी पर हैं जो आज भी उस प्रेत लोक और पितृ लोक के संपर्क में हैं और यद्यपि यह एक ऐसा रहस्यमय क्षेत्र है जहाँ रहनेवाली अशरीरी आत्माएँ सुदूर अतीत से सुदूर भविष्य की घटनाओं को देख सकती हैं, फिर भी औसत मनुष्य के लिए बहुत भयावह भी है। सामान्य मनुष्य इस बारे में शायद ही कभी कुछ जान सकता है। किन्तु आज जब से इंटरनेट टैक्नॉलॉजी का अत्यन्त अधिक विकास हुआ है, उन लोकों में रहनेवाली आत्माओं को सामान्य मनुष्य से जुड़ने का यह एक सुविधाजनक माध्यम प्राप्त हो गया है। आजकल के अधिकांश भविष्यवक्ता जो कि आकाशीय रेकॉर्ड्स तथा ऐन्जलिक कनेक्शन का दावा किया करते हैं इसीलिए मनुष्य और हमारी पूरी दुनिया के ही भविष्य के बारे में विश्वसनीय और प्रामाणिक रूप से बहुत सी बातों को वैसे ही देख सकते हैं जैसे आज हम इंटरनेट के उपयोग से मोबाइल या कंप्यूटर के स्क्रीन पर देखा करते हैं। वे आत्माएँ / Angels  जो ऋषि अङ्गिरा की ही परंपरा की हैं सदैव मनुष्यों से संपर्क करती रही हैं किन्तु आज यह और भी अधिक आसान हो गया है। बाबा वेंगा, नॉस्ट्रेडेमस या जापानी भविष्यदृष्टा इसीलिए वैसे ही सुनिश्चित भविष्यवाणी कर पाते हैं जैसे कि भृगु आदि प्राचीन ऋषि किया करते थे / हैं। 

एक sub-atomic particle   होता है  मॅसॉन /  Meson जो मनुष्यों और उन अशरीरी आत्माओं के बीच इसी संपर्क को संभव बनाता है। वे लोग सब कुछ, अतीत और भविष्य, जानते हैं और उन्हें यह भी पता है कि मनुष्य का अपने आपके स्वतंत्र संकल्प का विचार उसका कोरा अज्ञान और भ्रम ही है। यद्यपि वे समष्टि चेतना / collective consciousness के माध्यम से ही यह सब जानते हैं किन्तु उन्हें यह भी पता है कि वे न तो किसी घटना को और न ही किसी मनुष्य या उसके भाग्य को प्रभावित कर सकते हैं।

विधाता ने जैसा पहले से से सुनिश्चित किया है वैसा होना अवश्यम्भावी, अचल और अटल है।

ऋग्वेद के पुरुष-सूक्त में इसे ही 

यथा धाता पूर्वमकल्पयत् ...

इन शब्दों से इंगित किया गया है। 

***

 

July 22, 2025

Endeavor and Adventures!

यह दौर!

--

खूब है वक्त का यह दौर भी, 

चलते रहना है अभी तो और भी!

संघर्ष स्वभाव है, अवसर नहीं,

आ गया है, आज तो यह ठौर भी!

हर रात और रोज ही, दिन में भी,

ताकतवर कभी, तो कमजोर भी,

युद्ध घमासान भी, घनघोर भी,

खूब है वक्त का यह दौर भी,

चलते रहना है अभी तो और भी!

***



 

Walking Into Void!

Hindi Poetry

--

सिर्फ वहीं तक चलना है, 

जहाँ तक राह दिखाई दे!

सिर्फ तभी तक चलना है, 

कदम जहाँ तक चल पाएँ, 

चाह तो गहरी है लेकिन,

उमंग भी उतनी है उत्कट,

न्यौछावर सब कुछ करना है,

जितना, जैसा भी कर पाएँ!

योद्धा होना, योगी होना, 

कर्मठ होना, त्यागी होना, 

संकल्प नहीं, निश्चय होना,

असंभव है, जो डर जाएँ!

***





July 17, 2025

Fifty Years Hence.

50 वर्षों पहले

वर्ष था 1975

तब से भटक रहा हूँ। वैसे तो जन्मों जन्मों से भटक रहा हूँ ऐसा किसी ने बताया था। और मैंने भी उनकी बात को बिना संदेह किए सच मान लिया था। तब मुझे यह सूझा ही नहीं कि पता लगाऊँ कहीं वे मुझे भ्रमित तो नहीं कर रहे थे! मैं तो बस इस चिन्ता में डूब गया कि इस तरह से मुझे कब तक भटकते रहना है! यह तो बहुत बाद में पता चला कि भटकाव तो बुद्धि का स्वभाव ही है। और यह भी पता चला कि बुद्धि की कठिन से कठिन चेष्टा से भी बुद्धि का भटकाव दूर नहीं हो सकता है।

***




  


July 14, 2025

PHASE-RULE

 ब्रह्मा और  विश्वकर्मा

विश्वकर्मा ब्रह्मा के मानस-पुत्र हैं।

और यह कहा जा सकता है कि ब्रह्मा स्वयं भी भगवान् श्रीमहाविष्णु श्रीहरि के मानस-पुत्र हैं।

ब्रह्मा और विश्वकर्मा नित्य, नित्य-अनित्य, और सनातन भी हैं और सतत सृष्टिकर्ता भी हैं। ऐसे ही किसी समय पर ब्रह्मा के मन से कल्पित अतीत में, कल्पना के रूप में विश्वकर्मा का जन्म हुआ और विश्वकर्मा ने उन्हें प्रणाम करने के बाद प्रश्न किया :

पिताजी मेरे लिए क्या आज्ञा है जिसका मैं पालन करूँ!

तब ब्रह्मा ने उनसे कहा :

वत्स! तुम्हें पता ही है कि तुम मेरे ही अंशावतार हो और अब मेरे द्वारा स्थूल महाभूतों की सृष्टि करने के बाद तुम इनके असंख्य रूपाकारों में प्राण प्रतिष्ठपना करो ताकि उनमें से प्रत्येक में व्यष्टि चेतना जागृत हो।

तब विश्वकर्मा ने प्रश्न किया :

किन्तु पिताजी! प्राण भी सर्वत्र व्याप्त हैं और चेतना भी इसी तरह सर्वत्र व्याप्त है। अर्थात् चूँकि सब कुछ चेतना और प्राण में व्याप्त है और चेतना और प्राण सबमें इसी प्रकार से, तो व्यष्टि- प्राण और व्यष्टि-चेतना का संयोजन भिन्न भिन्न रूपाकारों में किन किन  भिन्न भिन्न प्रकारों में करना उचित होगा जिससे कि पूरे संसार का कल्याण हो न कि विनाश?

ब्रह्मा ने कहा :

तुम्हें द्यु-लोक और पितृ-लोक अर्थात् द्यु-पितरौ इन दोनों की सहायता से ऐसा करना होगा। द्यु लोक द्युति अर्थात् वैद्युत् और पितृ प्राण और रयि का अधिष्ठान सूर्यलोक है, जिसका अंश बृहस्पति है। रयि चन्द्र है और पृथ्वी-तत्व भूमि है। इन सब तत्वों का भिन्न भिन्न प्रकार से संयोजन करने पर जीव-सृष्टि प्रकट होगी और प्रत्येक रूपाकार में पृथक् पृथक् व्यष्टि-चेतना व्यक्त होगी। इन असंख्य जीवों का ज्ञान अज्ञान से आवरित हो जाने के कारण उनमें से प्रत्येक में अपने कर्मों के स्वतंत्र और पृथक् कर्ता, और अपने सुख दुःखों के स्वतंत्र भोक्ता होने का, अपने शरीर, मन, बुद्धि, प्राणों तथा अन्य सभी लौकिक वस्तुओं के स्वामी होने का एवं इसी प्रकार इस मिथ्या ज्ञान से उत्पन्न अभिमान के पृथक् और स्वतंत्र ज्ञाता होने की कल्पना का जन्म होगा। यह सब नियति से ही तय है और नियति में ही प्रसुप्त तथा अप्रकट रहता है और काल की गति के साथ व्यक्त और पुनः अव्यक्त होता रहता है। यही शं और प्रशम् है। शं का अर्थ है शमन शान्तभाव और प्रशम् का अर्थ है प्रशान्ति, जो सृष्टिक्रम के साथ साथ चलनेवाला गतिविधि होती है। प्रशस्ति, प्रश्यः, प्रथ्यते, प्रथमः इति प्रशान्तिः।

तब विश्वकर्मा ने उन असंख्य रूपाकारों में वायु के द्वारा प्राणों का संचार किया। प्राणों का वायु के साथ शरीर में संचार होते ही उनमें विद्यमान समष्टि चेतना व्यष्टि चेतना में सीमित और बद्ध हो गई और उस सीमित प्राण-चेतना के सक्रिय होते ही श्वास के आवागमन से प्राण-चेतना को 'अत्ता' या श्वास ग्रहण और विसर्जित करनेवाला अर्थात् "आत्मा" नाम प्राप्त हुआ। श्वास की गति के साथ साथ तंत्रिका तंत्र की तीन प्रमुख नाड़ियों में प्राणों का प्रवाह प्रारंभ हो गया जिन्हें क्रमशः इडा, पिंगला और सुषुम्ना कहा गया। उन समस्त रूपाकारों के लिए व्यष्टि-जीवन जीने हेतु यह पर्याप्त था।

प्रत्येक व्यष्टि-जीवन या व्यक्ति में तब उसके अपने लोक में निरंतर सुख प्राप्त करते रहने की लालसा और दुःखों से भय का जन्म हुआ। क्रमशः बुद्धि परिष्कृत, परिपक्व और स्थिर होने पर नित्य क्या है और अनित्य क्या है इस ओर ध्यान आकर्षित हुआ और दीर्घकाल तक अनुसंधान करते हुए उसने अपने भीतर नित्य विद्यमान अविकारी आत्मा का साक्षात्कार कर लिया।

***